फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Prisoner remains in jail two years despite being granted bail no surety is available

Varanasi News Today: जमानत के बाद भी जमानतदार नहीं, दो साल से जेल में बंद है बंदी, वेटर का सिर फोड़ा; खबरें

Sun, 16 Aug 2026 08:36 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 16 Aug 2026 08:36 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के जिला जेल में कई ऐसे बंदी रहे हैं, जिन्हें अदालत से जमानत मिल चुकी है, लेकिन जमानतदार नहीं मिलने के कारण वे भी जेल में रहे। वहीं, रोहनिया थाना में बीती रात खाना खाने के बाद पैसे मांगने पर मनबढ़ों ने ढाबा संचालक और वेटर को पीट दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Prisoner remains in jail two years despite being granted bail no surety is available
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: जिला जेल में कई ऐसे बंदी रहे हैं, जिन्हें अदालत से जमानत मिल चुकी है, लेकिन जमानतदार नहीं मिलने के कारण वे भी जेल में रहे।  हालांकि बाद में उन्हें जेल से रिहाई मिली। सुप्रीम कोर्ट के जेलों में भीड़ कम करने और बंदियों के सुधार को लेकर दिए गए निर्देशों के तहत ऐसे बंदियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की रिपोर्ट के आधार पर उचित बंद पत्र पर रिहाई का रास्ता बनाया जा रहा है। 

विज्ञापन


शर्त यह है कि रिहा होने वाले बंदी को निर्धारित अवधि, सामान्यतः  एक महीने में जमानतदार उपलब्ध कराना होगा। जिला जेल वाराणसी में पंचकूला, हरियाणा निवासी वीरू पुत्र नत्थू का मामला भी सामने आया है। वीरू 2021 से एनडीपीएस के मामले में जेल में बंद है। सितंबर 2024 में अदालत से उसकी जमानत मंजूर हो गई थी, लेकिन जमानतदार उपलब्ध नहीं होने के कारण वह रिहा नहीं हो सका। बंदी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रार्थना पत्र देकर रिहाई की मांग की है। 
विज्ञापन


इसके आधार पर जिला प्रोबेशन अधिकारी से उसकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति की रिपोर्ट ली जा सकती है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार उचित बंद पत्र पर उसकी रिहाई का रास्ता खुल सकता है। जिला कारागार के जेलर सुरेश बहादुर सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत उपाय किए जा रहे हैं। पात्र बंदियों को नियमानुसार राहत दिलाने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


ढाबा संचालक, वेटर पर जानलेवा हमला, सिर फोड़ा
रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी बाईपास के समर्पण ढाबे पर बीती रात खाना खाने के बाद पैसे मांगने पर मनबढ़ों ने ढाबा संचालक और वेटर पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने शराब की बोतल और पत्थरों से हमला कर ढाबा संचालक को घायल कर दिया। ढाबा मालिक आशुतोष कुमार राय ने पुलिस को बताया कि सुसुवाही निवासी ऋषभ सिंह और नुवांव निवासी अनुज सिंह चार साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। ऋषभ सिंह और अनुज सिंह ने सिर पर शराब की बोतल से दो-तीन बार हमला किया, जिससे उनका सिर फट गया। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश है। 

200 भेड़, 15 बकरियां मिलीं, दो आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन चक्रव्यूह के दौरान रामनगर पुलिस ने ढुंढराज पुलिया के पास ट्रक से 200 भेड़ और 15 बकरियां बरामद कीं। साथ ही दो आरोपियों बृजेश पटेल और मकबूल कुरैशी को गिरफ्तार किया। दोनों चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया से जानवरों को चोरी कर मिर्जापुर के रास्ते सोनभद्र बेचने जा रहे थे। रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र के रोरा निवासी बृजेश पटेल और पड़ाव के नई बस्ती निवासी मकबूल कुरैशी हैं। चेकिंग में पुलिस ने ट्रक को रोका और उसमें लदी भेड़-बकरियां पाईं। दोनों आरोपी कागजात नहीं दिखा पाए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 

किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को बहला फुसलाकर अगवा करने और दुष्कर्म के आरोपी रमन कुमार उर्फ गोलू को मंडुवाडीह पुलिस ने शुक्रवार को लहरतारा से गिरफ्तार किया। इस दौरान पीड़िता को भी पुलिस ने खोज लिया। इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पसियाना गली, पुराना कबीर मठ, लहरतारा का निवासी है। पिता ने 22 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई कि आरोपी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 

