Varanasi News Today: शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी, विवाहिता सहित पांच लोगों की मौत; खबरें
Varanasi News: वाराणसी के मिर्जामुराद, चौबेपुर, जैतपुरा और सारनाथ थाना क्षेत्र में हुए हादसों में महिला समेत पांच लोगों ने जान गंवा दी। वहीं, मंडुवाडीह पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव स्थित नहर किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के सिर और सीने पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि पास की जमीन पर खून भी पड़ा था। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना पर एसीपी राजातालाब, फोरेंसिक टीम और मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सर्पदंश से विवाहिता की मौत, फूल तोड़ने गई थी
चौबेपुर के नरायनपुर गांव में सर्पदंश से नवविवाहिता जूही चौहान (21) की मौत हो गई। जूही सुबह बाग में फूल तोड़ने गई थी। एक विषैले सर्प ने उसकी कलाई पर डंस लिया। तबीयत बिगड़ने और अचेत होने पर परिजन पहले उसे झाड़-फूंक के लिए ले गए। हालत गंभीर होने पर बाद में जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन उसे गाजीपुर के अमवा की सत्ती माई मंदिर ले गए, लेकिन वहां भी कोई राहत नहीं मिली। जूही का विवाह नवंबर 2025 में सिंधोरा क्षेत्र के जाठी गांव में हुआ था। अभी उसका गौना नहीं हुआ था। बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अंतिम संस्कार के लिए उसका पार्थिव शरीर अपने साथ ले गए।
वरुणा नदी में मिला युवक का शव
जैतपुरा थाना क्षेत्र के नमरीबाग पुल पटरी के पास वरुणा नदी में धीरज सरोज (30) का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नमरीबाग निवासी धीरज सरोज पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह कुछ समय से बीमार था।
शुक्रवार शाम दवा लेने के बाद घर लौटा था। शनिवार सुबह टहलने निकले लोगों ने नदी में शव उतराता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर कार्रवाई की। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। मृतक के भाई नीरज सरोज की तहरीर पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारणों का पता चल सकेगा।
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत
चौबेपुर के उमरहां के स्वर्वेद महामंदिर के सामने शनिवार शाम 6 बजे सड़क हादसे में बाइक पर सवार सोफिया (30) की मौत हो गई। गाजीपुर के उचौरी भीमापार निवासी मुहम्मद आजाद, जो सऊदी अरब में नौकरी करते हैं, इन दिनों घर आए हुए हैं।
पत्नी सोफिया और तीन बच्चों के साथ बाइक से स्वर्वेद महामंदिर घूमने आए थे। लौटते समय उमरहां नहर के पास सामने से आ रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सोफिया सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल चिरईगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया। चालक मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालाक की तलाश की जा रही है।
पेड़ से टकराई बाइक, युवक की इलाज के दौरान मौत
तिब्बती बौद्ध मंदिर के पास बीती देर रात तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई। बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। शनिवार को एक युवक की मौत हो गई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के अनुसार, मृतक अभिषेक मौर्य (25) नवापुरा का निवासी था, जबकि रमाशंकर (28) मूलरूप से मुगलसराय चंदौली का रहने वाला है और सारनाथ के जवाहर नगर में किराये के मकान में रहता है।
दोनों शुक्रवार देर रात बाइक से जा रहे थे। दोनों के नशे में होने की बात सामने आई है। तिब्बती बौद्ध मंदिर के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। परिजनों ने बिना सूचना दिए मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। अभिषेक दो भाइयों में सबसे छोटा था। मामले की जांच की जा रही है।
शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी, गिरोह का किया भंडाफोड़
मंडुवाडीह पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले म्यूल अकाउंट संचालक अंकित कुमार मौर्या के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, साथ ही मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार, चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम नोनार और वर्तमान में सिगरा निवासी अंकित कुमार मौर्या अपने मोबाइल नंबर से एक व्हाट्सएप ग्रुप चलाता था। लोगों को शेयर बाजार में भारी मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाकर समूह से जोड़ता और विभिन्न कंपनियों के शेयरों में निवेश की सलाह देता था।
निवेश से होने वाले कथित लाभ का हिस्सा वह बैंक खाते में जमा कराता था।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास निवेश संबंधी वित्तीय सलाह देने के लिए कोई वैध लाइसेंस, पंजीकरण या कानूनी अनुमति नहीं है। वह केवल आर्थिक लाभ के उद्देश्य से लोगों को गुमराह कर रहा था। एनसीआरबी और समन्वय पोर्टल की जांच में आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ दो साइबर शिकायतें मिलीं, जिनमें 78 हजार रुपये की धोखाधड़ी दर्ज है।
आईसीजेएस पोर्टल से यह भी पता चला कि आरोपी के विरुद्ध हरियाणा के हिसार साइबर क्राइम थाने में भी प्राथमिकी दर्ज है। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
चेक बाउंस मामले में आरोपी गिरफ्तार
चेक बाउंस के मामले में आरोपी सुमित यादव को फूलपुर पुलिस ने शनिवार सुबह गिलट बाजार में जिम के पास से गिरफ्तार किया। सुमित के खिलाफ एसीजेएम चतुर्थ की कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था। फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आराेपी बड़ागांव थाना क्षेत्र के पूरबपुर निवासी है। एनआई एक्ट संबंधित मामले में वांछित था।
