UP: टीटी की नौकरी दिलाने के नाम पर 9.63 लाख की ठगी, गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार; देता था धमकी
Azamgarh News: रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने के नाम पर 9.63 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य संदीप श्रीवास्तव को कंधरापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने फर्जी टीटी पहचान पत्र देकर युवक को झांसे में लिया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कंधरापुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि कंधरापुर थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव निवासी जनार्दन यादव ने 7 मई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ले लिए। आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए फर्जी टीटी पहचान पत्र भी बनाकर दे दिया। जब पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना कंधरापुर में विभिन्न धाराओं में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को गिरोह के एक अन्य सदस्य संदीप श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया। आरोपी गाजीपुर जनपद के जमानिया थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव का निवासी है और वर्तमान में वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित कमला नगर कॉलोनी में रह रहा था।
कंधरापुर थाना की पुलिस टीम ने उसे उसके पैतृक गांव टिसौरा से बुधवार की शाम गिरफ्तार किया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया। मामले की विवेचना जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।