Ghazipur News: पति के साथ दवा लेने जा रही पत्नी को ट्रक ने कुचला, मौत; हादसे के बाद वाहन छोड़कर भागा चालक
Ghazipur News: जिले के गहमर क्षेत्र में भदौरा बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। दोनों दवा कराने बाजार जा रहे थे। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Road Accident: गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा बस स्टैंड के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्धा की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भदौरा गांव निवासी जगदंबा राजभर अपनी 75 वर्षीय पत्नी तेतरी देवी को दवा कराने के लिए साइकिल से भदौरा बाजार लेकर जा रहे थे। दोनों ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर भदौरा बस स्टैंड के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही साइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में तेतरी देवी सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रक के पहिये की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति जगदंबा राजभर भी घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
परिजनों में मचा कोहराम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गहमर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल पति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
वृद्धा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।