लड़की के चक्कर में दोस्त की हत्या: गाजीपुर में तीन बाल अपचारी पकड़ाए, रोहित से बौखलाया था गोलू; तमंचा बरामद
Ghazipur News: करिमुल्लापुर (वसदेईया) नहर किनारे मिले रोहित यादव हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार बदले की आग में रोहित की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को पकड़ा है। पुलिस उनसे पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के करिमुल्लापुर (वसदेईया) नहर किनारे मिले रोहित यादव हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस, मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। वहीं, पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड बताए जा रहे श्यामसुंदर यादव उर्फ गोलू की तलाश तेज कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मृतक की अंतिम गतिविधियों, तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच में हत्या की कड़ी सामने आई। रोहित और श्यामसुंदर उर्फ गोलू पहले से परिचित और मित्र थे।
एएसपी सिटी के अनुसार, गोलू की पूर्व परिचित एक महिला ने उसके खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में गोलू जेल गया था। बाद में उक्त महिला और उसकी बहन से रोहित का संपर्क हो गया। इसी बात को लेकर गोलू रोहित से नाराज था।
वाराणसी से बाइक पर बैठाकर लाया था
एएसपी सिटी के अनुसार, इसी रंजिश में गोलू ने तीन बाल अपचारियों के साथ मिलकर रोहित की हत्या की योजना बनाई। 29 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे रोहित को मोटरसाइकिल पर बैठाकर वाराणसी से शादियाबाद क्षेत्र के दयालपुर स्थित एक खाली मकान में लाया गया।
यहां तमंचे और कारतूस की व्यवस्था करने के बाद रोहित को बाइक पर बैठाकर करिमुल्लापुर (वसदेईया) नहर के सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां उसकी हत्या कर दी गई। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह, चौकी प्रभारी हंसराजपुर सचिन सिंह और उपनिरीक्षक जनार्दन प्रसाद समेत शादियाबाद पुलिस टीम शामिल रही।
हत्या का वीडियो मोबाइल में मिला
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ। उसमें वारदात से संबंधित वीडियो भी मिला है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रोहित को भयभीत करते हुए उसके परिचित से फोन पर बातचीत भी कराई थी। इसका ऑडियो भी जांच में सामने आया है। पुलिस का मानना है कि यह सब घटना के बाद लोगों को गुमराह करने की साजिश का हिस्सा था।
नहर पुलिया के पास से तीनों हिरासत में
पुलिस टीम ने शनिवार को बहरामपुर चौबहा के पास नहर पुलिया से तीनों बाल अपचारियों को करीब 2:25 बजे पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5), 315 और आयुध अधिनियम की धारा 9/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने घटना में फरार मुख्य आरोपी श्यामसुंदर यादव उर्फ गोलू की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।