नौतपा: बाबा विश्वनाथ का फलों के रस का लगेगा भोग, धाम में लगे 10 पोर्टेबल वाटर काउंटर; जानें खास बातें
Nautapa: तपा की भीषण गर्मी को देखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जर्मन हैंगर, कैनोपी और मिस्ट फैन लगाए गए हैं। बच्चों के लिए बिस्कुट, श्रद्धालुओं हेतु ओआरएस, ग्लूकोज व गुड़ की व्यवस्था की गई है। धाम में 19 वाटर कूलर और 10 पोर्टेबल वाटर काउंटर लगाए गए हैं। कतार मार्ग में जूट मैट बिछाए गए हैं तथा लगातार सफाई और सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: नौतपा पर काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण के साथ ही भीषण गर्मी से राहत देने के लिए परिसर और कतार मार्ग के कई स्थलों पर जर्मन हैंगर और कैनोपी की व्यवस्था कराई गई है। इसके अलावा जर्मन हैंगर और टेंसाइल स्ट्रक्चर के भीतर मिस्ट फैन स्थापित किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को शीतल वातावरण उपलब्ध हो सके।
न्यास द्वारा विशेष रूप से छोटे बच्चों एवं परिवार सहित आने वाले श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बच्चों को बिस्कुट वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु विभिन्न स्थानों पर ओआरएस, ग्लूकोज एवं गुड़ की उपलब्धता भी कराई गई है, ताकि गर्मी एवं निर्जलीकरण से बचाव किया जा सके।
धाम परिसर में कुल 19 स्थानों पर शुद्ध और शीतल पेयजल के वाटर कूलर के साथ ही 10 स्थानों पर पोर्टेबल वाटर काउंटर की व्यवस्था है। कतारबद्ध होकर दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले जूट मैट बिछाए गए हैं, जिससे उन्हें गर्म फर्श से राहत मिल सके।
तैयारी पूरी
इसके अतिरिक्त संपूर्ण धाम क्षेत्र में निरंतर स्वच्छता बनाए रखने हेतु सफाई कार्मिकों की तैनाती की गई है तथा नियमित साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन का कार्य लगातार संचालित किया जा रहा है।
नौतपा काल, जो दिनांक 25 मई 2026 से प्रारंभ होकर आगामी अवधि तक रहेगा, के दौरान भगवान श्री काशी विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार एवं अभिषेक विभिन्न फलों के रस एवं शीतल पेय पदार्थों से संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं सनातन परंपरा के अनुरूप संपन्न होगा।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास सभी श्रद्धालुओं से अपील करता है कि धाम में दर्शन के दौरान प्रशासन एवं मंदिर कर्मियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा संयम एवं श्रद्धा के साथ बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।