Varanasi Accident: तीन की मौत से मचा कोहराम, एंबुलेंस की टक्कर से दो की गई जान; खंभे से बाइक टकराने से हादसा
Varanasi News: वाराणसी जिले में तीन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। दो हादसे एंबुलेंस की टक्कर से और एक हादसा बाइक के खंभे से टकराने से हुआ।
विस्तार
वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के सुरही स्थित हाइवे पर रविवार की सुबह एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार श्यामा देवी (56 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, बेटा मन्नू (25 वर्ष) घायल हो गया।
बड़ागांव के कोइरीपुरी निवासी श्यामा देवी अपने बेटे मन्नू के साथ जौनपुर के जलालपुर जा रही थी। तभी पीछे से आ रही एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान पीछे बैठी श्यामा देवी सड़क पर गिर पड़ी। सिर में गंभीर चोटें आईं। एंबुलेंस चालक ने उन्हें पीएचसी पिंडरा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल मन्नू का प्राथमिक उपचार किया गया।
फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। वहीं, परिजन एंबुलेंस के स्थानीय पीएचसी से संबंधित होने का आरोप लगा रहे थे, जबकि चिकित्सक का कहना है कि बाइक पीछे से खड़ी एंबुलेंस से टकराई थी।
खंभे से टकराई बाइक, युवक की मौत, सिर पर हेलमेट नहीं था
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत गोसाईपुर मोहाव गांव के पास शनिवार की रात सड़क हादसे में प्रीतम राजभर (24) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। प्रीतम हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस के अनुसार, चौबेपुर क्षेत्र से एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर शनिवार की रात करीब 10:45 बजे घर लौट रहे थे। गोसाईपुर मोहाव के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। बाइक प्रीतम राजभर चला रहा था और उसके सिर में गंभीर चोट आई। वह हेलमेट नहीं पहना था।
घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। उसके साथी महेश यादव और पंकज कुमार भारती, निवासी भेलूपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर तीनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रीतम राजभर को मृत घोषित कर दिया। घायल महेश यादव और पंकज कुमार भारती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के बड़े भाई रोशन राजभर ने बताया कि प्रीतम कहां गया था, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी।
घटना की सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो हादसे में उसकी मौत की जानकारी मिली। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। घटना की खबर मिलते ही उसकी मां चंदा देवी बेसुध हो गईं। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कैथी टोल प्लाजा पर खड़े ट्रक में एंबुलेंस की टक्कर, चालक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी टोल प्लाजा पर रविवार की सुबह 4 बजे खड़े ट्रक में एंबुलेंस की टक्कर से चालक सुनील कुमार (37 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, पेशेंट केयर अश्वनी कुमार (35 वर्ष) घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बस्ती के लालपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर खुर्द निवासी सुनील कुमार एंबुलेंस चालक था। वह बलिया से मरीज को वाराणसी में भर्ती कराकर लौट रहा था। साथ में फतेहपुर के बागेश्वर थाना क्षेत्र के मुरारपुर निवासी पेशेंट केयर अश्वनी कुमार भी था। दोनों एंबुलेंस लेकर बलिया लौट रहे थे।
वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर कैथी टोल प्लाजा के पास पहुंचा था कि सड़क किनारे खड़े ट्रक में एंबुलेंस टकरा गई। हादसे में घायल अश्वनी और सुनील कुमार को नरपतपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सुनील कुमार को मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि परिजनों ने बताया कि सुनील की पत्नी सुनीता देवी और दो बेटे, दिवांश व शिवांश हैं। घायल अश्वनी कुमार पेशेंट केयर का काम करता है। एंबुलेंस वाराणसी में मरीज पहुंचाकर बलिया जा रही थी। परिजनों ने बताया कि 24 घंटे एक ही चालक से काम लिया जाता है, जिससे आराम नहीं मिल पाता है। इस कारण हादसे होते हैं।
