UP: रेलिंग तोड़ गंगा में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक सवार को बचाने में हादसा; कोई डूबा तो नहीं...चल रही जांच
Ghazipur News: घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है और राहत-बचाव कार्य जारी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकालने और घटना के सभी पहलुओं की जांच के लिए दिन निकलने का इंतजार किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक प्रयास जारी थी।
विस्तार
UP Accident: सुहवल शहर कोतवाली क्षेत्र के वीर अब्दुल हमीद सेतु पर शनिवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 8:15 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पुल पर राहगीरों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली गाजीपुर की ओर से खाली हालत में सुहवल की तरफ आ रही थी। इसी दौरान पुल पर अचानक एक बाइक सामने आ गई। बाइक सवार को बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा में जा गिरा।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उस पर चालक के अलावा अन्य कोई सवार था या नहीं। इसको लेकर पुलिस गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। नदी में अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं, फिर भी टीम लगातार प्रयास में जुटी हुई है। गोताखोर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं कोई व्यक्ति ट्रैक्टर के साथ नदी में तो नहीं बह गया।
घटना के बाद कुछ देर के लिए पुल पर यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आवागमन को सामान्य कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां सख्ती बढ़ाने और गति नियंत्रण के लिए ठोस उपाय करने की मांग की है।