Varanasi News Today: कचहरी व अधिवक्ता को बम से उड़ाने की धमकी के आरोप में अरेस्ट, हादसे में मौत; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में कचहरी और अधिवक्ता को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी युवक गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, आजमगढ़–वाराणसी मार्ग पर बुधवार तड़के हुए सड़क हादसे में ट्रक के खलासी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी निवासी भेलूपुर को फोन पर मैसेज भेजकर कचहरी समेत बम से उड़ने की धमकी देने वाले आरोपी युवक अजीत कुमार सरोज निवासी रैसीपुर सत्तनपुर को भेलूपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पड़ोसी को फंसाने के लिए ऐसा किया था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग रहा।
परिजनों के विरोध और पकड़े जाने पर लड़की के मोबाइल सिम का धमकी भरा मैसेज करने के लिए प्रयोग किया था। ताकि परिजनों को फंसा सके। मामला संज्ञान में आने के बाद श्रीनाथ त्रिपाठी ने जिला जज को पत्र लिखकर अवगत कराया। एसीपी और कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने जानकारी ली।
बताया कि उनके मोबाइल पर ये मैसेज बुधवार रात 2़ 23 बजे दिखा। लिखा था कि बनारस कचहरी को हम बम से उड़ा देंगे, तुम्हें भी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उस नंबर को ट्रेस किया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फरवरी में दो बार कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी सामने आ चुकी है।
धान लदी ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
चौबेपुर संदहा रिंग रोड के पास बृहस्पतिवार की देर शाम ट्रक के इंजन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक राजेन्द्र ने वाहन को सड़क किनारे रोककर ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में ट्रक को अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम दमकल आग पर काबू पाया। आग से ट्रक के अगले हिस्से की बॉडी, टायर तथा लदा हुआ कुछ धान जल गया।
आग की वजह से रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। चालक राजेंद्र ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के हरहुआ केंद्र से धान लोड कर डुबकियां चौबेपुर की ओर जा रहा था। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है। चालक सुरक्षित है और यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है।
होजरी की दुकान में चोरी करती दिखीं तीन महिलाओं की तलाश जारी
चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर में एक होजरी की दुकान में दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले में दुकान संचालक ने तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में दिख रही महिला व्यापार मंडल की कथित पदाधिकारी बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने जांच करने की बात कही। फुटेज में देखा गया कि तीनों महिलाओं ने बातों में उलझाया और झोले में भर लिया।
दुकान संचालक सुदीप सिंह के अनुसार, तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुईं। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला सेल्स गर्ल को अपनी बातों में उलझाए हुए है, जबकि उसके साथ आई युवती रैक से सामान उठाकर अपने झोले में भर रही है। आरोपियों ने करीब 10 हजार के सामान पर हाथ साफ कर दिया। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि महिलाओं की शिनाख्त कर जल्द ही पूछताछ की जाएगी।
डंपर की टक्कर से घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत, प्राथमिकी दर्ज
आजमगढ़–वाराणसी मार्ग पर बुधवार तड़के हुए सड़क हादसे में ट्रक के खलासी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है। लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के हुसामपुर बड़गांव निवासी दुर्गेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई दिनेश यादव ट्रक पर खलासी थे। बुधवार 25 फरवरी की भोर करीब तीन बजे वह चालक रमन यादव निवासी नटवली थाना शाहगंज जौनपुर के साथ आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रहे थे। आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास के पास सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे डंपर ट्रक में टक्कर मार दी। ट्रक के परखच्चे उड़ गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को डित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को दिनेश यादव की मौत हो गई, जबकि चालक का उपचार जारी है। लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज से जांच कर डंपर चालक और वाहन की पहचान की जा रही है।
महिला दुकानदारों में मारपीट, दो घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा अंडरपास के नीचे ठेला–पटरी लगाकर दुकान लगाने को लेकर दुकानदार आमने-सामने आ गए। दो महिला ठेला–पटरी दुकानदार आपस में भिड़ गईं। मूंगफली विक्रेता शकुंतला सरोज और चूड़ी बेचने वाली बेबी मुस्लिम के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों महिलाएं घायल हो गईं। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रित किया। स्पष्ट किया कि अंडरपास के नीचे किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दुकानों को हटवाया गया।
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को अदालत ने दी 20 साल की सजा, 65 हजार जुर्माना
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट विनोद कुमार की अदालत ने नाबालिग लड़की को भरोसे में लेकर साथ ले जाने और शारीरिक शोषण के मामले में पीएसी रामनगर निवासी आरोपी संगम कुमार को दोषी करार देते हुए 20 साल की सजा सुनाई। साथ ही 65 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। वादी ने रामनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि एक मार्च 2025 की रात 8.30 बजे नाबालिग पुत्री घर से लापता हो गई।
इससे पहले 28 सितंबर 2024 को भी वह स्कूल ड्रेस में घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी थी, जिसकी सूचना भी रामनगर थाना प्रभारी को दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी संगम कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उसकी निशानदेही पर चार दिन बाद पड़ाव क्षेत्र के एक बंद कमरे से पीड़िता को बरामद किया। वादी पक्ष ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोपी को घटना से पहले भी घर के आसपास देखे जाने की बात कही थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया।
पूर्व एएसपी वीरेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने में प्राथमिकी दर्ज
महोबा में तैनात रहे तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वीरेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में शासन के निर्देश पर जांच के बाद सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर ने प्राथमिकी दर्ज की। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की जांच में खुलासा हुआ कि निर्धारित जांच अवधि के दौरान वीरेंद्र कुमार की कुल वैध आय 1,31,53,022 रुपये थी, जबकि इसी अवधि में उन्होंने 1,55,56,718 रुपये खर्च कर संपत्तियां अर्जित कीं।
इस प्रकार 24,03,696 रुपये का व्यय उनकी ज्ञात आय से अधिक पाया गया। सतर्कता अनुभाग-3 के आदेश पर 2020 में खुली जांच शुरू की गई थी। अतिरिक्त व्यय और अर्जित संपत्तियों के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। प्रथम दृष्टया जांच में उन्हें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1) (बी) और 13(2) के तहत दोषी पाया गया है। निरीक्षक रवींद्र सिंह यादव, सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत पर पहुंची राजस्व टीम ने की जांच
