UP: बंद मकान में पंखा चलाकर आराम किया...लाखों के सामान लेते गए, पत्नी का इलाज कराने दिल्ली गया था पति; FIR
Ballia News: चोरों ने एक सोने की चेन पलंग के नीचे गिरा रखी थी। ग्रामीणों ने बताया कि चोर इत्मीनान से मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बंद कमरे का पंखा चलाया और फिर चोरी की। ग्रामीणों ने बताया कि घरवाले मकान का पंखा व अन्य उपकरण बंद कर पत्नी का इलाज कराने दिल्ली गए थे। सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो सभी कमरे के पंखे चल रहे थे।
विस्तार
UP Crime: बलिया के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी अशोक कुमार पांडेय पांच अप्रैल को अपनी पत्नी के इलाज के लिए दिल्ली गए हुए हैं। घर पर कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब गांव के लोग टहलने निकले तो उन्होंने घर का दरवाजा खुला और ताला टूटा देखा। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना परिजनों को दी गई।
सूचना मिलने पर गृहस्वामी के रिश्तेदार, कोतवाली क्षेत्र के हरिपुर निवासी रोहित चौबे मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मुख्य गेट सहित घर के अंदर से नमूने एकत्र किए। जांच के दौरान पाया गया कि चोरों ने घर के तीन कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों को तोड़कर कीमती सामान चोरी किया। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ है कि चोरों ने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने घर में घुसने के बाद पंखे भी चलाए, जबकि घरवाले जाते समय सभी उपकरण बंद करके गए थे। यह भी सामने आया कि एक सोने की चेन पलंग के नीचे गिरी मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि जल्दबाजी में कुछ सामान छूट गया होगा।
परिजनों के अनुसार, घर से करीब 25 से 30 लाख रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी हुए हैं। उधर, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
