Varanasi Airport: भूजल बना बाधा, बदलनी पड़ी डिजाइन, एयरपोर्ट रनवे विस्तार में होगी देरी; 100 करोड़ बढ़ा खर्च
Varanasi News: एयरपोर्ट रनवे विस्तार में देरी होगी। इसकी वजह है टनल के निर्माण में तकनीकी बाधा। भूजल स्तर अपेक्षा से अधिक मिलने के कारण टनल की मूल डिजाइन बदलनी पड़ी। ऐसे में विस्तार कार्य में देरी होने के कारण 100 करोड़ रुपये खर्च भी बढ़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार कार्य के तहत टनल के निर्माण में तकनीकी बाधाओं के कारण देरी हो रही है। भूजल स्तर अपेक्षा से अधिक मिलने के कारण टनल की मूल डिजाइन बदलनी पड़ी। इससे निर्माण अवधि बढ़ने के साथ-साथ परियोजना की लागत में भी करीब 100 करोड़ रुपये की वृद्धि हो गई है।
रनवे विस्तार परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे टनल का निर्माण किया जा रहा है। प्रारंभिक योजना के अनुसार टनल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा वर्ष 2026 के अंत तक एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौंपा जाना था, ताकि रनवे विस्तार का कार्य तेजी से आगे बढ़ सके। लेकिन खोदाई के दौरान लगातार पानी आने और भूजल स्तर अधिक मिलने से निर्माण कार्य प्रभावित हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया।
इसे भी पढ़ें; Re-NEET UG 2026 Exam: वायु सेना के विमान से एयरपोर्ट पहुंचे नीट के पेपर, 21 जून को 42 केंद्रों पर होगी परीक्षा
रुड़की से आए विशेषज्ञों की रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि पुरानी डिजाइन के अनुसार निर्माण करने पर टनल की मजबूती प्रभावित हो सकती है। इसके बाद सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरी डिजाइन में संशोधन किया गया। नई डिजाइन तैयार करने, इंजीनियरिंग अध्ययन और अतिरिक्त निर्माण कार्यों के कारण परियोजना की लागत में लगभग 100 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अधिकारियों के अनुसार यह अतिरिक्त खर्च टनल को अधिक मजबूत, सुरक्षित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए किया जा रहा है। टनल निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है।
350 एकड़ भूमि मिलने से अन्य कार्यों को मिली रफ्तार
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के लिए राज्य सरकार द्वारा 350 एकड़ भूमि अधिग्रहण को मंजूरी मिलने के बाद विस्तारीकरण से जुड़े कई अन्य कार्यों में तेजी आई है। भूमि उपलब्ध होने से काम कराने में सहूलियत हुई है।
नया टर्मिनल, मल्टीलेवल पार्किंग और बढ़ेगी क्षमता
एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन, मल्टीलेवल कार पार्किंग, रनवे विस्तार, टनल निर्माण और अन्य यात्री सुविधाओं के विकास का कार्य किया जाना है। परियोजना पूरी होने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट की यात्री और विमान संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
अधिकारी बोले
टनल निर्माण के दौरान भूजल स्तर अधिक मिलने से तकनीकी चुनौतियां सामने आईं, जिसके चलते डिजाइन में बदलाव करना पड़ा। सुरक्षा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा है। सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं और परियोजना को शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। -पुनीत गुप्ता, एयरपोर्ट निदेशक
टनल निर्माण स्थल पर वाटर लेवल बहुत ऊपर है। इस कारण काम में बाधा आ रही थी। हालांकि, दोबारा काम शुरू होने के बाद से कोई समस्या नहीं है। दिक्कतों को दूर कर लिया गया है। -अरुण कुमार, पीडी, एनएचएआई