लवकुश हत्याकांड में नया मोड़: परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार, मामले की गहराई से होगी जांच; SP ने दिया भरोसा
Chandauli News: चंदौली में छात्र लवकुश यादव हत्याकांड में परिजनों ने एसपी से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका आरोप है कि मुख्य आरोपी ने ऑनलाइन चाकू मंगवाकर वारदात को अंजाम दिया और घटना पूर्व नियोजित थी। परिजनों ने अन्य लोगों की भूमिका, आरोपी के अभिलेखों की जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित एक कॉलेज में 12 जून को कक्षा 10 के छात्र लवकुश यादव की चाकू मारकर हुई हत्या के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी उत्कर्ष यादव ने गांव के ही एक व्यक्ति के स्मार्टफोन का उपयोग कर ऑनलाइन चाकू मंगवाया था, जिसका इस्तेमाल हत्या में किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि घटना में अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है।
मृतक के चाचा दीपक यादव ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना से कुछ दिन पहले लवकुश को रास्ते में रोककर मारपीट की गई थी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। उनका आरोप है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी।
परिजनों ने आरोपी के परिवार के कुछ सदस्यों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने आरोपी की उम्र और शैक्षिक अभिलेखों की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दस्तावेजों की गहन पड़ताल से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
परिवार ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाएगी तथा जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।