UP: 50 हजार का इनामी अरेस्ट, छह साल पहले गन पाॅइंट पर फ्लिपकार्ट ऑफिस से 6 लाख लूटा था; पुलिस को देता था चकमा
Azamgarh News: आजमगढ़ में पुलिस ने छह साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ कोतवाली पुलिस ने छह वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय अपराधी राजू पथरकट को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी वर्ष 2020 में करतालपुर स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई 6.31 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, पांच फरवरी 2020 को चार हथियारबंद बदमाशों ने फ्लिपकार्ट कार्यालय में कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर भयभीत किया था। बदमाश कैशियर से 6,31,702 रुपये नकद, सीसीटीवी का एनवीआर और इंटरनेट राउटर लूटकर फरार हो गए थे। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए चार अगस्त को एसपी आजमगढ़ ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आठ अगस्त को डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया था। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्राइवेट बस अड्डा स्थित बंधा रोड से दोपहर करीब 2:45 बजे राजू पथरकट पुत्र रामरतन उर्फ रामजतन, निवासी खाजो लोहहरिया, थाना धनघटा, संतकबीरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर फ्लिपकार्ट कार्यालय में लूट की थी। उसने लूट के रुपये से तमंचा और कारतूस खरीदे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नेपाल, चेन्नई और बंगलूरू समेत विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
सीवाे सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि राजू के खिलाफ आजमगढ़, संतकबीरनगर और गोरखपुर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना और शस्त्र अधिनियम समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। बरामद तमंचे के संबंध में कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।