हेरोइन तस्करी में महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
हेरोइन तस्करी में महिला समेत तीन आरोपियों को लंका पुलिस ने शनिवार को सामनेघाट के शिवाजी नगर कॉलोनी से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से नौ ग्राम हेरोइन मिली। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के भभुआ के कोधरी गांव का निवासी प्रकाश उपाध्याय, छित्तूपुर निवासी मनोज चौरसिया और शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी सुनैना मौर्या हैं। पूछताछ में प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि वह और मनोज चौरसिया, सुनैना मौर्या से हेरोइन खरीदते हैं। वह हेरोइन की पुड़िया बनाकर बेचते हैं। सुनैना मौर्या से हेरोइन खरीदने ही आए थे।
फर्जी खतौनी से बंजर जमीन बेचने की कोशिश
सारनाथ थाना क्षेत्र में कूटरचना और जालसाजी कर बंजर भूमि को अपने नाम दर्ज दिखाकर बेचने और बयाने की रकम हड़पने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर आरोपी सुधिराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। चिरईगांव निवासी दिनेश कुमार मौर्य ने तहरीर में आरोप लगाया कि चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरियासनपुर निवासी सुधिराम ने अकथा में एक भूखंड को अपना बताकर उसके नाम दर्ज खतौनी दिखाई और दो लाख बयाने के रूप में लिए।
बैनामे से पहले अधिवक्ता के माध्यम से जांच कराने पर पता चला कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में बंजर दर्ज है। साथ ही, आरोपी की ओर से उपलब्ध कराई गई खतौनी भी फर्जी निकली और उसमें दर्शाई गई भूमि दूसरे गांवों की पाई गई। थाना प्रभारी प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है।
गैंगस्टर एक्ट में वांछित चंदौली से गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित मनीष सिंह को शुक्रवार रात चंदौली के कटरिया पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र का निवासी है। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रामनगर थाने में गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज था। मनीष पर विभिन्न थानों में पांच मामले दर्ज हैं।
मासूम के पैरों पर डंपर चढ़ाने के मामले में प्राथमिकी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव के बंगलाचट्टी बाजार में पांच साल की बच्ची के दोनों पैरों पर डंपर का पहिया चढ़ने के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। रिंकू की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि दो जुलाई को दोपहर एक बजे उनकी पांच साल की भतीजी अन्नू घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान डंपर चालक ने पहिया दोनों पैरों पर चढ़ा दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।
छेड़खानी, विरोध पर तेजाब फेंकने की धमकी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में महिला से छेड़खानी, अश्लील हरकत और विरोध करने पर जान से मारने व तेजाब फेंकने की धमकी के आरोप में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता की तहरीर के अनुसार, 30 जून की शाम सात बजे वह शौच से लौट रही थी। आरोप है कि क्षेत्र निवासी कमलेश यादव ने उसका हाथ पकड़कर खींच लिया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। कपड़े भी फाड़ दिए गए। शोर सुनकर उसकी ननद मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच जारी है।
उधार का पैसा मांगने पर दंपती से मारपीट
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर गांव में उधार दिए गए गेहूं और खाद का पैसा मांगने पर दंपती की पिटाई कर दी। पीड़िता हीरावती देवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के संजय सिंह, गिरजा सिंह, पारस और मनीष सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि पति पंचदेव राजभर की ओर से उधार की रकम मांगने पर चारों ने गाली-गलौज कर मारपीट की, जिससे पंचदेव की आंख के ऊपर चोट आई। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि जांच की जा रही है।
फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन पर कब्जे का प्रयास
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास के मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। लालपुर निवासी ओम प्रकाश सिंह ने शिकायत में बताया कि उन्होंने मढ़वा की भूमि विक्रय पत्र से खरीदी है और वह उसके रिकॉर्डेड काश्तकार व कब्जेदार हैं।
आरोप है कि छन्नू समेत पांच लोगों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सात नवंबर 2025 को फर्जी विक्रय अनुबंध विलेख पंजीकृत करा लिया, जबकि छन्नू का भूमि पर कोई वैध अधिकार नहीं था। 23 जनवरी 2026 को आरोपी जमीन पर कब्जे की नीयत से पहुंचे, विरोध करने पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
सौरभ हत्याकांड : मुख्य आरोपी बबलू सिंह गिरफ्तार
सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझांवा गांव में जमीन के विवाद के दौरान हुई सौरभ सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुख्य नामजद आरोपी बबलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दो जुलाई को पट्टीदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जमीनी विवाद को लेकर हुए विवाद में सौरभ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक अन्य नामजद आरोपी हरिओम सिंह अभी भागा है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यात्रियों से रुपये मांगने में 6 किन्नर पकड़े गए
बनारस रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को 6 किन्नरों को आरपीएफ ने पकड़ा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि इन पर प्लेटफॉर्म नंबर 6-7 पर महानगरी और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों से अवैध रूप से धन की वसूली करने, रेलवे परिसर में उपद्रव के मामले में कार्रवाई की गई है।
