UP: काशी में बन रही है देश की दूसरी सबसे बड़ी मां सरस्वती की प्रतिमा, तीन देवियों का दिखेगा स्वरूप
Varanasi News: काशी में देश की दूसरी सबसे बड़ी मां सरस्वती की प्रतिमा बन रही है। इस प्रतिमा में मां दुर्गा, लक्ष्मी व सरस्वती का स्वरूप दिखेगा। यह प्रतिमा 53 फीट की बनाई जा रही है।
विस्तार
काशी में एक बार फिर देश की दूसरी सबसे बड़ी और प्रदेश की सबसे बड़ी मां सरस्वती की प्रतिमा बन रही है। इस बार ये पिछले साल से आठ फीट अधिक ऊंची होगी। यानी दूसरी प्रतिमा 53 फीट और तीसरी 46 फीट की होगी। दोनों प्रतिमाएं करीब दो माह से बन रही हैं और 23 जनवरी को सरस्वती पूजा से पहले बनकर तैयार हो जाएंगी। ये सोने व चांदी के लुक में दिखाई देंगी। मां दुर्गा, लक्ष्मी और मां सरस्वती के मिश्रित रूप में भारत की महारानी के स्वरूप में होंगी। दोनों उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी प्रतिमाएं होंगी।
दुर्गा पूजा और सरस्वती पूजा पर बड़ी प्रतिमाएं बनाने का चलन बंगाल के बाद काशी में भी पिछले तीन वर्षों से तेजी से बढ़ा है। पिछले साल भी देश की दूसरी सबसे बड़ी मां सरस्वती की प्रतिमा यहीं बनी थी, जो 45 फीट ऊंची थी। इस बार इससे भी बड़ी 53 फीट की प्रतिमा बन रही है। तीसरे नंबर की मां सरस्वती की प्रतिमा 46 फीट की होगी। दोनों प्रतिमाएं खोजवां स्थित मूर्ति कारखाने में बन रही हैं। इन्हें काशी के साथ बंगाल के 14 कारीगर तैयार कर रहे हैं।
प्रख्यात मूर्तिकार अभिजीत विश्वास ने बताया कि पूजा पंडालों में अब बड़ी मूर्तियों की मांग बढ़ी है। इस बार पिछले साल से दोगुनी यानी 27 बड़ी प्रतिमाएं बन रही हैं, जिनकी ऊंचाई 30 से 53 फीट तक होगी। ये सभी प्रतिमाएं बैठी मुद्रा में होंगी। 53 फीट वाली प्रतिमा के साथ दो शेर होंगे।
इसे भी पढ़ें; सफर होगा आसान: वाराणसी से बैंकॉक के लिए अब सीधी उड़ान फरवरी से, जल्द जारी होगा शेड्यूल
उन्होंने बताया कि दूसरी प्रतिमा कृत्रिम सोने में सजी-धजी 46 फीट ऊंची होगी, जिसमें मां हंस पर विराजमान रहेंगी। यह न्यू एकता क्लब, सोनिया गुजराती गली में स्थापित की जाएगी। इन कारखानों में सौ से अधिक प्रतिमाएं बन रही हैं, जो पूरे पूर्वांचल में भेजी जाएंगी।
आठ-आठ फीट के दो शेर और सात फीट की वीणा
53 फीट की मां सरस्वती की प्रतिमा में आठ से नौ फीट ऊंचा मुकुट होगा। अभिजीत विश्वास ने बताया कि इस प्रतिमा की चौड़ाई 15 फीट होगी। दो शेर आठ-आठ फीट के होंगे और मां की वीणा सात फीट लंबी होगी। जबकि 46 फीट की प्रतिमा 12 फीट के विशाल हंस पर विराजमान रहेगी। मां के चार हाथ होंगे, एक हंस की गर्दन पर, एक में कमल, एक में फूल और एक में सितार होगा।
बंगाल में बन रही देश की 111 फीट की प्रतिमा
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले मंस्थित महेशतला (बटनगर) में देश की बड़ी मां सरस्वती की प्रतिमा बन रही है, जो 111 फीट की है। पिछले साथ भी बंगाल में ही 51 फीट की बनी थी। इसी को देखते हुए इससे बड़ी प्रतिमा यहंबन रही थी
इस बार मां की प्रतिमा और बड़ी बनवाने की तैयारी थी, लेकिन बिजली के तारों के जंजाल के चलते प्रतिमा को पूजा पंडाल में ले जाना मुश्किल होता है। कोशिश रहेगी कि आगे इससे और बड़ी बनवाएंगे।इसे पंडाल में ही तैयार करवाएंगे। -पृथ्वीराज सोनकर, कार्यवाहक अध्यक्ष आर्यावर्त स्पोर्टिंग क्लब
