मैगी न मिलने पर युवकों का तांडव: रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के बाद कार फूंकी, कर्मचारियों को पीटा; मांगी रंगदारी
Varanasi News: मैगी न मिलने पर करीब 15 युवकों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने बाहर खड़ी कार में आग लगा दी और दूसरे रेस्टोरेंट के कर्मचारी को हॉकी-डंडों से पीटा। संचालक ने पांच हजार रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर स्थित कैफे में मैगी न देने को लेकर विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़, जातिसूचक गाली देने, पांच हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगने और कार में आग लगाने का मामला सामने आया है। कैफे संचालक की तहरीर पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना की पड़ताल कर रही है।
सरसौली भोजूबीर निवासी आदित्य सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 12 बजे वह कैफे में अपने ममेरे भाई के साथ सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान शराब के नशे में अभिषेक रघुवंशी उर्फ पप्पू, सन्नी सिंह, आदित्य रघुवंशी, अरुण सिंह, शशिभूषण उपाध्याय उर्फ चूंडी, अभिजीत ओझा, अंशुमान सिंह और शाश्वत पांडेय समेत कई लोग बिना नंबर की कार से पहुंचे।
तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने कैफे पर मैगी मांगी। मैगी उपलब्ध न होने की बात कहने पर आरोपी नाराज हो गए और दोनों के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसके बाद कैफे में तोड़फोड़ की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि युवकों ने जातिसूचक गालियां दीं और पांच हजार रुपये प्रतिमाह देने की मांग की। रकम नहीं देने पर कैफे नहीं चलाने देने की धमकी भी दी गई।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने आदित्य के चचेरे भाई गोविंद कुमार सोनकर की मारुति स्विफ्ट कार के शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए। पड़ोसी की दुकान के साइन बोर्ड में भी ईंट-पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त करने और ताला तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
आदित्य ने तहरीर में बताया कि 15 अगस्त की भोर करीब तीन बजे आरोपी दोबारा कई साथियों के साथ कैफे पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गोविंद कुमार की कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग से कार क्षतिग्रस्त हो गई। कैंट प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।