पहचान अपडेट कराने के नाम पर 72072 ट्रांसफर
केवाईसी अपडेट के नाम पर साइबर जालसाजों ने यूको बैंक के ग्राहक के खाते से 72,072 रुपये निकाल लिए। मीरघाट निवासी हरेराम ठाकुर ने चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित हरेराम ठाकुर मीरघाट, दशाश्वमेध के निवासी हैं और उनका यूको बैंक की चौक शाखा में खाता है। पीड़ित के अनुसार, 23 जून 2026 को उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और ग्राहक पहचान प्रक्रिया अपडेट कराने के लिए कहा।
जालसाजों ने बैंक खाते का एक बार का पासवर्ड मांग लिया। पीड़ित ने कॉल करने वाले को वास्तविक बैंक कर्मी समझकर एक बार का पासवर्ड साझा कर दिया। पासवर्ड मिलते ही कई किस्तों में 72,072 रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित कर लिए। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पोखरे के पास संदिग्ध युवक पकड़े गए
रंगील दास पोखरे के पास शनिवार को लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पांच युवकों को देखा। शक होने पर लोगों ने उनका पीछा किया, जिसमें तीन युवकों को पकड़कर सारनाथ पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि दो युवक भाग निकले। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ की जा रही है।
घर लौट रहे युवक को पीटा
घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कैंट पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। रोहित पासी ने तहरीर में आरोप लगाया तीन लोगों ने मारपीट की और जाते वक्त जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
12 लाख रुपये हड़पने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
पैतृक जमीन वापस दिलाने के नाम पर 12 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में पीड़ित के मामा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायतकर्ता मुमताज अहमद, निवासी बजरडीहा वर्तमान पता गांधी नगर पूर्वी दिल्ली ने आरोप लगाया कि वह रोजगार के सिलसिले में परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं।
थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मोहम्मद शमीम के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, चोलापुर में बड़ौदा यूपी बैंक की नियारडीह शाखा में शिकायतकर्ता पप्पू गोड़ ने कर्मचारियों की मिलीभगत से तीन नामजद समेत चार लोगों संकट मोचन, बुलेट यादव, प्रदीप कुमार माली व एक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई। पप्पू ने बताया कि आरोपियों ने गरीब व अनपढ़ लोगों को निशाना बनाया।
वीडीए की ओर से चिह्नित 355 में से दो काॅलोनियां होंगी वैध
शहर की दो कॉलोनियों को सशर्त वैध किया जाएगा। इसके लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने मंजूरी दे दी है। अब तक वीडीए ने 355 कॉलोनियों को चिह्नित किया है। इनमें गौतम नगर और श्याम नगर कॉलोनियों को नियमित (वैध) किया जाएगा।
हालांकि, इन कॉलोनियों में पक्की सड़क, पेयजल पाइपलाइन, सीवेज सिस्टम और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास कॉलोनाइजर को अपने स्तर पर कराना होगा। नियमानुसार यदि किसी कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, तो उन्हें स्थानीय निकाय (नगर निगम, नगर पालिका या विकास प्राधिकरण) की ओर से विकसित कराया जाता है।
दो कॉलोनियों को नियमित किया जाना है। कॉलोनाइजर सभी नियमों का पालन करते हुए इन कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं का विकास करेंगे। इसके बाद परीक्षण कर उन्हें नियमित किया जाएगा। - पुर्ण बोरा, उपाध्यक्ष, वीडीए
अब 150 अस्पतालों से भी मिलेगा जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र
जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए नगर निगम मुख्यालय के अलावा आठ जोनल कार्यालयों और 150 अस्पतालों को भी जिम्मेदारी दी गई है। नई नियमावली के तहत अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को अनुमोदन का अधिकार दिया गया है। नई व्यवस्था को लेकर आने वाली दिक्कतों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र की नई नियमावली-2026 लागू कर दी गई है।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
तीखी धूप ने बढ़ा दी बेचैनी, अगले दो दिन तक राहत के आसार नहीं
जुलाई का पहला सप्ताह चल रहा है, लेकिन गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। तीखी धूप और उमस ने दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि उत्तरी ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसून की द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गई है।
6 से 20 जुलाई तक मिलेगा मुफ्त राशन, इस बार चीनी भी मिलेगी
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत जुलाई 2026 के मुफ्त राशन वितरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 6 से 20 जुलाई तक उचित दर की दुकानों से पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को निर्धारित मूल्य पर तीन किलो चीनी भी मिलेगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वितरण प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक उचित दर की दुकानों पर होगा। चीनी वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
कई इलाकों में 3 घंटे होगी बिजली कटौती
अनुरक्षण, मरम्मत और लाइन शिफ्टिंग कार्य के चलते रविवार को शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी कंचनपुर लाइन पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन रहेगा। इससे मड़ुआडीह, नाथूपुर कैंट, मड़ौली, सेंट जॉन्स, महेशपुर तथा आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। वहीं, पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क चौड़ीकरण के तहत बिजली लाइनों को भूमिगत किए जाने के कार्य के कारण सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक लेढूपुर, पांडेयपुर और दौलतपुर उपकेंद्रों से जुड़े आशापुर, पहड़िया, कुंती विहार, प्रेमचंद्र नगर, पांडेयपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
शैक्षिक सुधार पर विशेषज्ञ करेंगे मंथन
बीएचयू मालवीय शांति अनुसंधान केंद्र के यूनेस्को शांति और अंतर सांस्कृतिक समझ पीठ की ओर से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 6-7 जुलाई को किया गया है। इस दौरान देश-विदेश से आए विशेषज्ञ 21वीं सदी के लिए शैक्षिक सुधार पर मंथन करेंगे। यूनेस्को पीठ के चेयर प्रोफेसर प्रो. प्रियंकर उपाध्याय, मालवीय सेंटर फॉर पीस रिसर्च के प्रो. मनोज मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह सम्मेलन यूनेस्को के 2026–2027 स्मृति चक्र के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 125वीं जयंती को समर्पित है। सम्मेलन में पांच विषयगत पूर्ण अधिवेशन आयोजित किए जाएंगे।
चार स्टार्टअप्स को मिला सम्मान
आईआईटी बीएचयू के संस्थान दिवस ‘उत्थान-2026’ के तहत आयोजित स्टार्टअप पिचिंग एवं मूल्यांकन कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 39 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। इनमें से चयनित 18 स्टार्टअप्स ने निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और शिक्षाविदों की समिति के समक्ष अपने नवाचार एवं व्यावसायिक मॉडल प्रस्तुत किए। मूल्यांकन के उपरांत अंगिका कुशवाहा (काशीकारी टेक्सटाइल् प्रा. लि.) को महिला उद्यमी पुरस्कार, प्रो. आरके सिंह को नवाचार पुरस्कार और अमन सिंह को स्केलेबल स्टार्टअप पुरस्कार मिला। समन्वयन संस्थान के उद्यमिता एवं नवाचार के प्रोफेसर-प्रभारी प्रो. मनोज कुमार मेश्राम ने किया।
विद्यापीठ में कल मासकाॅम की काउंसिलिंग
काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर में सत्र 2026-27 के लिए काउंसिलिंग की प्रक्रिया चल रही है। प्रवेश सेल उपसमन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि 6 जुलाई को बैचलर ऑफ आर्ट्स (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन एवं बीकॉम रिटेल ऑपरेशन्स प्रो. कामिल ने बताया कि शनिवार को बी.एससी. इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटालिटी ऑपरेशन्स पाठ्यक्रम के छूटे हुए अभ्यर्थियों की काउन्सिलिंग में कुल 39 अभ्यर्थियों ने प्रवेश ले लिया है।
18 सितंबर तक बनेंगे यूपी बोर्ड परीक्षा के केंद्र
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा केंद्रों के चयन, सत्यापन, आपत्तियों के निस्तारण और अंतिम सूची जारी करने की पूरी प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू होकर 18 सितंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।
वाराणसी के क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार केंद्र बनने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्य 20 जुलाई तक अवस्थापना, भौतिक संसाधनों, उपलब्ध सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे।
इसके बाद तहसील स्तरीय समिति के माध्यम से जिलाधिकारी द्वारा इन सूचनाओं का भौतिक सत्यापन 3 अगस्त तक कराया जाएगा। भौतिक सत्यापन के बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति की संस्तुति सहित आख्या जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर 10 अगस्त तक अपलोड की जाएगी।
संस्कृत विवि में दाखिले के लिए कल से आवेदन
संपूर्णानंद संस्कृत विवि में शैक्षिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होगी। इसमें आचार्य प्रथम सेमेस्टर के साथ ही विदेशी भाषा और प्रमाणपत्रीय कोर्स में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा।
विवि में परीक्षा समाप्त होने के बाद नए सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई हैं। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र के अनुसार विवि में आचार्य प्रथम सेमेस्टर, विदेशी भाषा डिप्लोमा प्रथम वर्ष, स्नातकोत्तर भाषा विज्ञान प्रमाण-पत्रीय, संस्कृत प्रमाण-पत्रीय प्रथम वर्ष, संगीत प्रमाण-पत्रीय प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन मांगा गया है। विदेशी भाषा डिप्लोमा के अंतर्गत रूसी, फ्रेंच, जर्मन, तिब्बती, स्पेनिश, नेपाली एवं अंग्रेजी भाषाओं का अध्ययन कराया जाएगा।
बीएचयू ने 142 नए स्वयं ऑनलाइन पाठयक्रमों की घोषणा की
बीएचयू ने जुलाई 2026 सत्र के लिए आईएनआई पहल के तहत 142 नए स्वयं ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की घोषणा की है। स्वयं प्लेटफॉर्म पर राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के राष्ट्रीय समन्वयक के रुप में विवि की ओर से यह कदम उठाया गया है।
यह पहल भारत और दुनिया भर के शिक्षार्थियों को प्रमुख संस्थानों से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगी। इसमें बीएचयू की ओर से 90 कोर्स, अलीगढ़ मुस्लिम विवि(एएमयू) 48 और राष्ट्रीय रक्षा विवि की ओर से 7 कोर्स तैयार किए गए हैं। 27 जुलाई 2026 से ये सभी पाठ्यक्रम ऑनलाइन शुरू हो जाएंगे। आईएनआई स्वयं के समन्व्यक प्रो. आशुतोष मोहन ने कहा कि इस पहल को और अधिक मूल्यवान बनाने के लिए, कुछ चुनिंदा पाठ्यक्रमों को जीआईजेड (डॉयचे गेसल्सशाफ्ट फुर इंटरनेशनल जुसामेनरबीट), जर्मन अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी के सहयोग से विकसित किया गया है।
किशोरावस्था के मनोविज्ञान और बच्चों के विकास से जुड़े सवाल पूछे
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित यूपी टीईटी की परीक्षा का समापन शनिवार को हुआ। 68 केंद्रों पर हुई परीक्षा के अंतिम दिन 4186 ने छोड़ दी। आंकड़ों के अनुसार तीन दिनों में इस परीक्षा में पांच पालियों में 1 लाख 41 हजार 478 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। अंतिम दिन परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर का पैटर्न पिछली बार से अलग रहा। इस बार किशोरावस्था के मनोविज्ञान और बच्चों के विकास से जुड़े सवाल पूछे गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टीईटी की परीक्षा तीन दिनों में पांच पालियों में कराई गईं। इसमें कुल 160379 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 141478 ने ही परीक्षा दी। 18901 परीक्षा में शामिल नहीं हुए। पहले दिन दो पालियों में 66278 ने परीक्षा दी, 10700 ने छोड़ दी। दूसरे दिन दोनों पालियों में 66280 ने परीक्षा दी, 4015 ने छोड़ दी। वहीं, अंतिम दिन की परीक्षा में परीक्षार्थियों की उपस्थिति 23635 रही।
मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची जारी, 11 जुलाई तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
वाराणसी जिले की सभी आठ विधानसभा सीटों के मतदेय स्थलों के संभाजन (पुनर्गठन) के बाद प्रारूप सूची शनिवार को प्रकाशित कर दी गई। मतदेय स्थलों में संशोधन को लेकर आमजन 11 जुलाई तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या जिला निर्वाचन कार्यालय में अपनी आपत्ति एवं सुझाव दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि यह सूची लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के तहत तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रकाशित प्रारूप सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर आमजन के निरीक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई है। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी मतदेय स्थल के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो तो उसे 11 जुलाई तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से उपलब्ध कराया जा सकता है।
वर्धन हॉस्पिटल में तीन दिनों में आठ सफल हार्ट बाईपास सर्जरी
बड़ालालपुर स्थित वर्धन हॉस्पिटल ने तीन दिनों के भीतर आठ मरीजों की सफल हार्ट बाईपास सर्जरी कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह ऑपरेशन कार्डियक सर्जन डॉ. विवेक राज सिंह के नेतृत्व में अनुभवी टीम द्वारा आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं से संपन्न किए गए। सर्जरी के बाद सभी मरीज स्थिर और संतोषजनक स्थिति में हैं।
मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार और देखभाल मिल रही है। मेडिकल और नर्सिंग टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। यहां हृदय रोगों के निदान, उपचार और सर्जरी की आधुनिक सुविधाएं हैं, जिससे मरीजों को उच्चस्तरीय सेवाएं मिल रही हैं। डॉ. विवेक राज ने बताया कि हृदय रोगों के उपचार में समय पर जांच, सही निदान और उचित सर्जरी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, अनुभवी टीम और बेहतर पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल से जटिल हृदय रोगों का भी सफल उपचार संभव है।
डॉ. सिंह ने लोगों से हृदय संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि वर्धन हॉस्पिटल का लक्ष्य पूर्वांचल के लोगों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक हृदय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
246 को मिले जॉब ऑफर
चौकाघाट स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शनिवार को उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत एक दिवसीय रोजगार मेला लगाया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की 18 कंपनियों और 916 युवाओं ने हिस्सा लिया। हालांकि, इनमें से 246 अभ्यर्थियों को ही जॉब ऑफर मिल पाया।
वाराणसी मंडल के सहायक निदेशक सेवायोजन मुकेश कुमार ने बताया कि इस रोजगार मेले में करीब 916 बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि जिस भी कंपनी में अवसर मिले, वहां ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए अनुभव अर्जित करना चाहिए। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने प्रतिभागी युवाओं का विभिन्न नियोजकों से परिचय कराया और कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में शैक्षिक योग्यता के साथ तकनीकी शिक्षा भी बेहद आवश्यक है।
लैंडमार्क अपार्टमेंट आरडब्ल्यूए के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त
वीडीए की ओर से निर्मित लैंडमार्क टावर फेज-वन, वीडीए कॉलोनी, लालपुर की आरडब्ल्यूए के चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। यह आरडब्ल्यूए पिछले पांच वर्षों से बिना चुनाव के कुछ आवंटियों द्वारा संचालित की जा रही थी। इस संबंध में अपार्टमेंट के अन्य आवंटियों ने वीडीए उपाध्यक्ष तथा फर्म, सोसाइटी एवं चिट्स के सहायक निबंधक से शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद सहायक निबंधक ने सोसायटी के प्रबंधन बोर्ड को कालातीत घोषित कर दिया। इसके साथ ही सहायक लेखाधिकारी, कोषागार एवं पेंशन, राम सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि आरडब्ल्यूए का चुनाव जल्द ही नियमानुसार कराया जाएगा।
दिसंबर के बाद ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग से मिलेगी निजात
शहर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में दो नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि एक उपकेंद्र पर अतिरिक्त 10 एमवीए क्षमता का पावर परिवर्तक भी स्थापित किया गया है।
होलापुर में हो रही क्षमतावृद्धि और शिवपुर में बन रहे नए विद्युत उपकेंद्र से बिजली लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। इससे कम से कम 50 हजार से अधिक आबादी को फायदा होगा। क्षमतावृद्धि के बाद इस क्षेत्र के लोगों को ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग, लो वोल्टेज आदि जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी। दोनों कार्यों में करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