पति पर लगा जान से मारने की कोशिश का आरोप
हुकुलगंज निवासी तमिशा श्रीवास्तव ने पति हनी शर्मा पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के अनुसार, शादी के बाद पति ने रुपये मांगे और मारपीट की। 2025 में उसने 10 लाख रुपये की मांग की। इस साल छह मार्च को मायके में मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

युवक का अपहरण कर मारपीट, चार पर प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र में एक युवक का अपहरण कर मारपीट के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सत्यमनगर भगवानपुर निवासी पीड़ित राजवंत राय ने पुलिस को बताया कि चार अगस्त को आरोपी कई गाड़ियों से पहुंचे। जबरन खींचकर मारुति नगर ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा। चाकू दिखाकर अखिलेश पाठक का पता पूछा। उसी दिन अखिलेश को तारा नगर में घेरकर मारपीट की गई थी। पुलिस ने घटना के कुछ दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि अमन कुमार सिंह, हरिओम चौबे, राहुल पाठक और ओम पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नौकरी के नाम पर ठगी,  प्राथमिकी दर्ज
नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने और पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी के मामले में न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बौलिया गजापुर गांव निवासी मयंक कुमार यादव ने वाराणसी की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। आरोप लगाया कि शेरवानीपुर गांव निवासी अभय मिश्रा और मां साधना मिश्रा ने नौकरी लगवाने का झांसा दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

चोरी करते खलासी ने दबोचा, चाकू से डराकर भागा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज रिंग रोड पर शुक्रवार सुबह खड़े ट्रक में चोरी के प्रयास में एक युवक को खलासी ने पकड़ा। पुलिस के सामने ही आरोपी चाकू से डराकर भाग निकला। पुलिसकर्मी भी उसे पकड़ने की हिमाकत नहीं दिखा सके। सोनभद्र के पन्नूगंज निवासी पवन यादव ने पुलिस को बताया कि केबिन में सो रहे थे। इसी दौरान एक युवक चोरी की नीयत से ट्रक में घुस आया। आहट होने पर खलासी उठा और साहस दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। तुरंत पुलिस को सूचना दी। फैंटम के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। खलासी पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले करने की तैयारी में था। इसी दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाल दहशत फैलाई। चाकू देखते ही पुलिसकर्मी पीछे हट गए। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। पुलिस कर्मियों से भी पूछताछ की गई है। 

मारपीट के आरोप में दो भतीजों पर मामला दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के डाफी में एक महिला की शिकायत पर भतीजों उत्कर्ष शर्मा और गौरव शर्मा पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वह नहाने जा रही थी। तभी दोनों भतीजों ने उनसे जोर-जबरदस्ती की। आरोपियों ने उन्हें मां-बहन की गालियां दीं। धमकी दी कि अगर वह मायके नहीं गईं तो दुष्कर्म कर देंगे। जब 112 पर कॉल करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

लूट का आरोपी गिरफ्तार, 10 लोगों का बनाया गिरोह
10 दिन पहले बाइक सवार का मोबाइल और नकदी लूटने के आरोपी जितेंद्र कुमार उर्फ ज्यूत राजभर को फूलपुर पुलिस ने शुक्रवार को रघुनाथपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। लूट की वारदात के लिए उसने 10 लोगों का गिरोह बना रखा है। 4-4 लोगों को अलग-अलग स्थानों पर वारदात के लिए भेजता है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नौघरवा पुरारघुनाथपुर का निवासी है।

तीन अगस्त की रात अपने साथी अंकित पटेल, अनूप तिवारी और ओम प्रकाश पटेल के साथ मिलकर लूट की थी। बाइक सवार से मोबाइल, पर्स और 4500 रुपये लूटे थे। लूट के बाद बाइक की चाबी फेंक दी थी। सामान का बंटवारा इटहा-कुड़ी के पास किया गया। जितेंद्र के हिस्से में 1500 रुपये आए थे। पूछताछ में बताया कि साथियों के साथ आने-जाने वाले लोगों को लूटता है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 

गैर इरादतन हत्या में दो आरोपी गिरफ्तार
शिवपुर के गिलट बाजार के विश्वनाथ लॉन में रिंग सेरेमनी के दौरान हर्ष फायरिंग में सौरभ सेठ की हत्या के मामले में दो आरोपियों सौरभ सिंह और राहुल सोनकर को पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात ऐढ़े वाटर पार्क के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से अवैध पिस्टल मिली है। सीजीएम कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया। कैंट एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अर्दली बाजार के टैगोर टाउन के सौरभ सिंह और गिलट बाजार के राहुल सोनकर हैं।

पूछताछ में सौरभ सिंह ने स्वीकारा कि राहुल सोनकर घर से अवैध पिस्टल लेकर समारोह में गए थे। हर्ष फायरिंग के दौरान गोली अचानक फंस गई थी। राहुल जब उसे ठीक करने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दबा और गोली सीधे सौरभ सेठ को लग गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पिता पवन सेठ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। 

बिजली के तार चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
बिजली के तार चोरी करने के आरोपी सदानंद को लक्सा पुलिस ने शुक्रवार को 24 घंटे में लालकुटी कूड़ाखाने से गिरफ्तार किया। कब्जे से चोरी के 6 बंडल तार और 1300 रुपये बरामद किए गए। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि रोपी जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस का निवासी है। सदानंद के खिलाफ बृहस्पतिवार को चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 

दुष्कर्म और चोरी का आरोपी साहिल गिरफ्तार
दुष्कर्म, मारपीट और चोरी के आरोपी साहिल कुशवाहा को जैतपुरा पुलिस ने बृहस्पतिवार रात ढेलवरिया के पास वरुणा नदी किनारे से गिरफ्तार किया। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी सुड़िया निचीबाग का निवासी है। साहिल पर महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप है। उसने महिला को पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपी ने महिला के घर से सोने की नथिया भी उठा ली थी। 11 अगस्त को घटना के बाबत जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

नौ लीटर शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
सिगरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर तिराहे के पास से शुक्रवार को 9 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ सतीश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी बिहार के खगरिया जिले का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से 36 पाउच रेडिको 8 पीएम शराब और पांच केन बीयर बरामद की। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सतीश बिहार ले जाकर शराब की बिक्री करता है। 

कांवड़ियों के बैग से 10 हजार रुपये, दो फोन चोरी
मिर्जामुराद के बंगलाचट्टी में राधा-कृष्ण मंदिर के पास शुक्रवार सुबह कांवड़ियोंके बैग से 10 हजार रुपये और दो मोबाइल चोरी हो गए। फूलपुर के बरैनी निवासी अजय कुमार और बादल ने पुलिस को बताया कि वह प्रयागराज से गंगाजल लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। 

रुपये के लेनदेन के विवाद में दंपती पर प्राथमिकी
फुलवरिया के इमिलिया घाट निवासी गौरव सिंह ने रुपये के लेनदेन को लेकर शिवपुर के रामजानकी कॉलोनी, लक्ष्मणपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह और पत्नी संजू सिंह के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि संजू सिंह के कहने पर सिद्धार्थ की शादी के लिए गौरव ने 1.01 लाख रुपये दिए थे। इसकी लिखापढ़ी भी हुई थी। रुपये वापस मांगने पर दोनों इन्कार करने लगे और 50 हजार रुपये की मांग करने लगे। 26 अप्रैल को रुपये मांगने पर घर के गेट पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया। 28 अप्रैल को शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

अधिवक्ता को जान से मारने का प्रयास
कैंट थाना क्षेत्र में कचहरी से घर लौट रहे अधिवक्ता नौशाद अली और जूनियर राम शंकर गुप्ता पर चार अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों को बेल्ट-डंडे से पीटा और नौशाद अली को वरुणा पुल से नीचे लटकाकर जान से मारने का प्रयास किया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया  कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

महिला से मारपीट करने के आरोप में प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज रानीपुर निवासी सीता देवी की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट के आरोप में संदीप बिंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सीता देवी का आरोप है कि संदीप ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी कमर में चोट आई है। उधर, भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा निवासी अपराजित तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट के आरोप में आशीष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि दोनों मामले की जांच की जा रही है। 

छात्र पर हथौड़े से हमले का आरोप 
लंका थाना क्षेत्र के नुवांव निवासी अमन सिंह की तहरीर पर पुलिस पिटाई करने वाले आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में अमन ने बताया कि  बृहस्पतिवार शाम कोचिंग जाने के लिए निकला था। तारानगर कॉलोनी, छित्तूपुर निवासी अखिलेश पाठक, वैभव प्रताप सिंह, मोहित राय, उज्जवल राय, राजवंत राय और हर्ष पांडेय ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने हथौड़े और डंडे से  हमला कर दिया। मोबाइल भी तोड़ दिया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की की जा रही है। 

चोरी के मामले में 1.80 लाख बरामद
चोरी के एक मामले में आरोपी अंकुर चौबे को रोहनिया पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर रामनगर बंदरगाह के पास से 1.80 लाख की नकदी बरामद की। अंकुर पर 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि बिहार आरा के सिकरिया का मूल निवासी अंकुर चौबे, वर्तमान में काशीपुरा कॉलोनी में रहता है। 

नौकरी दिलाने के नाम पर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से दुष्कर्म और 40000 रुपये व कान के कील हड़पने के आरोपी पवन कुमार राय को लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने शुक्रवार को गोइठहां अंडरपास रिंग रोड से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल ने बताया कि आरोपी चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर मोहांव चौराहे का निवासी है। 

स्कूटी में स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, चालक भागा
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज में तिवारी स्वीट्स के सामने शुक्रवार शाम काले रंग की स्कॉर्पियो ने अधिवक्ता धीरेंद्र नाथ शर्मा की स्कूटी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। अधिवक्ता सड़क पर कुछ दूर तक घिसटते चले गए। टक्कर के बाद चालक भाग निकला। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच हो रही है। 

कपड़ा व्यवसायी ने फंदे से लटक कर दी जान
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में बीती रात कपड़ा व्यवसायी वेद प्रताप सिंह उर्फ किशन (18) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। शुक्रवार सुबह मां ने इकलौते बेटे को फंदे पर लटका देखा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बभनपुरा निवासी वेद प्रताप सिंह उर्फ किशन सिंह नेवादा चौराहे पर कपड़े की दुकान चलाता था। रात में घर आया और अपने कमरे में चला गया। सुबह मां उसे जगाने पहुंची तो देखा कि करकट की पाइप में कपड़े के फंदे के सहारे वेद प्रताप लटका था। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ कर जांच की जा रही है। 

बीएचयू छात्र पर हमले में आरोपी की जमानत मंजूर
अपर जिला जज पंचम यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने बीएचयू के छात्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी बौना, कैमूर (बिहार) निवासी अभिषेक उपाध्याय की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। अभियोजन पक्ष के अनुसार, बीएचयू में बीए तृतीय वर्ष के छात्र रोशन मिश्रा ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 21 फरवरी की रात 9:30 बजे वह अपने साथी विशाल के साथ बिरला छात्रावास के गेट पर खड़ा था। मोटरसाइकिल से पीयूष कुमार तिवारी, ऋषभ और तपस वहां पहुंचे और जान से मारने की नीयत से उस पर चार गोली चलाई गई थी। 

श्री काशी विश्वनाथ धाम को जाने वाले सभी मार्ग नो व्हीकल जोन
सावन के तीसरे सोमवार पर पिछले सोमवार की अपेक्षा दोगुना भीड़ पहुंचने की संभावनाएं हैं। 15 अगस्त की छुटि्टयों के शुरू होने के कारण इस हफ्ते श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा उमड़ेगी। कमिश्नरेट पुलिस ने अपनी तैयारियां की हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम को जाने वाले मार्गों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। 

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और दशाश्वमेध घाट तक सिर्फ पैदल यात्रियों को आवाजाही की अनुमति है। रविवार रात से मंगलवार सुबह 6 बजे तक बेनिया से रामापुरा से खारी कुआं से जंगमबाड़ी, सोनारपुरा-मदनपुरा और गोदौलिया तक सिर्फ पैदल ही आवाजाही होगी। मैदागिन-चौक-गोदौलिया मार्ग रोज नो व्हीकल जोन है।

गोदौलिया-दशाश्वमेध घाट तक और पीडीआर लक्सा से रामापुरा तक के मार्ग नो व्हीकल जोन है। शनिवार रात आठ से मंगलवार सुबह आठ बजे तक मोहनसराय-चांदपुर चौराहे तक की लेन रिजर्व है। गुडिया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय, मुढ़ैला तिराहा से चांदपुर तक बाईं हाथ की लेन पूरे सावन में केवल कांवड़ वाहनों के लिए सुरक्षित की गई है। 

17,698 परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य, सौर ऊर्जा स्थापना में प्रदेश में लगातार दूसरे स्थान पर
प्रदेश में लगातार दूसरे स्थान पर कायम रहते हुए वाराणसी में हजारों परिवार अब अपनी छत पर बिजली पैदा कर रहे हैं और 17698  घरों का बिजली बिल शून्य हो चुका है। सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 76,218 लोगों ने योजना के तहत आवेदन किया है। इनमें से 50,000 से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। 

योजना की सबसे बड़ी सफलता यह है कि सोलर संयंत्र लगवा चुके 17,698 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है। वाराणसी में अब 150 मेगावाट से अधिक सौर ऊर्जा क्षमता विकसित हो चुकी है। यह उपलब्धि न केवल जिले में स्वच्छ ऊर्जा के बढ़ते प्रसार को दर्शाती है, बल्कि लोगों में हरित ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता का भी प्रमाण है। यूपीनेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी शशि गुप्ता ने बताया कि जिले में स्थापित रूफटॉप सोलर संयंत्रों से प्रतिदिन लगभग 7.50 लाख यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन हो रहा है। 

कक्षा 10 के छात्रों को मार्क्स वेरिफिकेशन का मौका
हाल ही में घोषित कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम के बाद सीबीएसई ने छात्रों को अंक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की सुविधा दी है। सीबीएसई ने निर्देश जारी कर बताया है कि जो छात्र अपने अंकों से असंतुष्ट हैं या जिन्हें अपनी उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में किसी त्रुटि की संभावना लगती है, वे अंक सत्यापन, उत्तर-पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त करने और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिले के करीब 6,622 छात्रों ने सीबीएसई की कक्षा 10 की दूसरी बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया था। सभी छात्र पास भी हुए। अब सीबीएसई की ओर से जारी सुविधा के बाद छात्रों को अंक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन का मौका दिया गया है। सीबीएसई की व्यवस्था के अनुसार छात्र सबसे पहले अंक सत्यापन के लिए आवेदन करेंगे। 

विद्यापीठ के पीजी कोर्स में 500 दाखिले
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 500 से ज्यादा छात्रों को पीजी कोर्स में दाखिला मिल चुका है। शुक्रवार को पीजी में 145 विद्यार्थियों ने काउसिलिंग कराकर फीस जमा की। अब अगली काउंसिलिंग 18 अगस्त को एमए अर्थशास्त्र, एमए मनोविज्ञान, एमए अंग्रेजी और एमए हिंदी कोर्स की होगी। पात्र अभ्यर्थियों को 18 अगस्त के लिये ई-मेल पर लिंक भेज दिया गया है। वे गेट पास के साथ अपने मूल प्रमाण-पत्रों का एक सेट भी प्राप्त कर सकते हैं। प्रमाण पत्र सहित पूर्वाह्न 10:30 बजे से निर्धारित स्थान पर काउसिलिंग के लिए बुलाया गया है। प्रवेश सेल के उप समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि प्रवेश विद्यार्थियों को ऑनलाइन शुल्क जमा करने के बाद परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड दिया जा रहा है। 

महापुरुषों के नाम पर होंगे हॉल-सभागार
बीएचयू के शिक्षा संकाय के 109वें स्थापना दिवस से पहले तीन सभागारों और हॉल का नाम बदल दिया गया। संगोष्ठी कक्ष का नाम संकाय के संस्थापक प्राचार्य मनोहर लाल जुत्शी के नाम पर किया गया। कॉन्फ्रेंस हॉल का नामकरण दूसरे प्रसिद्ध प्राचार्य संत तेजा सिंह के नाम पर और बहुउद्देशीय हॉल का नामकरण विदुषी डॉ. एनी बेसेंट के नाम पर किया गया। वहीं राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150वां वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संकाय परिसर में एक उद्यान को वंदे मातरम उद्यान के नाम से जाना जाएगा।

कल्याण भारती ने किया म्यूजियम का अवलोकन
बीएचयू के भारत कला भवन में शुक्रवार को कोलकाता के कल्याण भारती ट्रस्ट के इंस्टीट्यूशनल रिलेशंस कोऑर्डिनेटर कृष्णेंदु हल्दर पहुंचे। उन्होंने पूरे म्यूजियम का अवलोकन किया। सहायक संग्रहाध्यक्ष डॉ. प्रियंका चंद्रा ने उन्हें म्यूजियम के संग्रह के बारे में जानकारियां दीं। इस दौरान चोल-काल की शानदार नटराज मूर्ति पर खास ध्यान दिया गया, जिसके इतिहास, प्रतीक और कलात्मक महत्व के बारे में कई जानकारियां दी। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की साझा सराहना का एक अवसर भी मिला।

स्कूल में आधार कैंप, विद्यार्थियों को मिली सुविधा
चौबेपुर क्षेत्र के एक स्कूल में शुक्रवार को डाक विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए आधार कैंप लगाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के आधार संबंधी कार्यों को आसान बनाना था। डाक विभाग के व्यास मुनि पाठक और बृजमोहन दीक्षित ने विद्यार्थियों को आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं दीं। पाठक ने बताया कि डाक विभाग जनहित में ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित करता है। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। 

मेरिडियन नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत
मेरिडियन नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में बुधवार को एमएससी व बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, ओटी टेक्नीशियन और लैब टेक्नीशियन से जुड़े पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के के लिए स्वागत समारोह हुआ। नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. पियूष यादव ने उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। 

मरीजों की सेवा, देखभाल और उपचार प्रक्रिया में नर्सिंग कर्मियों का योगदान चिकित्सा व्यवस्था की मजबूत कड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा भावना, मानवीय संवेदना और मेहनत को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। समारोह में निदेशक विवेक यादव व प्रिया यादव, डॉ. अभिनव कुमार सिंह, डॉ. विकास कुमार, डॉ. रिचा सिंह आदि मौजूद रहीं।

परिषदीय स्कूलों में प्रथम सत्र की परीक्षाएं 19 अगस्त से 25 तक चलेंगी
परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम सत्र की परीक्षाएं 19 अगस्त से शुरू होंगी और 25 अगस्त तक चलेंगी। इस संबंध में सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश के अनुसार परीक्षा विद्यालय स्तर पर निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर कराई जाएगी। कक्षा और विषयवार प्रश्नपत्र तैयार करने की जिम्मेदारी संबंधित कक्षा अध्यापक अथवा विषय अध्यापक की होगी। 

परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी संबंधित शिक्षक करेंगे। परीक्षा और मूल्यांकन से जुड़े सभी अभिलेख विद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखने होंगे। परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की होगी, जबकि विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी परीक्षा की निगरानी और सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने विकासखंड के विद्यालयों में परीक्षा का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करें। 

9.50 लाख बच्चों-किशोरों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल 
स्वास्थ्य विभाग के ओर से शुक्रवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बालिकाओं को एल्बेंडाजोल दवा खिलाकर इसका शुभारंभ किया। एक दिन में करीब 9.50 लाख बच्चों-किशोरों को एल्बेंडाजोल की दवा दी गई।

सीएमओ ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इससे कमजोरी, कुपोषण और एनीमिया की समस्या हो सकती है। नियमित कृमि मुक्ति से बच्चों का स्वास्थ्य सुधरता है, एनीमिया नियंत्रित होता है और सीखने की क्षमता बढ़ती है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि यह दवा विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जा रही है। विद्यालय न जाने वाले और ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों को भी दवा दी जा रही है।

डॉ. संजय राय ने बताया कि 14 अगस्त को दवा खाने से छूटे बच्चों के लिए 18 अगस्त को अनुपूरक चरण आयोजित होगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को कृमि मुक्ति का लाभ पहुंचाना है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। 

अखंड भारत का अर्थ सिर्फ मानचित्र पर किसी भूभाग को जोड़ना नहीं : प्रो. लाल
केंद्रीय विश्वविद्यालय, रांची के कुलाधिपति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी विभाग के विभाग संघचालक प्रो. जयप्रकाश लाल ने कहा कि अखंड भारत का अर्थ केवल मानचित्र पर किसी भूभाग को जोड़ना नहीं है। शुक्रवार को बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में अखंड भारत संकल्प दिवस पर आरएसएस काशी दक्षिण भाग के विद्यार्थी कार्य विभाग ने कार्यक्रम किया।

मुख्य वक्ता प्रो. जयप्रकाश लाल ने कहा कि अखंड भारत एक सभ्यतागत स्मृति, सांस्कृतिक एकात्मता और राष्ट्रीय चेतना का विचार है। भारत दुनिया के सभी प्रकार के श्रेष्ठ ज्ञान को अपने में समाहित करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 को हुआ भारत का विभाजन पहला विभाजन नहीं था। भारत अब तक कुल 27 बार विभाजित किया गया है।

काशी दक्षिण भाग के विद्यार्थी कार्य प्रमुख गौरव एवं जयप्रकाश लाल ने महामना की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा भारत माता, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और गुरुजी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। संचालन यशवर्धन ने किया। अंत में अखंड भारत के मानचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। प्रो. पीके गोस्वामी, वनमाली सिंह, प्रो. अशोक ज्योति, भाग प्रचारक आदर्श, सौरभ आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सक्रिय करेंगे : संदीप
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व संगठन सृजन अभियान के प्रभारी बीएम संदीप ने शुक्रवार को मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय करते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी फ्रंटल संगठनों एवं प्रकोष्ठों को संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। संचालन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया।

शहर के 15 वार्डों की 62 सड़कों का 3.26 करोड़ से होगा कायाकल्प
नगर निगम शहर के 15 वार्ड की 62 सड़कों का कायाकल्प कराएगा। इस पर 3.26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन वार्ड की सड़कों के साथ गलियों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग, चौका लगाने और जल निकासी (ड्रेनेज) की व्यवस्था ठीक कराई जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि भेलूपुर जोन के 12 वार्ड के अलावा गोला दीनानाथ, कमालपुरा, राजघाट, करसड़ा प्लांट क्षेत्र हैं। 

भेलूपुर, सीरगोवर्धनपुर, अशोकपुरम, सुंदरपुर, भगवानपुर, मदनपुरा, बिरदोपुर, छोटी पियरी (गोला दीनानाथ) और कमलगड़हा (कमालपुरा) की गलियों में इंटरलॉकिंग होगी। सभी निर्माण कार्यों की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी तीन वर्ष तक संबंधित कार्यदायी फर्म और ठेकेदार की होगी। इस नियम के तहत कार्य पूर्ण होने के तीन वर्ष बाद ही जमानत (परफॉर्मेंस सिक्योरिटी) की धनराशि वापस की जाएगी। 

कार्यों की पारदर्शिता के लिए काम शुरू होने के पूर्व, कार्य के दौरान तथा समाप्ति के बाद अनिवार्य रूप से जियो टैगिंग (फोटोग्राफ) कराई जाएगी। इसके साथ ही संबंधित कार्यदायी फर्म या ठेकेदार को निर्माण सामग्री की जांच आईआईटी बीएचयू, राजकीय प्रयोगशाला या एनएबीएल मान्यता प्राप्त लैब से करानी होगी। जांच रिपोर्ट के बाद ही भुगतान की कार्रवाई की जाएगी। 

छूटे मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में कराएं शामिल
समाजवादी पार्टी के मंडुवाडीह स्थित कैंप कार्यालय में वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव के प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें सुरेंद्र सिंह पटेल, आत्माराम यादव, सह प्रभारी आनंद मौर्या, महानगर प्रभारी विष्णु शर्मा ने बैठक में विधानसभावार एवं ब्लॉकवार वोटर लिस्ट की समीक्षा की। इसमें विधानसभा और ब्लॉक अध्यक्षों से कहा गया कि छूटे हुए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराएं। 

बैठक में सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह चुनाव बुद्धिजीवियों का चुनाव है। पढ़े-लिखे लोग भाजपा के चाल, चेहरे और चरित्र के बारे में जानते हैं। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम वोटर लिस्ट में सम्मिलित कराने पर जोर दिया। स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि कई वोटरों को उनके घर से काफी दूर दूसरे बूथों पर भेज दिया गया है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने की। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने किया। बैठक में महानगर अध्यक्ष दिलीप डे दादा, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार सभा प्रदीप जायसवाल, पखंडी बिंद, अजय चौधरी उर्फ राजकपूर, मनोज यादव, बाबूलाल यादव, अजहर अली सिद्दिकी आदि शामिल रहे। 

