UP: सपा सांसद दरोगा प्रसाद पर गरीबों की जमीन कब्जाने का आरोप, ग्रामीण बोले- आत्मदाह कर लेंगे; साैंपा पत्र
UP News: आजमगढ़ में ग्रामीणों ने सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर तालाब और गरीबों की जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद प्रशासन से मामले की जांच की अपेक्षा जताई गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: आजमगढ़ के लालगंज तहसील के मोहनपुर पटवास गांव के ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से शिकायत की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज और उनके परिजनों पर सार्वजनिक तालाब व गरीब ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। पीड़िता गीता सरोज ने न्याय न मिलने पर मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्महत्या की चेतावनी दी।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया गांव की आराजी संख्या 137 (7.798 हेक्टेयर) तालाब खाते में दर्ज है, जिस पर फार्म हाउस बना लिया गया है। इस पर खेती और मछली पालन भी किया जा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि पहले तालाब का उपयोग पशुओं और सार्वजनिक हित के लिए होता था, जो अब बंद है। गीता सरोज ने आरोप लगाया कि सांसद ने लगभग 50 बीघे के तालाब और आसपास के कई गरीब ग्रामीणों की जमीनें हड़प ली हैं।
फार्म हाउस के चारो तरफ बिजली के तार, 5-6 बोरिंग और अवैध मछली पालन व पेड़ों की कटाई हो रही है। सांसद के बेटे मनोज सरोज, प्रमोद सरोज और पोता अभिषेक सरोज पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने और धमकी देने का आरोप है। गीता सरोज की 1 बीघा जमीन पर भी कब्जा कर पोखरा पाट दिया गया। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार सहित स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की, पर सांसद के प्रभाव से कार्रवाई नहीं हुई।
सांसद ने आरोपों का किया खंडन
सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने शारदा विश्वकर्मा से 3.5 से 4 बीघा जमीन का बैनामा कराया है। पैमाइश में प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी जमीन को सही पाया है। सांसद ने कहा कि उन्होंने लाला जी, तिवारी जी और अन्य लोगों से भी नियमानुसार जमीनें खरीदी हैं।
उन्होंने किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया है। सांसद ने अपने बच्चों पर लगे मारपीट के आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने डीएम, कमिश्नर और तहसीलदार को मौके पर जांच की खुली चुनौती दी। सांसद ने कहा कि 1 इंच अवैध कब्जा पाए जाने पर लाखों रुपये जुर्माना भरेंगे।