गणेशपुर (होलापुर) में निर्माणाधीन 10 एमवीए क्षमता वाले नए विद्युत उपकेंद्र से लगभग 25 हजार की आबादी और करीब पांच हजार बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इस उपकेंद्र से छतरीपुर, चुप्पेपुर, परमानंदपुर, गायत्री धाम कॉलोनी को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। सीएचसी शिवपुर में निर्माणाधीन 2×5 एमवीए क्षमता वाले नए विद्युत उपकेंद्र से लगभग 25 हजार की आबादी और सात हजार बिजली संयोजनों को लाभ मिलेगा। इससे गिलट बाजार, जेल रोड में भी आपूर्ति मजबूत होगी।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 4:35 घंटे लेट, अन्य ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं
ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला जारी है। दिल्ली और मुंबई से आने वाली कई ट्रेनें शनिवार को भी देरी से बनारस पहुंचीं। नई दिल्ली से आने वाली ट्रेन संख्या 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निर्धारित समय से 4 घंटे 35 मिनट की देरी से बनारस स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन का आगमन समय भोर 4:40 बजे निर्धारित था, लेकिन यह सुबह 9:15 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंची। बताया गया कि ट्रेन को आलमनगर से उतरहटिया के बीच डायवर्ट किया गया था।
इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस से आने वाली 22177 महानगरी एक्सप्रेस भी निर्धारित समय भोर 3:45 बजे की बजाय 50 मिनट की देरी से 4:35 बजे पहुंची। वहीं 15017 एलटीटी–गोरखपुर एक्सप्रेस भी वाराणसी स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से लगभग 50 मिनट की देरी से पहुंची।
काशी के 12407 शिक्षकों व शिक्षामित्रों को मिलेगा कैशलेस चिकित्सा का लाभ
शिक्षकों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा को नई मजबूती देते हुए योगी सरकार काशी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत करने जा रही है। आयुष्मान भारत की तर्ज पर संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत वाराणसी के 1,145 बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के 12,407 पात्र शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 8 जुलाई प्रदेश भर में इस योजना का शुभारंभ करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इस योजना की घोषणा की थी। अब इसका शुभारंभ काशी से प्रस्तावित है। इस योजना का लाभ जिले के 12,407 शिक्षक, 1,538 शिक्षामित्र, 348 अनुदेशक, 3,802 रसोइया और अन्य शिक्षा कर्मियों को मिलेगा।
संस्कृत विवि के स्वास्थ्य केंद्र में डाॅक्टर न होने से समस्या झेल रहे 2000 विद्यार्थी
संपूर्णानंद संस्कृत विवि परिसर में बना स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से डॉक्टरों के बिना चल रहा है। इससे छात्रों को स्वास्थ्य संबंधी किसी तरह की समस्या पर दूसरी जगह जाकर इलाज कराना पड़ रहा है। इससे विवि में पढ़ने वाले 2000 से ज्यादा विद्यार्थियों को इलाज कराने में परेशानी हो रही है। विवि परिसर में बने छात्रावासों में भी करीब 300 विद्यार्थी रहते हैं। उन्हें भी अन्य अस्पतालों में इलाज कराना पड़ रहा है।
विवि में योग साधना केंद्र सभागार के पास ही स्वास्थ्य केंद्र बना है। यहां एक आयुर्वेद, एक एलोपैथ के डॉक्टर सहित फार्मासिस्ट, जरूरी दवाइयां आदि की व्यवस्था होनी चाहिए। इन सबके बीच चिंता की बात यह है कि लंबे समय से विश्वविद्यालय के इस स्वास्थ्य केंद्र पर कोई डॉक्टर नहीं है। दवाइयों का भी अभाव है। आयुर्वेद और एलोपैथ दोनों ही विभागों के डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण छात्रों को इलाज के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। छात्रों को बुखार, चोट या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए उचित चिकित्सा सलाह नहीं मिल पा रही है।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर लंबे समय से डॉक्टर की तैनाती नहीं हो पाई है। इस बारे में विश्वविद्यालय प्रशासन को जानकारी दी जा चुकी है। वर्तमान समय में किसी तरह की जरूरत पडने पर छात्र मंडलीय अस्पताल, राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल जाते हैं।
साइबर ठगों के खिलाफ डिजिटल प्रहरी बनेंगे विद्यालयों के बच्चे
इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऑनलाइन ठगी जैसे बढ़ते साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अब स्कूली छात्रों को साइबर सुरक्षा का दूत बनाया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल की ओर से राष्ट्रीय साइबर जागरूकता क्विज चैलेंज-2026 शुरू किया गया है।
सीबीएसई समन्वय नीलम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि देशभर में साइबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। प्रतिभागियों को 22 अनुसूचित भाषाओं में चार मिनट तक के लघु वीडियो तैयार करने होंगे। वीडियो में साइबर सुरक्षा का प्रभावी संदेश देने के साथ स्थानीय संस्कृति और विरासत की झलक भी दिखानी होगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त करने वालों को दो लाख रुपये, दूसरे को एक लाख रुपये तथा तीसरे को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
अशोक सुल्तानिया बने रोटरी क्लब नॉर्थ के अध्यक्ष
रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ का 36वां शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को होटल सूर्या में आयोजित किया गया। समारोह में अशोक सुल्तानिया ने क्लब के नए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला, जबकि डॉ. राकेश जायसवाल ने सचिव पद की जिम्मेदारी ग्रहण की। पूर्व अध्यक्ष रुचि भार्गव ने अशोक सुल्तानिया को कॉलर पहनाकर अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा। शुभश्री जायसवाल ने डॉ. राकेश जायसवाल को सचिव पद का पिन पहनाया।
