UP: गर्मी में देहरादून, कोलकाता, जम्मू जाने वाली ट्रेनों में दो माह तक जगह नहीं; स्पेशल गाड़ियां फिर भी दिक्कत
Varanasi News: गर्मी की छुट्टियों में यात्रा की बढ़ती मांग के चलते रेलवे पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है, जिससे यात्रियों को लंबी वेटिंग और कंफर्म सीट न मिलने की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
विस्तार
Railway News: गर्मी की छुट्टियों का सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में भीड़ का दबाव तेजी से बढ़ गया है। हालात यह हैं कि देहरादून, कोलकाता और जम्मू जैसे प्रमुख रूटों पर अगले दो महीनों तक कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है। रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही है।
कई ट्रेनों के जनरल से लेकर स्लीपर और एसी कोच तक में 24 मई तक सीटें फुल हो चुकी हैं। वेटिंग लिस्ट भी लंबी हो गई है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। कुछ ट्रेनों में तो स्लीपर कोच की बुकिंग अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी है।
गर्मी की छुट्टियों के कारण यह स्थिति और गंभीर हो गई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं, जबकि अधिकांश स्कूलों में अप्रैल के अंतिम सप्ताह से ही अवकाश शुरू हो जाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ घूमने की योजना बनाते हैं। उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों—देहरादून, हरिद्वार और मसूरी—के अलावा जम्मू-कश्मीर, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों की मांग भी बढ़ गई है।
वाराणसी से देहरादून और हरिद्वार जाने वाली उपासना एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस में 23 मई तक कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। इन ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 50 के पार पहुंच चुकी है। इसी तरह जम्मू रूट पर चलने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस और अर्चना एक्सप्रेस में भी 24 मई तक स्लीपर और एसी कोच पूरी तरह बुक हैं। कई तारीखों पर वेटिंग लिस्ट 100 के करीब पहुंच गई है।
वहीं कोलकाता जाने वाले यात्रियों की भी हालत अलग नहीं है। विभूति एक्सप्रेस और उपासना एक्सप्रेस में भी मई के अंत तक कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कोच और स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन मांग के मुकाबले यह पर्याप्त नहीं है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और समय रहते टिकट बुक करें।