Varanasi News Today: बीएचयू के छात्र को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, सदमे में महिला की मौत का आरोप; खबरें
Varanasi News: वाराणसी में चितईपुर थाना क्षेत्र में बीएचयू के छात्र को बदमाशों ने लोहे की रॉड और पत्थरों से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, शिवपुर थाने में महिला की जमीन हड़पने और उसकी मौत का मामला दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: सुंदरपुर में बीएचयू के छात्र मृत्युंजय दुबे पर बदमाशों ने लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। घायल छात्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर चितईपुर पुलिस ने छह नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित छात्र मृत्युंजय दुबे ने पुलिस को बताया कि वह करौंदी क्षेत्र में रहता है। सुबह करीब 8.30 बजे सुंदरपुर गया था।
निजी अस्पताल से लगभग 50 मीटर आगे पहुंचने पर घात लगाए बैठे 10 की संख्या में युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और पत्थरों से पीटा। आसपास के लोगों को आता देख हमलावर उसे मरा समझकर मौके से भाग गए। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि आरोपियों में अंकित पांडेय उर्फ मामा, अजय प्रताप सिंह, प्रतीक मालवीय, अंकुर तिवारी, अमन जायसवाल और ऋषभ सहित चार अन्य अज्ञात है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।
जालसाजी कर महिला की जमीन हड़पी, सदमे में मौत का आरोप
शिवपुर थाना क्षेत्र में कथित जालसाजी कर अनुसूचित जाति की एक महिला की जमीन हड़पने और सदमे में हुई उसकी मौत का आरोप लगाकर परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की जांच एसीपी कैंट कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार नक्खीघाट निवासी शीला देवी पत्नी झिंगुरी ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बड़ी बहन सुशीला देवी के नाम पटेहरा शिवपुर में कीमती भूमि दर्ज थी।
आरोप है कि संतोष कुमार जायसवाल निवासी समेपुर सारनाथ ने जमीन की अनुमति दिलाने का झांसा देकर सुशीला देवी को कचहरी ले गया और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से भूमि का बैनामा रूपकल्ली देवी निवासी भोजपुर बिहार समेत अन्य लोगों के नाम करा दिया। परिजनों का आरोप है कि इसी सदमे के कारण उनकी मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि शीला देवी की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद
याैन शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। शादी का झांसा देकर याैन शोषण और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी नीरज यादव को चितईपुर पुलिस ने रविवार को चितईपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न आरोपों में प्राथमिकी दर्ज है। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोहनिया के मूड़ादेव का रहने वाला है।
मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार
मोबाइल चोरी के आरोपी शंकर भारती को आदमपुर पुलिस ने शनिवार की रात काशी स्टेशन के निर्माणाधीन पार्किंग के पास से गिरफ्तार किया। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भदऊ चुंगी राजघाट का निवासी है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोबाइल भी बरामद हुई।
ट्रेवल्स संचालक से मारपीट, 20 हजार छीने
फूलपुर थाना क्षेत्र में एयरपोर्ट के समीप स्थित ट्रेवल्स सेंटर संचालक अनिल कुमार को पुरानी रंजिश में चार से पांच की संख्या में आए लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराई। ताड़ी फूलपुर निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि वह शनिवार की रात अपने ट्रेवल्स सेंटर पर बैठा था।
इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते पांच लोग वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। जांच की जा रही है।
मालवीय पुल की रेलिंग पर चढ़ी युवती