बड़ागांव थानाक्षेत्र के कोईराजपुर गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत पर बृहस्पतिवार को राजस्व विभाग की टीम गांव में पहुंची। टीम ने इस दौरान कागजातों की जांच की और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। एसडीएम प्रतिभा मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम में कानूनगो भोला प्रसाद और लेखपाल आशीष कुमार पहुंचे। जांच के दौरान टीम को संबंधित जमीन पर बाउंड्री वॉल खड़ी मिली।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि राजस्व टीम के पहुंचने के बाद कोई भी निर्माण कराने वाला व्यक्ति सामने नहीं आया। कानूनगो भोला प्रसाद ने बताया कि यदि शुक्रवार तक निर्माण कराने वाला कोई भी पक्ष वैध कागजात के साथ सामने नहीं आता है, तो इसे पूर्णतः अवैध मानकर ध्वस्त कर दिया जाएगा।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर ने लाखों के गहने चोरी किए
बड़ागांव थाना क्षेत्र के तिवारीपुर (पुआरीकला) गांव में बुधवार देर रात चोरों ने घर को खंगाला। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण ले गए। पुलिस ने जांच पड़ताल की। गांव निवासी भुक्तभोगी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि तिवारीपुर पुआरीकला में उनका पैतृक मकान है। परिवार के लोग रहते है। वह शिवपुर दनियालपुर के निजी विद्यालय में शिक्षक हैं। बृहस्पतिवार तड़के परिजनों ने उन्हें सूचना दी कि उनके कमरे का ताला टूटा हुआ है। मौके पर देखा कि कमरे के अंदर रखी आलमारी का ताला टूटा पड़ा था। दो बक्से और दो अटैची घर से कुछ दूरी पर खेत में मिले। अटैचियों के ताले तोड़कर आभूषण निकाल लिए गए थे। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
शराब न दिलाने पर दुकानदार को पीटा, आठ पर प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी बाजार में चखना बेचने वाले को उधारी में ठेके से शराब न दिलाने पर बुधवार रात कुछ लोगों ने दुकान से खींचकर पीटा। परिजनों ने अंकित सिंह, बंदूक सिंह, लव कुश सिंह और सन्नी सिंह समेत आठ पर प्राथमिकी दर्ज कराई। मंगारी बाजार निवासी विष्णु (26) की देसी शराब की दुकान के पास चखना की दुकान है।
आरोप है कि चार दिन पहले कुछ लोगों ने विष्णु पर जबरन ठेके से शराब उधार दिलाने का दबाव बनाया था। इन्कार करने पर बुधवार रात सवा दस बजे सात-आठ मुंह बांधे युवक दुकान पर पहुंचे और विष्णु को बाहर खींच लिया। इसके बाद ईंट से मारपीट कर घायल कर दिया। बाबतपुर के निजी अस्पताल में प्राथमिकी उपचार के बाद बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर परिजन लेकर आए। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
नाबालिग को बहलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहलाकर ले जाने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। साथ ही नाबालिग लड़की को परिजनों को सौंपा। पुलिस को तहरीर में परिजनों ने बताया कि कॉलोनी के बाहर दुकान में काम करने वाला दिलशेर अली, 25 फरवरी को नाबालिग बेटी को घर के बाहर से स्कूटी पर बैठाकर ले गया। पुलिस ने 26 फरवरी को 10.30 बजे उसे शिवपुर रेलवे स्टेशन के पास से ढूंढ लिया। साथ ही दिलशेर अली निवासी मंगारी लल्लापुर थाना बड़ागांव को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
प्लाईवुड गोदाम से चोरी का आरोप, चौकीदार समेत 4 हिरासत में
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा मार्ग पर प्लाईवुड के गोदाम से चोरी कर माल बेचने के आरोप में पुलिस ने चौकीदार, टोटो चालक और दो फर्नीचर के दुकानदारों को हिरासत में लिया। प्लाईवुड कारोबारी मोहम्मद तुफैल हसन ने बृहस्पतिवार को तहरीर दी। आरोप लगाया कि गोदाम का चौकीदार सीसी कैमरे बंद कर चोरी से प्लाईवुड बेच रहा था। जांच में सामने आया कि चौकीदार और टोटो चालक की मिलीभगत से प्लाईवुड बेचा गया।
पुलिस ने दो अलग-अलग फर्नीचर दुकानों से दो दर्जन प्लाईवुड बरामद किए हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे पहले से गोदाम से प्लाईवुड मंगाते रहे हैं। टोटो चालक ऑर्डर पूछकर माल पहुंचाता था और भुगतान लेकर चला जाता था। कारोबारी का आरोप है कि छह महीने से मिलीभगत कर चोरी की जा रही थी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के मामले में 6 पर प्राथमिकी
मिर्जामुराद क्षेत्र के लालपुर गांव में रंजिश में अधिवक्ता जितेंद्र तिवारी के साथ मारपीट में छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। तहरीर में बताया कि वह बुधवार सुबह अपने मुवक्किल से मिलने जा रहे थे। रास्ते में संतोष तिवारी, संजय तिवारी उर्फ करिया, सतीश तिवारी, निशांत उर्फ विशाल तिवारी, ऋषभ उर्फ भानु और विपुल तिवारी उर्फ भोलू समेत अन्य ने घेर लिया। विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी से हमला कर घायल कर दिया। बीचबचाव करने पहुंची मां को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
टिकट चेकिंग में उत्कृष्ट योगदान के लिए 16 रेलकर्मी पुरस्कृत
टिकट जांच में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 16 रेलकर्मियों को उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बृहस्पतिवार को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। समारोह हजरतगंज स्थित डीआरएम कार्यालय में हुआ। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि पुरस्कृत होने वालों में वाराणसी के श्याम बिहारी यादव, संतोष कुमार, अनिल कुमार पाल, बाराबंकी के रितेश कुमार दिवाकर, लखनऊ के आरपी जुवेल, रितेश कुमार, हिंगलांशु कुमार, राहुल कुमार, लोकेश आनंद, मनीष पांडेय, जगजीवन पांडेय, अनुज कुमार सिंह, अयोध्या कैंट के राज मंगल यादव व समर बहादुर सिंह, प्रतापगढ़ के हिरेंद्र कुमार गुप्ता, सुलतानपुर के सोमेश कुमार रहे।
पटरी पर कब्जा करने के आरोप में पांच पर प्राथमिकी
काशी रेलवे स्टेशन मार्ग पर पटरी कब्जा कर दुकान लगाने वाले पांच लोगों के खिलाफ आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय की तहरीर पर राजघाट निवासी हार्डवेयर की दुकान चलाने वाले दुर्गा प्रसाद, कमलेश गुप्ता, रवि गुप्ता, विजय यादव और सब्जी की दुकान लगाने वाले कोनिया निवासी सुनील सोनकर के खिलाफ यातायात बाधित करने के मामले में आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत कार्रवाई की गई है।
नाबालिग छात्रा के अपहरण में बाल अपचारी को पकड़ा
सिंधौरा थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग छात्रा के अपहरण के मामले में पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को पकड़ा है। परिजनों ने 19 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि आरोपी ने शादी की बात कहकर भरोसे में लेकर अपने साथ ले गया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने 22 फरवरी को छात्रा को महाराष्ट्र के नासिक से सकुशल खोजा गया। 26 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर मिशन शक्ति प्रभारी की टीम ने क्षेत्र में निगरानी के दौरान आरोपी बाल अपचारी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश कर कार्रवाई की।
धोखाधड़ी कर 3.52 करोड़ हड़पने के आरोपी सेल्स ऑफिसर की जमानत खारिज
धोखाधड़ी और कूटरचना कर 3.52 करोड़ रुपये के गबन के मामले में आरोपित सेल्स ऑफिसर को अदालत से राहत नहीं मिली। फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनी, प्रयागराज निवासी आरोपी अरविंद केशरी की जमानत अर्जी खारिज कर दी। इस मामले में वादी नितिन मित्तल ने मंडुआडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप है कि उन्होंने अपनी फर्म के सामान की सप्लाई और वसूली के लिए अरविंद को सेल्स ऑफिसर नियुक्त किया था। आरोप है कि अरविंद ने अधिक धन कमाने के लालच में कई दुकानदारों के नाम पर फर्जी बिल तैयार किए और उनमें गलत जीएसटी नंबर अंकित कर कम दाम में माल बेच दिया। आरोप है कि चंद्रकांत गुप्ता, रंजीत सिंह, युवराज सिंह और सत्येंद्र जायसवाल समेत अन्य लोगों से मिलीभगत कर स्वदेशी कोनिया, संजय जायसवाल ट्रेडिंग, मेसर्स बजाज नमकीन, सीताराम राधेश्याम, सोनू किराना स्टोर, शुमन किराना स्टोर, धीरज किराना स्टोर, आर्मी कैंटीन सतावन, राहुल किराना स्टोर चोलापुर, ओम साई ट्रेडर्स और बब्लू किराना ट्रेडिंग को कूटरचित बिल से माल बेच। साजिश के तहत फर्जी बिलों के आधार पर माल लिया। उसकी रकम फर्म में जमा न कर 3 करोड़ 52 लाख 63 हजार रुपये का गबन कर लिया।
धर्म परिवर्तन के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने धर्म परिवर्तन के एक मामले में आरोपी अजय कुमार (40) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में लेकर आरोपी को जेल भेज दिया। आरोपी अजय कुमार सहारनपुर के खरजा अहमदपुर चंदेना कोली थाना देवबंद का निवासी है। जंसा थाने में अमन सेठ ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया कि गुलाब सिंह से जानकारी मिली कि अजय कुमार ने धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया। आरोपी ने कथित तौर पर 40 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया था, जिसमें से पांच हजार रुपये दिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। धर्म परिवर्तन के मामले में 24 जनवरी 2026 को विजय कुमार (42) निवासी ग्राम परमंदापुर जंसा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। प्रभारी निरीक्षक जंसा अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
संस्कृत विवि में आशापति बने प्रेस व्यवस्थापक
संपूर्णानंद संस्कृत विवि में आशापति शास्त्री ने विवि प्रेस में व्यवस्थापक की जिम्मेदारी संभाली। 2005 से वह कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर अपनी सेवा दे रहे थे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद आशापति ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटरीकरण और तकनीकी उन्नयन जरूरी है। कहा कि यूपी में केवल संस्कृत विवि ही ऐसा विवि है जहां परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों का मुद्रण यहां करवाया जाता है। आने वाले दिनों में समय-समय पर कुलपति, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक सहित अन्य अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रेस को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
फाल्गुनोत्सव में झूम उठा रोटरी वाराणसी वृंदा परिवार
रंगों और उमंगों के पावन पर्व फाल्गुन के आगमन पर रोटरी वाराणसी वृंदा क्लब की ओर से छावनी स्थित एक होटल में आयोजित फाल्गुनोत्सव सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता डॉ. आकांक्षा मिश्रा रहीं। क्लब की अध्यक्ष ललिता मोदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। सचिव राधा अग्रवाल ने सद्भाव, मैत्री और सेवा संकल्प को रोटरी की पहचान बताया। संयोजिका श्रद्धा अग्रवाल, नीरजा अग्रवाल और रूबी जैन ने हंसी-ठिठोली से भरपूर खेलों का संचालन कर सभी को आनंदित किया।
ब्रज की होली, फागुन नृत्य, शिव-पार्वती का काशी में ‘हर-हर महादेव’ उद्घोष के साथ अभिनंदन और अघोरी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। फाग गीतों की मधुर धुन पर उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में सामूहिक भोज, गुजिया और ठंडाई के साथ उत्सव का समापन हुआ। धन्यवाद सोनिका ने दिया। अलका पोद्दार, ऊषा दुबे, रीना गर्ग, डॉ. अनु, रचना, शशि, ममता, सिमरन आदि थे।
काशी विद्यापीठ में कुलपति ने छात्रों को दिया नियुक्ति पत्र
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पर्यटन अध्ययन संस्थान के 10 से अधिक छात्रों ने होटल समूहों, पर्यटन कंपनियों में रोजगार पाने में सफलता पाई है। कुलपति ने चयनित विद्यार्थियों को नियुक्ति पत्र देते हुए सफलता के लिए बधाई दी। संस्थान की निदेशक प्रो. भारती रस्तोगी ने बताया कि छात्रों को टूर ऑपरेशन, इवेंट मैनेजमेंट, पर्यटन मार्केटिंग, डिजिटल ग्रोथ एंड कन्वर्सेशन एक्जीक्यूटिव, सेल्स एंड डीएमसी एक्जीक्यूटिव, कस्टमर सपोर्ट एक्जीक्यूटिव जैसे क्षेत्रों में आकर्षक पैकेजेस के साथ नियुक्तियां मिली है।
रक्तदान करने वाले अधिवक्ताओं को कैबिनेट मंत्री ने किया सम्मानित
23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर सेंट्रल बार सभागार में अधिवक्ता उत्थान समिति की ओर से रक्तदान शिविर में अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ता रक्तदान किया। बृहस्पतिवार को दीनदयाल ऑडिटोरियम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर प्रमाणपत्र देकर अधिवक्ताओं को सम्मानित किया। अधिवक्ताओं ने कैबिनेट मंत्री से कहा कि अस्पताल का नाम पं. दीनदयाल अस्पताल के नाम से है, उसमें दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति तक नहीं है। इस पर कैबिनेट मंत्री अस्पताल परिसर में दीनदयाल की मूर्ति लगवाने का भरोसा दिया। इस दौरान सीएमएस आरएस राम, विनोद पांडे भैयाजी, सजीवन यादव, मनीष सिंह, वेद प्रकाश सिंह, राजीव सिंन्हा, उदयनाथ शर्मा, समीक्षा जैन, रितु यादव, प्रभु नारायण पांडेय, यामिनी शर्मा व राजेश मिश्रा मौजूद रहें।
एआई के प्रयोग से सुदृढ़ होंगी शैक्षणिक, प्रशासनिक सेवाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मालवीय मिशन टीचर्स ट्रेंनिग सेंटर और आईक्यूएसी की ओर से आयोजित व्याख्यान में वक्ताओं ने शैक्षणिक और प्रशासनिक सेवाओं में एआई की उपयोगिता पर चर्चा की। राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा के कंप्यूटर साइंस विभाग के डॉ. मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि एआई के प्रयोग से शैक्षणिक और प्रशासनिक सेवाएं और सुदृढ़ होगी। विशेष व्याख्यान में डॉ. मनोज कुमार मिश्र ने एआई आधारित चैटबॉट्स, प्रवेश एवं नामांकन प्रक्रिया में इसके प्रयोग के साथ ही छात्र सेवाओं में एआई पर बातचीत की।
इसके अलावा ऑनलाइन परीक्षा निगरानी, कार्यप्रवाह अनुकूलन और निर्णय समर्थन प्रणालियों की उपयोगिता भी बताई। बीएचयू शिक्षाशास्त्र विभाग के डाॅ. पंकज सिंह ने शैक्षिक डेटा माइनिंग, लर्निंग एनालिटिक्स और जोखिमग्रस्त छात्रों की पहचान के लिए प्रेडिक्टिव मॉडल्स के बारे में बताया। संचालन कंप्यूटर विज्ञान और अनुप्रयोग विभागाध्यक्ष डॉ. विजेंद्र प्रताप सिंह, सहयोग डॉ. विनय कुमार सिंह, स्वागत आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. रमाकांत सिंह, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. सुरेंद्र राम ने किया।
एक गांव, एक विद्यालय, एक शिक्षक और एक ब्लैक बोर्ड अभियान से जुड़े लोग
तीन दिवसीय केंद्रीय योजना के तहत एकल अभियान का शुभारंभ बृहस्पतिवार को मारवाड़ी भवन लक्सा में हुआ। इसमें देशभर से प्रभाग स्तर के 65 वरिष्ठ कार्यकर्ता सहभागिता कर रहे हैं। एकल विद्यालय के तहत एक गांव, एक विद्यालय, एक शिक्षक, और एक ब्लैक बोर्ड पर जोर दिया। इसके जरिए संचालित शैक्षिक व सामाजिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।
मुख्य अतिथि काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक डॉ. श्रीकांत मिश्रा ने अभियान की शुरुआत की। अभियान के केंद्रीय पदाधिकारी, ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य, पूर्वी उत्तर प्रदेश के पालक अधिकारी दयाशंकर मिश्र, सर्वेश अग्रवाल, विवेक कुमार, जगदीश झुनझुनवाला, बलराम दास, संजीव टकसाली, श्याम सुंदर प्रसाद के अलावा नगर संगठन के दानदाताओं एवं संभाग पूर्वी उत्तर प्रदेश के पालक अधिकारी नीरज ठाकुर, प्रभाग प्रमुख ओमप्रकाश आदि रहे।
स्पंदन की 10 प्रतियोगिताओं में दृश्य कला संकाय को पहला पुरस्कार
दन-2026 में विजेता दृश्य कला संकाय को 39 में से 13 में पुरस्कार मिला। 10 में पहला, दो में दूसरा और एक में तीसरा पुरस्कार मिला। नृत्य, थिएटर साहित्य, ललित कला और संगीत के संयुक्त बिंदुओं के आधार पर विजय मिली। ललित कला की सभी प्रतिभाओं में फैकल्टी के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सांस्कृतिक वास्तुकला, संगीत, नृत्य, थिएटर आदि अन्य चीजों में पहला स्थान मिला। दृश्य कला के सहयोगियों सहित 91 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विशेषज्ञ प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित सहित अन्य प्रोफेसरों की टीम ने जीत के लिए रणनीति बनाई। संचालन स्पंदन टीम लीडर मोनाली सिंह, सह-लीडर अनिकेत रजक और आकाश वर्मा ने किया।
बीएचयू के प्रोफेसरों को एक करोड़ का बीमा
बीएचयू के स्थाई कर्मचारियों को अब इंश्योरेंस का कवर मिलेगा। ग्रुप ए के अधिकारियों और प्रोफेसरों को 1 करोड़ रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा, जबकि ग्रुप बी, सी और डी के कर्मचारियों के लिए यह राशि 50 लाख रुपये होगी। ग्रुप ए के कर्मचारियों का मासिक प्रीमियम 1,500 रुपये होगा, जबकि अन्य कर्मचारियों का 750 रुपये। यह राशि सीधे वेतन से काटी जाएगी और अप्रैल के वेतन से लागू होगी। कुलसचिव की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि यदि कोई स्थाई कर्मचारी या प्रोफेसर इस बीमा का लाभ नहीं लेना चाहता है, तो वह वित्त कार्यालय को 10 मार्च से पहले सूचित कर सकता है।
कई काॅलोनियों में तीन घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर-आजमगढ़ मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का काम करवाया जा रहा है। इसमें बाधक बनने वाले पोल और तार को शिफ्ट करने के लिए बिजली निगम की ओर से दोपहर 12 से 3 बजे तक शटडाउन लिया गया है। अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पांडेयपुर उपकेंद्र के लालपुर फीडर के साथ ही अकथा, भक्तिनगर फीडर से जुड़े अकथा गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, भक्ति नगर, विश्वनाथपुर में बिजली नहीं रहेगी।
राज्यमंत्री ने किया श्रद्धालुओं को दिया प्रसाद
गिरजाघर चौराहे पर मारवाड़ी युवा फाउंडेशन की ओर बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं के बीच शिव प्रसादम का वितरण हुआ। आयुष मंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने श्रद्धालुओं को प्रसाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सेवा से जुड़े आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एक-दूसरे के प्रति सहयोग और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। इस मौके पर कन्हैया लोहिया, उमेश जोगई, गौरव राठी, प्रमोद राय, सुनील मिश्रा, सौरभ राय, विशाल रघुवंशी, आकाश सेठ आदि मौजूद रहे।
आईआरटीएस ट्रेनी से मिले छावनी बोर्ड के सीईओ
रक्षा संपदा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं छावनी बोर्ड के सीईओ सत्यम मोहन ने बृहस्पतिवार को आईआरटीएस ट्रेनी अधिकारियों के साथ बैठक कर रक्षा संपदा से जुड़े बिंदुओं पर बातचीत की। भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के 2023 और 2024 के नौ प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ बैठक में सीईओ ने कहा कि सिविल सेवा में ईमानदारी, समर्पण और कर्मठता बहुत जरूरी है। उन्होंने रेलवे और रक्षा संपदा के बीच जमीन से संबंधित मुद्दों को नई तकनीक पर चर्चा की। इसमें जियो मैपिंग, ड्रोन सर्वे, सेटेलाइट इमेजरी आदि की मदद से समस्याओं को हल करने की जानकारी दी। इस दौरान स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता मौजूद रहे।
कवि धूमिल की पत्नी मूरत देवी का मणिकर्णिका घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
प्रख्यात जनकवि सुदामा पांडे 'धूमिल' की पत्नी मूरत देवी का बुधवार की देर रात 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। बृहस्पतिवार को उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ रही। उनकी शवयात्रा में ग्रामीणों के अलावा साहित्यकारों आदि लोगों शामिल हुए। मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके बड़े पुत्र रत्नशंकर पांडेय ने मुखाग्नि दी।
मूरत देवी अपने पीछे ज्येष्ठ पुत्र रत्नशंकर पांडेय, छोटे पुत्र आनंद शंकर पांडेय और एक पुत्री से भरापूरा परिवार छोड़ गईं। बुधवार को देर रात उनके पैतृक आवास खेवली में निधन हो गया था। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। बृहस्पतिवार को दोपहर में उनकी अंतिम यात्रा पैतृक गांव से मणिकर्णिका घाट से लिए निकली, जहां उनका अंतिम संस्कार हुआ। मूरत देवी सरल, धार्मिक एवं मृदुभाषी स्वभाव की थीं। जनकवि धूमिल के साहित्यिक जीवन के संघर्षपूर्ण दौर में उन्होंने सदैव प्रेरणा स्रोत के रूप में उनका साथ दिया। उनके निधन से साहित्य प्रेमियों और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।
धूमिल हिंदी साहित्य में अपनी चर्चित कृति संसद से सड़क तक के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। जिसमें व्यवस्था, राजनीति और आम आदमी की पीड़ा को मुखर स्वर मिला है। इसके अलावा कल सुनना मुझे तथा सुदामा पांडेय का प्रजातंत्र जैसी कृतियां भी उनकी जनपक्षधर कविता की पहचान हैं। शव यात्रा में जिला पंचायत सदस्य सुनील सिंह, अमरनाथ सिंह, आनंद प्रकाश तिवारी, डॉ. महेंद्र राय, धीरेंद्र नारायण दुबे आदि शामिल रहे।
