सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accident three dead former manager arrested for fraud of 2 crore rupees

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन की मौत, दो करोड़ की ठगी में पूर्व मैनेजर गिरफ्तार; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 13 Feb 2026 05:15 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी में रामनगर, सारनाथ और भेलूपुर थाना क्षेत्र में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दो करोड़ की ठगी मामले में लंका पुलिस ने होटल के पूर्व मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Accident three dead former manager arrested for fraud of 2 crore rupees
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: लंका पुलिस ने होटल प्रकाश पैलेस के पूर्व मैनेजर हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ट्रैवल में गाड़ियां चलाने के नाम पर लोगों से उनकी गाड़ियां लेकर कम दाम में बेचकर दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी मूल रूप से सफदरजंग इंक्लेव साउथ वेस्ट दिल्ली का रहने वाला है। वर्तमान में रोहित नगर, नरिया में रह रहा था।

Trending Videos


होटल में मैनेजर रहते हुए उसने लोगों को झांसे में लेकर उनकी गाड़ियां ट्रैवल में चलाने और हर महीने तय रकम देने का लालच दिया। इसके बाद वह गाड़ियों को चोरी-छिपे बेच देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ लंका थाने में नौ और कानपुर के चकेरी थाने में तीन प्राथमिकी दर्ज हैं। 20 दिन से लगातार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने उसे लंका क्षेत्र से गिरफ्तार किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सात गाड़ियां बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट व संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी का कानपुर की एक युवती से प्रेम संबंध है और उसे लाखों रुपये दे चुका था। थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास और धोखाधड़ी के मामलों की जांच की जा रही है।

श्रीलंकाई महिला पर्यटक की मौत
दर्शन करने आई 80 साल की वृद्ध श्रीलंकाई महिला पर्यटक जाशीगेंज डान विमलावथी की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सरायमोहाना तथागत घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। श्रीलंका से 45 सदस्यीय दल 10 फरवरी को सारनाथ में चौखडी स्तूप के सामने जीसी इन होटल में ठहरा था। मूलगंध कूटी बौद्ध मंदिर में शाम को दर्शन पूजन कर जैसे बाहर निकला दल में शामिल जाशीगेंज डान विमलावथी गिर पड़ीं। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया की एंबुलेंस से उन्हें प. दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

योगा टीचर की पत्नी ने फंदा लगाकर दी जान
रामनगर के श्मशान घाट रोड पर महेशपुरम कॉलोनी क्षेत्र में अंकिता पांडेय (30) ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच के बाद शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोखरी आराजी इशापुर सिधौना गाजीपुर निवासी मृतका के पति सुधांशु पांडेय ने बताया कि वह श्मशान घाट के पास आश्रम में योग सिखाते हैं। महेशपुरम कॉलोनी में किराये पर रहते थे। बृहस्पतिवार शाम अंकिता के भाई के साथ आश्रम गये थे। शाम साढ़े छह बजे घर पर लौटे तो अंदर से दरवाजा बंद था। खिड़की से झांक कर देखा तो अंकिता का शव दुपट्टा के सहारे पंखे से लटका था। उसने ऐसा क्यों किया ये समझ में नहीं आ रहा है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

स्नान के दौरान गंगा में डूबा युवक मां के साथ आया था वाराणसी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदारघाट के सामने गंगा में स्नान करते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष कुमार (18) निवासी धनबाद झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने खोजबीन कर शव को बाहर निकाला। परिजनों के अनुसार, आयुष दो दिन पहले अपने नाना उपेंद्र सिन्हा, मां आरती सिंह और नानी के साथ काशी भ्रमण के लिए वाराणसी आया था। 

बृहस्पतिवार सुबह वह केदारघाट पर गंगा स्नान कर रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। डूबता देख घाट किनारे मौजूद नाना उपेंद्र सिन्हा ने शोर मचाया। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आयुष गहरे पानी में समा चुका था। 

सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद युवक का शव बरामद किया गया। हादसे के बाद मां का रो-रोकर हाल बेहाल था। जवान बेटे को पकड़कर रोती रही। नाना गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि आयुष इंटरमीडिएट पास करने के बाद पायलट बनने की तैयारी कर रहा था। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

साली की शादी में बिहार गए सेल्स मैनेजर के घर नकदी समेत 13 लाख की चोरी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी बेलवा बाबा सोयेपुर निवासी सेल्स मैनेजर कुमार मिश्रा के घर को खंगाला। नकदी समेत 13 लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए। भुक्तभोगी ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में तहरीर दी। मूलरूप से कमालपुर, चंदौली निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा न्यू कॉलोनी बेलवा बाबा सोयेपुर में सपरिवार रहते हैं। एक ऑटो मोबाइल कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। 

10 फरवरी की सुबह पत्नी और बेटी के साथ आरा, बिहार में साली की शादी में शामिल होने गए थे। घर की देखरेख के लिए उन्होंने पड़ोस के अस्पताल में कार्यरत गौतम यादव को जिम्मेदारी सौंपी थी। 11 फरवरी की रात 10.40 बजे जब परिवार लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। 

चोरों ने आलमारी से सोने चांदी के गहने और नकदी चुरा ली थी। जिसकी कीमत 12 लाख रुपये आंकी गई। वहीं, घर की देखभाल करने वाले गौतम यादव ने पुलिस को बताया कि रात दो बजे अस्पताल में इमरजेंसी आने के कारण वह चला गया था। इसके बाद चोरी हुई। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

अधिवक्ता की हत्या के विरोध में पूर्ण न्यायिक बहिष्कार
रामपुर में अधिवक्ता फारुख अहमद खां की गोली मारकर हत्या और अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ हुई मारपीट को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश दिखा। बृहस्पतिवार को बनारस बार एसोसिएशन और दी सेंट्रल बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक हुई। अधिवक्ताओं ने रामपुर बार एसोसिएशन द्वारा भेजे गए समर्थन प्रस्ताव का समर्थन किया और सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि रामपुर की घटना के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। बार पदाधिकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की। 

मारपीट में पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जीवधिपुर बजरडीहा निवासी खुशबू चौहान ने पति लक्ष्मण गौड़ के खिलाफ मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि बुधवार रात आठ बजे वो बच्ची को दवा दिलाने गई थी। लौटते समय पति रास्ते में गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर पीटा भी। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

बाइक टच होने के विवाद में मारपीट
सिगरा निवासी हिमांशु तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट और लूट में प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में हिमांशु ने बताया कि अपनी बाइक से रामनगर जा रहा था, रथयात्रा के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टच हो गई। इस पर बाइक पर सवार तीन युवकों ने पीटा। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

निर्माण को लेकर विवाद में मारपीट
चोलापुर थाना क्षेत्र के बसांव महवरियां गांव में जमीन पर निर्माण को लेकर हुए विवाद में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। पीड़ित सुदीप कुमार सिंह ने बताया कि 40 साल से जमीन पर काबिज हैं। 30 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे निर्माण शुरू कराया तो पड़ोसी रवि प्रकाश सिंह उर्फ बुढऊ, परिजन और कुछ अज्ञात निर्माण रोकने लगे। विरोध करने पर लाठी से वार किया। हमले में पिता भी घायल हुए। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चंद्रा बलुआ रोड पर जाल्हुपुर के संभूआ बाबा बस्ती के पास बृहस्पतिवार दोपहर कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बेचन यादव (55) निवासी रायपुर चंदौली के रूप में हुई है। टक्कर के बाद कार चालक वाहन समेत भाग निकला। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

बाउंड्री तोड़कर जमीन पर कब्जे का आरोप
चौबेपुर क्षेत्र के मोलनापुर गांव में जमीन कब्जा और बाउंड्री गिराने के आरोपी में पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई। रामजी यादव ने आरोप लगाया है कि विपक्षी लालू गिरि व अज्ञात ने उसकी जमीन पर कब्जा करने के लिए बाउंड्री गिरा दी। जबकि दो वर्ष पूर्व अपनी पत्नी विद्या देवी के नाम से मोलनापुर व चन्द्रावती मौजा में जमीन खरीदी थी। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

पिकअप ने खड़ी कार को मारी टक्कर, तीन वाहन क्षतिग्रस्त
चौबेपुर क्षेत्र के सन्दहाँ गांव में बृहस्पतिवार दोपहर में पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से कार आगे खड़े वाहन से जा टकराई, जिससे तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।शंकर नगर कॉलोनी शिवपुर निवासी डॉ. संजीव कुमार सिंह कार से आशापुर से संदहा की ओर जा रहे थे। बजरंग नगर कॉलोनी बोर्ड के पास एक कार को देख उन्होंने अपनी कार रोक दी।

इसी दौरान पीछे से आई पिकअप ने कार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक आजाद प्रताप यादव निवासी रामपुर पतारी गाजीपुर वाहन छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

चोरों ने मंदिर से चांदी की आंखें चुराई
राजातालाब थाना क्षेत्र के भैरव तालाब स्थित काल भैरव मंदिर में बुधवार की रात चोर ने मंदिर में स्थापित भगवान काल भैरव की प्रतिमा पर लगी चांदी की आंख चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार को मंदिर के पुजारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुजारी ने बताया कि मंदिर पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर भैरव तालाब के किनारे स्थित है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। 

हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
सुसुवाही स्थित मनोरथपुरी कालोनी से हत्या के प्रयास के आरोपी रौनक मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार किया और जेल भेजा। आरोपी रौनक मिश्रा कुशहा चुनार मिर्जापुर निवासी है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दो दिन पहले चितईपुर थाने हत्या का प्रयास में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

मारपीट में एक घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के टीकरीकला गांव में बुधवार की शाम हुई मारपीट की घटना में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। कन्हैया प्रजापति ने पुलिस को दिये तहरीर में आरोप लगाया कि वह गांव में ही एक दुकान पर बैठा था। पड़ोसी हिमांशु प्रजापति ने छोटी बात को लेकर ईंट से हमला कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। 

युवती को आशीर्वाद देना साधू को पड़ा भारी, वीडियो वायरल
गंगामहल घाट पर बृहस्पतिवार की शाम साधु से एक युवती ने बदसलूकी की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवती साधु के पास फोटो खींचने के लिए पहुची थीं। साधु ने अपने पास मौजूद मोर पंखी से उसे आशीर्वाद दिया। जिससे युवती भड़क गई और साधु के साथ बत्तीमीजी करने लगी। थान प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया मामले की जांच की जायेगी। 

दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति, सास-ससुर समेत सात पर मुकदमा
चौबेपुर क्षेत्र के भगतुआ गांव निवासी अंजली तिवारी ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया और पति, सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

बताया कि उसकी शादी चंदौली निवासी अमन दुबे के साथ हुई है और शादी में 25 लाख रुपये नकद, एक कार, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने 25 लाख रुपये मांग रहा। इनकार करने पर प्रताड़ना दी जा रही है। 23 अक्टूबर 2025 को उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद पति ने फोन पर उसे साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। 

मकान में चोरी करने वाले अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के बंगाली कालोनी भगवानपुर (विवेकानन्द कालोनी) के रहने वाले डॉ. विशेष कुमार श्रीवास्तव के घर का ताला तोड़कर चोरों ने कीमती गहने और नकदी गायब कर दिए। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के मुताबिक, 4 फरवरी की शाम को अपनी पत्नी के साथ घर में ताला बंद करके एक रिश्तेदार के यहां चले गए थे। मुख्य गेट का ताला भी बाहर से बंद था। फिर देर रात लौटे तो मेन गेट का ताला बंद था, लेकिन कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने सभी सामान अस्त व्यस्त कर दिया था। कमरे में रखी आलमारी का लॉक तोड़कर चोरों ने कीमती गहने और सात हजार रुपये नकद चुरा लिया। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में बृहस्पतिवार को लंका पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। 

जाम से निजात : ई-रिक्शा बैन होने से मरीजों को मिली राहत
शहर में जाम के लिए बदनाम हो चुके लंका क्षेत्र में पुलिस ने ई-रिक्शा पर एक दिन पहले प्रतिबंध लगाया था। जिसकी वजह से बृहस्पतिवार को जाम से राहत मिली। बैन के बावजूद कुछ ई-रिक्शा चालक मुख्य मार्गों पर आने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के कारण वहां स्थिति नियंत्रण में रही। लंका के सामान्य रहने से बीएचयू जाने वाले हजारों छात्रों, अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर पहुंचने वाले मरीजों ने राहत की सांस ली, जिन्हें अकसर चौराहे पर घंटों जाम में फंसना पड़ता था। 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जाम से निजात के लिए ई- रिक्शा को प्रतिबंधित किया गया है, लेकिन उस पर कोई मरीज सवार है तो उसे किसी भी स्थिति में रोका नहीं जाएगा। मरीजों की सुविधा के लिए ही इस प्रकार के नियम लाए गए हैं। बृहस्पतिवार को लंका को छोड़कर शहर के अन्य महत्वपूर्ण जंक्शन पर हालात जस के तस बने रहे। मैदागिन, लहरतारा, मंडुआडीह, सिगरा और सुंदरपुर जैसे इलाकों में सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। संकरी गलियों और सड़कों पर ई-रिक्शा की अनियंत्रित आवाजाही और बीच सड़क पर सवारी उतारने-चढ़ाने की प्रवृत्ति ने जाम की समस्या को और गंभीर बना दिया है।

प्राथमिक विद्यालय बबियाव में चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के बबियाव गांव के प्राथमिक विद्यालय में बुधवार देर रात चोरी हुई। चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलिंडर, गैस चूल्हा, बर्तन सेट और खाद्य सामग्री उठा ले गए। प्रधानाध्यापिका ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।

शहीद जवान को पूर्व सैनिकों ने दी श्रद्धांजलि
चोलापुर ब्लॉक के रामपुर गांव के ऑर्डिनरी लेफ्टिनेंट देवराज पाल को 433 फील्ड हॉस्पिटल से लखनऊ डिपो ले जाते समय ट्रेन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सूचना पर पूर्व सैनिक समाज ट्रस्ट के पदाधिकारी ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रिटायर्ड सूबेदार मेजर राजबलि पाल, नायक सूबेदार रामदयाल यादव, कैप्टन बड़े लाल यादव, हवलदार राजेश यादव, सुनील जैसवाल मौजूद रहे। 

एसएससी परीक्षा देने घर से निकला छात्र लापता
आदमपुर थाना क्षेत्र के दीवानगंज निवासी ऋषभ मौर्य उर्फ अमन मौर्य (24) एसएससी की परीक्षा देकर घर नहीं लौटा। ऋषभ के पिता अंबिका मौर्य ने आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिजनों ने आशंका है कि प्रयागराज से लौटते वक्त ऋषभ का अपहरण कर लिया गया है। अंबिका ने पुलिस को बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बस में बैठकर वाराणसी के लिए निकला था। परिजनों से बातचीत भी की और नाश्ता करने की जानकारी दी, लेकिन इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। थाना प्रभारी आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि मोबाइल लोकेशन सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। 

21 साल का युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, अपहरण की आशंका
चोलापुर थाना क्षेत्र के दशनीपुर गांव निवासी सुशीला देवी ने 21 साल के बेटे रोहित कुमार के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत पुलिस आयुक्त से की है। रोहित 10 फरवरी को अंजना कुमारी नाम की एक महिला से मोबाइल पर बात करने के बाद घर से निकला और वापस नहीं लौटा। पीड़ित मां ने अंजना कुमारी और उसके परिवार के सदस्यों पर रोहित को अगवा करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके पास घटना से संबंधित कॉल रिकॉर्डिंग्स हैं, जिसमें आरोपी महिला परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है।

बंद घर में चोरी, प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर के बंगाली कॉलोनी निवासी डॉक्टर विशेष कुमार श्रीवास्तव के घर में चोरी हुई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दिए तहरीर में विशेष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चार फरवरी को पत्नी के साथ घर में ताला बंद कर गए थे। रात में लौटने पर देखा कि घर का दरवाजा का ताला टूटा पड़ा था। अंदर आलमारी तोड़कर सात हजार नकद और तीन लाख के जेवरात चोरी हो गए। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

अधिवक्ता पर जानलेवा हमला
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन तुलसी नगर खोजवा निवासी अधिवक्ता शैलेंद्र प्रताप सिंह के साथ मारपीट की घटना में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी संस्कार सिंह, समृद्धि सिंह सहित अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की। शैलेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, कचहरी जाने के लिए घर से निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और चाकू व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह लहूलुहान हो गए और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। शोर सुनकर उनके भाई मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। 20 ग्राम की सोने की चेन भी लूट ले गए। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

डेबिट कार्ड चोरी कर निकाले रुपये
डेबिट कार्ड चोरी कर पैसे निकालने के मामले में अवधपुरी कॉलोनी कंचनपुर बीएलडब्ल्यू निवासी पीड़िता नीतू यादव की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता का आरोप है कि उसका डेबिट कार्ड चोरी कर 69500 रुपये निकाल लिए गए। कार्ड 10 फरवरी को लंका के माधव मार्किट से चोरी हुआ। उसी दिन शाम को खाते से 30000 रुपये निकाल लिए गए और 32000 का ट्रांजेक्शन किया गया। इसके अलावा भी पैसे निकाले गए। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है। 

नकदी सहित आभूषण चोरी, प्राथमिकी दर्ज
पहाड़िया के लॉन में शादी समारोह में नकदी और आभूषण से भरा बैग चोरी हो गया। पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पहाड़िया निवासी गीता देवी ने बताया कि बेटे संदीप पाटिल की शादी 17 नवंबर को हुई थी, जबकि 19 नवंबर को बहू भोज था। खाना खाते समय नकदी व आभूषण रखा बैग गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो परिजनों ने शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग देखी। 

वीडियो में स्पष्ट हुआ कि रात करीब 11:04 बजे मध्यस्थता करने वाली पिंकी पटेल के पास वह बैग था। 24 दिसंबर को जब पीड़िता ने पिंकी पटेल से पूछताछ की तो उसने जानकारी नहीं दी और उल्टे उग्र हो गई। आरोप है कि उसने अपने परिचितों को बुलाकर पीड़िता व उसके परिजनों को धमकी भी दी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पिंकी पटेल, उसकी मां और पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

बीएचयू परिसर में मोबाइल चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, पांच मोबाइल बरामद
बीएचयू परिसर में मोबाइल चोरी की आरोपी महिला को लंका पुलिस ने महिला महाविद्यालय चौराहे के पास से गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान सीमा देवी निवासी विसरामपुर, सासाराम, बिहार के रूप में हुई है। उसके पास से पांच मोबाइल फोन मिले। पुलिस के अनुसार, महिला बीएचयू अस्पताल परिसर में मरीजों व उनके परिजनों का मोबाइल चोरी कर लेती थी। भीड़-भाड़ वाले वार्डों में लोगों को निशाना बनाती थी।

पूछताछ में स्वीकार किया कि चोरी के मोबाइल को वह कम दामों में बेच देती थी। पुलिस को मोबाइल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने सीसी कैमरों की जांच कर सीमा देवी की शिनाख्त की। महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच की जा रही है। 

नौ जुआरी गिरफ्तार, नकदी और ताश के पत्ते मिले
लंक के गोवर्धनपुर के काशीपुरम कॉलोनी में छापा मारकर पुलिस ने जुआ खेल रहे नौ जुआरियों को पकड़ा। आरोपियों के फड़ से 16,800 रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए। तलाशी में 10,820 रुपये और मिले। आरोपियों की पहचान रोहित यादव, मोहन यादव, अलियार यादव, विनोद कुमार गुप्ता, सूरज यादव, श्याम यादव, आशीष यादव, विशाल यादव और राजकुमार यादव के रूप में हुई है। सभी सीर गोवर्धनपुर के रहने वाले हैं। 

