UP: फर्जी जमानत लेने वाले गिरोह का किंगपिन अरेस्ट, आठ मोहरें बरामद; एक शिकायत पर खुल गई गिरोह की पोल
Azamgarh News: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अभियुक्तों की जमानत कराने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीयनपुर पुलिस ने वांछित आरोपी दयाराम को गिरफ्तार किया। उसके पास से आठ मोहरें, आधार कार्ड, खतौनी की प्रतियां और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस मामले की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Crime: कूटरचित अभिलेखों के आधार पर अभियुक्तों की जमानत कराने वाले गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीयनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न विभागों की मोहरें, आधार कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि इस मामले का खुलासा तब हुआ जब कचहरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश कश्यप ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कुछ तथाकथित जमानतदार अनुचित आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गंभीर आपराधिक मामलों में जेल में निरुद्ध अभियुक्तों की फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमानत करा रहे हैं।
जांच के दौरान पुलिस को कई चौंकाने वाले तथ्य मिले। पता चला कि एक ही जमानतदार द्वारा एक ही अभिलेख का उपयोग कर कई अलग-अलग अभियुक्तों की जमानत कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि यह कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह द्वारा योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा था। इसके बाद थाना कोतवाली नगर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
इसी क्रम में जीयनपुर पुलिस ने मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त दयाराम, निवासी रामपुर कला, थाना कोतवाली टांडा, जनपद अंबेडकरनगर को बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे जमसर स्थित रॉयल स्टार ढाबा के बाहर से दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से आठ विभिन्न प्रकार की मोहरें, एक इंक पैड, चार खतौनी की प्रतियां, आठ आधार कार्ड, एक आधार कार्ड की छायाप्रति तथा एक सादा कागज बरामद किया गया। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस को आशंका है कि इन दस्तावेजों का उपयोग फर्जी जमानत तैयार करने और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।