UP: चिल्लाया, मोबाइल टॉर्च से इशारा करता रहा चालक, ट्रक ड्राइवर को नहीं हुआ आभास; युवक की तड़पकर मौत
Jaunpur News: जौनपुर में लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर ट्रक में घुसी पिकअप करीब दो किलोमीटर तक घिसटती रही। चालक मोबाइल की टॉर्च जलाकर लगातार ट्रक चालक को इशारा करता रहा, लेकिन उसे भनक नहीं लगी। हादसे में आजमगढ़ निवासी 21 वर्षीय मो. अनस की तड़पकर मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident: जौनपुर के सरपतहा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सूरापुर से चिकन लादकर सहावें जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप खानपुर चौरवा के पास ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप ट्रक में फंस गई और करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में पिकअप सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पिकअप चालक दीपक, निवासी सहावें ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर कई बार ट्रक चालक का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की, लेकिन उसे पीछे फंसी पिकअप का आभास नहीं हुआ। ट्रक जहरुद्दीनपुर तक पहुंचने के बाद चालक को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद वह ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे में पिकअप की बायीं सीट पर बैठे मो. अनस (21) निवासी सजनी सकरपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। चालक दीपक और बीच की सीट पर बैठे सोनू के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सरपतहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पिकअप ट्रक में बुरी तरह फंसी होने के कारण जेसीबी मशीन की मदद से दोनों वाहनों को अलग कराया गया। इसके बाद पिकअप का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।