सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accident three dead seven injured youth attacked with belt and stick

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन की मौत, सात लोग घायल, युवक पर बेल्ट-डंडे से हमला; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Wed, 04 Mar 2026 08:07 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के बड़ागांव, मिर्जामुराद, लोहता, लंका और सारनाथ थाना क्षेत्र में हुए हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सात लोग घायल हो गए। वहीं, लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में वरुणा नदी किनारे युवक पर बेल्ट और डंडे से हमले का मामला सामने आया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Accident three dead seven injured youth attacked with belt and stick
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी क्षेत्र में मंगलवार शाम सड़क हादसे में संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। हादसा सातो महुआ पावर हाउस मोड़ के पास हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। बाबतपुर निवासी अजीत कुमार पटेल विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन थे। 

Trending Videos


बीते मंगलवार को वे काजीसराय बाजार में बिजली शिकायत का निस्तारण कर सातो महुआ उपकेंद्र लौट रहे थे। इसी दौरान पावर हाउस मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सेहमलपुर स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उधर, मिर्जामुराद के रूपापुर सर्विस लेन पर मंगलवार को बोलेरो ने साइकिल सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र घायल हो गए। घायलों की पहचान शिवरामपुर मिर्जामुराद निवासी आयुष यादव और अंश यादव के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं और साइकिल से रूपापुर से कोचिंग में पढ़ने गए थे। क्लास खत्म होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। 

सर्विस लेन पर गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दूसरी तरफ, लोहता के थाना क्षेत्र के सुरही गांव में अकेलवा लहरतारा मार्ग पर नशे में धुत्त ऑटो चालक ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। ऑटो को पुलिस ने कब्जे में लिया। 

पुल से कूदकर युवक ने दी जान
लंका थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल से रविवार देर रात देवड़ी जमानियां गाजीपुर निवासी शिवम सिंह (21) गंगा में कूद गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस और एनडीआरएफ की मदद से खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को खोजबीन के दौरान जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली गई। 

शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत, साथी घायल
सारनाथ के पतेरवा नई बाजार में छत की ढलाई के समय मंगलवार को शटरिंग गिरने से मजदूर विक्की राजभर (16) की मौत हो गई। दूसरा मजदूर शुभम राजभर घायल हो गया। शुभम की रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। उसे अकथा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विक्की के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नई बाजार में एक निर्माणाधीन मकान की छत की ढलाई का काम हो रहा था। इस बीच छत की शटरिंग गिर गई, जिससे घुरहूपुर निवासी विक्की राजभर (16) व सोना तालाब निवासी शुभम राजभर (25) घायल हो गए। 

पुलिस ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया। विक्की राजभर दो भाई थे। दूसरा भाई आकाश भी मजदूरी करता है। पिता दिनेश ने पुलिस को बताया कि घर का सारा खर्च विक्की ही वहन करता था। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दिनेश की तहरीर पर जांच की जा रही है। मकान मालिक, ठेकेदार और पार्टनर के खिलाफ शिकायत मिली है।

एनडीआरएफ ने गंगा में डूब रहे श्रद्धालु को बचाया
एनडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को मीर घाट पर गंगा में डूब रहे श्रद्धालु को बचाया। भदोही निवासी युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। वहां मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव दल के प्रयासों की प्रशंसा की। 

धर्म स्थल समेत शोरूम को तिरपाल से ढका गया
रंगोत्सव के बीच मंगलवार शाम को धर्म स्थलों और शहर के छोटे-बड़े शोरूम को तिरपाल से ढका गया। मुस्लिम इलाकों में धर्म स्थलों को तिरपाल से ढका गया। हर साल की तरह इसलिए ढका गया कि ताकि कोई आसमाजिक तत्व रंग की आड़ में दूषित पानी या फिर कीचड़ ने फेंक दें। शाम को कमिश्नरेट पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में रूट मार्च किया। थाने और चौकी में पुलिस ने लोगों से संवाद किया। एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण किया। 

शराब फैक्ट्री का भंड़ाफोड़, होली पर खपाने की थी तैयारी
होली पर अवैध शराब खपाने की तैयारी को चोलापुर पुलिस ने सोमवार रात ध्वस्त कर दिया। गोसाईपुर बखरा गांव के मकान में पुलिस ने छापा मारकर अवैध शराब की फैक्ट्री का भंड़ाफोड़ किया। मकान मालिक अरुण पाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मकान से शराब बनाने के उपकरण, पैकेजिंग मशीन और 200 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है।

एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि थाना प्रभारी दीपक कुमार को सूचना मिली कि गोसाईपुर बखरा निवासी अरुण पाल के मकान में अवैध रूप से शराब बनवाई जा रही है। छापे के दौरान पुलिस ने 200 लीटर कच्ची शराब, 15 पेटी तैयार शराब व शराब बनाने में उपयोग मशीनरी, ड्रम, केमिकल व अन्य उपकरण बरामद किए। अवैध शराब आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होली के त्योहार को देख रखी गई थी। 

जिला अस्पताल में युवती की मौत पर डॉक्टर, स्टाफ नर्स को नोटिस
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती युवती की मौत के मामले में परिजनों के आरोप के बाद अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टर, स्टाफ नर्स को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उधर, पांच सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया है, जिसमें अब सभी की नजर कमेटी की जांच और कार्रवाई पर टिकी है। 

जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र यानी एनआरसी वार्ड में भर्ती गुड़िया चौहान (20) को भर्ती किया गया था। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ पर कार्रवाई की मांग भी की थी। 

परिजनों का कहना था कि तबीयत बिगड़ने की जानकारी के बाद भी समय से डॉक्टर देखने नहीं पहुंचे। परिजनों की शिकायत पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम के निर्देश पर पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि घटना वाले दिन का सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। डयूटी पर तैनात चिकित्सक व स्टाफ नर्स से स्पष्टीकरण मांगा गया है। 

परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमला
मिर्जामुराद क्षेत्र के डंगहरिया गांव के इंटर कॉलेज के पास 25 फरवरी को हाईस्कूल की परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र की पिटाई के मामले में पुलिस ने छह दिन बाद खोचवा (मिर्जामुराद) निवासी कार्तिक सिंह समेत तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पूरे गांव निवासी कैफ ने पुलिस को बताया कि 25 फरवरी को किसान इंटर कॉलेज मिर्जामुराद से हाईस्कूल की परीक्षा देकर घर लौट रहा था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से घायल कर दिया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

दरोगा प्रकरण की जांच डीसीपी ने एसीपी पिंडरा को सौंपी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव में पीड़ित दिलशाद की पिटाई करने वाले दरोगा विवेक सिंह प्रकरण की जांच डीसीपी गोमती जोन ने एसीपी पिंडरा को सौंपी है। एसीपी के रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। 

उधर, पीड़ितों ने मामले में कार्रवाई को लेकर उच्चाधिकारियों से मुलाकात पर जोर दिया है। रविवार शाम पुराने मामले में रियाजुद्दीन के भाई दिलशाद की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीसीपी गोमती जोन ने संज्ञान लिया।

 थाना प्रभारी से भी पूरी जानकारी ली। दरोगा ने भी पक्ष रखा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, जो अपनी रिपोर्ट डीसीपी को सौंपेंगे। जल्द ही इस मामले में कार्रवाई कर आरोपपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

किशोरी को अगवा करने के मामले में प्राथमिकी 
किशोरी को अगवा करने के मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना क्षेत्र की रहने वाली मां ने पुलिस को बताया कि बेटी 7 फरवरी को घर से सामान लेने निकली और वापस नहीं आई। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। 

आरोप है कि शिवपुर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बाद में पता चला की सोनकर बस्ती का रहने वाला रवि सोनकर ने दो दिन पहले बेटी को धमकी दी थी, मेरे साथ नहीं चलोगी तो तुम्हें उठा ले जाऊंगा। रवि के घर पता करने के लिए गई, लेकिन रवि के घर वाले फर्जी मुकदमे में फसाने की धमकी दे रहे हैं। शक है कि रवि सोनकर ही उसे कहीं ले गया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने रवि सोनकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

घर में घुसकर की मारपीट, चार पर प्राथमिकी दर्ज  
शिवपुर थाना क्षेत्र के इंद्रपुर कांशीराम आवास निवासी सब्जी विक्रेता शबा बानो की दुकान में घुसकर पिटाई और तोड़फोड़ के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शबा बानो ने पुलिस को बताया कि घर के सामने सब्जी की दुकान चलाती हूं। सामने काशीराम आवास में रहने वाली शहिना ने रंजिश में 26 फरवरी की रात पति अक्की हसन, बहन फरीदा व बहन के लड़के आदिल के साथ दुकान पर गालीगलौज की और सामान बाहर फेंका। 

विरोध करने पर मुझे व पुत्री शिद्रा और पुत्र गुलाम साबिर को बुरी तरह से लाठी डंडे से पीटा। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी, जानलेवा, हमला सहित आरोपों में शाहिना, अक्की हसन, फरीदा, आदिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 

सैलून से महिला ग्राहक की हीरे की अंगूठी गायब
सिगरा थाना क्षेत्र के गांधीनगर में फ्लोलेस ब्यूटी सैलून में फेशियल के दौरान महिला की हीरे की अंगूठी गायब हाे गई। पीड़िता ने सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। भेलूपुर के कमच्छा विनायका निवासी निकिता अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी की दोपहर फ्लोलेस ब्यूटी सैलून गांधीनगर में फेशियल करवाने गई थीं। मसाज के दौरान अंगुली की चार अंगूठी अपने बैग में रख दी। सैलून से निकलने से पहले बैग चेक किया तो हीरे की अंगूठी गायब थी। काफी खोजबीन की, लेकिन अंगूठी नहीं मिली। कर्मचारी से भी पूछताछ की। किसी ने अंगूठी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। 

घर से मोबाइल, नकदी व सोना चोरी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज नई बस्ती में शुकदेव मुनि के घर को चोरों ने खंगाला। पीड़ित ने तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। एक मार्च की रात घर से दो मोबाइल फोन, आठ हजार नकद, एटीएम कार्ड और 15.460 ग्राम पक्का सोना रखा था। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

युवक पर बेल्ट-डंडे से हमला, प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में वरुणा नदी किनारे युवक पर बेल्ट और डंडे से हमले का मामला सामने आया। पीड़ित मो. शमीम अंसारी निवासी कौड़िया कला मिर्जापुर और हाल पता खजुरी ने थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर के अनुसार वह मित्र रोहित शर्मा के साथ झाड़ू फेंकने वरुणा नदी किनारे गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद शाहनवाज, फरदीन, राज उर्फ फैसल व 10-15 अन्य ने रंजिश में  बेल्ट और डंडे से हमला कर दिया। साथ ही दस हजार रुपये छीन लिए। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

मंदिर में तीसरी बार चोरी
लालपुर-पांडेयपुर थाना के लालपुर चौकी के सोयेपुर पोखरे के पास राधे कृष्ण मंदिर से सोमवार रात अज्ञात चोरों ने दो दानपेटी तोड़कर हजारों रुपये चोरी कर लिए। चोर मंदिर परिसर में रखे ध्वनि यंत्र और पीतल के बर्तन भी ले गए। सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो दानपेटी टूटी देख सूचना दी। यह तीसरी बार चोरी हुई है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने छीनी चेन
सारनाथ के फरीदपुर रिंगरोड से स्टेशन मार्ग पर बाइक सवार बदमाश सुबह दूध लेकर घर जा रही महिला के गले से सोने की चेन छीनकर रिंग रोड की तरफ भाग निकले। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। शक्तिपीठ आश्रम से फरीदपुर रिगरोड निवासी रेनू सिंह ने बताया कि घर के पास बाइक सवार दो युवक चेन छीनकर भाग निकले। आरोपियों के पकड़ने के लिए शोर मचाया और कुछ दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वह भाग गए। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सीसी फुटेज के माध्यम से बदमाशों की तलाश की जा रही है। रेनू सिंह ने बताया कि पति अशोक कुमार सिंह सेना से सेवानिवृत्त है। वर्तमान में बीएलडब्ल्यू में सुपरवाइजर हैं। मूलरूप से पवारेपुर धरसोना चोलापुर की निवासी है। 

होलिका में लगी आग, पुलिस ने दूसरी तैयार कराई
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड त्रिदेव मंदिर के सामने मंगलवार सुबह होलिका में अचानक आग लग गई। कमेटी के अभिषेक राय, मदन मौर्या, अनिल की शिकायत पर भेलूपुर पुलिस ने सीसी कैमरे से जांच कराई। जांच में अगरबत्ती के चलते आग लगने की पुष्टि हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अगरबत्ती सुलगने के कारण होलिका में आग लगी। किसी भी अराजक तत्वों ने आग नहीं लगाई है। सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली गई है। दुर्गाकुंड चौकी पुलिस ने तुरंत दूसरी होलिका तैयार कराई। किसी तरह का कोई विवाद या तनाव नहीं है। 

महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता, एक हिरासत में
चौबेपुर क्षेत्र के डुबकियां बाजार में अवकाश प्राप्त सैनिक परमहंस सिंह कादीपुर कलां गांव निवासी का अर्धसैनिक कैंटिन है। मंगलवार शाम चार बजे नरपतपुर डुबकियां गांव के तीन युवक शराब के नशे में काउंटर पर बैठी महिला कर्मचारी से अभद्रता करने लगे। बचाव में आए कर्मचारी मोहित पांडेय को पीटकर घायल कर दिया। तीनों काले रंग की पल्सर पर सवार थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। एक युवक को हिरासत में लेकर बाइक कब्जे में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि इस मामले में अभी बात की जा रही है। 

वृद्ध महिला से दो अज्ञात महिला ने की टप्पेबाजी
शिवपुर थाना क्षेत्र के दो मार्च की  दोपहर 12:00 बजे  लाल जी कुआं पंचकोशी अहिरान निवासिनी वृद्ध महिला तारा देवी से शिव चर्चा के नाम पर दो महिलाओ ने टप्पबाजी की। पूजा के नाम पे सोने का टप्स उतरवा लिया और भाग निकली। महिलाओं ने अपना नाम आरती और मालती देवी बताया। पीड़िता  महिला तारा देवी ने बताया कि दोनों ने मुझे अष्टभुजी माता के मंदिर पर बुलाया लेकिन आई नहीं। जो  नंबर वह लोग दी थी, उन नंबर पर कॉल किया तो ब्लैक लिस्ट में डाल दिया, दूसरे नंबर से कॉल कर रहा हूं तो रिंग जा रही है लेकिन महिला कॉल नहीं उठा रही है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने प्राथिमिकी दर्ज कर ली है। 

बरेका पहुंची टीम, जाना कैसे बनता है रेल इंजन
केंद्र सरकार के डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन कार्यक्रम के तहत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की 10 सदस्यीय विशेष मीडिया टीम ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का निरीक्षण कर यहां रेल इंजन को बनते देखा। सहायक निदेशक पीआईबी बंगलूरू करिश्मा पंत के नेतृत्व वाली टीम ने अधिकारियों से लोकोमोटिव यानी रेल इंजन बनाने से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं। बरेका पहुंचने पर जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने टीम का स्वागत किया। 

मुख्य विद्युत इंजीनियर/ लोको अरविंद कुमार जैन के साथ ही टीम के सदस्यों ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप एवं लोको टेस्ट शॉप का दौरा किया। इस दौरान यात्री वाहक इलेक्ट्रिक लोको, माल वाहक इलेक्ट्रिक लोको और अमृत भारत लोको को देखा। उन्होंने कहा कि अब तक 11 देशों को 182 डीजल लोकोमोटिव यानी रेल इंजन का निर्यात किया जा चुका है। 

इस दौरान उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको सुदीप रावत ने तकनीकी प्रक्रिया बताई। बरेका प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में महाप्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में बरेका के इतिहास, उत्पादन क्षमता, आधुनिकीकरण प्रयासों, निर्यात उपलब्धियों पर चर्चा की गई।

रामनगर में बनेंगे दो वेडिंग जोन: नगर आयुक्त
रामनगर क्षेत्र में घनी आबादी और बाजार में लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए निगम ने वहां व्यवस्थित वेडिंग जोन बनाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही क्षेत्र में रिक्त स्थानों पर पार्किंग और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का खाका तैयार किया जा रहा है। 

पूर्व में यहां के व्यापारियों ने पूर्व में प्रस्तावित दो जगहों व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाने की मांग की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन सभी प्रस्तावों पर त्वरित रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। वेंडिंग जोन के अलावा रामनगर के जोन कार्यालय के ग्रीन एरिया के चारों ओर पाथवे निर्माण व वाटर टैंक के पास ट्यूबवेल स्थल को पक्का कराते हुए वहां टीन शेड लगाए जाएंगे। 

सारनाथ में पर्यटकों पर फिर मुधमक्खियों का हमला, पांच घायल
सारनाथ में एक बार फिर मधुमक्खियों ने पर्यटकों को काट लिया। भ्रमण पर केरल से आए पांच पर्यटक घायल हो गए। छह दिन में दूसरी बार घटना को लेकर पर्यटक के साथ ही आसपास के दुकानदार भी भयभीत हैं। 

मुधमक्खियों के झुंड से बचने के लिए कोई स्तूप के पास तो कोई चादर और प्लास्टिक से सिर ढककर जहां जगह मिली वहीं बैठ गया। पिछले सप्ताह 26 फरवरी को भी इस तरह की घटना हुई थी। छह दिन बाद मंगलवार अपराह्न 3.30 बजे जैन मंदिर के पास लोग खड़े थे। इसी बीच पीपल के पेड़ से मधुमक्खियों का झुंड निकला और लोगों पर हमला कर दिया। दुकानदार और गाइडों ने पर्यटकों को शहरी सीएचसी सारनाथ के साथ ही निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया। 

नाटी इमली में नहीं बना ट्रांसफाॅर्मर, चंदे से जेनरेटर चलवा रहे लोग
नाटी इमली के लाल बिल्डिंग वाले अपार्टमेंट में जला ट्रांसफॉर्मर आठ दिन बाद भी नहीं बन सका। लिहाजा 35 परिवारों के लोग चंदा लगाकर जेनरेटर चलवा रहे हैं। बिल्डिंग के लोगों ने अपार्टमेंट संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बनवाने की मांग की है। 

कहा कि बिजली न रहने से पानी का संकट झेलना पड़ रहा है। ट्रांसफार्मर पिछले महीने 24 फरवरी को जल गया था। प्रीतम दास गुजराती, योगेश कुमार अग्रवाल, अनामिका ने कहा कि अब तक कई बार अपार्टमेंट संचालक को जानकारी दी जा चुकी है। इसके बाद भी ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला जा सका है। मीणा गुजराती, प्रीति अग्रवाल, श्वेता जैन ने कहा कि ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया गया तो परेशानी बढ़ेगी।

कैंट बोर्ड की 30 एकड़ जमीन पर ग्रीन कॉरिडोर फुलवरिया में बनेगा शहर का पहला फॉरेस्ट पार्क
शहर की बढ़ती आबादी और सिमटते हरित क्षेत्र के बीच फुलवरिया फोरलेन के पास 30 एकड़ में प्रस्तावित फॉरेस्ट पार्क को ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। कैंट बोर्ड की चिह्नित जमीन पर नगर निगम इस परियोजना को अमलीजामा पहनाने की दिशा में प्रस्ताव तैयार कर रहा है। शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। 

फुलवरिया फोरलेन के पास कैंट बोर्ड की 30 एकड़ खाली भूमि पर फॉरेस्ट पार्क विकसित करने की योजना  है। वॉकिंग पाथ, साइक्लिंग ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया, बेंच, लाइटिंग और पक्षी अवलोकन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्क को इस तरह डिजाइन करने की योजना है कि यहां हरियाली के साथ जैव विविधता भी संरक्षित रहे। पार्क को पिकनिक और सुकून के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक शहर में 64 पार्क हैं, जिनमें से 24 पार्क स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित किए जा रहे हैं। हालांकि कई बड़े पार्कों में अभी भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। 

ऐसे में फुलवरिया का फॉरेस्ट पार्क शहर के लिए एक मॉडल प्रोजेक्ट साबित हो सकता है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा। बरसात से पहले काम शुरू करने की कोशिश की जा रही है। 

पिछली होली से गर्मी 5 डिग्री कम, आज 30 किमी प्रति घंटे की गति से बहेगी हवा
आज होली पर काशी में तेज पछुआ बहने के आसार हैं। गति 30 किलोमीटर से ज्यादा रह सकती है। वहीं, इस बार पिछली होली से कम गर्मी है। दिन का पारा पांच डिग्री और रात का तीन डिग्री तक नीचे है। पिछले साल होली पर गर्मी का रिकॉर्ड टूटा और अधिकतम पारा 37.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था, मगर इस बार होली से एक दिन पहले मंगलवार का तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, पिछले साल रात का तापमान 19.5 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया था जबकि इस बार रात का न्यूनतम पारा 16.7 डिग्री सेल्सियस डिग्री सेल्सियस है। पिछली बार होली 14 मार्च को थी और इस बार उससे 10 दिन पहले पड़ी है।

चौथा सबसे गर्म शहर रहा बनारस: मंगलवार को वाराणसी बांदा, झांसी और हमीरपुर के बाद प्रदेश का चौथा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 16 डिग्री का फर्क आ गया। इन दिनों दिन में अप्रैल जैसी गर्मी और रात में फरवरी के पहले सप्ताह जैसी ठंडक पड़ रही है। 

अधिकतम पारा सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री ऊपर रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वाराणसी होली के दिन तेज हवा चलने के आसार हैं।  यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, हिमालय में नया पश्चिमी विक्षोभ का असर होने वाला है। 

कंपनी गार्डेन में 4.90 करोड़ के इन्क्यूबेशन सेंटर में नहीं लगीं मशीनें
किसानों को उनके उत्पाद का वाजिब मूल्य दिलाने और स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कचहरी स्थित कंपनी गार्डन परिसर में 4.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन्क्यूबेशन सेंटर अपनी शुरुआत से पहले ही अड़चनों में फंस गया है। भवन निर्माण पूरा होने और योजनाएं तैयार होने के बावजूद मशीनों की स्थापना, बिजली-पानी कनेक्शन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में देरी के चलते केंद्र अब तक चालू नहीं हो सका है।

राजकीय फल संरक्षण विभाग के पूर्व प्रधानाचार्य पवन कुमार बताते हैं कि इस सेंटर की स्थापना किसानों के दूध, बेकरी उत्पाद और विशेष रूप से मिर्च से बनने वाले उत्पादों की प्रोसेसिंग कर उन्हें बाजार तक पहुंचाने के लिए की गई थी। लेकिन, जमीनी हकीकत यह है कि मशीनों की अधूरी आपूर्ति के कारण परियोजना अधर में लटकी हुई है।

 बेकरी और मिल्क लाइन की मशीनें केंद्र में पहुंच चुकी हैं लेकिन अब तक उनकी स्थापना नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि मिल्क की मार्च 25 और बेकरी की नवंबर 25 में आ गई थी। वहीं, मिर्च लाइन की मशीनें संबंधित फर्म द्वारा सप्लाई ही नहीं की गईं। 

शाइन सिटी के निदेशकों पर प्राथमिकी 
शाइन सिटी पर प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाकर जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया निवासी और मुंबई में रह रहे सुरेश उदयशंकर शर्मा ने कंपनी निदेशकों व एजेंटों पर धोखाधड़ी में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कंपनी के एमडी राशीद नसीम और सीएमडी आसिफ नसीम निवासी करैली, प्रयागराज ने कंपनी के माध्यम से प्लॉटिंग स्कीम चलाई। मुख्य कार्यालय लखनऊ के गोमती नगर के आर-स्क्वायर कॉम्प्लेक्स और शाखा कार्यालय वाराणसी के सर्वोदय कॉम्प्लेक्स जेपी मेहता इंटर कॉलेज के पास था। 

आठ स्थानों पर दमकल के वाहन तैनात
होली पर्व को देख सुरक्षा के मद्देनजर दमकल विभाग ने आग से बचाव के लिए शहर के आठ स्थानों पर दमकल वाहन की तैनाती की है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि गोदौलिया, गोलगड्डा, लंका, लोहता, सारनाथ, लालपपुर पांडेयपुर, लहुराबीर और ककरमत्ता में दमकल वाहन को तैनात किया गया। 

ताकि आग लगने जैसी किसी की घटना पर एक्शन लिया जा सके। फायर स्टेशन से वाहनों के निकलने वाले समय में बचत की जा सके। ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में शोध छात्रों को मिले निर्देशक
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शोध करने वाले छात्रों के लिए शोध निर्देशक का नाम विवि की ओर से तय कर दिया गया है। इसमें वेदवेदांग संकाय के वेद विभाग में पांच विद्यार्थी और ज्योतिष विभाग में एक विद्यार्थी को शोध निर्देशक मिले हैं। इसके साथ ही आयुर्वेद संकाय के रचना शरीर विभाग में 4, स्वस्थ वृत विभाग 1, संहिता एवं सिद्धांत विभाग में 3, पंचकर्म विभाग में 3, कौभार भृत्य विभाग में चार छात्र शोध करने वाले हैं। विभागवार निर्देशकों की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। 

बीएचयू में उन्मेष के लिए रजिस्ट्रेशन 9 मार्च तक
बीएचयू के डेलीगेसी छात्रों का 15 दिनों का एकेडमिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम उन्मेष आयोजित होगा। इसमें सह पाठ्यक्रम प्रतियोगी गतिविधियां भी होंगी। नगर छात्र निकाय की ओर से इसका आयोजन होगा। इसका मुख्य संरक्षक कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी को बनाया गया है। प्रो. ललित मोहन अग्रवाल संयोजक और संरक्षक छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए डेलीगेसी छात्र-छात्राओं को 9 मार्च तक रजिस्ट्रेशन कराना होगा। 

इग्नू में दाखिले के लिए 15 मार्च तक आवेदन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विवि (इग्नू) में दाखिले के लिए 15 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन होंगे। विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के 19 जिलों के 35 अध्ययन केंद्र हैं। इनके माध्यम से 210 अलग-अलग पाठयक्रमों में अभ्यर्थी दाखिला ले सकेंगे। इग्नू का क्षेत्रीय केंद्र बीएचयू कैंपस में हैं। प्रो. ओम शर्मा को समन्वयक बनाया गया है। प्रो. शर्मा ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल से पूरी कराई जाएगी। 

क्लीनिकल ट्रायल के लिए बनी एथिकल कमेटी
आईआईटी बीएचयू में रिसर्च के बाद मानवों से जुड़े क्लीनिकल ट्रायल को सक्रिय करने का काम शुरू किया जाएगा। इंसानों पर रिसर्च करने की अनुमति के लिए आठ सदस्यीय एथिकल कमेटी गठित कर दी गई है। यह कमेटी मानवों से संबंधित जैव चिकित्सा और स्वास्थ्य अनुसंधान कार्य करेगी। संशोधित राष्ट्रीय नैतिक दिशा निर्देशों और सक्षम अधिकारी की स्वीकृति से इस कमेटी को बनाया गया है। फॉर्माेकोलॉजी की विभागाध्यक्ष प्रो. किरन गिरी को कमेटी का अध्यक्ष और बायोकेमिकल इंजीनियरिंग की डाॅ. आभा मिश्रा को सचिव बनाया गया है। डाॅ. रुचि चावला, धीरज किशोर, शैलेश अरोड़ा, रुपाली जुयाल, डॉ. अजीत मिश्रा और शैलेंद्र रघुवंशी को सदस्य बनाया गया है।

पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलसचिव बने राजन 
आईआईटी बीएचयू के संयुक्त कुलसचिव (प्रशासन) राजन श्रीवास्तव को अमेठी स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान का कुलसचिव बनाया गया है। वे अपना कार्यभार 9 मार्च को संभालेंगे। इससे पहले छह मार्च को औपचारिक रूप से संस्थान से कार्यमुक्त होंगे। 

राजन श्रीवास्तव बीएचयू और आईआईटी के उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 30 साल से कार्यरत हैं। साढ़े चार साल तक आईआईटी बीएचयू के कार्यवाहक कुलसचिव रहे हैं। बीएचयू में राजन की नियुक्ति 1996 में सहायक कुलसचिव के तौर पर हुई थी। 2009 में उन्हें उप कुलसचिव बनाया गया। 2012 में आईआईटी बीएचयू के उप कुलसचिव बनाए गए। 2014 से  संयुक्त कुलसचिव रहे। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि राजन श्रीवास्तव एक प्रतिबद्ध और कुशल प्रशासक हैं। 

शॉक डिवाइस और ब्रेल स्विच बोर्ड बनाने वाले छात्रों को इंस्पायर अवाॅर्ड
महिलाओं की सुरक्षा के लिए इलेक्ट्रिक शॉक डिवाइस और ब्रेल स्विच बोर्ड बनाने वाले पिंडरा स्थित कंपोजिट स्कूल के दो छात्रों को इंस्पायर अवाॅर्ड से सम्मानित किया जाएगा। दोनों छात्रों को उनकी उपलबि्ध के लिए 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे।

कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी के स्टेट अवॉर्डी शिक्षक कमलेश कुमार पांडेय ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा संचालित इंस्पायर अवाॅर्ड–मानक योजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। शिक्षक धर्मराज सिंह के मार्गदर्शन में कक्षा 8 के छात्र मन ने प्रोजेक्ट इलेक्ट्रिक शॉक डिवाइस फॉर वुमन सेफ्टी और कक्षा 6 के छात्र अभय ने प्रोजेक्ट दृष्टि बाधितों के लिए ब्रेल स्विच बोर्ड का निर्माण का चयन निर्णायक मंडल की ओर से किया गया। 

इन दोनों प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए छात्रों को शासन की ओर से 10-10 हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। यह योजना कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों को अपने आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए नए और उपयोगी मॉडल के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय की शिक्षिका आरती सिंह ने बताया कि चयनित प्रोजेक्ट्स को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्षितिश कुमार दीक्षित ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

नामांकन संख्या से ही समर्थ पोर्टल पर होगा लॉगिन
बीएचयू में सेमेस्टर परीक्षा का फॉर्म भरने और कोर्स चयन के लिए छात्रों को समर्थ पोर्टल पर अपने नामांकन संख्या का इस्तेमाल कर लॉगिन करना होगा। स्नातक के दूसरे और चौथे और पीजी के दूसरे सेमेस्टर के छात्र और छात्राओं के लिए ये सूचना जारी की गई है। 

परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक परीक्षा फॉर्म जमा होने के बाद किसी भी स्थिति में पेपर में बदलाव या पेपर जोड़ने का काम नहीं हो सकेगा। सर्वोत्तम अंक या एक से ज्यादा पंजीकरण के आधार पर अंकों के बदलाव का अनुरोध नहीं स्वीकार किया जाएगा। ये भी कहा गया है कि कोई छात्र किसी पेपर के स्थान पर स्वयं पोर्टल के कोर्स का चयन करते हैं तो उसके बारे में परीक्षा प्रपत्र में स्पष्ट घोषित किया गया हो। 17 मार्च तक फॉर्म भरे जाएंगे। 

प्रो. हृदयरंजन को महामहोपाध्याय की मानद उपाधि
बीएचयू वेद विभाग के आचार्य प्रो. हृदयरंजन शर्मा को महामहोपाध्याय की मानद उपाधि से अलंकृत किया गया है। लालबहादुर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति प्रो. मुरली मनोहर पाठक ने प्रो. शर्मा को शैक्षिक योगदान, संस्कृत वांग्मय के संवर्धन के लिए दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया। विश्वविद्यालय कोर्ट के सदस्य एवं महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान के सचिव प्रो. विरुपाक्ष वि. जड्डीपाल, महामना मालवीय मिशन बीएचयू इकाई के अध्यक्ष प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने प्रो. शर्मा को बधाई दी है। 

भोजन बांटकर सेवा प्रकल्प का किया उद्घाटन
थियोसॉफिकल सोसाइटी (भारतीय शाखा) के तत्वावधान में मंगलवार को अन्न क्षेत्र एवं वस्त्र वितरण सेवा प्रकल्प का उद्घाटन शाखा के अध्यक्ष प्रदीप एच. गोहिल ने किया। कार्यक्रम में भारतीय शाखा के कोषाध्यक्ष वी. नारायणन और हेडक्वार्टर सचिव एसएल दर ने जरूरतमंदों को भोजन बांटा। व्यवस्थाओं की कमान राजकुमार पांडेय ने संभाली। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि यह अन्न क्षेत्र केवल आज के लिए नहीं, बल्कि पूरे वर्ष निरंतर संचालित रहेगा। भोजन प्रबंध और इसकी गुणवत्ता की जिम्मेदारी काशी तत्व सभा के सदस्य राजेन्द्र गुप्ता को सौंपी गई है। 

संगीत पूर्णिमा पर बही फागुनी बयार
शिल्प न्यास महेश नगर कॉलोनी में मंगलवार को होली उत्सव संगीत पूर्णिमा पर गायन वादन की फुहार सभी भींगे। शुभारंभ पर शिल्पायन के नवांकुरों ने प्रस्तुतियों से मुग्ध कर दिया। गायिका डॉ. रागिनी सरना ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं को संगीत रस में सराबोर कर दिया। उन्होंने विभिन्न भागों में होली बंदिशें को सुना कर सभी को फागुनी रंग में रंग दिया। तबले पर पंकज राय एवं हारमोनियम पर प्रवीण सिंह ने संगत की। इस मौके पर प्रो. मैडम लाल गुप्ता, आदित्य दीप, नरेन्द्र मिश्रा आदि रहे। 

डॉ. विनय विश्व पुरातत्व कांग्रेस के प्रतिनिधि बने
बीएचयू के डॉ. विनय कुमार को विश्व पुरातत्व कांग्रेस के साउथ एशिया क्षेत्र का वरिष्ठ प्रतिनिधि निर्वाचित किया गया है। डॉ. विनय प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग में शिक्षण करते हैं। यह चुनाव 19 फरवरी को रिप्लेसमेंट बैलेट के माध्यम से किया गया था। साउथ एशिया इलेक्टोरल कॉलेज ने ये रिजल्ट घोषित किया। डॉ. विनय पुरातत्व, सांस्कृतिक विरासत, बौद्ध अध्ययन और प्राचीन शिक्षा से जुड़े क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं। उनके शोध कार्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके प्रतिनिधित्व से दक्षिण एशिया के पुरातात्विक और सांस्कृतिक अध्ययनों को प्रतिनिधित्व मिलेगा। 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद से मिला विश्वकर्मा समाज

विश्वकर्मा समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के आवास पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से शिष्टाचार भेंट की। बैठक में समाज को प्रदेश मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिलाने पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधि मंडल में विश्वकर्मा सभा के अध्यक्ष अमरनाथ विश्वकर्मा, मंत्री अनिल शर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, डा. रामचंद्र शर्मा, नित्यानंद विश्वकर्मा, सोमनाथ विश्वकर्मा आदि शामिल रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed