फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Ballia News Youth dies after iron pipe hits 11000-volt wire while lowering flag another in critical condition

Ballia News: झंडा उतारते समय 11 हजार वोल्ट के तार से टकराया लोहे का पाइप, युवक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर

Sun, 16 Aug 2026 11:14 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 16 Aug 2026 11:14 AM IST
सार

Ballia News: बलिया में स्वतंत्रता दिवस पर झंडा उतारते समय लोहे का पाइप 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

विज्ञापन
Ballia News Youth dies after iron pipe hits 11000-volt wire while lowering flag another in critical condition
राकेश यादव की फाइल फोटो और घायल युवक। - फोटो : संवाद

विस्तार

UP News: बलिया में नरही थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में शनिवार शाम स्वतंत्रता दिवस का झंडा उतारते समय 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया। घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन


भिखारीपुर गांव में मुख्य मार्ग के पास बांध किनारे राकेश यादव निजी लाइब्रेरी का संचालन करते थे। शनिवार सुबह स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनकी लाइब्रेरी परिसर में झंडारोहण कार्यक्रम हुआ था। शाम को झंडा उतारने के लिए राकेश यादव गांव के ही दुर्गेश यादव के सहयोग से लोहे का पाइप निकाल रहे थे। इसी दौरान पाइप असंतुलित होकर ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार से जा टकराया।

विज्ञापन

बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण लोहे के पाइप में करंट उतर गया और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। राकेश यादव ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं दुर्गेश यादव करंट की चपेट में आने के बाद अचेत हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राकेश यादव चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता गांव में खेती-किसानी करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल दुर्गेश यादव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक ने चिकित्सकों से भी बातचीत की और घायल के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने चिकित्सकों से घायल की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने की बात कही। 

विधायक संग्राम सिंह यादव ने राकेश यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से हुई यह घटना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

घटना को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी और चिंता है। लोगों का कहना है कि गांव और आबादी वाले क्षेत्रों में गुजर रहे हाईटेंशन तारों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। हादसे ने बिजली के तारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed