Holi: होली ऑफर के चक्कर में तीन जोन में 25 लोगों ने गंवाई रकम, बैंक खाते खाली हो गए; दी गई तहरीर
Varanasi News: वाराणसी में त्योहार के बीच लोग ठगी का शिकार हो गए। होली ऑफर के लालच के चक्कर में बैंक खाते खाली करवा लिए। पुलिस ने तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
विस्तार
Cyber Crime: साइबर ठगों ने तीन जोन में 25 लोगों को शिकार बनाया। होली पर ऑनलाइन खरीदारी के दौरान स्पेशल ऑफर के चक्कर में किसी ने 10 हजार तो किसी ने 25 हजार रुपये गंवा दिए। लिंक पर क्लिक कर और सस्ते ऑफर जैसे टास्क पूरा करने में बैंक खाते खाली हो गए।
एक हफ्ते में काशी, वरुणा और गोमती जोन के थानों के साइबर हेल्पडेस्क पर ऐसी शिकायतें पहुंची हैं। सबसे अधिक काशी और वरुणा जोन के थानों में शिकायतें आईं। शिवपुर के राहुल द्विवेदी ने रविवार को ऑनलाइन जूता लेना चाहा।
इस बीच, ब्रांडेड कंपनी के जूते की खरीदारी से संबंधित एक ओटीपी आया और वह शेयर करते ही खाते से 24954 रुपये कट गए। किसी बंगलूरू के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं। पीड़ित ने तुरंत ऑनलाइन पोर्टल और शिवपुर थाने के साइबर हेल्प डेस्क पर तहरीर दी है।
दी गई तहरीर
लंका के रहने वाले और एलआईसी के एजेंट गणेश पांडेय के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। धमकी दी कि बेटे ने गलत वीडियो देखा है। इस बीच धमकाकर तीन बार में खाते से 11 हजार रुपये कट गए। तुरंत 1930 पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।
लंका थाने के साइबर हेल्प डेस्क में भी मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। फूलपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अश्विन सिंह ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई कि बेटे ने ऑनलाइन शॉपिंग की। इस बीच लिंक पर गलत क्लिक किया। तभी खाते से 16786 रुपये कट गए। एसीपी साइबर विदुष सक्सेना ने बताया कि जांच की जा रही है।
