{"_id":"698ee9beef92f30b9508d911","slug":"up-board-exam-2026-dm-and-municipal-commissioner-gave-tips-to-students-for-exam-in-varanasi-2026-02-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"परीक्षा पर चर्चा: ज्यादा अंक लाने के लिए रहता है घरवालों का दबाव, क्या करें? बच्चों ने अधिकारियों से पूछे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
परीक्षा पर चर्चा: ज्यादा अंक लाने के लिए रहता है घरवालों का दबाव, क्या करें? बच्चों ने अधिकारियों से पूछे सवाल
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
Published by: प्रगति चंद
Updated Fri, 13 Feb 2026 02:37 PM IST
विज्ञापन
सार
Varanasi News: पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीएम ने कहा कि अनुशासन और स्थिरता हो तभी सफलता मिलती है। केवल अच्छे अंक भविष्य को निर्धारित नहीं करते हैं।
परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा शुरू होने में पांच दिन शेष हैं। ऐसे में किसी भी बच्चे को घबराना नहीं है। पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करिए। यह बातें बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में बच्चों से कहीं। डीएम ने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अगर अनुशासन और स्थिरता हो तो सफलता निश्चित मिलती है। केवल अच्छे अंक ही हमारा भविष्य निर्धारित नहीं करते हैं। जिलाधिकारी ने बतौर मुख्य अतिथि इस कार्यक्रम को संबोधित किया। इसमें जिले के 300 से ज्यादा बच्चों ने प्रतिभाग किया।
Trending Videos
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी अपने स्कूली दिनों से लेकर कॉलेज और फिर यूपीएससी में चयन होने तक के सफर को साझा किए। उन्होंने कहा कि अपने सब्जेक्ट में रुचि दिखाइए और मेहनत कीजिए। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने भी बच्चों के सवालों के जवाब दिए। एआई के इस्तेमाल के लिए पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल तार्किकता के साथ करें तभी लाभ होगा। पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने भी बच्चों से संवाद किया। संचालन हिमांशु तिवारी ने किया। समापन राष्ट्र गान से हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
बेहतर प्रदर्शन के लिए रिवीजन और पर्याप्त नींद जरूरी
एक बच्चे ने डीएम से पूछा कि ज्यादा अंक लाने के लिए घरवाले दबाव बनाते हैं और सामाजिक दबाव भी रहता है। इस तनाव से कैसे बचें? एक ने पूछा सर जीवन में पर्सेंटेज जरूरी है या ज्ञान? एक बच्ची ने पूछा परीक्षा के पहले डिप्रेशन होता है, इससे कैसे बचें? इस प्रश्नों के जवाब में डीएम ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में सफलता के लिए निरंतर रिवीजन, संतुलित आहार, और पर्याप्त नींद जरूरी है। प्रश्नपत्र ध्यान से पढ़ें और आसान सवाल पहले हल करें। इस दौरान डीएम ने अपने स्कूल टाइम से लेकर यूपीएससी में सेलेक्शन तक के सफर और उस दौरान की चुनौतियों को बच्चों से साझा किया। परीक्षा देने वाले बच्चों को शुभकामनाएं दी।
