UP: वाराणसी से बिहार गए छात्र की गोली लगने से मौत, एक दिन पहले दोस्तों से हुई थी बात; इन तथ्यों पर हो रही जांच
Varanasi News: युवक की गोली लगने से माैत की सूचना मिलते ही वाराणसी में उसके दोस्त भी हैरान रह गए। एक दिन पहले ही निलेश झा ने काॅलेज आने की बात कही थी। दूसरी तरफ, उसके परिजनों में भी कोहराम मचा हुआ है।
विस्तार
Varanasi Crime: मिर्जामुराद के काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी संस्थान में बीबीए सेकंड सेमेस्टर के छात्र की बिहार के समस्तीपुर में गोली लगने से मौत हो गई। यह खबर मिलते ही शिक्षण संस्थान के शिक्षकों व छात्रों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। यह घटना बीते शनिवार को विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के मऊ गणेशपुर (बिहार) की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, होली त्योहार की छुट्टी पर छात्र अपने पैतृक गांव गया हुआ था। रविवार सुबह वह कॉलेज लौटने वाला था। जैसे ही सहपाठियों को छात्र के मौत की सूचना मिली सभी हथप्रद हो गए। हॉस्टल के सभी छात्र शोकाकुल हो दिखे।
बिहार निवासी निलेश झा (25) पुत्र पप्पू वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी का बीबीए सेकंड सेमेस्टर का छात्र रहा। इंस्टिट्यूट में होली की छुट्टी मिलने पर पहले ही छात्र घर चला गया था।
परिजनों में मचा कोहराम
हॉस्टल के दोस्तों ने बताया कि शनिवार की सुबह उनकी फोन से बात हुई थी। बिहार से रविवार को ट्रेन पड़कर वह वापसी आने वाला था, लेकिन शनिवार की देर शाम ही उसकी गोली लगने से मौत की सूचना मिली।
इस घटना में स्थानीय लोगों ने बताया कि निलेश को दोस्तों ने फोन करके पार्टी के लिए बुलाया था। मऊ बाजार में निलेश और उसके दोस्त पार्टी कर रहे थे। इस दौरान उसको गोली लगी। उसके बाद उसके दोस्तों ने गांव के ही एक अस्पताल पहुंचाया। जहां हालात बिगड़ते देख वहां से भाग निकले।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने लगे, लेकिन छात्र ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस हादसे परिवार में कोहराम मच गया। छात्र को गोली कैसे लगी, किसने मारी...बिहार पुलिस इस गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।