UP: कुत्ते के काटने से घायल बच्चे से 4 दिन बाद मिलने पहुंचीं प्रो. श्रद्धा सिंह, परिजनों के सामने हाथ जोड़े
Varanasi News: बीएचयू में पालतू कुत्ते के हमले में घायल 11 वर्षीय अभिनव से चार दिन बाद रविवार को प्रो. श्रद्धा सिंह ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। उन्होंने बच्चे और माता-पिता से हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में कुत्ता नहीं रखने की बात कही। बच्चे के पिता ने घटना को लेकर सवाल उठाए। बच्चा अब भी बोल नहीं पा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: बीएचयू की जोधपुर कॉलोनी में 11 वर्षीय बच्चे पर पालतू कुत्ते के हमले के मामले में चार दिन बाद हिंदी विभाग की प्रो. श्रद्धा सिंह रविवार को ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। उन्होंने घायल बच्चे अभिनव और उसके माता-पिता से मुलाकात कर घटना पर माफी मांगी। उन्होंने भविष्य में कुत्ता नहीं रखने की बात भी कही। इस दौरान उन्होंने कुत्ते के टीकाकरण का कार्ड भी दिखाया।
अभिनव के पिता और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर प्रेमाराम ने बताया कि 13 अगस्त की सुबह वह अपने दोनों बेटों 11 वर्षीय अभिनव और 13 वर्षीय हर्ष के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। वॉक के दौरान हर्ष आगे निकल गया, जबकि अभिनव पिता के साथ था। प्रेमाराम ने छोटे बेटे को घर जाने के लिए कहा और बड़े बेटे को लेने आगे बढ़ गए। इसी दौरान हिंदी विभाग की प्रो. श्रद्धा सिंह के पालतू कुत्ते ने अभिनव पर हमला कर दिया।
आरोप है कि कुत्ते ने बच्चे को करीब पांच मिनट तक नोचा। हमले में उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ बच्चा सड़क पर पड़ा रहा। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। सर्जरी के बाद बच्चे के चेहरे और सिर पर करीब 50 टांके लगाए गए। पिछले चार दिनों से उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार उसकी हालत में थोड़ा सुधार है, लेकिन वह अभी बोल नहीं पा रहा है और घटना से मानसिक रूप से भी आहत है। चेहरे पर सूजन भी बनी हुई है।
रविवार को ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं प्रो. श्रद्धा सिंह ने बच्चे और उसके माता-पिता से हुई घटना के लिए माफी मांगी और परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। बच्चे की मां ने उनसे सवाल किया कि यदि ऐसी घटना उनके बच्चे के साथ होती तो वह क्या करतीं। मां ने यह भी पूछा कि वह चार दिन बाद बच्चे से मिलने क्यों पहुंचीं।
प्रेमाराम ने घटना की शिकायत बीएचयू कुलपति और चीफ प्रॉक्टर से की है। उनका आरोप है कि कुत्ता पहले भी लोगों पर हमला कर चुका है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने की मांग की है।