एसआईआर: कहीं नाम जुड़ रहे, कहीं कटने का डर, कहीं सचिवालय पर ताला; नोटिस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
Varanasi News: तहसीलदार ने कहा कि नोटिस जारी करने के बावजूद जो लोग नहीं आ रहे हैं, उन्हें एक और मौका दिया जाएगा। उसके बाद भी अनुपस्थित रहने पर नाम काटने की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
SIR Voter List: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को कई विद्यालयों और पंचायत भवनों में विशेष कैंप लगाए गए। कैंपों में जहां एक ओर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटि सुधार का काम हुआ।
दूसरी ओर 2003 की मतदाता सूची, अतिरिक्त दस्तावेज की मांग और कुछ स्थानों पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति ने मतदाताओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय देहली विनायक में एसआईआर विशेष कैंप में नायब तहसीलदार कसवार राजा श्याम नारायण तिवारी ने बताया कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं मिल पा रहा है, उनसे बैंक पासबुक सहित अन्य दस्तावेज लिए जा रहे हैं।
रोहनिया के प्राथमिक विद्यालय दरेखू, दरेखू द्वितीय और रामनगर के प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों पर बीएलओ ने प्रपत्र संख्या 6, 7 और 8 भरवाए। अजांव में बीएलओ अनिल उपाध्याय और मोहम्मद शहजाद ने बताया कि 6 फरवरी तक नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया चलेगी। छितमपुर गांव के मतदाता प्रवीण चौबे ने बताया कि 2003 की सूची में नाम होने के बावजूद उनसे बार-बार बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र और पैन कार्ड मांगा गया।
मिर्जामुराद क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज और जूनियर हाईस्कूल में पहुंचे ईआरओ सुजीत कुमार सिंह ने दस्तावेज जमा करने वालों की कम संख्या देख सभी बीएलओ को एक ही बूथ पर काम करने का निर्देश दिया। शहंशाहपुर में ग्राम विकास अधिकारी डटे रहे और ग्रामीणों ने फॉर्म भरकर नाम सुधार व नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की। चिरईगांव की ग्राम पंचायत पनिहरी के मतदान केंद्र पर बीएलओ कंचन, श्वेता, ज्योति, पार्वती, सीमा यादव, सविता सहित अन्य कर्मी रहे।
बंद रहा सचिवालय का गेट
राजातालाब के सीहोर दक्षिणी गांव में स्थिति उलट रही, जहां ग्राम पंचायत सचिवालय का गेट बंद मिला और कोई कर्मचारी नहीं था। कई ग्रामीण गए और वापस लौट आए। पूरे दिन यहां कोई कैंप नहीं लगाया गया।
मंडलायुक्त, डीएम ने किया निरीक्षण
मंडलायुक्त एस राजलिंगम, जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को जेपी मेहता नगर निगम इंटर कॉलेज में बने बूथ पर निरीक्षण किया। सुपरवाइजर व बीएलओ से अद्यतन प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। सभी बीएलओ को मतदाताओं के फॉर्म फीडिंग करते समय विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाता जो ऑनलाइन सूची में अपना नाम नहीं देख सके हैं, वे बूथ पर जाकर देख लें।
जनपद के पात्र लोगों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में मतदाता सूची का अवलोकन कर सत्यापन करें और जरूरी होने पर दावा/आपत्ति दर्ज कराएं। दावा आपत्ति देने का समय छह जनवरी से छह फरवरी तक है। साथ ही 18 वर्ष पूरा कर चुके नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं, https://voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
नई बहुओं के सामने अलग परेशानी
सेवापुरी ब्लॉक के ठठरा गांव में नई बहुओं को लेकर विशेष स्थिति सामने आई। बीएलओ उषा देवी ने बताया कि 2003 के बाद मतदाता बनी नई बहुओं को अपने माता या पिता का नाम दर्ज 2003 की मतदाता सूची की फोटो कॉपी एसआईआर फॉर्म के साथ जमा करनी होगी। इस सूचना से कई महिलाएं मायके से दस्तावेज मंगाने को मजबूर हैं। लोहता क्षेत्र में शादी के बाद कई महिलाओं के नाम न तो मायके में रहे और न ही ससुराल की मतदाता सूची में दर्ज हो पाए।
