UP: फादर्स डे पर बेटे ने की पिता की हत्या, लाठी से पीट-पीट कर ली जान; हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
Sonbhadra News: सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के पकरी गांव में घरेलू विवाद के दौरान बेटे सोनू ने अपने पिता श्रीनाथ पर लाठी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से श्रीनाथ की मौत हो गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के पकरी गांव में घरेलू विवाद ने बीती रात खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के दौरान बेटे ने अपने पिता पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पकरी गांव निवासी सोनू का रविवार रात करीब 11:30 बजे अपने पिता श्रीनाथ से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। परिजनों के अनुसार दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई। विवाद के दौरान गुस्से में आए सोनू ने पास में रखी लाठी उठाकर पिता श्रीनाथ के सिर पर कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल श्रीनाथ मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र सोनू को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।