Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...दो लोगों की मौत, गंगा किनारे मिले शव की हुई शिनाख्त; खबरें
Varanasi News: वाराणसी के जंसा और सारनाथ थाना क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं एक मामले में परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। चौबेपुर के ढाका गांव में गंगा नदी में मिले शव की शिनाख्त हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: जंसा थाना क्षेत्र के राखी नेवादा गांव में पांच माह के बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। नेवादा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उनके पांच माह के बेटे अभियंश को एएनएम ने जन्म के बाद लगने वाला टीका लगाया था। टीका लगने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि टीका लगने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई थी और बाद में उसकी मौत हो गई। इस संबंध में सेवापुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि जन्म के बाद लगने वाले टीके पेंटा, आईपीवी और पोलियो की खुराक बच्चे को दी गई थी।
उन्होंने टीकाकरण से बच्चे की मौत के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि इसी गांव के दो अन्य बच्चों को भी टीका लगाया गया था, और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों ने टीका लगने के बाद बच्चे की मौत का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार की मौत
सारनाथ थाना क्षेत्र के वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूटहवानार के सामने बृहस्पतिवार दोपहर में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार शकील सिद्दीकी (50) की मौत हो गई। शकील ग्राम लहंग थाना जलालपुर जौनपुर के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार शकील बाइक से चौबेपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। फूटहवानार के पास सड़क किनारे खड़ी पुआल लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक लेकर टकरा गया। गंभीर रूप से घायल शकील को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी नरपतपुर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी सारनाथ पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के वाहन का शीशा तोड़कर बैग चोरी
राजातालाब थाना क्षेत्र के राजातालाब सब्जी मंडी के पास बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे चोरों ने सुमेरूपीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती की कार का शीशा तोड़कर बैग सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। तहरीर के अनुसार, स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती अपनी गाड़ी पेट्रोल पंप के पास खड़ी कर बगल स्थित सब्जी मंडी में गए थे। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो देखा कि वाहन का शीशा टूटा हुआ है और अंदर रखा बैग गायब है।
स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के अनुसार, चोरी हुए बैग में करीब 15 हजार रुपये नकद, एक चांदी का गिलास, पोस्ट ऑफिस के फिक्स डिपॉजिट से संबंधित कागजात, 15 रुद्राक्ष की माला तथा चाबी का गुच्छा रखा था। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती आहत हैं। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
कैंट रेलवे स्टेशन पर पानी का सैंपल लेने पहुंची टीम
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर लगे वाटर बूथों पर यात्रियों को किस तरह का पानी पीने को मिल रहा है, इसकी हकीकत जानने के लिए टीम ने बृहस्पतिवार को स्टेशन पहुंचकर पानी का सैंपल लिया। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे और प्रभात कुमार ने जीवाणु परीक्षण के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 2 से 5 तक बने वाटर बूथ से एक बोतल में पानी का सैंपल लिया। इसके अलावा मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शिव शंकर कुमार ने माल गोदाम रोड के पास बने पंप से रासायनिक परीक्षण के लिए जल नमूना एकत्र किया। सभी नमूनों को जांच के लिए लखनऊ की लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवती लापता, गांव के ही युवक पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित एक गांव से बृहस्पतिवार तड़के युवती घर से लापता हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ बहलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि युवती की बरामदगी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
गंगा किनारे मिले शव की हुई शिनाख्त
चौबेपुर क्षेत्र के ढाका गांव के गौरीशंकर महादेव घाट पर बुधवार की शाम गंगा नदी में मिले शव की शिनाख्त आयुष कुमार निवासी खैरखुटा थाना झंगहा गोरखपुर के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद शव मृतक के पिता को सौंप दिया गया।
श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती के साथ हेरिटेज वॉक शुरू
वाराणसी। नगर काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती के साथ प्रथम काशी हेरिटेज वॉक का शुभारंभ हुआ। इसमें पहले दिन 30 श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग किया। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि जिले में पर्यटन को गति प्रदान करने के लिए तीन प्रकार की टूरिस्ट हेरिटेज वॉक का संचालन बृहस्पतिवार से शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसमें दिव्य काशी हेरिटेज वॉक चौक स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4 से सुबह 2:20 बजे शुरू होगी। असि काशी हेरिटेज वॉक भी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर चौक गेट नंबर 4 से सुबह 2:20 बजे आयोजित होगी, जबकि ओल्ड काशी हेरिटेज वॉक राजेंद्र प्रसाद घाट से शाम 4 बजे शुरू होगी। यह हेरिटेज वॉक पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन आयोजित होगी। इसमें अलग-अलग 30-40 पर्यटक या श्रद्धालु प्रतिदिन प्रतिभाग कर सकेंगे। उप निदेशक ने बताया कि यह पहल काशी की आध्यात्मिक धरोहर, संस्कृति, इतिहास और परंपरा को प्रस्तुत करने का एक प्रयास है।
संस्कृत विश्वविद्यालय को बनाएं शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कुलाधिपति और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल ने कुलपति से विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र बनाए रखने की दिशा में प्रयास करते रहने को कहा।
कुलपति ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और पांडुलिपि संरक्षण के मुद्दे पर कुलाधिपति से बातचीत की। इस दौरान विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, अनुसंधानात्मक एवं अधोसंरचनात्मक विकास से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा हुई। उन्होंने पाठ्यक्रमों में नवाचार, शोध एवं प्रकाशन के क्षेत्र में हो रही प्रगति के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
21 मार्च को निकलेगी श्री गवरजा माता की भव्य शोभायात्रा
श्री गवरजा माता उत्सव समिति के तत्वावधान में शनिवार को अपराह्न 3 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रचार मंत्री गौरव राठी ने बताया कि यात्रा श्री काशी गौशाला, गोलघर से शुरू होकर बुलानाला, चौक, गोदौलिया होते हुए लक्ष्मीकुंड स्थित श्याम मंदिर पर समाप्त होगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इसमें राजस्थानी समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रहेगी। समिति अध्यक्ष कमल अग्रवाल और मंत्री राम बूबना ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
बीएचयू के बीएससी छात्र को आईआईटी जैम गणित में चौथी रैंक
बीएचयू से बीएससी कर रहे छात्र खुशप्रीत सिंह ने आईआईटी की ओर से आयोजित गणित की संयुक्त स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (आईआईटी जैम) में चौथा रैंक हासिल किया है। खुशप्रीत गणित से बीएससी कर रहे हैं और तीसरे वर्ष में हैं। उनकी स्कूली शिक्षा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से पूरी हुई है। खुशप्रीत के पिता हरबंश सिंह ने बताया कि बेटे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के दौरान ही गणित विषय में विशेष रुचि दिखाई थी। उन्होंने 2023 में बीएचयू में दाखिला लिया था। प्रधानाचार्य मनोहर लाल बिस्सू सहित परिवार के लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।
सुनंदा की तान और सान्याल की नाद से बाबा विश्वनाथ की ध्रुपद आराधना
हिंदू नव वर्ष के पहले दिन बाबा विश्वनाथ धाम के शिवार्चनम मंच पर संस्कृतिक संध्या का श्रीगणेश हुआ। पद्मश्री से सम्मानित हो चुके पंडित ऋत्विक सान्याल ने बाबा विश्वनाथ की ध्रुपद आराधना की। कभी शिव-शिव और शंकर-शंभू पर पं. सान्याल के नाद और अलाप तो कभी सुनंदा शर्मा की शिवमय ऊंची तान ने भक्तों को भारतीय संगीत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचय करा दिया।
पंडित सान्याल की नाद पर वाद्य यंत्रों की ताल आकाश में मंडराते बादल की चाल की तरह से आवाज करता रहा तो वहीं सुनंदा शर्मा के गायन में बज रही वायलिन ने भक्तों को संगीत से बांधे रखा। घूंघरू पहनकर शिवार्चनम मंच पर आए पंडित राजेंद्र गंगानी ने कथक नृत्य से बाबा विश्वनाथ की भक्ति की। इस सांस्कृतिक संध्या में आए भक्तों को आध्यात्म के माध्यम से शिव की पूजा के शास्त्रीय सुरों का पता लगा।
आज मालिनी अवस्थी देंगी प्रस्तुति: पद्मश्री से सम्मानित पंडित शिवनाथ मिश्र और उनके साथ देवब्रत मिश्र और कृष्णा मिश्र सितार त्रिवेणी कार्यक्रम में प्रस्तुतियां देंगे। वहीं लोक गायिका मालिनी अवस्थी भक्ति संगीत और रमा वैद्यनाथन भरतनाट्यम करेंगे।
बरेका पहुंचे राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षु अधिकारी, इंजन को बनते देखा
राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, रक्षा मंत्रालय के 17 सदस्यीय प्रशिक्षु अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बरेका का भ्रमण किया। नेशनल डिफेंस कॉलेज के कमांडेंट एयर मार्शल मनीष कुमार गुप्ता और यूपी के नोडल अधिकारी आनंद कुमार पाण्डेय के साथ बरेका पहुंचे प्रशिक्षु अधिकारियों ने यहां रेल इंजन को बनते देखा और इसके बारे में जानकारी हासिल की। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने सभी का स्वागत किया।
बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सामरिक अध्ययन के तहत भारत की औद्योगिक क्षमता, विशेषकर रेल इंजन निर्माण में तकनीकी उत्कृष्टता, गुणवत्ता मानकों एवं सुरक्षा उपायों को निकट से समझना था। मुख्य विद्युत इंजीनियर-लोको अरविंद कुमार जैन ने प्रशिक्षु अधिकारियों को लोको फ्रेम शॉप, लोको असेम्बली शॉप एवं लोको टेस्ट शॉप का विस्तृत भ्रमण कराया।
इसके बाद प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में महाप्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में बरेका की उपलब्धियां बताई। टीम में भारतीय सशस्त्र बलों के ब्रिगेडियर स्तर के वरिष्ठ अधिकारी के साथ-साथ सिविल सेवाओं के अधिकारी,श्रीलंका, मंगोलिया, मालदीव, अर्मेनिया एवं ब्राजील के सैन्य अधिकारी भी शामिल रहे।
नवरात्र में मैहर स्टेशन पर रुकेंगी कई ट्रेनें
चैत्र नवरात्र पर मैहर में माता के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से चलाई जाने वाली 20 ट्रेनें इस स्टेशन पर रुकेंगी। इनमें से कई ट्रेनें बनारस और वाराणसी स्टेशन होकर गुजरेंगी। ऐसे में माता के दर्शन के लिए जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल तक ट्रेनों का ठहराव मैहर स्टेशन पर रहेगा।
उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनल–गोरखपुर एक्सप्रेस 30 मार्च तक, 18201 दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस 28 मार्च तक, तथा 22131 पुणे–बनारस साप्ताहिक एक्सप्रेस 23 मार्च से 30 मार्च तक मैहर स्टेशन पर रुकेगी। इसके अलावा 11056 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनल ट्रेन 20 मार्च से 1 अप्रैल तक, 18202 नौतनवा–दुर्ग एक्सप्रेस 20 मार्च से 29 मार्च तक मैहर स्टेशन पर रुकेगी। वहीं 22132 बनारस–पुणे साप्ताहिक ट्रेन 25 मार्च और 1 अप्रैल को मैहर स्टेशन पर रुकेगी।
रविदास पार्क में शुरू हुआ आनंद कानन कला गुरुकुल
नव संवत्सर के शुभ संकल्प के रूप में भारतीय संस्कृति, विशेषकर काशी की संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन के उद्देश्य से प्रदर्शन कलाओं और कला साधकों को परिष्कृत करने हेतु रविदास पार्क के प्रांगण में आनंद कानन कला गुरुकुल का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण प्रत्येक दिन शाम 6 से 7 बजे संत गुरु रविदास पार्क में आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रदर्शन कलाओं से संबंधित समस्त विधाओं का प्रशिक्षण नियमित रूप से गुरु-शिष्य परंपरा आधारित शैली में प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने गुरुजनों एवं कलाकारों, डॉ. मंगला कपूर, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त जवाहर लाल, पूर्व संकायाध्यक्ष (संगीत एवं मंच कला), काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. डॉ. राजेश शाह, डॉ. रविंद्र गोस्वामी, टॉप ग्रेड कलाकार डॉ. विजय कपूर, डॉ. दिव्या श्रीवास्तव और डॉ. रागिनी सरना को बुके एवं माल्यार्पण के माध्यम से सम्मानित किया।
्र
40 विद्वानों ने किया बाल्मीकि रामायण का पाठ
श्री गणेश पूजन, पंचगव्य प्राशन व दीक्षा धारण की विधि के साथ काशी में बृहस्पतिवार को श्रीराम पट्टाभिषेक महोत्सव का शुभारंभ हुआ। लोकमंगल और विश्व कल्याण की कामना से मानसरोवर स्थित श्रीराम तारक आश्रम में चल रहे इस महाउत्सव में 40 वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चारण के साथ अग्नि की स्थापना की। पंचगव्य प्राशन की रीति के अंतर्गत मुख्य यजमान एवं आंध्रा आश्रम के प्रबंध न्यासी वी.वी. सुंदर शास्त्री को दीक्षा प्रदान की गई।
वाल्मीकि रामायण के बालकांड में वर्णित श्रीराम जन्म एवं परिणय प्रसंगों के अनुरूप श्रीराम, जानकी सहित सभी प्रमुख पात्रों के नाम से यज्ञ कुंड में आहुतियां समर्पित की गईं। विभिन्न राज्यों से आए विद्वानों ने वाल्मीकि रामायण का पारायण किया। महिलाओं ने श्रीराम जन्मोत्सव एवं विवाह कल्याणम की लोक परंपरा का निर्वहन किया। पूजन में आश्रम के प्रबंधक वी.वी. सीताराम, अन्नदानम चिदम्बर शास्त्री, सी.वी.बी. सुब्रह्मण्यम, सिवा शर्मा, पप्पू कृष्ण प्रसाद आदि उपस्थित रहे।
देवी मंदिरों के आसपास तीन शिफ्ट में सफाई
नवरात्र को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने देवी मंदिरों के आसपास साफ-सफाई की कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत तीनों शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। अधिक भीड़-भाड़ वाले मंदिरों के आसपास कूड़े के कंटेनरों को रखने और भरने पर उन्हें समय से हटाने की व्यवस्था की गई है। नौ दुर्गा और नौ गौरी मंदिरों के आसपास भी सफाई निरंतर की जा रही है। जरूरत पड़ने पर हैंड पिकिंग की व्यवस्था भी की गई है।
झाड़ू लगाकर मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और चमकदार बनाया जा रहा है। यही नहीं, जोनल अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और सुनिश्चित करें कि कहीं भी मंदिरों के आसपास गंदगी न मिले। सुबह-शाम सफाई के अलावा निरंतर कूड़ा उठान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने कहा कि नवरात्र के दौरान मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
डीआरएम ने एक अधिकारी, 38 रेल कर्मचारियों को किया सम्मानित
पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक अधिकारी और 38 रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया। इनमें रेल दुर्घटनाओं को रोकने, संरक्षा एवं सुरक्षा तथा राजस्व वृद्धि जैसे क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारी शामिल रहे।
डीआरएम ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा कि रेल कर्मचारियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है कि वाराणसी मंडल निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पांडेय, कार्यालय अधीक्षक शैलेंद्र वर्मा, संजीव कुमार, मोनल संजय इटनकर, रविशंकर दूबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
नवरात्र: सुचरिता गुप्ता ने सुरों से देवी की आराधना
