Sports News: टी-20 क्रिकेट...संतोष ने 11 चौके, सात छक्के लगाकर बनाए 107 रन; आरपीएफ ने यांत्रिक को दी मात
Varanasi News: आरपीएफ के रामबहादुर ने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट, स्वास्तिक और संतोष ने भी दो-दो विकेट लिए। रेल सुरक्षा बल के संतोष यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे कबड्डी टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी राजेश कुमार यादव ने दिया।
विस्तार
T 20 Cricket: ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले गए। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम के संतोष यादव ने 58 गेंद पर 11 चौके और सात छक्कों की मदद से 107 बनाकर यांत्रिक पावर की टीम को 94 रन से हरा दिया। आरपीएफ के 219 रनों के लक्ष्य के जवाब में यांत्रिक की टीम 124 पर ऑलआउट हो गई। जीत के साथ आरपीएफ को दो महत्वपूर्ण अंक मिले।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता लहरतारा के मिनी स्टेडियम में खेली जा रही है। आरपीएफ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 218 रन बनाए। इसमें संतोष यादव ने 58 गेंद पर 11 चौके और सात छक्कों की मदद से 107 रन, जावेद ने 14 गेंद पर एक चौके और चार छक्के की मदद से 34 रन, शेषनाथ यादव ने 28 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के के मदद से 36 रन बनाए।
यांत्रिक पावर के इमरान अंसारी ने दो ओवर में 23 रन देकर दो विकेट, नीतीश और राजेश ने एक-एक विकेट लिया। 219 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यांत्रिक पावर की पूरी टीम 18.2 ओवर में 124 रन पर ऑलआउट हो गई।
चिकित्सा विभाग ने रेल विकास निगम को 72 रन हराया
प्रतियोगिता का दूसरा मैच चिकित्सा और रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के बीच हुआ। इसमें चिकित्सा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168 रन बनाए। डॉ. आशीष गुप्ता ने 23 गेंद पर तीन चौके की मदद से 26 रन, रामभुवन ने 19 गेंद पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन, बनाए। आरवीएनएल के अमितोष राय ने 3.2 ओवर में 11 रन कर तीन विकेट अमित त्रिपाठी व ज्ञान वर्मा ने दो-दो विकेट लिए।
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई आरवीएनएल की पूरी टीम 11.4 ओवर में 96 रन पर ऑलआउट हो गई। चिकित्सा विभाग में 72 रनों से मैच जीत लिया। आरवीएनएल की तरफ से कुलदीप पाल ने 45 रन व उत्कर्ष केसरी ने 15 रन बनाए। चिकित्सा के सत्येंद्र ने तीन ओवर में 29 रन देकर चार विकेट, संजय कुमार ने तीन विकेट लिए। चिकित्सा के संजय कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डॉ. आशीष गुप्ता ने दिया।