Varanasi Top News: गैस टैंकर ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, रंजिश में छात्र की पिटाई समेत पढ़ें- अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी में गैस टैंकर ने कांवड़ियों की कार समेत तीन वाहनों को टक्कर मारी। गनीमत रही कि हादसे में कोई अनहोनी नहीं हुई। वहीं एक बाइक सवार कांवड़िया की टक्कर से श्रद्धालु घायल हो गया। पढ़ें- वाराणसी की प्रमुख खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर (बांग्लाचट्टी) स्थित नेशनल हाईवे के वनवे मार्ग पर रविवार दोपहर प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे इंडियन गैस टैंकर ने कांवड़ियों की कार, छुट्टी पर जा रहे दरोगा की कार और ‘विधायक’ लिखी स्कॉर्पियो समेत तीन वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांग्लाचट्टी के पास पहुंचते ही टैंकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। टैंकर ने सबसे पहले कांवड़ियों से भरी कार को टक्कर मारी। इसके बाद छुट्टी लेकर प्रयागराज जा रहे दरोगा लवकुश सोनकर की कार और फिर महाराष्ट्र के नासिक दर्शन के लिए जा रही ‘विधायक’ लिखी स्कॉर्पियो को भी चपेट में ले लिया। कांवड़ियों की कार में मध्य प्रदेश के रीवा निवासी शिवम सोनी, सुरेंद्र सोनी, लवली गुप्ता, दिनेश सोनी और चित्रकूट निवासी मोहित सोनी सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। वहीं, आजमगढ़ के जहानाबाद में तैनात दरोगा लवकुश सोनकर ने बताया कि हादसे के समय कार के एयरबैग खुलने से उनकी जान बच गई। तीसरी गाड़ी में वाराणसी के हरहुआ निवासी विकास दुबे अपने साथियों के साथ सवार थे। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया।
बाइक सवार कांवड़िया ने पैदल कांवड़िया को मारी टक्कर
मोहनसराय में रविवार सुबह बाइक सवार कांवड़िया ने पैदल जल लेकर जा रहे दूसरे कांवड़िया को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कांवड़िया घायल हो गए। प्रयागराज के करैली निवासी कल्लू निषाद प्रयागराज से पैदल कांवड़ लेकर विश्वनाथ जी को जल चढ़ाने जा रहे थे। वहीं, सीखड़ी, कपसेठी निवासी अंकित प्रजापति जल चढ़ाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। मोहनसराय के पास अंकित की बाइक ने कल्लू निषाद को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कांवड़िया सड़क पर गिरकर घायल हो गए। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
रंजिश में छात्र की पिटाई, मोबाइल छीना
लंका थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर एक छात्र की लाठी से पिटाई की गई। आरोपियों ने छात्र का मोबाइल भी छीन लिया। बिहार के बक्सर निवासी युवराज पाठक ने पुलिस को बताया कि वह साकेत नगर कॉलोनी के पार्क नंबर दो के पास रहकर पढ़ाई करता है। बीते पांच अगस्त को सत्यम यादव, दिव्यांशु, आर्यन, मिथेस और शुभराज सिंह अपने सात-आठ अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे और लाठी से पीटकर उसे घायल कर दिया। हमलावर जाते समय आईफोन मोबाइल भी छीनकर ले गए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अज्ञात महिला का शव मिला, हाथ-पैर में बंधी थी पट्टी
लंका थाना क्षेत्र में रविवार को संकटमोचन कुष्ठ आश्रम के पास 50 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला। महिला के हाथ और पैर में पट्टी बंधी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लंका प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि शव को मर्चरी में रखवाया गया है। महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रथमदृष्टया महिला की मौत हृदयाघात से होना प्रतीत हो रहा है।
कैंसर पीड़ित ने चिकित्सकों पर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया
पित्त की थैली के कैंसर से पीड़ित एक मरीज ने चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मरीज के परिजनों ने इलाज के नाम पर दो लाख रुपये लेने और निजी अस्पताल में गलत ऑपरेशन करने का दावा किया है। चंदौली के सुनील कुमार यादव ने रविवार को लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित सुनील कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि पांच जून को वह बीएचयू अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग पहुंचे थे। वहां के चिकित्सक ने उन्हें जांच के लिए भिखारीपुर स्थित एपेक्स अस्पताल भेजा। इसके बाद 16 जून को लंका के शुभम अस्पताल में भर्ती कर दो लाख रुपये नकद लिए गए। 17 जून को नेविल ने मरीज का ऑपरेशन किया। 23 जून को मरीज को ठीक होने का आश्वासन देकर छुट्टी दे दी गई। बाद में ट्यूब निकालने के लिए मरीज को दूसरे अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच में बताया कि पित्त की थैली में मौजूद कैंसर का ऑपरेशन नहीं हुआ था। पीड़ित के भाई ने यह भी शिकायत की है कि चिकित्सक कीमोथेरेपी नहीं लिख रहे हैं। लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीएमओ को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बैंक मैनेजर की पत्नी की गाड़ी से नकदी, आभूषण चोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी स्थित निजी अस्पताल के पास बैंक मैनेजर मुकेश सिंह की पत्नी की गाड़ी का शीशा तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए गए। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित एसबीआई के मैनेजर मुकेश सिंह की पत्नी अर्चना सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार को दोपहर 1:40 बजे से 3 बजे के बीच रविंद्रपुरी स्थित अस्पताल के पास चोरों ने गाड़ी से एक भूरे रंग का बैग चुरा लिया। इस बैग में 9000 रुपये, एक सैमसंग का मोबाइल, आईडी कार्ड, दुकान की चाबियां और चांदी की बिछिया रखी थी। भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जंसा में जुए के अड्डे पर छापा, चार गिरफ्तार
जंसा पुलिस ने शनिवार को परमपुर छावनी के पास एक जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से चार जुआरियों को गिरफ्तार कर 10,540 रुपये नकद जब्त किए। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में लोहता के कोरौता निवासी आशीष गौतम, अलाउद्दीन निवासी विनोद कुमार यादव, पवन कुमार वर्मा निवासी सरौनी और परमपुर छावनी निवासी आकाश शामिल हैं।
पुराने विवाद में युवक पर हमला, दो पर प्राथमिकी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव में 14 अगस्त की रात घर पर सो रहे युवक पर कुछ लोगों ने लाठी और रॉड से हमला कर दिया। घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि कुंभापुर निवासी सुनील कुमार सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि पुराने विवाद को लेकर कुड़ी गांव निवासी महफुज अंसारी और कल्ली तिवारी ने उनके पुत्र हर्षित सिंह पर हमला किया। आरोपियों ने लाठी-डंडे और रॉड से मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिसकर्मी के साथ धोखाधड़ी करने वाले पिता-पुत्र पर प्राथमिकी
ट्रक बेचने के नाम पर तीन लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप में मुख्य आरक्षी राकेश कुमार यादव की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। राकेश कुमार यादव के अनुसार, लंका थाने में तैनाती के दौरान बजरंग नगर, अशोकपुरम डाफी निवासी वंशनारायण यादव उर्फ सुखम्बर से उनकी जान-पहचान हुई थी। इसी दौरान वंशनारायण ने अपनी ट्रक बेचने की बात कही। सौदा 12 लाख रुपये में तय हुआ और राकेश के छोटे भाई राहुल ने ट्रक खरीदने की सहमति जताई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि वंशनारायण यादव उर्फ सुखम्बर और उसके बेटे अभिषेक यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मशाल के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ता, जमकर हंगामा
वंदे मातरम को लेकर शुरू हुआ सियासी विवाद रविवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंच गया। यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मशाल लेकर कार्यालय के बाहर पहुंचे। उन्होंने वंदे मातरम का सामूहिक गान किया और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और काफी देर तक हंगामा होता रहा।मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मशाल लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं के मशाल लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचने की सूचना के बाद वहां माहौल गरमा गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी होने लगी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के नीचे विरोध शुरू कर दिया और बाद में मैदागिन चौराहे पर धरने पर बैठ गए।कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय पर मशाल लेकर पहुंचने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वे कार्यालय में आग लगाने आए थे। इंस्पेक्टर कोतवाली दयाशंकर सिंह ने बताया कि मशाल जुलूस को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के नीचे विरोध करने लगे। रात करीब 9:10 बजे तक कांग्रेस कार्यकर्ता मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर मैदागिन चौराहे पर धरने पर बैठे थे। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से देर शाम तक मैदागिन क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।