नमो घाट पर नौ दिवसीय महिला कलाकारों का चैत्र नवरात्र महोत्सव शुरू हुआ। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने इसका शुभारंभ किया। महिला सशक्तीकरण के तहत पहले दिन प्रख्यात उपशास्त्रीय गायिका सुचरिता गुप्ता ने चैती और दादरा के माध्यम से देवी की आराधना की।
काशी विरासत संरक्षण समिति एवं जिला प्रशासन की ओर से आयोजित महोत्सव में सुचरिता गुप्ता ने अपने गायन से देवी की महिमा का गान किया। श्वेता मिश्रा ने दशावतार नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति दी। संयोजक प्रख्यात सरोद वादक अंशुमान महाराज ने बताया कि नौ दिनों तक प्रतिदिन महिला कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
युवक के साथ मारपीट, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
भेलूपुर थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक सेठ ने मारपीट के मामले में पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। पीड़ित के चार मार्चवह दरगाही रामलीला मैदान में बैठा हुआ था। उसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उसे जबरन पकड़कर पास के एक कमरे में ले गए। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध कर लाठी से पीटा। घटना के दौरान वह मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन कोई सहायता के लिए नहीं पहुंची।
बाद में आरोपियों ने उसे घायल अवस्था में रामलीला मैदान के पास ही फेंक दिया। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने भी मदद नहीं की। कई बार अधिकारियों के समक्ष शिकायत देकर मेडिकल जांच कराने की मांग की, लेकिन उसकी बातों को नही सुना गया। उसके पास पूरी घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और सीसी कैमरों के रिकॉर्ड है। पुलिस आयुक्त ने पुलिस को जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार, जेवरात बरामद
रोहनिया थाना क्षेत्र के देल्हना निवासी आशीष चौहान के घर से आलमारी में रखे जेवरात चोरी होने के मामले में पुलिस ने आरोपी धर्मेद्र को खुशीपुर अंडरपास गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि आशीष चौहान ने तहरीर देकर बताया था कि उनके घर की आलमारी से जेवरात गायब हो गए हैं और इस मामले में उन्होंने अपने भांजे के एक साथी पर शक जताया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया।
किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
सिंधौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक किशोरी के अपहरण और यौन शोषण मामले का आरोपी प्रिन्स कुमार को गिरफ्तार कर लिया साथ ही किशोरी को बरामद किया। इस मामले में किशोरी के परिजनों ने 14 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को राम बाबा इंटर कॉलेज के पास से पकड़ा।
डीआरएम ने एक अधिकारी, 38 रेल कर्मचारियों को किया सम्मानित
पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक(डीआरएम) आशीष जैन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक अधिकारी, 38 रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया। जिन लोगों का सम्मान हुआ उनमें रेल दुर्घटनाओं को बचाने,संरक्षा एवं सुरक्षा, राजस्व वृद्धि आदि में बेहतर कार्य किया।
डीआरएम ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा कि रेल कर्मचारियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है की वाराणसी मंडल नित नई उपलब्धिया प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा की जब पूरा देश सोता है, तब हमारे ट्रैकमैन पटरियों की सुरक्षा देख रहे होते हैं। जब त्योहारों की भीड़ होती है, तब ऑफिस स्टाफ, स्टेशन स्टाफ और सुरक्षा बल दिन-रात यात्रियों की सेवा में डटे रहते हैं।
पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिह ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पांडेय, कार्यालय अधीक्षक शैलेंद्र वर्मा, संजीव कुमार, मोनल संजय इटनकर, रविशंकर दूबे सहित 39 लोग सम्मानित हुए। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक(ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा,अपर मंडल रेल प्रबंधक(इन्फ्रा) अजय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।