सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Main accused in misdeed arrested police officer accused of beating youth

Varanasi News Today: सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दरोगा पर युवक को पीटने का आरोप; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Tue, 03 Mar 2026 10:57 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। वहीं, बड़ागांव थाने में तैनात दरोगा पर युवक को बेरहमी से पिटाई और गालीगलौज का आरोप लगा है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Main accused in misdeed arrested police officer accused of beating youth
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: चौबेपुर के कैथी में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी प्रभाकर निषाद को कोर्ट ने सोमवार को जेल भेज दिया। वहीं, सोमवार को पुलिस ने दो बाल अपचारी को भी पकड़ा। बाल अपचारी के पास से 10 सेकंड का वीडियो और कुछ फोटो भी मिले हैं।

Trending Videos


थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि आरोपी चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के पूरा गनेश कला निवासी प्रभाकर निषाद को पुलिस ने बरियासनपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। दोनों बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया। 26 फरवरी को युवती की तहरीर पर पहले शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। 
विज्ञापन
विज्ञापन


विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान और जांच में सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी गईं। महिला अपराध के मामले में लापरवाही बरतने पर कैथी चौकी इंचार्ज को निलंबित और थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार को लाइन हाजिर किया गया।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप राजनीति से प्रेरित
शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर लगाए गए आरोपों को झूठा बताया। कहा कि यह राजनीतिक आरोप और षड्यंत्र है। हिंदू सनातन धर्म के आचार्यों पर यह आक्षेप करना सोची-समझी चाल है। लोगों को तैयार कर वक्तव्य दिलवाया जा रहा है। वे कुछ भी कर लें, मगर सत्य की जीत होगी।

उन्होंने कहा कि सनातनी परंपरा को नष्ट और भ्रष्ट करने का जो प्रयास अंग्रेजों ने किया था, आज वही काम राजनीतिक दल कर रहे हैं। इसमें सभी दल शामिल हैं। गाय की रक्षा करने की बात करना कहां से गलत है। इसे सनातन में माता माना गया है। ऐसे में कोई अपनी मां को मारते कैसे देख सकता है। इसकी रक्षा की आवाज उठाना सभी सनातनियों का दायित्व है। 

होली महोत्सव लीला में देव स्वरूपों के साथ श्रद्धालुओं ने खेली होली
काशी की एक मात्र होली महोत्सव लीला सोमवार को हुई। श्री चित्रकूट रामलीला समिति की ओर से 500 साल से अधिक पुरानी होली लीला में श्रीराम दरबार के बीच उल्लास छाया रहा। प्रभु श्रीराम से सभी ने होली खेली। एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया। लोगों ने भी देवों की इस लीला उत्सव में शामिल होकर उनसे होली खेली।

श्री चित्रकूट रामलीला समिति के संयोजन में नरसिंह चबूतरा और बड़ागणेश स्थित अयोध्या भवन में उल्लास के माहौल में अबीर-गुलाल उड़ाए गए। देव स्वरूप प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता और हनुमान ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली महोत्सव मनाया। देवों के स्वरूपों के साथ श्रद्धालु भी एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। 

वहीं, शहनाई वादक अंसार अली और उनके साथियों ने होली गीतों की धुन बजाकर होली के रंग बरसाए। व्यवस्थापक पं. मुकुंद उपाध्याय ने आरती की। प्रसाद, ठंडई और पान का वितरण हुआ। इस मौके पर सुबोध अग्रवाल, मोहन कृष्ण अग्रवाल, सतेंद्र राय, अभिनव उपाध्याय, अशोक सिंह, अयोध्या नाथ, अजय सिंह आदि रहे।

बड़ागांव थाने के दरोगा पर युवक को पीटने का आरोप, वीडियो हुआ वायरल
बड़ागांव थाने में तैनात दरोगा विवेक सिंह पर युवक को बेरहमी से पिटाई और गालीगलौज का आरोप लगा है। सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर युवक की पिटाई और धमकाने का वीडियो  सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

युवक की मां ने पुलिस आयुक्त कार्यालय को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव निवासी रियाजुद्दीन और शाहबाज के बीच दिसंबर में क्रिकेट को लेकर विवाद हो गया था। शाहबाज की तहरीर पर रियाजुद्दीन, ताजुद्दीन, इरफान, नूरएन व अजमल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। 

रियाजुद्दीन ने 27 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर किया और जमानत भी मिल गई। रियाजुद्दीन का आरोप है कि कोर्ट में सरेंडर करने पर दरोगा विवेक सिंह ने नाराजगी जताई। रविवार शाम थाने बुलाया। भाई दिलशाद के साथ पहुंचा तो दरोगा ने अभद्रता की। इस बीच दरोगा विवेक सिंह ने भाई दिलशाद की बेरहमी से पिटाई की और धमकी दी। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। 

कैंट स्टेशन पर दो गेट से मिलेगा प्रवेश, सीसी कैमरे से निगरानी
कैंट रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया में दो प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। एक से रिजर्वेशन वाले यात्रियों को प्रवेश दिया जा रहा है। दूसरे द्वार से जनरल टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्री अंदर पहुंच रहे हैं। होली में घर जाने वालों की भीड़ कैंट और बनारस रेलवे स्टेशन पर सोमवार को दिखी। सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक हर कोई परिवार के साथ बैठकर ट्रेन का इंतजार करते नजर आया।

दिल्ली, मुंबई, बिहार, पुणे से आने वाली ट्रेनों में भीड़ अधिक नजर आई। बहुत से लोगों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया यात्रियों से भरा रहा। डीआरएम आशीष जैन ने बताया कि बनारस, मऊ, बलिया सहित अन्य स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग की ओर से हेल्प डेस्क बनाई गई है। 24 घंटे हेल्प डेस्क पर स्पेशल ट्रेनों की सूचना रहेगी। गाड़ियों का आगमन निर्धारित प्लेटफॉर्म से होगा। 

बिना कागज मिलीं दो स्लीपर बसें सीज, 20 वाहनों का चालान
होली पर बढ़ती भीड़ को देख संभागीय परिवहन अधिकारियों ने निजी बसों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए सोमवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। स्लीपर बसों में सीट क्षमता और फिटनेस, टैक्स समेत अन्य प्रपत्रों की जांच में दो स्लीपर बसें सीज की गईं। 20 वाहनों का चालान किया गया। उप परिवहन आयुक्त बीएस सिंह के नेतृत्व में आरटीओ (प्रवर्तन) मनोज वर्मा, आरटीओ (प्रशासन) राघवेंद्र सिंह ने जांच की। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बिठाई जाएं। 

यात्रियों से किराया अधिक वसूलने की शिकायतों के संबंध में फीडबैक भी लिया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन ने चालकों और संचालकों से अपील की है कि वह यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं। ओवरलोडिंग और ओवर स्पीडिंग से बचें। यात्रियों से भी अनुरोध किया गया है कि वह अधिक किराया वसूलने या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। 

पटाखा जलाते समय होलिका में लगी आग 
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव में सोमवार दोपहर पंचायत भवन में होलिका में आतिशबाजी के दौरान आग लगी थी। चार साल के बच्चे ने पटाखा जलाया और चिंगारी से आग होलिका में लग गई। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम की जांच के बाद पुष्टि हुई। पंचायत भवन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो आग की पुष्टि हुई। पंचायत भवन के ठीक सामने अजीत पटेल का घर है। 

अजीत पटेल की साल की बेटी नित्या घर के पास चिटपुटिया बजा रही थी। जिसकी चिंगारी होलिका में चली गई और आग लग गई। पुलिस ने रिपोर्ट तैयार करने के साथ वीडियो दिखाया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि छोटी बच्ची के आतिशबाजी के चलते चिंगारी से होलिका में आग लगी। 

रश्मि नगर में खड़ी कार में लगी आग 
लंका के रश्मि नगर मोड़ के पास सोमवार को एक खड़ी स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। बगल के बिजली पोल में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग बुझाई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि कार मालिक रानीपुर महमूरगंज निवासी विराज सिंह है। कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

एक दुकान में देर रात लगी आग
चेतगंज थाना क्षेत्र के तेलियाबाग में सोमवार रात एक दुकान में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तुरंत इलाके को खाली कराया। फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कोई जनहानि नहीं हुई।

