Varanasi News: काशी में खत्म होंगे कचरा संवेदनशील पॉइंट, नगर निगम ने बनाई नीति; गंदगी से मिलेगी निजात
Varanasi News: नगर निगम ने काशी को कचरा संवेदनशील स्थलों से मुक्त करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। घर-घर कूड़ा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने की व्यवस्था लागू होगी। शहर में फिलहाल 14 कचरा स्थानांतरण स्टेशन संचालित हैं, जबकि 10 नए स्टेशन बनाए जा रहे हैं। नवविस्तारित वार्डों में भी कूड़ा उठान शुरू हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: शहर को कचरा मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक रणनीति तैयार की है। इसके तहत कचरा संवेदनशील (गार्बेज वल्नरेबल) स्थलों को पूरी तरह समाप्त करने, घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है। नगर निगम का कहना है कि स्वच्छता व्यवस्था को केवल प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी वाला आंदोलन बनाया जाएगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर में कहीं भी खुले में कूड़ा फेंकने या गंदगी फैलाने वालों को पहले जागरूक किया जाएगा। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़ा उठान कराया जाएगा, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा न होने पाए।
रणनीति के तहत खाली पड़े भूखंडों और कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थलों की नियमित सफाई कराई जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी गंदगी या कूड़े का ढेर दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत निगम को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। जिम्मेदार अधिकारी रात के समय शहर का भ्रमण कर ऐसे स्थानों का निरीक्षण करेंगे, जहां कूड़ा जमा होता है। अगले दिन सुबह प्राथमिकता के आधार पर उन स्थानों की सफाई कराई जाएगी।
इस अभियान में संबंधित वार्डों के पार्षदों, सफाई सुपरवाइजरों और सफाई कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम का मानना है कि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्वच्छता व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
नगर निगम के अनुसार वर्तमान में शहर में 14 कचरा स्थानांतरण (ट्रांसफर) स्टेशन संचालित हैं, जबकि 10 नए ट्रांसफर स्टेशन निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नवविस्तारित वार्डों में भी घर-घर कूड़ा संग्रहण और कूड़ा उठान की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाना है, जिसके लिए प्रशासन और आम जनता दोनों की सहभागिता आवश्यक मानी जा रही है।
मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की दीवारों पर होंगी पेंटिंग
वाराणसी। शहर के प्रमुख मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की दीवारों पर नगर निगम की ओर से आकर्षक पेंटिंग कराई जा रही हैं। इसकी शुरुआत कालभैरव मंदिर मार्ग से महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने की। इसके बाद शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों तक जाने वाले मार्गों और गलियों की दीवारों पर भी पेंटिंग कराई जाएगी। इस पहल के तहत दीवारों पर धार्मिक आकृतियां और सांस्कृतिक कलाकृतियां उकेरी जाएंगी।