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा को सूचना मिली थी कि इलाके में जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर बीएचयू चौकी प्रभारी को टीम के साथ मौके पर भेजा गया, जहां आरोपी पकड़े गए। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा गया। 

बीएचयू में छात्रों ने सीखी कजरी, चैती और दादरा
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय की ओर से कौस्तुभ जयंती समारोह मनाया गया। पं. ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह में बनारस घराने की प्रतिष्ठित विदुषी मीना मिश्रा ने दादरा, चैती, कजरी सुनाकर छात्र-छात्राओं को उसकी उपशास्त्रीय शैली से परिचित कराया। 

होली में गाया जाने वाला दादरा मोपे डारो न रंग गिरधारी रे..., तुम राधे बनो श्याम हम नंदलाला..., फिर चैती चैत मास सैंयां नहीं अइले हो रामा जिया घबराई हैं... और अंत में कजरी जमुना किनारे पड़ा हिंडोल, कहे को मेरो पालना... और दूसरी कजरी अरे राम बरखा की आई बहार... गाकर सिखाया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने हर विधा की लय, भाव, उच्चारण, बनारसी अंग और प्रस्तुति शैली को बारीकी से समझाया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उपशास्त्रीय गायन की विविध शैलियों की व्यावहारिक समझ देकर बनारस घराने की समृद्ध सांगीतिक परंपरा को मजबूत किया गया।

सौरभ-गौरव ने दी शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति, सुप्रिया शाह ने किया सितार वादन
महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। धाम परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं दर्शकों ने भक्ति, संगीत और नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों का भावविभोर होकर आनंद लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में के वेंकट रमण घनपाठी और जेडी सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रिया शाह के मधुर एवं भावपूर्ण सितार वादन से हुआ। इसमें तबले पर विभाष महाराज ने संगत दी। रंजना राय ने लोक गायन प्रस्तुत किया। इसके बाद सौरभ और गौरव मिश्र ने कथक नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को मुग्ध कर दिया।

चौथी प्रस्तुति में शनि मिश्र ने भगवान शिव पर आधारित भक्तिमय गायन प्रस्तुत किया। उनके साथ कीबोर्ड पर मनीष मिश्र, ढोलक पर दिवाकर मिश्र, ऑक्टोपैड पर अनीश, तबले पर शिवांश तिवारी, शिवम सिंह तथा सह-गायन में मुस्कान सिंह और राही सिंह रहीं। संचालन मीनाक्षी दीक्षित ने किया। इस मौके पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार माैजूद रहे।

एएनएम व आशा कार्यकताओं को चेतावनी
सीएचसी मिसिरपुर में बृहस्पतिवार को चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. रामबली सिंह ने सभी एएनएम की बैठक कर उनके कार्यो की समीक्षा की। बैठक के दौरान टीकाकरण रिपोर्टिंग में विसंगति पाई गई। साथ ही लक्ष्य के सापेक्ष कम संस्थागत प्रसव कराने की भी बात सामने आयी। जिसपर नाराजगी जताते हुए कार्य में प्रगति न लाने पर संबंधित एएनएम का वेतन रोकने की चेतावनी दी गयी। 

साथ ही जिन आशाओं कार्यकर्ताओं द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में एक भी नसबंदी नहीं कराया गया है, उनको भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। वर्चुअल माध्यम से अधीक्षक द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की मीटिंग भी ली गई। आयुष्मान कार्ड को लक्ष्य के अनुरूप संतृप्त करने को निर्देश करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। इस दौरान एचईओ वीरेंद्र चौहान, एआरओ डा. बसंत राय आदि थे।

दिन में तेज धूप और रात को हल्की गलन
मौसम में रोज बदलाव देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को भी मौसम का मिजाज लोगों के समझ से परे रहा। दिन में हुई तेज धूप से जहां एक ओर गर्मी का अहसास हुआ। शाम को गलन से लोग परेशान दिखे। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में इस समय दिन में गर्माहट और रात में ठंड देखने को मिल रहा है। राज्य वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

विद्यापीठ में प्रोफेसरों के प्रमोशन के लिए 28 फरवरी तक आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कॅरिअर एडवांसमेंट योजना (कैस) के तहत प्रमोशन मिलेगा। इसके तहत अध्यापकों की ओर से समर्थ पोर्टल पर आवेदन-पत्र भरे जाने की अंतिम तिथि 28 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। कुलसचिव के मुताबिक संबंधित अध्यापक समर्थ पोर्टल पर आवेदन पत्र के साथ ही जरूरी अभिलेख अपलोड कर दें। समर्थ पोर्टल पर अपलोड किए गए आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी छह मार्च तक कुलसचिव कार्यालय में भेजें। 

विद्यापीठ में बीएएलएलबी-एलएलबी की परीक्षाएं 17-27 फरवरी तक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में बीए एलएलबी और एलएलबी के पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। बीए एलएलबी की परीक्षाएं 27 फरवरी और एलएलबी की परीक्षाएं 25 फरवरी तक चलेंगी। सहायक कुलसचिव (परीक्षा) अरिंदम श्रीवास्तव ने बताया कि ये सभी परीक्षाएं दोपहर एक बजे से लेकर चार बजे तक होंगी। इन तिथियों को मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र के संबद्ध महाविद्यालयों में बीए एलएलबी और एलएलबी पहले सेमेस्टर की बैक और इंप्रूवमेंट परीक्षा भी होगी।

बीएचयू के 175 छात्रों ने सीखी जीवन रक्षक तकनीक
बीएचयू के 175 विद्यार्थियों को बीएचयू के डॉक्टरों ने आपातकालीन जीवन रक्षक तकनीक सिखाई गई। बृहस्पतिवार को बीपीएड, एमपीएड और पीएचडी शोधार्थी शामिल थे। शारीरिक शिक्षा विभाग और चिकित्सा विज्ञान संस्थान की ओर से कराए गए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हृदयाघात, स्ट्रोक, अत्यधिक रक्तस्राव, घुटन, बेहोशी, सिर पर चोट आदि से उबरने और प्राथमिक इलाज की प्रक्रिया को बताया गया। सीपीआर देने का तरीका सिखाया गया। सीपीआर के साथ ही कृत्रिम श्वसन, छाती पर दाब और घुटन की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। 

युवा शक्ति राष्ट्रीय एकता की आधारशिला : डॉ. दीपमाला
मेरा युवा भारत और गृह मंत्रालय की ओर से 17वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का शुभारंभ लोहता क्षेत्र में हुआ। सात दिवसीय समारोह में पांच राज्यों के आठ जिलों से आए करीब 200 जनजातीय युवा हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपमाला सिंह बघेल ने युवाओं से संवाद करते हुए सोशल मीडिया के प्रभाव, मनोवैज्ञानिक सोच, व्यवहार, तनाव प्रबंधन, सफलता के मार्ग और उनके समाधान पर चर्चा की। 

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्रीय एकता की सबसे बड़ी आधारशिला है और सकारात्मक सोच व सही दिशा में प्रयास से युवा देश निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। स्वागत जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह और धन्यवाद ज्ञापन कपिल देव राम ने किया। इस मौके पर अनिल कुमार सिंह, कपिल देव राम, प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह, प्रो. सुधीर राय, जितेंद्र देव सिंह, इरफानुल होदा, विवेक राय, राम गोपाल सिंह चौहान रहे।

राष्ट्रपति पदक मिलने पर थाना प्रभारी का किया सम्मान

कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति पदक मिलने पर वाराणसी व्यापार मंडल ने उनका सम्मान किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में व्यापारियों ने थानेदार को दुपट्टा ओढ़ाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिवाकांत मिश्रा जैसे ईमानदार पुलिस अफसरों के कारण ही व्यापारी सुरक्षित महसूस करते हैं। इस दौरान संजय गुप्ता, मनीष गुप्ता, राजीव वर्मा, अरविंद जायसवाल मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed