वाराणसी: श्रीलंका के पीएम महिंदा राजपक्षे ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, सारनाथ का भी करेंगे भ्रमण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीलंका के प्रधानमंत्री रविवार को महिंदा राजपक्षे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। षोडशोपचार विधि विधान से पूजन किया। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर तक पूरे रास्ते को सील कर दिया गया है। गोदौलिया और मैदागिन की ओर से आने वाले वाहनों को दूसरी ओर डायवर्ट किया गया है।
मंदिर प्रशासन की ओर से श्रीलंका के प्रधानमंत्री को अंगवस्त्रम प्रसाद रुद्राक्ष की माला और बाबा की फोटो प्रदान की। साथ ही पैकेट बंद बाबा का भस्मी भी प्रदान की गई। बाबा के दर्शन के बाद महिंदा राजपक्षे ने बाबा काल भैरव का भी दर्शन-पूजन किया। मंदिर के पुजारी शास्त्रोक्त विधि से दादा की पूजा-अर्चना कराई इसके बाद उन्हें बाबा का प्रसाद दिया गया।
माघी पूर्णिमा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच श्रीलंका के प्रधानमंत्री दर्शन-पूजन के बाद ताज होटल रवाना होंगे, जहां वह लंच करेंगे। लंच के बाद भगवान बुद्ध के प्रथम धर्म उपदेश स्थली के दर्शन करेंगे। यह जानकारी महाबोधि सोसायटी ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव भिक्षु के मेधांकर थेरो ने दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर साढ़े तीन बजे सारनाथ पहुंचेंगे।
तथागत की उपदेश स्थली, धमेख स्तूप के दर्शन पूजन करेंगे। इसके बाद वह मूलगंध कुटी विहार में बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध का पूजन कर बौद्ध भिक्षुओं से आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान वह सारनाथ पुरातात्विक संग्रहालय भी देखेंगे।
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने रविवार सुबह करीब 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर श्रीलंका के प्रधानमंत्री का एयरपोर्ट निदेशक आकाशदीप माथुर ने बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान सीआईएसएफ कमाण्डेंट सुब्रत झा भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट से 10:15 बजे शहर के लिए प्रस्थान किया। प्रधानमंत्री के आने के बाद प्रशानस अलर्ट हो गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
चार दिवसीय भारत के दौरे पर
प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे चार दिवसीय भारत पर आए हैं। वह शनिवार को दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। इससे पहले महिंदा राजपक्षे ने विदेश मंत्री (ईएएम) एस जयशंकर से मुलाकात की।
द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और श्रीलंका पड़ोसी होने के साथ-साथ करीबी दोस्त भी हैं। हमारे क्षेत्र में आतंकवाद एक बड़ी समस्या है, हम दोनों ने इसका डटकर सामना किया है। हम आतंक के खिलाफ अपने सहयोग को और बढ़ाएंगे।