नीट में चिट : अंडरवियर में छिपाया था मोबाइल, बलिया का शातिर वाराणसी में अरेस्ट; पुराना पेपर व ग्लू भी मिला
Varanasi News: वाराणसी के मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर नीट-यूजी 2026 के दौरान बलिया निवासी प्रिंस दुबे को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ा गया। तलाशी में उसके अंडरवियर से मोबाइल फोन, पुराना प्रश्नपत्र और ग्लू बरामद हुई। केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
NEET UG 2026: नीट-यूजी 2026 परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामग्री के साथ पकड़े गए एक अभ्यर्थी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बलिया निवासी प्रिंस दुबे (20) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसे रविवार को मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार से पकड़ा गया।
कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने उसे रोककर जांच की तो उसके अंडरवियर में छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पुराना प्रश्नपत्र और ग्लू भी मिली, जिससे संदेह और गहरा गया।
मामले की जानकारी तत्काल केंद्र प्रशासन ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आई। केंद्राध्यक्ष की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ में प्रिंस दुबे ने बताया कि वह जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करता है और परीक्षा देने के लिए वाराणसी आया था।
पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि परीक्षा में किसी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने की कोशिश तो नहीं की गई। साथ ही उसके संपर्कों, कॉल डिटेल और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में बरामद प्रश्नपत्र पुराना बताया गया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी संगठित गिरोह या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभ्यर्थी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।