डोमरी में अधेड़ का मिला शव
रामनगर क्षेत्र के डोमरी जाने वाले मार्ग पर रेलवे ब्रिज के नीचे सोमवार सुबह झारखंड के गया खिजरसराय, थाना सिसवर निवासी बढ़न मांझी का शव मिला। पुलिस की सूचना पर दोनों पुत्र अशोक व लालू सूजाबाद चौकी पर पहुंचे। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बेटे लालू ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम पिता से बात हुई थी तो वह घर पर ही थे। सोमवार सुबह वह कैसे यहां आ गए, यह समझ से परे है। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि संभवत: किसी ट्रेन से गिरने से मौत हुई है।

पुलिस चौकी में हंगामा करने का आरोपी गिरफ्तार
भेलूपुर थाने की बजरडीहा पुलिस चौकी पर रविवार रात हंगामा करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोप है कि चौकी के बाहर रखी कुर्सी फेंकी और विंडो एसी भी गिराने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों के साथ गालीगलौज की। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शिवरतनपुर बजरडीहा का शैलेंद्र यादव है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसका शांति भंग में चालान किया गया।

छेड़खानी और मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
गालीगलौज, मारपीट और छेड़खानी के मामले में पीड़िता ने कैंट थाने में रविवार रात प्राथमिकी दर्ज कराई। मणिकर्णिका द्वार, श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह तीन दिन से अपनी सहेली के किराये के कमरे पर रह रही थीं। आरोप है कि शनिवार को उनका एक मित्र उन्हें छोड़ने आया था। दो महिलाओं ने उन्हें अपशब्द कहे और आपत्तिजनक टिप्पणी की। विरोध करने पर पड़ोस के कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिनमें एक पुरुष शामिल था। लोगों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि मौके पर मौजूद युवक ने अभद्रता और छेड़खानी की है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पड़ोसी पर 50 लाख का आभूषण हड़पने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में महिला अधिवक्ता ने पड़ोसी पर 50 लाख के आभूषण हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा। फुलवरिया के प्राइमरी स्कूल के पास रहने वाली उर्मिला देवी ने पुलिस को बताया कि कुम्हारपुरा, फुलवरिया निवासी महेश सेठ, पत्नी पूजा सेठ, पुत्र अमन सेठ व प्रिंस सेठ ने उनके पुत्र अभिषेक चौबे उर्फ राज से अगस्त-सितंबर 2025 में मित्रता कर ली। रोज कचहरी में प्रैक्टिस के लिए चली जाती थीं। इसी दौरान आरोपियों ने उनके पुत्र को बहला-फुसलाकर और जान से मारने की धमकी देकर लगभग 50 लाख के आभूषण मंगवा लिए। वापस मांगने पर धमकी दी गई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

लॉन से दुल्हन के आभूषण चोरी, प्राथमिकी दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र में वेलकम लॉन में दुल्हन के आभूषण चोरी हो गए। पिता ने रविवार रात सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चौकाघाट के ढेलवरिया निवासी पीड़िता पिता भोलानाथ ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की शादी सिगरा क्षेत्र के वेलकम लॉन में 26 फरवरी को थी। बेटी को उपहार में मिले आभूषण चोरी कर लिए गए। इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसी कैमरे के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। लॉन संचालक से भी पूछताछ की जाएगी। 

कालभैरव मंदिर के आसनदार को फंसाने की धमकी
कालभैरव मंदिर में आसनदार को फर्जी केस में फंसाने, गालीगलौज और धमकी के मामले में कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात चंद्र प्रकाश चौबे ऊर्फ विनोद झग्गड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जतनबर बंगालीबाड़ा निवासी पीड़िता प्रेमलता गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि वह कालभैरव मंदिर में आसनदार है।

आसन पर बैठने के लिए चंद्रप्रकाश चौबे उर्फ विनोद झग्गड़ निवासी शिवपुरवा को किराये पर दिया था। आसन पर चंद्रप्रकाश का व्यवहार ठीक नहीं लगा तो उसे 26 फरवरी को हटा दिया गया। इसके बाद से चंद्रप्रकाश लगातार गालीगलौज और सुसाइड केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। धमकी से पूरा परिवार सहमा हुआ है। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

दुष्कर्म के आरोप में चिकित्सक समेत दो को जेल
युवती को प्रेम का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात के आरोपी सीएचसी संचालक संदीप और गर्भपात करने वाले चिकित्सक डॉ. विनोद पटेल को कोर्ट ने सोमवार को जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गरथमा निवासी सीएचसी संचालक संदीप ने नवंबर में दुष्कर्म किया और तीन महीने बाद गर्भपात व इलाज सरहद निवासी चिकित्सक डॉ. विजय पटेल से कराया। पीड़िता ने सीएचसी संचालक संदीप और चिकित्सक डॉ. विजय पटेल के खिलाफ दुष्कर्म, गर्भपात समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई। जांच के क्रम में दोनों को गिरफ्तार किया गया। दोनों को कोर्ट ने जेल भेज दिया।

मायावती के पोस्टर जलाने पर नाराजगी, प्राथमिकी 
सिंधौरा के दिनदासपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर, गौतम बुद्ध और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के पोस्टर जलाने से ग्रामीण आक्रोशित हैं। बसपा के स्थानीय बूथ अध्यक्ष मनोज कुमार ने सिंधोरा थाने में सोमवार को तहरीर देकर अराजकतत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव में सार्वजनिक स्थान पर लगाए गए इन पोस्टरों को कुछ शरारती तत्वों ने जानबूझकर जला दिया। इससे न केवल महापुरुषों और ज ननेताओं के प्रति अपमान की भावना प्रकट हुई, बल्कि गांव का सामाजिक माहौल भी बिगाड़ने का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

एसओजी -2 का छापा, शराब की पेटी जब्त
कैंट स्टेशन के सामने विजया नगरम् मार्केट में रविवार देर रात एसओजी-2 की टीम ने छापा मारकर शराब की पेटी जब्त की है। बिक्री करने का आरोपी भाग निकला। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान चल रहा है। 

सीएम का साफ संदेश, रोपवे और गंजारी स्टेडियम पर करें फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखपुर रवाना होने से पहले प्रशासन और पुलिस के अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि रोपवे, गंजारी और दालमंडी प्रोजेक्ट पर मुख्य फोकस करें। इन्हें समय से पूरा करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं से सीधे आमजन की सुविधा, यातायात सुधार और शहर की छवि जुड़ी है, उन पर विशेष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि दालमंडी में जिन लोगों ने रजिस्ट्री करा ली है, उन्हें मुआवजा देकर तेजी से काम पूरा कराया जाए। वहीं, रोपवे पर जिन स्टेशनों पर काम अधूरा है, उन्हें इसी महीने हर हाल में पूरा करा लिया जाए। माना जा रहा है कि इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी दौरा लगेगा और रोपवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों कराने की योजना है।

प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने होली की बधाई दी
उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने होली पर जनपदवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल रंगों का नहीं बल्कि परस्पर प्रेम, सम्मान, सौहार्द और सहयोग का प्रतीक है। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर एवं नगर आयुक्त को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि होली पर्व को देखते हुए जनपद के प्रमुख स्थानों पर साफ सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक प्रबंध किए जाएं। मंत्री ने आमजन से अपील की है कि रंगों के इस पावन पर्व को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन दिए गए निर्देशों पालन करे और सामाजिक आत्मीयता के साथ होली पर्व को मनाएं। 

होली की चढ़ी मस्ती, अबीर-गुलाल और फूलों से खेली होली
रंगोत्सव में हर कोई डूब गया है। सोमवार को भी कई स्थानों होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। साहू बाग नाटी इमली होली हंगामा फेस्ट 1.0 उत्सव में युवाओं एवं परिवारों ने जमकर होली खेली। रेन डांस, ढोल एवं डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। वाटर बैलून एवं फोम मस्ती से रोमांचक बना दिया। 

इस मौके पर प्रिंस जायसवाल, प्रदीप मौर्या, भानू प्रताप द्विवेदी, दीपक श्रीवास्तव, अनिल साहू, रामकृष्णा आदि रहे। वहीं, डब्ल्यूएससी ओसम क्लब की ओर से पीएनयू क्लब में होली मिलन धूमधाम से मनाया गया। फूलों की होली हुई। महिलाओं ने मोहक नृत्य कर ब्रजधाम का एहसास कराया। पंजाबी ढोल, रंग बिरंगे बैलून से सजा मंच साथ ही सभी ने होली पर आधारित गेम मस्ती व नृत्य, गीत गाकर खूब आनंद उठाया। 

संस्था की अध्यक्ष सोनी जायसवाल ने सभी को होली की बधाई दी। वहीं, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में लोक समिति व आशा ट्रस्ट की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। संयोजक नंदलाल मास्टर ने सभी को बधाई दी। प्रभुजन सेवा संस्थान की संस्थान की अध्यक्ष लक्ष्मी पाठक एवं सचिव नीता सिंह के नेतृत्व में संत रविदास घाट पर बच्चों संग होली खेली। 

सात मार्च को होगा वैश्य समाज का होली मिलन समारोह
सर्किट हाउस में सोमवार को सर्व वैश्य समाज समिति की बैठक में सामाजिक एकजुटता और सेवा का संकल्प दोहराया गया। बैठक को संबोधित करते हुए समिति के संरक्षक व राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि वैश्य समाज का इतिहास हमेशा से सेवा और त्याग का रहा है। 

समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि वैश्य समुदाय के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सहयोग, भाईचारा और एकता को बढ़ावा देना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समिति के महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने आगामी 7 मार्च को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम लॉन में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी होगी। 

इस वर्ष के होली मिलन समारोह का मुख्य आकर्षण फूलों की होली होगी, जिसमें बरसाने की राधा रानी और गोकुल के श्री कृष्ण के स्वरूपों के साथ फूलों की वर्षा करेंगे। बैठक में उमाशंकर अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, कन्हैया गुप्ता, विजय जायसवाल आदि माैजूद रहे। 

भोजपुरी नाटक कृति 'दू भाव ना होई' का विमोचन
साहित्यकार डॉ. अनिल सिन्हा ‘बहुमुखी’ की भोजपुरी नाटक कृति “दू भाव ना होई” का भव्य लोकार्पण समारोह स्याही प्रकाशन परिसर भोजूबीर में हुआ। मुख्य अतिथि बीएचयू की संगीत संकाय की प्रमुख प्रो. संगीता पंडित ने डॉ. अनिल सिन्हा की रचना पर प्रकाश डाला।

विशिष्ट अतिथि भूतपूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह रहे। मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार एवं भूतपूर्व जिला विकास अधिकारी डॉ. दयाराम विश्वकर्मा ने नाटक की विषयवस्तु, भाषा-शैली एवं सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डालते हुए इसे समकालीन भोजपुरी रंगमंच की सशक्त कृति बताया। पूर्व जिलाध्यक्ष, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र शैलेन्द्र सिंह ने रचना को सामाजिक चेतना का दर्पण बताया। 

अध्यक्षीय उद्बोधन में पं. छतिश द्विवेदी ने कहा कि भोजपुरी साहित्य की परंपरा को सुदृढ़ करते हुए यह नाटक-पुस्तक “दू भाव ना होई” जीवन के द्वंद्व, समाज की विडंबनाओं और मानवीय संवेदनाओं को सशक्त संवादों व प्रभावशाली दृश्य-रचना के माध्यम से मंचीय जीवंतता प्रदान करती है। गोष्ठी में बीके गुप्ता ‘तनहा’ जौनपुरी, विजय चन्द्र त्रिपाठी, राम नरेश पाल, दिनेश दत्त पाठक, डॉ. जगदीश नारायण गुप्त, करुणा सिंह आदि मौजूद रहे।

अयातुल्ला खामनेई की मौत पर घरों पर लगे काले झंडे, मजलिसों में आक्रोश
अमेरिका और इस्राइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीटर अयातुल्ला अली खामनेई के मारे जाने पर बनारस के मुस्लिम समाज में भी आक्रोश है। उन्होंने सोमवार को भी गहरा दुख का इजहार किया। शिया मस्जिदों व इमामबाड़ों में मजलिसें हुईं। कहा कि इस जुल्म की दुनिया निंदा कर रही है।

एक दिन जुल्म करने वाले मुल्क भी मिट जाएंगे। शिया जमात के इमाम-ए-जुमा मौलाना जफरुल हुसैनी के सात दिन शोक के एलान के बाद शिया घरों और मस्जिदों पर काले झंडे लगाए गए। रजमान के 12वीं तारीख पर रोजेदारों ने अजान के बाद रोजा खोला। शिया रोजेदारों ने रोजा खोलने के बाद मस्जिदों और इमामबाड़ों में मजलिसें हुईं। 

उन्होंने खामनेई की मौत पर दुख जताते हुए इसके खिलाफ आवाज बुलंद की। दारानगर, मुकिमगंज, सरैया इमामबाड़ा, दरगाहे फातमान, काली महाल आदि इलाकों में मजलिसें हुईं। लोग काला लिबास पहनकर एहतेजाज किया। उधर, अर्दली बाजार में आयोजित शोक सभा में महानगर कांग्रेस कमेटी के महासचिव हसन मेहंदी कब्बन ने शोक जताते हुए कहा कि कर्बला की सरजमीं पर दुनिया को उन्होंने यह सिखाया की हालात चाहे जैसे भी हों सच का साथ न छोड़ें। 

फूलों से गुलाल बना रहीं महिलाएं, कमा रहीं लाखों
होली पर हर्बल गुलाल की मांग को देखते हुए काशी की आधी आबादी इससे कमाई करने में जुटी हुई है। चिरईगांव ब्लाॅक की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सात महिलाओं का समूह पालक, हल्दी, चुकंदर, गाजर, गेंदा और गुलाब के फूलों से हर्बल गुलाल बनाकर महीने का लाखों कमा रहा है। महिलाओं का कहना है कि रासायनिक रंगों से होने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए लोग प्राकृतिक और सुरक्षित विकल्प अपना रहे हैं। इसलिए हर्बल गुलाल की डिमांड अधिक है। 

सब्जियों और फूलों से तैयार हो रहा हर्बल गुलाल, ये रंग पूरी तरह प्राकृतिक और त्वचा के लिए सुरक्षित हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी शिव गुरु स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सब्जियों और फूलों से हर्बल गुलाल तैयार कर रही हैं। एनआरएलएम के उपायुक्त पवन कुमार सिंह ने बताया कि होली के अवसर पर फूलों से गुलाल बनाकर महिलाएं लाखों की कमाई कर रही है। इनके द्वारा बनाए हर्बल गुलाल की बाजार में अच्छी डिमांड है। इसके माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

आज और कल तीन घंटे ज्यादा होगी जलापूर्ति
होली पर शहरवासियों को पानी की कमी महसूस नहीं होगी। इसके लिए जलकल ने पहले से तैयारी की है। जलकल की ओर से मंगलवार और बुधवार को तीन घंटे ज्यादा जलापूर्ति की जाएगी। जलकल के सचिव विश्वनाथ ने बताया कि आम दिनों में जितना पानी मिलता है, उतना ही मिलेगा, साथ ही तीन घंटे तक अतिरिक्त आपूर्ति की जाएगी। इस व्यवस्था को संभालने के लिए सभी कर्मचारियों को जोनवार सक्रिय किया गया है। 

काशी से जाएगी गोमतीनगर मालतीपाटपुर विशेष ट्रेन
होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 05064-05063 गोमतीनगर-मालतीपाटपुर-गोमतीनगर साप्ताहिक होली विशेष हर बृहस्पतिवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन 26 फरवरी से 26 मार्च तक देवरिया, मऊ और वाराणसी होते हुए जाएगी। इसी प्रकार, मालतीपाटपुर से 28 फरवरी से 28 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को 5 फेरों के लिए चलाई जाएगी। इस ट्रेन में जनरेटर के साथ 1 सह-लगेजयान, साधारण द्वितीय श्रेणी के 4, शयनयान श्रेणी के 6, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 2 कोच होंगे।

प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा वाराणसी
सोमवार को प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर वाराणसी रहा। झांसी के 34.8 डिग्री के बाद काशी में दिन का तापमान 33.6 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा। रात का तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ऊपर रहा। बनारस में रात के वक्त तापमान कम हो गया है, इसलिए सिहरन-सी महसूस हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले में तीन और चार मार्च को तेज सतही हवा चलने का अनुमान है। वहीं, होली के बाद से तापमान में दो डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक चार से छह मार्च के बीच नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में आ सकता है। 

स्वयं कोर्स को मान्यता, होगी ऑनलाइन पढ़ाई
उदय प्रताप महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी स्वयं पोर्टल से ऑनलाइन कोर्स की पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए यूपी कॉलेज को स्वयं एनपीटीईएल लोकल चैप्टर को मान्यता दे दी गई है। इससे विद्यार्थियों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों तक सीधी पहुंच होगी। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस पहल के माध्यम से छात्र स्वयं और एनपीटीईएल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कोर्स का लाभ उठा सकेंगे। इन कोर्स को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों, विशेषकर आईआईटी और अन्य शिक्षण संस्थाओं के अनुभवी प्रोफेसर संचालित करते हैं।

नामांकन, परीक्षा पंजीकरण, प्रमाणपत्र दिया जाएगा : लोकल चैप्टर के संचालन के लिए महाविद्यालय ने रसायन विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रवीण सिंह को नोडल अधिकारी और सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट नियुक्त किया है। वे स्वयं पोर्टल से समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में नामांकन, परीक्षा पंजीकरण, प्रमाणपत्र प्राप्ति और क्रेडिट ट्रांसफर जैसी शैक्षणिक सुविधाओं के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। 

सीए फाइनल परीक्षा में 44 विद्यार्थियों ने पाई सफलता
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया नई दिल्ली की ओर से सोमवार को जनवरी में कराई गई सीए फाइनल की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। इसमें वाराणसी से शामिल होने वाले 238 विद्यार्थियों में से छात्र सम्मिलित हुए। इसमें कुल 44 ने सफलता अर्जित की। परीक्षा में दोनों ग्रुप में 6 छात्र-छात्रा सफलता दर्ज कर सीए बने हैं। चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन वाराणसी शाखा के पदाधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। शाखा अध्यक्ष वैभव मेहरोत्रा ने बताया कि दोनों ग्रुप में सफल होने वालों में अभिनव टिबेरवाल ने सर्वाधिक 326 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा तनुश्री अग्रहरी, क्षितिज वर्मा, शोभित पांडेय, सुगंधा और दिशा गुप्ता भी सीए बने हैं। उपाध्यक्ष विकास द्विवेदी, सचिव रंजीत कुमार पांडेय, नमन कपूर,श्रीप्रकाश पांडेय ने बधाई दी। 

81 दिनों की यात्रा कर बीएचयू पहुंची एका द वन 
बीएचयू के दृश्य कला संकाय स्थित अहवासी कला दीर्घा में सोमवार को चित्र शृंखला पर आधारित राष्ट्रीय भ्रमणशील प्रदर्शनी एका द वन का शुभारंभ किया गया। चित्रकार डॉ. बीना एस. उन्नीकृष्णन ने 64 योगिनियों की संपूर्ण समकालीन चित्र शृंखला दिखाई। वह 16 राज्यों की 81 दिवसीय अखिल भारतीय यात्रा को पूरा कर 10वें पड़ाव के रूप में वाराणसी पहुंची। एका - द वन में 9वीं से 12वीं शताब्दी के बीच बने भारत के ऐतिहासिक वृत्ताकार योगिनी मंदिरों के चित्र हैं। 

सनबीम वीमेंस कॉलेज वरुणा में सम्मानित हुए मेधावी
सनबीम विमेंस कॉलेज वरुणा में मेधावियों को सम्मानित करने के लिए अभिवादन 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि सनबीम समूह के चेयरपर्सन डॉ दीपक मधोक, वाइस चेयरपर्सन भारती मधोक, ऑनरेरी डायरेक्टर हर्ष मधोक ने शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से किया। बीकॉम की छात्रा अनुशा ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। 

बीएससी की छात्रा श्रेया सिंह ने चतुर्थ स्थान और अग्रणी यादव ने 9वां स्थान पाया। विषयों में टॉप करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक ने कहा कि इन छात्राओं को सम्मानित करना गौरव का क्षण है। वाइस चेयरपर्सन भारती मधोक ने कहा कि छात्राएं ऐसे ही सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ती रहें। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव सिंह ने सभी को धन्यवाद  ज्ञापित किया।

कॉलेजों के छात्रों की डिग्रियां तैयार
काशी विद्यापीठ से जुड़े महाविद्यालयों के सत्र 2024-25 में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की डिग्रियां तैयार हो गई हैं। परीक्षा नियंत्रक ने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को इसकी जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय से उपाधि लेकर जाने और छात्राओं को इस बारे में जानकारी देने को कहा है। प्राचार्यों को भेजे पत्र में परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 की उपाधियाँ संबंधित अनुभाग में रखी गई है। 

आईएबी विसिटिंग फेलो के लिए डॉ. सुनील का चयन
काशी के निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सुनील कुमार मिश्रा का चयन इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ बिज़नेस यूएसए के आईएबी विसिटिंग फेलो 2026-27 हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप विश्वभर के चयनित विद्वानों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान और अनुसंधान क्षमता के आधार पर प्रदान की जाती है। आईएबी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार यह फेलोशिप डॉ. मिश्रा के शैक्षणिक शोध, गंभीर अकादमिक प्रतिबद्धता तथा वैश्विक ज्ञान-परंपराओं को समझने में संभावित योगदान के लिए प्रदान की गई है। 

15 कर्मचारी सेवानिवृत्त, 11 को मिला प्रमोशन
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत 15 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। 28 फरवरी को इनकी सेवानिवृत्ति के बाद खाली जगह पर 11 कर्मचारियों को प्रमोशन मिला है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने कर्मचारियों को उनके समापक धनराशि का भुगतान दिया। प्रमोशन पाने वालों में मनोद कुमार, विमल यादव, मनोज यादव, शम्मी कुमार, आशीष कुमार, योगेंद्र प्रसाद, सुनील राय, आदि का नाम शामिल हैं। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों को सेवा मेडल प्रदान प्रदान किया। 

स्वास्थ्य शिविर का 120 लोगों ने लिया लाभ
पियरिया पोखरी (चौकाघाट) क्षेत्र में सोमवार को जन औषधि केंद्र की ओर से मेगा हेल्थ कैंप लगा। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर आयोजित इस शिविर में 120 से अधिक संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य की जांच कराई और जेनेरिक दवाओं के लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मंडलीय चिकित्सालय के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजन श्रीवास्तव मुख्य अतिथि रहे। शिविर में ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई। डॉ. सुनील गुप्ता और डॉ. आकाश मेहता ने मरीजों का चिकित्सकीय परामर्श दिया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सुझाव दिए। स्वागत अरविंद श्रीवास्तव ने किया। 

रोमानिया के मिलिशौती के मेयर ने त्रिनेत्र भवन देखा
रोमानिया के मिलिशौती सिटी के मेयर वासिले कारारे ने सोमवार को सिगरा स्थित काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भ्रमण किया। उन्होंने वाराणसी की प्रमुख परियोजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली को समझा तथा वहां के सभी मुख्य कंपोनेंट जैसे सिटी सर्विलांस, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम, इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पब्लिक एड्रेस एवं वेरिएबल मैसेज सिस्टम, बीट मैपिंग आदि की जानकारी ली। 

स्मार्ट सिटी वाराणसी के सीईओ हिमांशु नागपाल ने उन्होंने बताया कि धर्म नगरी काशी में भारी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी आते हैं और उन्हें अच्छा अनुभव देने के लिए नगर निगम कैसे काम करता है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त संगम लाल, मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, मुख्य अभियंता आरके सिंह, प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी आदि मौजूद रहे। 

35 बुनकरों को 75 फीसदी अनुदान पर मिलेंगी 3.25 करोड़ की हाईटेक मशीनें

बनारस की सदियों पुरानी बुनकरी अब आधुनिक तकनीक के साथ नई उड़ान भरने को तैयार है। योगी सरकार की पहल पर शहर के 35 बुनकरों को करीब 3.25 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन मशीनों पर सरकार 75 प्रतिशत अनुदान देगी, जबकि शेष 25 फीसदी राशि लाभार्थियों को स्वयं वहन करना होगा।

रेशम विभाग के सहायक निदेशक अनिल कुमार राव ने बताया कि करीब दो वर्षों के इंतजार के बाद पहली बार इतनी बड़ी राशि जारी की गई है। इससे बुनकरों के वीविंग पैटर्न, गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में व्यापक सुधार की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से परंपरागत कारीगरी को तकनीकी मजबूती मिलेगी। इलेक्ट्रॉनिक जकार्ड की कीमत 2.42 लाख रुपये है जबकि सीएटीडी की कीमत 5.85 लाख है। मशीन के लिए इच्छुक आवेदन कर सकते हैं। 

बाईक की टक्कर से किशोर की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी छितौनी का साहिल प्रजाति उर्फ डुग्गू (12) अपने घर से निकल कर बंधा के पास सामान लेने जा रहा था। पिछे से तेज रफ्तार से आ रही टीवीएस एक्सएल ने टक्कर मार दिया। हादसे में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग उसे पास के ही एक अस्पताल में लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटा था। कक्षा छह में पढ़ता था। माता का नाम उर्मिला है। मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। मृतक के पिता दिनेश प्रजाति की तहरीर पर टीवीएस एक्सएल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। चालक अपनी बाइक लेकर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed