Jaunpur News: हाईवे किनारे काली पन्नी में लिपटा मिला महिला का शव, हत्या की आशंका; खंगाले जा रहे सीसी कैमरे
Jaunpur News: जिले के रानीपुर तिराहे के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में काली पन्नी में लिपटा अज्ञात महिला का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका है। पुलिस पहचान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर तिराहे के पास रविवार सुबह हाईवे किनारे झाड़ियों में काली पन्नी में लिपटा एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद शव को सुनसान स्थान पर फेंके जाने का प्रतीत हो रहा है।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने हाईवे किनारे झाड़ियों में काली पन्नी में लिपटा शव देखा। इसकी सूचना तत्काल मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास का क्षेत्र घेरकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की कहीं और हत्या करने के बाद शव को काली पन्नी में लपेटकर सुनसान स्थान पर फेंका गया है, ताकि पहचान न हो सके। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि शव को वहां लाने वाले लोगों का सुराग मिल सके। इसके साथ ही आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की पहचान और घटना के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी गई है।