खुशखबरी: सावन में कैंट स्टेशन पर खड़ी रहेंगी दो विशेष ट्रेनें, बनाई जाएगी हेल्प डेस्क; कैमरे से होगी निगरानी
वाराणसी में सावन में होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान कैंट स्टेशन पर दो विशेष ट्रेनें खड़ी रहेंगी, जो जरूरत पड़ने पर चलाई जाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन महीने में काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कैंट रेलवे स्टेशन पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के तहत दो विशेष ट्रेनों के खाली रेक तैयार रखे जाएंगे। जरूरत पड़ने पर इन्हें चलाने का निर्णय लिया जाएगा। सर्कुलेटिंग एरिया में हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। वहीं, प्लेटफॉर्म से फुटओवर ब्रिज तक आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया बनाने की भी तैयारी है। यहां जनरल टिकट के लिए एटीवीएम लगाए जाएंगे। साथ ही टीवी स्क्रीन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी भी प्रदर्शित होती रहेगी। सावन के महीने में प्रत्येक सोमवार को पांच लाख से अधिक श्रद्धालु प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, दिल्ली सहित कई शहरों से दर्शन के लिए आते हैं। इसके अलावा सावन के सामान्य दिनों में भी तीन लाख से अधिक श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करते हैं।
संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्लेटफॉर्म पर दबाव कम करने के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में बड़ा होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। यहां उन यात्रियों को ठहराया जाएगा, जिनकी ट्रेन दो से तीन घंटे बाद होगी।
होल्डिंग एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यहां टिकट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा एक हेल्प डेस्क भी बनाया जाएगा, जहां कर्मचारी यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित जानकारी देंगे। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जरूरत की दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
अधिकारी बोले
सावन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन पर खाली रेक (खाली ट्रेन) तैयार रखे जाएंगे। भीड़ बढ़ने पर इन्हें चलाया जाएगा। इसके अलावा होल्डिंग एरिया भी बनाया जाएगा। यहां यात्रियों को जनरल टिकट उपलब्ध कराने के लिए एटीवीएम लगाए जाएंगे। हेल्प डेस्क पर हर समय कर्मचारी मौजूद रहेंगे। - अर्पित गुप्ता, निदेशक, कैंट स्टेशन