वाराणसी में रूट डायवर्जन: आज रात 8 बजे से लागू हो जाएगी 60 घंटे की नो एंट्री, केवल कांवड़ वाहनों को अनुमति
वाराणसी मंं कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। आज रात 8 बजे से 60 घंटे की नो एंट्री लागू हो जाएगी। ऐसे में केवल कांवड़ियों की वाहनों को अनुमति मिलेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन महीने में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। चांदपुर चौराहे से मोहनसराय तक शनिवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक कांवड़ वाहनों को छोड़कर किसी भी अन्य वाहन का संचालन नहीं होगा।
वाराणसी सीमा के गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय और मुडला तिराहा से चांदपुर तक बाईं लेन पूरे सावन माह में केवल कांवड़ वाहनों के लिए सुरक्षित रहेगी। रविवार और सोमवार की रात 11 बजे खुलने वाली नियमित नो-एंट्री भी नहीं खोली जाएगी। हालांकि सब्जी, फल, दूध और एलपीजी गैस ले जाने वाले वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट रहेगी।
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा ने बताया कि शहर में अंतरजनपदीय और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली, प्रयागराज और भदोही की ओर से वाराणसी होकर जाने वाली सभी बसों, ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को आवागमन के लिए रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का उपयोग करना होगा।
रोडवेज और निजी बसों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रयागराज से वाराणसी आने वाले हल्के सवारी वाहन अपनी निर्धारित दाहिनी लेन से कछवां रोड, राजातालाब और मोहनसराय बाईपास होते हुए अमरा-अखरी से नीचे उतरेंगे। इसके बाद वे चितईपुर चौराहा, भिखारीपुर, बीएलडब्ल्यू गेट के सामने से ककरमत्ता ओवरब्रिज के नीचे होते हुए मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन तक आ-जा सकेंगे।
इसे भी पढ़ें; Mirzapur News: कुत्ते ने एक माह की बच्ची का सिर नोचा, मौत; कपड़े धोने के लिए गई थी मां
प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली की ओर से आने वाली बसें राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से रखौना ओवरब्रिज होते हुए हरहुआ के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगी। वापसी में भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगी। गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर की ओर से आने वाली बसें हरहुआ से गिलट बाजार, शिवपुर चुंगी तिराहा, फुलवरिया और लहरतारा चौराहा होते हुए कैंट बस स्टेशन तक आ-जा सकेंगी।