क्लब के वरिष्ठ सदस्य इंद्रसेन सिंह ने अध्यक्ष को शपथ दिलाई, जबकि अतुल जायसवाल ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई। सह मंडल अध्यक्ष अविनाश मेहरोत्रा ने नए सदस्यों को रोटरी पिन और किट प्रदान कर उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल देवव्रत ओहरी ने आतंकवाद और व्यापार प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया।
नई कार्यकारिणी में सचिव डॉ. राकेश जायसवाल, सार्जेंट-एट-आर्म नर्मदानंद दुबे, उपाध्यक्ष राकेश रस्तोगी, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र श्रीवास्तव, क्लब समन्वयक सतीश जैन, संयुक्त सचिव अनिल केसरी, अध्यक्ष-चयनित विजय केसरी तथा अध्यक्ष-नामित दीपक माहेश्वरी शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिव जी गुप्ता एवं डॉ. नीलम गुप्ता ने किया।
रोटरी इंटरनेशनल के ट्रस्टी का हुआ स्वागत
रोटरी इंटरनेशनल के ट्रस्टी ए. एस. वेंकटेश के शनिवार को वाराणसी आगमन पर इंटरैक्ट क्लब, सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंडलाध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल, क्षेत्रीय प्रमुख अनिल के. जाजोदिया तथा मंडल सचिव प्रशांत नागर ने वेंकटेश को स्मृति-चिह्न भेंट किया। ए. एस. वेंकटेश ने कहा कि इंटरैक्ट क्लब युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए 358 सांसदों को भेजे पत्र
पर्यावरणीय संकट पर चिंता जताते हुए आदर्श फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की है। फाउंडेशन के सचिव सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस प्रयास ही देश और दुनिया को गंभीर संकटों से बचा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों से लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों से पत्राचार किया जा रहा है। अब तक फाउंडेशन की ओर से 358 सांसदों को पत्र भेजे जा चुके हैं, जिनमें से दो दर्जन से अधिक सांसदों ने इस अभियान को समर्थन दिया है। उन्होंने बताया कि अगले चरण में विधानसभा सदस्यों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, जिलाधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और नगर निकायों के प्रमुखों से भी संपर्क कर सहयोग मांगा जाएगा।
काशी वंदन में श्रीजा ने भरतनाट्यम से मोहा मन
नमो घाट पर आयोजित दैनिक सांस्कृतिक संध्या काशी वंदन में शनिवार को भरतनाट्यम नृत्यांगना श्रीजा ज्योतिष की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और कला प्रेमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव को समर्पित भो शंभो शिव स्तुति से हुआ। श्रीजा ज्योतिष ने भरतनाट्यम की भावपूर्ण मुद्राओं और अभिव्यक्ति के माध्यम से भगवान शिव के विविध स्वरूपों को जीवंत किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन की पहल पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। संयोजन अंशुमान महाराज ने किया, जबकि मंच संचालन आशुतोष सिंह ने किया।
बिनीता बनीं केवि 39 जीटीसी की प्रधानाचार्य
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में शनिवार को नई प्रधानाचार्या के रूप में बिनीता सिंह ने कार्यभार संभाला। शिक्षा के क्षेत्र में दो दशकों से ज्यादा का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखने वालीं बिनीता सिंह इससे पहले केंद्रीय विद्यालय गाजीपुर में प्रधानाचार्या थीं। प्रधानाचार्या बिनीता सिंह ने बताया कि विद्यालय के विकास के साथ ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना ही प्राथमिकता होगी। बिनीता सिंह ने 2003 से गया के केंद्रीय विद्यालय नंबर 1 में बतौर पीजीटी (रसायन विज्ञान) अपनी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने केवी एफसीआई, केवी कालिम्पोंग और स्वयं केवी जीटीसी में अध्यापन कार्य किया। वह उपप्रधानाचार्या के रूप में 28 अक्तूबर 2018 को पदोन्नत हुईं और केवी न्यू कैंट प्रयागराज में अपनी सेवाएं दीं।
आईएमएस बीएचयू के प्रो. राजीव को मिली फेलोशिप
आईएमएस बीएचयू के एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर राजीव कुमार दुबे को रोटरी इंटरनेशनल द्वारा सर्वोच्च सम्मानों में से एक पॉल हैरिस फेलोशिप से नवाजा गया है। प्रो. दूबे को यह सम्मान मानव सेवा, शिक्षा, साहित्य, स्वास्थ्य सेवा,सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और बहुआयामी योगदान के लिए मिला है। रोटरी इंटरनेशनल के संस्थापक पॉल हैरिस के नाम पर स्थापित यह प्रतिष्ठित फेलोशिप उन विशिष्ट व्यक्तियों को प्रदान की जाती है। प्रो. दुबे ने अपना सम्पूर्ण व्यावसायिक जीवन चिकित्सा शिक्षा, एनेस्थिसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन में उत्कृष्टता को समर्पित किया है।
आज निकलेगा 72 ताबूत का जुलूस
हजरत अली समिति के सदस्य सलमान हैदर ने बताया कि रविवार को सरैया स्थित सदर इमामबाड़ा में 72 ताबूत की मशहूर मजलिस-ए-अज़ा और जुलूस का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन लगातार 12वें वर्ष आयोजित हो रहा है। कर्बला में इमाम हुसैन के साथ शहीद हुए 72 जांनिसारों की याद में 72 ताबूत निकाले जाते हैं। इससे पहले शनिवार रात कालीमहल स्थित अज़ाखाना-ए-इमदाद व फुरकान में मरहूम मौलाना इमदाद हुसैन और मौलाना फुरकान हैदर के ईसाल-ए-सवाब के लिए मजलिस-ए-अज़ा आयोजित की गई। हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन मौलाना तौसीफ अली ने कर्बला के घटनाक्रम पर प्रकाश डाला।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिन पर काशी में हनुमान चालीसा, दीर्घायु की प्रार्थना
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिवस पर शनिवार को काशी में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अस्सी घाट पर बड़ी संख्या में हनुमान भक्तों ने एकत्र होकर उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया और संकटमोचन हनुमान तथा बाबा विश्वनाथ से उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की प्रार्थना की। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 10 हजार श्रद्धालु शामिल हुए।
इसके अलावा नमो घाट, नीचीबाग स्थित हनुमान मंदिर और संकटमोचन मंदिर में भी हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ किया गया। हनुमान चालीसा पाठ के बाद हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यों की सराहना की। इस दौरान मार्कंडेय तिवारी, अतुल्य मिश्रा, सौरभ गौतम, प्रदीप चौबे, अमन, धीरज दुबे, प्रशांत शुक्ला आदि श्रद्धालु रहे।
पीएनयू क्लब के अध्यक्ष बने रवि, सचिव सौरभ
वाराणसी। प्रभु नारायण यूनियन (पीएनयू) क्लब के शताब्दी वर्ष में पहली बार अध्यक्ष, सचिव और प्रबंध समिति के सभी सात सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। अध्यक्ष पद पर रवि प्रकाश जायसवाल और सचिव पद पर कुमार सौरभ निर्विरोध चुने गए।
सदस्य पदों पर गुरदीप सिंह, डॉ. संजीव कुमार सिंह, कपिल कुमार मेहरा, अनिल चंद जैन, सुजीत केसरी, आलोक जायसवाल और केदार दास धन्नानी निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (सिटी) डॉ. राजेश कुमार ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। पीएनयू क्लब की प्रबंध समिति के अध्यक्ष, सचिव और सात सदस्य पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया 30 जून से शुरू हुई थी।
क्लब के 835 सदस्यों को मतदान करना था, लेकिन अध्यक्ष और सचिव पद पर एक-एक नामांकन तथा सदस्य पदों के लिए आठ नामांकन प्राप्त होने के बाद एक प्रत्याशी विशाल जायसवाल द्वारा नाम वापस लेने से मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। इसके बाद सभी पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए।
काशी के विद्वान ने तय किया महाराष्ट्र के नासिक में हाेने वाले कुंभ महापर्व के ध्वजारोहण का मुहूर्त
महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ महापर्व का शुभारंभ 29 नवंबर 2026 को होगा। गोदावरी और कपिला नदी के संगम पर स्थित कपिल महामुनि आश्रम में वैदिक विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा।
इसके लिए काशी के वैदिक विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ ने शुभ मुहूर्त निर्धारित किया है। आदिनाथ संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगद्गुरु कल्किराम महाराज और कपिल महामुनि आश्रम के अध्यक्ष महंत रामनारायणदास गुरु ने बताया कि ध्वजारोहण कार्तिक वद्य पंचमी, रविवार 29 नवंबर 2026 को पुष्य नक्षत्र और अमृत योग में सुबह 8:45 से 9:00 बजे के बीच संपन्न होगा। कार्यक्रम में देशभर के संत-महात्माओं और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
जगद्गुरु कल्किराम महाराज ने बताया कि सिंहस्थ का मूल स्थल लगभग 11.32 लाख वर्ष प्राचीन माना जाता है। यह संत ज्ञानेश्वर, समर्थ रामदास स्वामी, गजानन महाराज सहित अनेक ऋषि-मुनियों की तपस्थली रहा है। इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, अखाड़ों और धर्माचार्यों के शामिल होने की अपेक्षा है।
सावन में हाईवे की एक लेन कांवड़ियों के लिए होगी आरक्षित
सावन मास की शुरुआत से पहले कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने शनिवार को वाराणसी-भदोही सीमा, राजातालाब और मिर्जामुराद क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रयागराज से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िए एनएच-19 के रास्ते काशी विश्वनाथ धाम पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए इस बार भी हाईवे की एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रखने की तैयारी है। अधिकारियों ने सबसे पहले गुड़िया बॉर्डर पर रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद मिर्जामुराद स्थित बंगला चट्टी के राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों के विश्राम स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।रखौना रिंग रोड और राजातालाब क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान यातायात विभाग को कांवड़ मार्ग पर समय रहते भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने तथा वैकल्पिक मार्गों के स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
स्कूल चलो अभियान के तहत हर बच्चे को जोड़ने का लिया गया संकल्प
प्राथमिक विद्यालय सिवों में शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह के नेतृत्व में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने गांव का भ्रमण कर अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए शासन द्वारा स्कूल चलो अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराकर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें।
सीआरपीएफ बटालियन में लगा योग शिविर
सीआरपीएफ की 21वीं बटालियन श्रीनगर में शनिवार को योग शिविर का आयोजन हुआ। कमांडेंट अनिल कुमार वृक्ष के निर्देशन में काशी के योगाचार्य प्रकाशनाथ योगेश्वर ने जवानों को योग, प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। योगाचार्य ने जवानों को विपरीत परिस्थितियों में मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने के उपाय बताते हुए योग के त्वरित लाभों की जानकारी दी। शिविर के दौरान जवानों ने तिर्यकासन, पवनमुक्तासन और मंडूकासन का अभ्यास किया। शिविर के समापन पर कमांडेंट अनिल कुमार वृक्ष ने कहा कि योग हमें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करता है।