मालवीय पुल पर रविवार शाम युवती के रेलिंग पर चढ़ गई। घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाकर नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:45 बजे मूल रूप से दार्जिलिंग पश्चिम बंगाल, वर्तमान में सारनाथ क्षेत्र में रहने वाली युवती का उसके मित्र से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बात को लेकर मालवीय पुल पर पहुंची थी। इसी दौरान वह पुल की रेलिंग पर चढ़ गई, जिसे देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि युवती से पूछताछ के बाद उसके परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
पूर्व परिचितों पर मारपीट और लूट का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार निवासी 28 वर्षीय आसिफ अली ने तीन पूर्व परिचितों पर मारपीट और लूट का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। आसिफ अली के अनुसार शनिवार रात वह बाइक से लालपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रेमचंद नगर कॉलोनी गए थे।
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया और अचानक मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी छीन लिए। घटना के बाद उन्होंने उपचार कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह ने बताया कि घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी प्रीति कुमारी ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता प्रीति कुमारी के अनुसार उसकी शादी नवंबर 2024 में जय नारायण जायसवाल के साथ हुई। शादी के बाद उसे राजस्थान स्थित ससुराल ले जाया गया, जहां पति जय नारायण जायसवाल, सास सरस्वती देवी, दादा ससुर झुन्नू, दादी सास घाती देवी, चाचा ससुर अच्छेलाल व सुंदर तथा बुआ सास मीरा देवी द्वारा 10 लाख रुपये नकद और बुलेट की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई, मोबाइल फोन तोड़ दिया गया तथा उसे जिंदा जलाकर मार डालने की धमकी दी गई। पीड़िता ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
अवैध खनन में दो जेसीबी और 4 ट्रैक्टर जब्त
कपसेठी थाना क्षेत्र के कोईलार में अवैध खनन में एसडीएम पिंडरा और खनन अधिकारी ने रविवार को अभियान चलाकर दो जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया। उपजिलाधिकारी पिंडरा और खनन अधिकारी की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि कोईलार के पास अवैध खनन और परिवहन हो रहा है। टीम मौके पर पहुंची और जांच की।
लेखपाल की रिपोर्ट के अनुसार अवैध रूप से मिट्टी का खनन और परिवहन हो रहा था। मौके पर दो जेसीबी और मिट्टी से लदी चारों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कपसेठी पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। सभी वाहनों को कपसेठी थाना परिसर में सीजर की कार्रवाई की गई। कपसेठी थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि अवैध खनन करने वालों को हिदायत दी गई है। वाहनों को सीज कर लिया गया।
झूले पर बैठने के लिए मारपीट
लंका थाना क्षेत्र के अस्सी घाट के समीप झूले पर बैठने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश के धनवाना, सदमनाथाना निवासी चन्द्रभान शर्मा अस्सी घाट पर झूला झूलने आए थे। आरोप है कि इसी दौरान झूले पर बैठने को लेकर विवाद हो गया और सात की संख्या में लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। थाना प्रभारी लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है।
फायरिंग मामले में दूसरे पक्ष से भी प्राथमिकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी स्थित स्टाफ कॉलोनी में पांच हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए फायरिंग प्रकरण में पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी प्राथमिकी दर्ज की। इससे पहले अनीस कुमार गौतम की शिकायत पर पुलिस ने अंगद यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के अनुसार, अंगद यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न थानों में करीब दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अब अंगद यादव के भाई की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अनीस कुमार गौतम समेत आठ नामजद और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी एवं अन्य धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत किया गया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जाएगी।
मरीज से बुकिंग के नाम पर ठगी
एपेक्स हॉस्पिटल में मरीज की जांच बुकिंग के बहाने दो लाख 67 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित ने चौबेपुर थाने में रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। चौबेपुर के चिरईगांव रुस्तमपुर निवासी जोखन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने मरीज की जांच के लिए गूगल पर एपेक्स हॉस्पिटल का संपर्क नंबर खोजा था। उन्हें एक फर्जी नंबर मिला। उस पर फोन करने पर ठगों ने एक ऑनलाइन फॉर्म भरने और पांच रुपये की फीस जमा करने को कहा।
इसके लिए मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया। इसी बीच उनका मोबाइल फोन खराब हो गया, जिसे ठीक होने में दो दिन लग गए। फोन चालू होने पर 12 जून को चार बार में 2.67 लाख रुपये की निकासी हो गई। चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि साइबर सेल से भी मदद ली जा रही है।
युवक को पीटने वाले पिता-पुत्र समेत 4 गिरफ्तार
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडराई गांव में अवैध खनन का विरोध करने पर युवक की पिटाई करने वाले पिता-पुत्र समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस मामले में पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। साथ ही पिटाई के बाद युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें उसने अवैध खनन करने वालों पर पिटाई का आरोप लगाया था साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाते दिख रहा था। वीडियो की सत्यता की पुष्टि कर पुलिस ने जांच की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार किया गया
दुष्कर्म के मामले में वांछित रितेश पाल को मिर्जामुराद पुलिस ने रविवार को मेहदीगंज बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। विवाहिता को प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। गिरफ्तार आरोपी मिर्जामुराद के प्रतापपुर का निवासी है।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई। रितेश पाल ने उसे प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लगातार फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण कर रहा था। उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
लहरतारा में दिनदहाड़े महिला से 1.5 लाख की सोने की चेन छीनी
लहरतारा स्थित किरन पेट्रोल पंप के पास शनिवार की सुबह दिनदहाड़े हर्षिता मालवीय से सोने की चेन छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 1.5 लाख रुपये की सोने की चेन थी।
पेट्रोल पंप के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिये बदमाशों की तलाश में मंडुवाडीह पुलिस जुट गई है। पीड़िता ने रविवार को मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। भदोही के काशीरामपुर निवासी पीड़िता हर्षिता मालवीय ने पुलिस को बताया कि सुबह लगभग पांच बजे अपने पति जन्मेजय प्रसाद दुबे के साथ बाइक पर सारनाथ के अकथा चौराहा स्थित अपनी ननद के घर से लौट रही थी।
लहरतारा स्थित किरन पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। लूटी गई सोने की चेन का वजन करीब 12 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सफेद अपाचे सवार बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास है।
यूपी कॉलेज मैदान में बालिका से की छेड़खानी, विरोध पर भाइयों को पीटा
यूपी कॉलेज मैदान में बास्केटबॉल खेल रहे बच्चों के साथ बदसलूकी और एक बालिका से छेड़खानी के मामले में जब पीड़िता के भाई मौके पर पहुंचे और विरोध किया तो आरोपियों ने मारापीटा। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने रोहित सिंह, लक्ष्य नागवंशी उर्फ लकी, शिव सिंह समेत तीन अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
जानकारी के अनुसार 14 जून की सुबह करीब पांच बजे एक अधिवक्ता के बच्चे अपने दोस्तों के साथ यूपी कॉलेज मैदान में बास्केटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान अधिवक्ता की 13 वर्षीय पुत्री स्कूटी पर बैठकर अपने भाइयों का खेल देख रही थी। आरोप है कि तीन बाइकों से पहुंचे छह युवक छात्रा के पास खड़े होकर सिगरेट पीने लगे और अशोभनीय बातें करने लगे। छात्रा द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी उसका नाम, पता और कक्षा पूछने लगे। इन्कार करने पर एक युवक ने उसके बाल खींचे, जबकि दूसरे ने हाथ मरोड़ते हुए अश्लील हरकत की। छात्रा के शोर मचाने पर मदद के लिए पहुंचे उसके भाई और उनके दोस्त के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
आरोप है कि युवकों ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास कर रहे एक बच्चे का फोन जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपी बच्चों का पीछा करते हुए कॉलेज के मुख्य द्वार तक पहुंचे। परिजनों के अनुसार, मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी से मदद मांगी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मकान निर्माण के लिए दो पक्षों में मारपीट
जैतपुरा थाना क्षेत्र के कच्चीबाग इलाके में मकान और कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। एक पक्ष की ओर से शहनाज बीबी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते 19 जून की दोपहर मकान संबंधी विवाद के दौरान विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके घर पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। दूसरे पक्ष से एहतेश्याम ने भी मारपीट और कब्जेदारी को लेकर जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया किप्राथमिकी दर्ज की गई है।
तरना में सड़क हादसा, तीन घायल
शिवपुर थाना क्षेत्र के भेल स्थित तरना फ्लाईओवर के पास रविवार देर रात सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में पहुंचाया। हादसे की वजह एक वाहन की टक्कर के बाद दो से तीन वाहन का टकराना बना। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात चालू कराया गया। घायलों की स्थिति सामान्य है।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी फखरुद्दीन शाह को सारनाथ पुलिस ने रविवार की सुबह थाने के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पर पीड़िता को नशीला पदार्थ पिलाकर शारीरिक संबंध बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भदोही के जलालपुर का निवासी है। आरोपी ने पीड़िता को नशीला पदार्थ दिया था। इसके बाद उसने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज है।
अधिवक्ताओं ने तेलियाबाग पर दिया धरना
कचहरी विस्तार को लेकर अधिवक्ताओं ने तेलियाबाग चौराहे पर धरना दिया। अधिवक्ताओं की मांग रही कि बनारस क्लब की जमीन को खाली कराया जाए और कचहरी का विस्तार किया जाए। बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि कचहरी विस्तार के लिए आंदोलन चलाया जा रहा है। आमलोगों को साथ जोड़ने का काम किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने कहा कि वर्तमान कचहरी में विस्तार की पर्याप्त संभावना नहीं है।
इंदौर जाने वाली ट्रेनों में लगे 2 स्थायी कोच, यात्रा होगी आसान
उत्तर रेलवे की ओर से लखनऊ और इंदौर जाने वाली दो ट्रेनों में दो स्थायी कोच लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। इससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को बड़ी राहत होगी। वाराणसी से लखनऊ तक जाने वाली शटल एक्सप्रेस में 27 जून से एक स्लीपर और एक एसी कोच जबकि इंदौर जाने वाली ट्रेन में 5 जुलाई से दो एसी कोच लगाया जाएगा।
वाराणसी से लखनऊ तक जाने वाली ट्रेन नंबर 20401/20402 वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस हर दिन कैंट रेलवे स्टेशन से सुबह 5.40 बजे चलती है। इस ट्रेन में भीड़ बहुत होती है। यात्रियों की सुविधा के लिए 27 जून से एक एसी चेयरकार, एक स्लीपर कोच को स्थायी रूप से बढ़ाया गया है। अब इस ट्रेन में कोच की संख्या 20 से बढ़कर 22 हो जाएगी।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि वाराणसी से इंदौर जाने वाली ट्रेन नंबर 20413/20414 वाराणसी–इंदौर द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 7 जुलाई को वाराणसी से और 8 जुलाई से एक एसी प्रथम श्रेणी, द्वितीय श्रेणी कोच की स्थायी वृद्धि की जाएगी। अब ट्रेन में कोच की संख्या 20 से बढ़कर 22 हो गई हैं।
बताया कि इंदौर जाने वाली ट्रेन नंबर 20415/20416 वाराणसी–इंदौर साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में वाराणसी से 5 जुलाई और इंदौर से 6 जुलाई से एक एसी प्रथम, और एक द्वितीय श्रेणी कोच को स्थायी रूप से लगा जाने का निर्णय लिया गया। अब यह ट्रेन 22 कोच के साथ चलाई जाएगी।
पहड़िया इलाके में आज 3 घंटे गुल रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पुलिस लाइन से संदहा तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इस वजह से रास्ते में पड़ने वाले बिजली के पोल, तार को सोमवार को भूमिगत कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता नगरीय विद्युत निर्माण खंड द्वितीय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को सुबह 8 से 11 बजे तक लेढ़ूपुर उपकेंद्र के आशापुर फीडर पर शटडाउन लिया गया है। इस कारण पहड़िया, श्रीनगर, आशापुर, अमानपुर कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
एक्यूआई का बढ़ने लगा ग्राफ, पहुंचा 96 पर
शहर के एक्यूआई में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बीते दो दिनों से संतोषजनक रहने के बाद रविवार को फिर एक्यूआई में उछाल देखने को मिला। रविवार को एक्यूआई 96 दर्ज किया गया। वहीं, शहर के दो हिस्सों अर्दली बाजार और भेलूपुर का एक्यूआई खराब दर्ज किया गया। दोनों ही क्षेत्रों का एक्यूआई 111 दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि हवा में उड़ रही धूल के कारण हवा प्रदूषित हो रही है। इसके अलावा सड़कों पर वाहनों का दबाव भी अधिक है। इनसे निकलने वाले धुएं भी हवा को जहरीला बनाते हैं। शहर के बीएचयू का एक्यूआई 82 और मलदहिया का 81 दर्ज किया गया जो संतोषजनक है।
10 दिन की कार्यशाला से मजबूत होगी शोध संस्कृति
बीएचयू के सामाजिक समावेशन अध्ययन केंद्र में शोध पद्धति विषय पर 10 दिन की ऑनलाइन कार्यशाला रविवार को शुरू हुई। सामाजिक विज्ञान संकाय के सभागार में सामाजिक विज्ञान में गुणवत्ता पूर्ण और वैज्ञानिक शोध को प्रोत्साहित करने के लिए किया जा रहा है। इस कार्यशाला में 150 से ज्यादा प्रतिभागियों ने ऑनलाइन हिस्सेदारी ली। केंद्र समन्वयक प्रो. जेबी कुमरैया ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी केंद्रीय विवि, मोतिहारी के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव, वर्धमान विवि के प्रो. अनिल कुमार विश्वास ने अपने शोध के विचारों को अतिथियों के सामने रखा। आयोजक प्रो. अजीत कुमार पांडेय, अध्यक्ष प्रो. गोपाल नाथ और प्रो. अशोक कुमार कौल ने शोध संस्कृति को मजबूती देने की बात कही।
आचार्य की डिग्री में 10 से 111 अंक लाने वालों को मिला प्रवेश
बीएचयू में योग शिक्षा से आचार्य कोर्स में 10 से लेकर 111 अंक स्कोर तक के आवेदकों को दाखिला मिला है। पहले राउंड में न्यूनतम कटऑफ नॉन बीएचयू एससी का 10 अंक और सामान्य वर्ग में अधिकतम 111 नंबर रहा। वहीं, दूसरे राउंड में 20 से लेकर 92 अंक तक पहुंचा। पहले राउंड में ईडब्ल्यूएस का 65, ओबीसी का 35 अंक, वहीं दूसरे राउंड में ईडब्ल्यूएस का 20, ओबीसी का 25 अंक, सामान्य का 92 और एससी का 29 अंक तक गया है। योग में आचार्य कोर्स की पढ़ाई वैदिक दर्शन विभाग में कराई जाती है। पहले राउंड में सामान्य और दूसरे राउंड में स्पेशल कोर्स फीस के तहत प्रवेश दिया जाएगा।
समाज के समग्र विकास के लिए मजबूत नेतृत्व अहम
स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान की ओर से रविवार को चौक स्थित अग्रवाल भवन में सोनार महासमागम-2 विषय पर परिचर्चा हुई। इसमें आगामी सितंबर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। इसमें तकरीबन 5000 स्वर्णकारों को जुटाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में वाराणसी सहित पूर्वांचल के 20 जिलों के 200 से ज्यादा स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संगठन के राष्ट्रीय संस्थापक इंजीनियर योगेंद्र कुमार ने कहा कि अब वह समय आ गया है, जब स्वर्णकार समाज को अपने राजनीतिक अधिकारों और उचित प्रतिनिधित्व के लिए संगठित होकर आवाज उठानी होगी।
राष्ट्रीय संयोजक रवि सर्राफ ने कहा कि व्यक्तिगत और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर समाज के हितों को सर्वोपरि रखा जाए। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव नीलम सर्राफ, जिलाध्यक्ष किशोर सेठ ने विचार रखे। अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व जीएसटी कमिश्नर शारदा शंकर सिंह ने की। इस दौरान मुख्य रूप से समरजीत सिंह, अनूप वर्मा, अमर जौहरी, उदय प्रताप, संदेश भटनी, गौतम कुमार, सुनील सर्राफ, आनंद प्रकाश आदि मौजूद रहे।
पार्टी को मजबूत करें तभी हम एनडीए से मांग सकेंगे ज्यादा सीटें : नागेंद्र
अपना दल एस के राष्ट्रीय महासचिव और फूलपुर से पूर्व सांसद नागेंद्र प्रसाद सिंह पटेल ने रविवार को सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी को मजबूत करेंगे तभी एनडीए गठबंधन से ज्यादा सीटें मांग सकेंगे। बूथों को मजबूत बनाएं। गांव चलो अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाएं।
सर्किट हाउस में संगठनात्मक बैठक हुई और पार्टी के कामकाज की समीक्षा भी की गई। नागेंद्र प्रसाद सिंह पटेल ने कहा कि जिला और सभी विधानसभा क्षेत्रों का संगठन समन्वय बनाकर काम करे। दो जुलाई को लखनऊ में पार्टी के संस्थापक डॉ सोनेलाल पटेल की जयंती मनाई जााएगी। इसमें बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करनी है। जयंती समारोह से ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट तय होने हैं।
रोहनिया से अपना दल एस के विधायक डॉ सुनील पटेल ने कहा कि डॉ सोनेलाल पटेल की जयंती में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। हर स्तर पर काम करने की जरूरत है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पटेल ने की। इस मौके पर राकेश यादव, श्याम नारायण सिंह पटेल, महेंद्र शर्मा, दिव्यांशु सिंह, उदय प्रधान, वीरेंद्र वर्मा आदि शामिल रहे।
इस बार जलभराव हुआ तो महिलाएं रविंद्रपुरी में करेंगी चक्काजाम
रविंद्रपुरी कल्याण समिति के कार्यकारिणी की बैठक रविवार को क्षेत्र के एक होटल में हुई। इसमें बड़ी संख्या में बोर्ड सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सभी ने एक स्वर में कॉलोनी की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त की। चेतावनी दी यदि इस मानसून में घरों और सड़कों में जलभराव हुआ तो हमारी महिलाएं सड़कों पर आकर चक्काजाम करेंगी। अध्यक्षता कर रहे अनुज डीडवानिया ने कहा कि मानसून आने को है लेकिन आज तक सीवर लाइन की सफाई, जल निकासी, सीवर का हाउस कनेक्शन काम शुरू नहीं हुआ है। जबकि सड़कें लगभग बन कर तैयार हैं।
संदीप प्रह्लादका और राजीव अग्रवाल ने बताया बारिश होते ही पानी के उलट प्रवाह से सीवर ओवरफ्लो होकर घरों में जाता है। संरक्षक उमाशंकर अग्रवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश सोनेजा ने रविंद्रपुरी काॅलोनी निवासियों के लिए क्लब हाउस और मनोरंजन केंद्र बनवाने का सुझाव दिया। डॉ. मनोज शाह, अनिल झंवर ने 2022 से लगातार हो रहे सुंदरीकरण और निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की। इस संबंध में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव को मांगपत्र देने का निर्णय लिया गया। अमृता शाही, अमित मिश्रा, अंकुर अग्रवाल ने भी रविंद्रपुरी कॉलोनी की अन्य समस्याओं पर आक्रोश जताया।
दवाओं के रखरखाव का मुद्दा उठाया
जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों के रखरखाव का मुद्दा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार के सामने प्रमुखता से उठाया। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन (डीपीए) और डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन (डीपीआरए) ने सीएमओ से मुलाकात कर दवाइयों को निर्धारित तापमान पर रखे जाने की व्यवस्था करने की मांग की।
मेयर ने महमूरगंज का किया निरीक्षण, कहा- इस महीने के अंत तक सभी नाले साफ कराएं
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को महमूरगंज स्थित बिरदोपुर और तुलसीपुर वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाली-नाला और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कहा कि माह के अंत तक सभी नाले साफ कराएं। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 90 प्रतिशत नाले साफ हुए हैं।
मेयर ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाकी बचे 10 प्रतिशत नालों को इसी माह के अंत तक पूरा कराने के निर्देश दिए। शहर के कुल 128 बड़े नालों में से अधिकांश की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि सभी 258 छोटे नालों को पूरी तरह साफ कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद विवेक कुमार कुशवाहा, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह मौजूद रहे।
संगीत दिवस पर सुर, लय और ताल से सजाईं पं. राजन मिश्र की स्मृतियां
अंतरराष्ट्रीय संगीत दिवस पर बनारस घराने के साथ बाहर के कलाकारों ने जीवन में संगीत के महत्व को सुर, लय व ताल से एहसास कराया। पद्मभूषण पं. राजन मिश्र की स्मृतियों को भी सजाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से अनुनाद इंडिया फाउंडेशन की ओर से पं. राजन मिश्र की स्मृति में दो दिवसीय संगीत महोत्सव 'स्वरम' का आयोजन भेलूपुर स्थित होटल में हुआ। राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर पं. राजन मिश्र को नमन किया। राज्यमंत्री ने संगीत दीक्षा अभियान के चयनित उत्कृष्ट संगीत प्रदर्शन के लिए बेसिक शिक्षा के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया।
इसके बाद संगीत संध्या का आगाज भागीरथ जालान से हुआ। उन्होंने राग दरबारी में द्रुत तीनताल में निबद्ध रचना से शुरुआत की। इसके बाद ठुमरी और दादरा की बंदिशें सुनाकर सभी को आनंदित किया। तबले पर पं. ललित कुमार तथा संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की।
दूसरी प्रस्तुति में युवा तबला वादक यशवंत वैष्णव का स्वतंत्र तबला सभी को मुरीद बनाया लिया। सारंगी पर विनायक सहाय ने संगत की। तीसरी प्रस्तुति प्रख्यात गायक कश्यप बंधुओं की रही। प्रभाकर कश्यप एवं दिवाकर कश्यप ने काशीवासियों के मिजाज को भापते हुए राग मारुविहाग में बंदिशों को स्वर दिया। कार्यक्रम की अवधारणा डॉ. प्रीतेश आचार्य ने रखी। इस मौके पर पं. देवाशीष डे, पं. रविंद्र गोस्वामी, डॉ. रमेश भाटिया, अभिजीत अग्रवाल डॉ शोभित नाहर श्री अशोक कपूर आदि रहे।
एपेक्स हॉस्पिटल में स्वास्थ्यकर्मियों ने किया योग
एपेक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड पीजीआई में योगाभ्यास सत्र हुआ। चेयरमैन डॉ. एसके सिंह के नेतृत्व में 500 से ज्यादा चिकित्सकों, डीएनबी रेजिडेंट्स, नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्रों ने योग किया। प्रशिक्षक डॉ. विनय पटेल और सचिन श्रीवास्तव ने तीन सत्रों में विभिन्न आसन कराए। चेयरमैन डॉ. एसके सिंह ने कहा कि योग मानसिक व आत्मिक संतुलन का साधन है जो तनाव और चिंता को दूर करता है।
मेरीडियन कॉलेज में योग कर निरोग रहने का दिया संदेश
मेरीडियन नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज गाजीपुर में संस्थान के नर्सिंग व पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य नमस्कार और विभिन्न योगासनों के अभ्यास से हुई। कॉलेज के निदेशक विवेक यादव, प्रिया यादव, प्रधानाचार्य चंद्रशेखर केजी और फिटनेस ट्रेनर संतोष राय मौजूद रहे।
जीवनदीप महाविद्यालय में स्वयंसेवकों ने किया योग
जीवनदीप महाविद्यालय में एनएसएस ने योग कार्यक्रम किया। प्राचार्य ने शुभारंभ किया। आचार्य राजेश यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने योगासन, प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम अधिकारी विक्रम प्रताप सिंह ने स्वयंसेवकों को प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नारायण दास सर्राफ में योग दिवस का आयोजन
नारायण दास सर्राफ के रथयात्रा परिसर में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। संस्थान के सभी कर्मचारियों ने इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी की। योग कार्यक्रम की शुरुआत मानव संसाधन प्रबंधक रीना द्विवेदी ने की। संचालन योगाचार्य पूर्णिमा मिश्रा ने किया। उन्होंने कर्मचारियों को योग के महत्व, नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक-मानसिक लाभ तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। नारायण दास सर्राफ के निदेशक श्रीकृष्ण अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संस्थान समय-समय पर स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
पंजाब नेशनल बैंक में सामूहिक योगाभ्यास
पंजाब नेशनल बैंक के अंचल कार्यालय और मंडल कार्यालय ने नेहरू पार्क में योग दिवस मनाया। बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योग किया। उप अंचल प्रबंधक हरविंदर सिंह रंधावा, मंडल प्रमुख प्रभाष चंद्र लाल, उप मंडल प्रमुख राम कुमार, रविकांत शॉ सहित अंचल, मंडल और अन्य प्रशासनिक कार्यालयों एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। वरिष्ठ प्रबंधक जय प्रकाश सिंह ने संचालन किया। प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी के ऑनलाइन उद्बोधन में नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने योग शिविर आयोजित किया
बैंक ऑफ बड़ौदा, वाराणसी अंचल ने एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया। वाराणसी अंचल के महाप्रबंधक व अंचल प्रमुख मिथलेश कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हमारी सांस्कृतिक धरोहर की ओर लौटने का अवसर है। यह आधुनिक जीवन की चुनौतियों से निपटने में योग को प्रभावी साधन बनाता है। वाराणसी अंचल के समस्त स्टाफ सदस्यों ने योगाभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मनोज कुमार बक्शी (उप महाप्रबंधक-सीए), भारत भूषण (क्षेत्रीय प्रमुख-वाराणसी क्षेत्र), शैलेश कुमार (प्रमुख-आंतरिक लेखा परीक्षा) माैजूद रहे।
29 को प्रांतीय वैश्य प्रतिनिधि समागम
पैगंबरपुर-पंचक्रोशी सड़क स्थित कॉलेज में रविवार को भारतीय वैश्य चेतना महासभा मंडल की बैठक हुई। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद गांधी ने कहा कि यूपी में वैश्य समाज की आबादी 45 फीसदी है। इसके बावजूद मीडिया और राजनीतिक दल उनकी गिनती नहीं करते हैं। इस उपेक्षा से वैश्य समाज के लोग नाराज हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्य समाज केवल उसी राजनीतिक दल को वोट देगा जो उनके नेताओं को टिकट देगा।बैठक में 29 जून को बलिया में होने वाले प्रांतीय वैश्य प्रतिनिधि समागम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष पारसनाथ जायसवाल ने की। राष्ट्रीय संरक्षक तेज बहादुर गुप्ता ने वैश्य समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। बैठक में विनोद कुमार गुप्ता, देव साहू, सतीश गांधी, प्रदीप जायसवाल, अनिल कुमार साहू, अनिल जायसवाल, राजेंद्र गुप्ता मौजूद रहे।