मंत्री ने जाल्हूपुर क्रय केंद्र न हटाने के दिए निर्देश
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने जाल्हूपुर क्रय केंद्र को यथावत रखने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला किसानों की मांग के बाद लिया गया। मंत्री ने शुक्रवार को बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति जाल्हूपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति के गोदाम में डीएपी और यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता जांची। पर्याप्त स्टॉक मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। इस दौरान किसानों ने उनसे केंद्र को यथावत रखने की मांग रखी। किसानों ने कहा कि यह केंद्र धान और गेहूं बेचने में काफी सहूलियत भरा है। मंत्री ने समिति सचिव रवि यादव से इस वर्ष की गेहूं खरीद की जानकारी ली। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बात कर जाल्हूपुर क्रय केंद्र को यथावत रखने के लिए निर्देश दिए। एडीओ सहकारिता दिलीप सोनकर मौजूद रहे। 

पश्चिमी सभ्यता का अंधानुकरण न करें
केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान सारनाथ में शुक्रवार को छू लेंगे आसमां विषय पर किशोरी शक्ति का आयोजन किया गया। डॉ. शंभुनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन की ओर से शक्ति परी परियोजना की शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि लेखिका डॉ. नीरजा माधव ने कहा कि किशोरियों को संस्कारों का सम्मान करना चाहिए, पश्चिमी सभ्यता का अंधानुकरण नहीं। बालिकाओं को अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरे जोशो-खरोश के साथ जुट जाना होगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता चंद्रा ने कहा कि किशोरावस्था में कदम रखते ही बालक बालिकाएं सतरंगी सपने देखना शुरू कर देते हैं लेकिन यथार्थवादी सपनों को अपना लक्ष्य बनाकर उनका पीछा करने से ही लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। 

हरियाली तीज उत्सव में गीत-संगीत की धूम
महिला उन्नति संस्था की बनारस इकाई की ओर से शुक्रवार को एक होटल में हरियाली तीज उत्सव हुआ। महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गेम शो से भरपूर मनोरंजन किया। मनोरंजक गतिविधियों, स्वादिष्ट व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। विजेताओं को उपहार दिए गए। संस्था की जिलाध्यक्ष सीमा अग्रवाल ने सभी को तीज की बधाई दी। उन्होंने भारतीय संस्कृति में तीज के महत्व के बारे में बताया। 

रासलीला से कराया ब्रजधाम सरीखा अहसास
रामनगर की रामलीला से पहले काशीराज परिवार की ओर से 15 दिवसीय रासलीला का शुभारंभ हुआ। पीएन कॉलेज के सामने स्थित बाऊ साहब के बगीचे में शुक्रवार शाम काशीराज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह ने लीला का शुभारंभ किया। वृंदावन से आए रास मंडली के कलाकारों ने करीब दो घंटे तक भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मनोहारी मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की जीवंत प्रस्तुति से व्रजधाम सरीखा अहसास कराया। रासलीला के पहले दिन कलाकारों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मयूर नृत्य प्रस्तुत किया। 

भूमिहार समाज के स्थापना दिवस पर होगा सम्मान
महिला भूमिहार समाज का द्वितीय स्थापना दिवस 21 अगस्त को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में मनाया जाएगा। महिला भूमिहार समाज की संस्थापिका डॉ. राजलक्ष्मी राय ने बताया कि पिछले साल की तरह इस साल भी स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग लेंगी। विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस दौरान समाज की उपलब्धियों और सामाजिक गतिविधियों पर भी चर्चा होगी। डॉ. राय ने बताया कि महिला भूमिहार समाज का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ना तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। 

शंकराचार्य के प्राकट्योत्सव पर रुद्राभिषेक
ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का 57वां प्राकट्य महामहोत्सव श्रावण शुक्ल द्वितीया पर शुक्रवार को केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में संतों और अनुयायियों ने श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया। वैदिक आचार्यों ने जगद्गुरु शंकराचार्य के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की मंगलकामना के लिए विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। मठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद के नेतृत्व में अनुयायियों ने धर्मसम्राट करपात्री महाराज और शंकराचार्य के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद शंकराचार्य महाराज की चरण पादुका का पूजन किया गया। इस दौरान मातृशक्ति ने भजन, कीर्तन और सोहर का गान किया। महाभंडारे में साधु-संतों और अनुयायियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed