UP Accident: सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से बुझ गए दो घरों के चिराग; मची चीख-पुकार
Ballia News: सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया। दोनों युवकों के परिजनों को इसकी जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: सिकंदरपुर-बेल्थरा मार्ग पर मिर्जापुर गांव के समीप शनिवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
करमौता गांव निवासी धर्मेंद्र यादव (19) पुत्र हीरालाल यादव अपने बुआ के लड़के सोनू यादव (18) पुत्र शिवजी यादव निवासी बड़की बारी, थाना मनियर के साथ शनिवार की रात करीब 11 बजे बाइक से सिकंदरपुर से अपने घर की ओर जा रहे थे। दोनों युवक मिर्जापुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि बेल्थरा की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद धर्मेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया।
वहीं सोनू यादव की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे बलिया के बजाय मऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रतनपुर के पास उसकी भी मौत हो गई।
एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। धर्मेंद्र और सोनू की असमय मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।