सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Worship performed anniversary discovery Shivling Gyanvapi request made to defer proceeding

Varanasi News Today: ज्ञानवापी में मिले शिवलिंग की वर्षगांठ पर की पूजा, कार्यवाही टालने का अनुरोध; एक की मौत

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 17 May 2026 09:56 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: ज्ञानवापी में शिवलिंग मिलने की चौथी वर्षगांठ पर ज्ञानवापी मामले की वादिनियों और अधिवक्ताओं ने पूजन-अर्चन किया। इसके साथ ही दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए 10 जुलाई की तिथि तय कर दी है।, वहीं हादसे में एक युवक की मौत हो गई। आईए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Worship performed anniversary discovery Shivling Gyanvapi request made to defer proceeding
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: ज्ञानवापी में शिवलिंग मिलने की चौथी वर्षगांठ पर शनिवार को ज्ञानवापी मामले की वादिनियों और अधिवक्ताओं ने पूजन-अर्चन किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रीआदि विश्वेश्वर मुक्ति विद्वत संघ के अध्यक्ष डॉ. सोहन लाल आर्य के नेतृत्व में ज्ञानवापी की वादिनियों और अधिवक्ताओं ने सुबह वजूखाने में प्राप्त शिवलिंग की मुक्ति की कामना के लिए दर्शन-पूजन किया। उन्होंने गेट नंबर-4 से बाबा के दर्शन किए। बाबा विश्वनाथ और व्यास जी के तहखाने में भी पूजन-अर्चन किया।



सील वजूखाने में जाने पर प्रतिबंध होने के कारण सभी ने रेलिंग के पास से ही पूजा और आरती की तथा बाबा का शीघ्र मंदिर बनाए जाने की कामना की। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष किया गया। उन्होंने कहा कि जिस तरह श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बना, उसी तरह ज्ञानवापी में भी भव्य मंदिर बनेगा। दर्शन-पूजन में वादिनी लक्ष्मी देवी, सीता साहू, मंजू व्यास, रेखा पाठक, अधिवक्ता सोहन लाल आर्य, विशाल सिंह, महेंद्र पांडेय, सुधीर त्रिपाठी, सुभाष नंदन चतुर्वेदी, दीपक सिंह, और बाल गोपाल साहू आदि मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

ज्ञानवापी : यूपी सुन्नी वक्फ बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर कार्यवाही को टालने का अनुरोध किया
ज्ञानवापी प्रकरण के सबसे पुराने वाद की सुनवाई सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक की न्यायिक अधिकारी अभिषेकता यादव की अदालत में हुई जहां अलग-अलग पक्षों की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्रों पर बहस हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए 10 जुलाई की तिथि तय कर दी है। 

सुनवाई के दौरान यूपी सुन्नी वक्फ बोर्ड ने प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। बोर्ड की तरफ से सुप्रीम कोर्ट के 12 दिसंबर 2024 के आदेश का हवाला दिया गया और अनुरोध किया गया कि वाद की सुनवाई, आगे की कार्यवाही स्थगित की जाए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मद्देनजर मामले में आगे की प्रक्रिया नहीं बढ़ाई जा सकती है। दूसरी तरफ आवेदिका अनुष्का तिवारी की तरफ से प्रार्थना पत्र दाखिल करके यूपी सुन्नी वक्फ बोर्ड की दलील का विरोध किया गया। 

अदालत से कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश में केवल प्रभावी और अंतिम आदेश पारित करने पर रोक है। प्रक्रियात्मक कार्यवाही पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। यूपी सुन्नी वक्फ बोर्ड और अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी अप्रत्यक्ष रूप से मामले की सुनवाई को लटकाना चाहती है। कार्यवाही टालने का प्रयास इसलिए किया जा रहा है ताकि वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी को हटाने संबंधी प्रार्थना पत्र पर सुनवाई न हो सके। वहीं, वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने भी आपत्ति प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। 

बरात से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
चौबेपुर के बरियासनपुर रिंग रोड सर्विस लेन पर सड़क हादसे में चंद्रशेखर राजभर की मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाहपुर गांव निवासी चंद्रशेखर राजभर रिश्तेदार में शादी में शामिल होने कानूडीह दुल्हीपुर गए थे। वह हडिया डीह निवासी रितेश राजभर की बरात में शामिल हुए थे। 

शुक्रवार रात 12 बजे शादी समारोह से बाइक से घर लौटते समय बरियासनपुर रिंग रोड बराई अंडरपास के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस घायल को अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर के बाद पत्नी लक्ष्मीना राजभर का रो-रोकर बुरा हाल है। 

चंद्रशेखर मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। मृतक की पत्नी ने चौबेपुर थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की जा रही है। 

किशोरी मिली, आधार पर दूसरे धर्म की पहचान
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र से शुक्रवार भोर लापता हुई 14 साल की बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद किया। नाबालिग शुक्रवार दो बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवार वालों ने अज्ञात पर बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई। बताया गया कि वह घर से अपना मोबाइल फोन भी लेकर गई थी। परिजनों का आरोप है कि घर में तलाशी के दौरान उन्हें एक संदिग्ध आधार कार्ड की जानकारी मिली, जिसमें किशोरी का नाम बदलकर उमरा पुत्री नरसिन निवासी राजातालाब दर्ज था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि किशोरी सकुशल मिली है। पूछताछ की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

विवादित बैनर लगाने पर थाना प्रभारी पर धमकाने का आरोप
शास्त्री घाट पर एक दिन पहले शुक्रवार को प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा प्रदर्शनकारी सराफा कारोबारियों को धमकी दे रहे हैं। कारोबारी जितेंद्र सेठ को धमकी देते हुए कहा कि आपके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराऊंगा। झेल नहीं पाओगे। जितेंद्र सेठ ने बताया कि प्रदर्शन स्थल पर टंगे बैनर में प्रधानमंत्री की तस्वीर पर क्रॉस का चिह्न बना हुआ था। उक्त बैनर को थाना प्रभारी ने तत्काल हटाने के लिए कहा। 

इसी दौरान कुछ अलग- अलग टहल रहे प्रदर्शनकारियों को जब इकट्ठा होने के लिए कहा गया तो थाना प्रभारी को लगा कि लोग उनका विरोध कर रहे हैं। इसी बात को लेकर बहस हुई थी। हालांकि कुछ देर बाद उक्त विवादित बैनर को हटा लिया गया। 

थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रदर्शकारियों को विरोध करने से मना नहीं किया गया था। 1000 लोगों के प्रदर्शन की सूचना थी। उसी आधार पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। किसी भी सम्मानित व्यक्ति की फोटो, वीडियो का गलत तरीके से इस्तेमाल कानूनन अपराध है। 

नाबालिग को बहलाकर ले जाने का आरोप, प्राथमिक
लंका थाना क्षेत्र से 14 साल की बच्ची के लापता होने के मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बल्लू यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बच्ची की मां ने तहरीर में बताया कि बेटी को बल्लू यादव नामक युवक अपने साथ लेकर चला गया। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन बेटी और आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

साइकिल टकराने पर छात्र से मारपीट
लंका थाना क्षेत्र के सीर गेट के पास साइकिल टकराने के मामूली विवाद में एक छात्र के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया। पिता की तहरीर पर पुलिस वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। बिहार के बक्सर निवासी दिवाकर पांडेय लंका में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। बृहस्पतिवार दोपहर वह विभाग से पढ़ाई कर लौट रहा था। सीर गेट के पास उसकी साइकिल एक मोटरसाइकिल से छू गई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। 

जमीन के विवाद में हमला, दंपती और बेटा घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के शिवरामपुर गांव में शनिवार दोपहर जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने दंपती समेत बेटे पर लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने मिर्जामुराद थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। शिवरामपुर निवासी नगीना यादव पत्नी उर्मिला यादव के साथ घर के बाहर आंधी में गिरे पेड़ की डालियां समेट रहे थे।

आरोप है कि रंजिश को लेकर पटीदार विनोद यादव, धर्मेंद्र यादव, महेंद्र यादव, अरविंद यादव समेत अन्य पहुंच गए। गालीगलौज के बाद सभी ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में नगीना यादव (50) व पत्नी उर्मिला यादव (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे रोशन यादव (24) को भी हमलावरों ने पीट दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

विवाहिता ने लगाया मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
कैट थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी प्रीती देवी ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, गालीगलौज और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने छह लोगो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता प्रीती देवी ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे वह सामान लेने नीचे आई थीं। आरोप है कि तुलसी, पायल, शनि और केशव ने मिलकर मारपीट की। साथ ही थाली से हमला कर सिर फोड़ दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

चेंबर में घुसकर धमकीका आरोप, दंपती पर प्राथमिकी 
कैंट थाना क्षेत्र में अभिनव कुमार सिंह के साथ गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी अमित कुमार सिंह, पत्नी गीतांजलि सिंह और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। अभिनव कुमार सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि 29 अप्रैल 2026 को आरोपी उनके चेंबर पर पहुंचे और वहां गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता का आरोप है कि घटना के बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उन्हें लगातार फोन कॉल और संदेश भेजकर धमकाया गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

माफी मांगने पर भी आरोपी ने पीटा 
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के वाराणसी इंकलेव में पालतू कुत्ते के शौच को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता आस्था के अनुसार, वह मंगलवार रात मां के साथ कॉलोनी में टहल रही थीं। पालतू कुत्ते ने पड़ोसी बलवंत सोनकर के घर के पास शौच कर दिया। आरोप है कि माफी मांगने के बावजूद देर रात मोबाइल फोन पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने धक्का देकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उनके पिता को भी बुरी तरह पीटा गया। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

तीन साल बाद नाबालिग मिली, आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र से 2023 में दर्ज नाबालिग की गुमशुदगी और अपहरण के मामले में पुलिस ने तीन साल बाद अपहृता को जौनपुर से बरामद किया। साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार किया। थाना एएचटी में उपनिरीक्षक निकिता सिंह ने खोजा। 

रिटायर्ड एसआई के साथ 40 हजार रुपये की ठगी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कलेक्ट्री फार्म के एटीएम पर रिटायर्ड एसआई के साथ 40 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभिमन्यु नगर कॉलोनी चुरामनपुर, लोहता निवासी जय प्रकाश सिंह ने पुलिस को तहरीर में बताया कि 14 मई की शाम पांच बजे एटीएम पर रुपये निकालने पहुंचे थे। पीछे खड़े एक व्यक्ति ने मदद करने के बहाने कार्ड बदल लिया। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

सड़क हादसे में मौत के एक महीने बाद प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल के पास सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने एक महीने बाद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात चालक की तलाश में जुट गई है। राजातालाब के तोहफपुर निवासी अजित पटेल ने लंका थाने में तहरीर देकर बताया कि ससुर रामबदन पटेल, निवासी साहुपुर मुगलसराय, चंदौली 16 अप्रैल को डाफी टोल प्लाजा के पास किसी परिचित से मिलने आए थे। विश्वसुंदरी पुल के पास समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।

भाई ने भाई-भाभी पर किया चाकू से हमला
कैंट थाना क्षेत्र के छोटा लालपुर में चप्पल पहनने को लेकर विवाद में भाई अपने ही भाई और भाभी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है। पीड़ित जितेंद्र विश्वकर्मा निवासी छोटा लालपुर अर्दली बाजार के अनुसार, शुक्रवार शाम 4.30 बजे उसका अपने भाई महेंद्र विश्वकर्मा से चप्पल पहनने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि महेंद्र ने गालीगलौज करचाकू निकाल लिया और जितेंद्र पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी भाभी लल्लम भी घायल हो गईं। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

क्रिकेट खेलते समय हमला, महिलाओं से भी अभद्रता
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में क्रिकेट खेल रहे युवकों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पीड़ित अभय प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि भीम गुप्ता, शिवम सोनकर और विशाल सोनकर 10 से 15 लोगों के साथ पहुंचे और गालीगलौज की। विरोध करने पर रॉड, डंडा, ईंट और पत्थरों से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाओं के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

सट्टा कराने के बाद मकान की दूसरी रजिस्ट्री
रोहनिया थाना क्षेत्र में जमीन और मकान बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी देने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र निवासी ब्रह्मानंद दुबे, जो वर्तमान में इंदिरानगर कॉलोनी चितईपुर में रहते हैं। पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मुलाकात राहुल सिंह उर्फ मंगल से हुई, जिसने अजय कुमार वर्मा निवासी खोजवां से संपर्क कराया।

आरोप है कि दोनों ने अमरा-खैरा स्थित एक मकान और जमीन दिखाकर 63.5 लाख रुपये में सौदा तय कराया। 12 दिसंबर 2025 को दो लाख रुपये एडवांस अजय कुमार वर्मा के खाते में जमा कराए गए और 15 दिसंबर 2025 को अर्चना दुबे के नाम सट्टा कराया गया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

कागजात मांगने पर युवक पर चाकू से हमला
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में बाइक के कागजात मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंग युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर खरीदार पर चाकू और चाबी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजाबाजार नदेसर निवासी आमिर खान ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ समय पहले रईश नामक युवक से बाइक खरीदी थी। आरोपी ने बाइक के कागजात और एनओसी बाद में देने का आश्वासन दिया था। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

फर्जी पार्टनरशिप डीड बनाकर एजेंसी हड़पने का आरोप
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी से जुड़ी महिला व्यवसायी के साथ कथित धोखाधड़ी और फर्जी पार्टनरशिप डीड तैयार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों शिवजी सोनकर और सीता सोनकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, वह शिव शक्ति भारत गैस ग्रामीण वितरक की प्रोपराइटर हैं। 

आरोप है कि शिवजी सोनकर ने गैस व्यवसाय में निवेश और सहयोग का भरोसा दिलाकर संपर्क बढ़ाया। इसके बाद उन्हें विभिन्न बहानों से वाराणसी और दिल्ली ले जाया गया। फर्जी तरीके से पार्टनरशिप डीड तैयार करा ली। इसकी जानकारी बाद में बीपीसीएल की ओर से मिलने पर उन्हें पूरे मामले का पता चला। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार की पार्टनरशिप नहीं की है और हस्ताक्षर व दस्तावेज का दुरुपयोग किया गया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

साक्ष्य देने के 8 दिन बाद दर्ज हुई चोरी की प्राथमिकी
चितईपुर थाना क्षेत्र के आरके पुरम कर्माजीतपुर निवासी जल निगम से सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक मुखराम सिंह ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए स्टांप एवं न्यायालय शुल्क राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल से शिकायत की है। आरोप है कि छह लाख रुपये और लाखों के आभूषण चोरी होने के मामले में साक्ष्य व सीसी फुटेज देने के बावजूद पुलिस ने आठ दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की। नौकरानी माला को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई थी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने से पहले ही उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद वह भाग गई। 

साइबर ठगों ने दो दिन में खाते से 3.11 लाख निकाले
जैतपुरा थाना क्षेत्र के लाट सरैया पोखरी निवासी चांद बाबू के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने 3.11 लाख रुपये उड़ा दिए। जानकारी होने पर पीड़ित ने जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चांद बाबू ने पुलिस को बताया कि उनका खाता एचडीएफसी बैंक की लहुराबीर शाखा में है। जब वह बैंक से पैसा निकालने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से 11 और 12 मार्च को कई बार में 3,11,634 रुपये निकाले जा चुके हैं। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच हो रही है।

युवती से छेड़खानी, उठा ले जाने की धमकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के हनुमानपुरा में युवती से छेड़खानी और धमकी के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता का आरोप है कि क्षेत्र निवासी करन कुमार युवती को फोन कर परेशान करता था और विरोध करने पर उठा ले जाने की धमकी देने लगा। पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई बार घर की छत पर भी चढ़ जाता था। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देता था। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

पिता-बेटी से मारपीट, तीन पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन खोजवा निवासी गोवर्धन प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित के अनुसार, उनके छोटे भाई विजय प्रजापति, गणेश प्रजापति और विकास प्रजापति मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि विवाद के दौरान गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

ताला तोड़ लाखों के जेवर, कैमरे और नकदी पार
सारनाथ के लोहिया नगर कॉलोनी (फेज टू) में बीते शुक्रवार को चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य द्वार और कमरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कैमरे और नकदी समेत लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मकान मालकिन सुमित्रा गुप्ता ने बताया कि 1 मई को वह पति सीताराम गुप्ता के साथ किसी काम से लखनऊ गई थी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाली जा रही है। 

Varanasi News Today Worship performed anniversary discovery Shivling Gyanvapi request made to defer proceeding
वाराणसी कोर्ट - फोटो : Amar Ujala

अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को 10 साल की सजा
थाना सारनाथ क्षेत्र से जुड़े अपहरण और दुष्कर्म के एक मामले में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम राजेश्वर शुक्ल की अदालत ने आरोपी उदल को दोषी करार देते हुए 10 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में आरोपी को पांच महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। पीड़ित पक्ष ने सारनाथ थाने में 2018 में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। भदोही निवासी आरोपी उदल पुत्र हीरालाल पर आरोप था कि उसने नाबालिग को बहलाकर अपहरण किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए। 

संप्रेक्षण गृह में मुलाकात के नाम पर वसूली का आरोप
रामनगर के राजकीय संप्रेक्षण गृह में एक बार मुलाकात कराने के लिए 500 और कोर्ट से रिहाई आदेश आने के बाद भी ढाई से पांच हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में जौनपुर निवासी दंपती ने आरोप लगाया कि बच्चे से मिलने के लिए मुख्य गेट पर तैनात एक होमगार्ड ने 500 रुपये मांगे।

पीड़ित परिवार ने रुपये देकर मुलाकात की। सोमवार को मुलाकात के दिन बड़ी संख्या में परिजन पहुंचते हैं और उसी दौरान वसूली होती है। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज  कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत आने पर जांच कराई जाएगी। 

रिश्वत लेने पर रिटायर्ड लिपिक समेत 2 को 4 साल सजा
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम पूनम पाठक की अदालत ने सीज ट्रक रिलीज कराने के एवज में रिश्वत लेने के मामले में चंदौली आरटीओ कार्यालय के सेवानिवृत्त लिपिक बाबूराम और दलाल रंगनाथ को दोषी ठहराते हुए चार-चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। दोनों पर 10-10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया।

अभियोजन के अनुसार, बिहार के बेगूसराय निवासी राधे महतो ने 2015 में शिकायत की थी कि उनका ट्रक चंदौली में सीज कर दिया गया था। ट्रक छोड़ने के लिए आरटीओ कार्यालय में बाबू ने 13 हजार की रिश्वत मांगी। शिकायत के बाद गठित ट्रैप टीम ने आरोपितों को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपितों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। 

मिले शव की शिनाख्त, मॉल में करता था काम
कैंट थाना क्षेत्र के शास्त्री पुल के पूर्वी ढलान मार्ग के पास शुक्रवार को मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र के निवासी सूरज तिवारी उर्फ जोखू (26) के रूप में हुई है। स्थानीय स्तर पर उसकी तस्वीरें और खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।

वायरल फोटो देखने के बाद मृतक के भतीजे विवेक ने कैंट पुलिस से संपर्क किया और मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त सूरज तिवारी के रूप में की। मृतक सूरज तिवारी सिगरा के एक मॉल में कार्यरत थे। शादी नहीं हुई थी और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में केवल एक बहन बची है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। 

नीट : पेपर लीक में एनएसयूआई का प्रदर्शन
नीट पेपर लीक होने के विरोध में एनएसयूआई बीएचयू इकाई की ओर से शनिवार को कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बार-बार प्रश्नपत्र लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को तत्काल बंद किया जाए। नीट परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। 

योग दिवस के दिन नीट का पेपर टालने की मांग : बीएचयू के छात्रों ने शनिवार को प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे ई-मेल से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन नीट परीक्षा को दोबारा कराने की तिथि टालने की मांग की है। अभिषेक सिंह, अभय सिंह मिक्कू ने बताया कि एनटीए की ओर से नीट 2026 की स्थगित परीक्षा की अगली तिथि 21 जून को है। सभी सरकारी, गैर सरकारी, शिक्षण, गैर शिक्षण व सामाजिक संस्थाओं की ओर से योग दिवस मनाया जाता है। जिसमें हर उम्र के बालक, बालिका स्त्री और पुरुष भाग लेते हैं। इस दिन परीक्षा कराना उचित नहीं है। 

मनमानी फीस बढ़ोतरी और दुकानें तय करने का एबीवीपी ने किया विरोध
शिक्षा विभाग में व्याप्त विभिन्न शैक्षिक अनियमितता, अधिकारीयो की संलिप्तता एवं शैक्षिक भ्रष्टाचार के लिए शनिवार को एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने मनमानी फीस बढ़ोतरी और स्कूलों की ओर से दुकानें तय करने को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए डीएम को ज्ञापन दिया।

एबीवीपी के महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने बताया कि डीएम को 8 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन दिया गया। इसमें निजी विद्यालयों द्वारा तय की गई एक निश्चित दुकानों से ही किताबें व विद्यालय की ड्रेस को खरीदने का दबाव न बनाने, आरटीई के तहत निर्धारित सीटों पर पात्र बच्चों का प्रवेश कराने, सीबीएसई, आईसीएसई व यूपी बोर्ड के विद्यालयों द्वारा अभिभावकों से मनमानी फीस वसूलने, विद्यालयों में एनसीईआरटी की ही पुस्तकें चलाने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई हो। बिना मानक एवं बिना मान्यता के चल रहे हैं स्कूलों पर कार्रवाई हो तथा शासकीय सहायता प्राप्त कॉलेज में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों से अवैध तरीके से फीस न वसूलने की मांग की गई है। यदि ऐसा नहीं होता है तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एक वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होगी। 

जीजीआईसी में हुई ईको आर्ट कार्यशाला छात्राओं को किया गया जागरूक
वाराणसी। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया में शनिवार को इको आर्ट कार्यशाला हुई। इसमें छात्राओं को माहवारी के विषय में में जागरूक किया गया। प्रधानाचार्या निशा यादव ने बताया कि कार्यशाला समर कैंप के तहत हुई। विद्यालय में माहवारी माह - रजोत्सव के तहत माहवारी जागरूकता रैली निकाली गई। 

कार्यशाला में प्रशिक्षक रीता ने छात्राओं को पुराने समाचार पत्र एवं अन्य वेस्ट मैटेरियल का उपयोग करते हुए पेपर बैग, बुक मार्कर, ऑर्गेनाइज़र, फोटो फ्रेम एवं अन्य उपयोगी रचनात्मक वस्तुएं बनानी सिखाईं। कार्यक्रम में विद्यालय की उप प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहे। संचालन में संयोजिका आभा जैन और नाजरीन बानो का विशेष सहयोग रहा। रैली में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो जैसे जागरूकता नारों और पोस्टरों के माध्यम से माहवारी स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दिया। कक्षा 5 से 7 तक की छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता सत्र हुए। 

आहार नली में 20 दिन से फंसा था दांत, 45 मिनट में डॉक्टर ने निकाला
आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रोलॉजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. अनुराग तिवारी ने एक मरीज की आहार नली में फंसे दांत को निकाला। मरीज खाना नहीं खा पा रहा था। 45 मिनट तक जटिल प्रक्रिया के बाद दांत निकाला गया। अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गया। डॉ. अनुराग तिवारी ने बताया कि दांत की गुणवत्ता ठीक न होने से ऐसा हुआ। खाने की नली में फंसे नकली दांत को इंडोस्कोपी विधि से निकालने में सफलता मिली।

बताया कि यह सबसे आसान प्रक्रिया होती है कि वो खाने की नली में कोई वस्तु चली जाए तो उसे बड़ी आसानी से निकाल देता है। नकली दांत का खाने की नली में जाने का केस अलग था। दांत ऐसा फंसा था कि उसे निकालते समय नली के फटने का भी खतरा था। डॉ. अनुराग तिवारी ने बताया कि दांत निकालने के 2 घंटे बाद ही खाने की अनुमति दे दी गई। 

सरकारी रिजल्ट डॉट कॉम विवाद मामले   में आपराधिक कार्यवाही पर रोक
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकारी रिजल्ट डॉट कॉम वेबसाइट से जुड़े विवाद में राहत दी है। याचियों के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही और समन आदेश पर रोक लगा दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति संजय कुमार पचोरी की एकल पीठ ने शशि कुमार व एक अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर दिया।

वाराणसी के भेलूपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज है। इसी मामले में वाराणसी के एसीजेएम कोर्ट की ओर से पारित संज्ञान और समन आदेश को भी चुनौती दी गई थी।याचियों की ओर से अधिवक्ता ने दलील दी कि विपक्षी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर पूरी तरह झूठी, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों पर आधारित है। 

Varanasi News Today Worship performed anniversary discovery Shivling Gyanvapi request made to defer proceeding
नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल। - फोटो : अमर उजाला

दालमंडी चौक मार्ग का नाम जयशंकर प्रसाद के नाम से हो : व्योमेश शुक्ल
नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल ने शनिवार को डीएम सत्येंद्र कुमार को पत्र भेजा है। उन्होंने दालमंडी-चौक मार्ग का नाम जयशंकर प्रसाद मार्ग करने की मांग है। जयशंकर प्रसाद की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की मांग भी रखी है। प्रतिमा स्थल को सांस्कृतिक अनुभव केंद्र के रूप में विकसित करने और उनकी कृति कामायनी की पंक्तियां, उनकी हस्तलिपि और संक्षिप्त जीवन परिचय प्रदर्शित किया जाए। इसके अलावा लमही स्थित प्रेमचंद आवास, चौखंभा स्थित भारतेंदु आवास, रविंद्रपुरी स्थित आचार्य रामचंद्र शुक्ल के आवास और कबीरचौरा में नीरू-नीमा टीले जैसे स्थलों को भी साहित्यिक-सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की है। 

सही पोषण मिलने पर जल्द भर सकेंगे मरीजों के घाव
आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर सभागार में शनिवार को शैक्षणिक संगोष्ठी में वक्ताओं ने ट्रॉमा के मरीजों के घावों में रिकवरी के लिए सही पोषण को उपयोगी बताया। मुख्य अतिथि मेदांता गुरुग्राम में इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिटिकल केयर एंड एनेस्थिसियोलॉजी के चेयरमैन प्रो. यतीन मेहता ने कहा कि ट्रॉमा के मरीजों को अगर सही पोषण मिले तो उनका घाव जल्दी भरने के साथ ही प्रतिरक्षा प्रणाली भी मजबूत होगी। 

ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह के निर्देशन में हुए आयोजन में डॉ. पूनम तिवारी ने आईसीयू रोगियों में न्यूट्रिशनल स्क्रीनिंग और असेसमेंट पर चर्चा की। लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. कुशाग्र पटेल ने उच्च रोगी भार वाले सरकारी अस्पतालों में क्लिनिकल न्यूट्रिशन प्रोटोकॉल लागू करने की व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की। 

वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट से डॉ.ऋचा मिश्रा ने भी सही पोषण को मरीजों बेहतर उपचार की दिशा में अहम कड़ी बताया। कार्यक्रम में आईएमएस बीएचयू के कार्यवाहक निदेशक प्रो. संजय गुप्ता, दंत चिकित्सा संकाय प्रमुख प्रो. एचसी बरनवाल, एनीस्थीसिया विभाग के अध्यक्ष प्रो. एपी सिंह, आईसीयू से प्रो.बिक्रम गुप्ता के साथ ही ट्रॉमा सेंटर में सीनियर डायटिशियन गुंजन सिंह, डॉ. अमृता रथ, डॉ. विनय मौजूद रहे। संगोष्ठी में ई-पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता हुई। 

300 छात्राओं की हुई एनीमिया की जांच
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा की ओर से एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतिम दिन शनिवार को तुलसीपुर स्थित निवेदिता शिक्षा सदन में 300 छात्राओं की एनीमिया की जांच हुई। डॉक्टरों ने छात्राओं के ब्लड ग्रुप और हीमोग्लोबिन की मात्रा जांची। शाखा की अध्यक्ष श्रीमती निशा त्रिपाठी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन की मात्रा मानक से कम पाए जाने पर उनको हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए खाद्य पदार्थों की किट दी जाएगी। संचालन सचिव अनीता दुबे तथा धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष अनिल कुमार जायसवाल ने किया। मौके पर विशाल कपूर, विद्यालय की प्रधानाचार्य आनंद प्रभासिंह, डॉ. अनिल गुप्ता, प्रमोद राम त्रिपाठी, राकेश गुप्ता मौजूद रहे। 

24 घंटे में चार ट्रांसफॉर्मर जले, चार खराब
तापमान में बढ़ोतरी और तीखी धूप के बीच बिजली आपूर्ति की व्यवस्था लड़खड़ा गई है। पिछले 24 घंटे(शुक्रवार शाम से शनिवार शाम तक) में चार जगह ट्रांसफॉमर जल गए जबकि चार जगहों पर ट्रांसफॉर्मर में खराबी की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इधर शहर से लेकर ग्रामीण इलाके तक ट्रिपिंग खूब हो रही है। रामनगर में कोदोपुर फीडर के तहत इलाकों में शनिवार की शाम दो घंटे में 10 बार बिजली कटी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शुक्रवार से ही शहर में हैं। शनिवार को ही सर्किट हाउस में बिजली निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले को ट्रिपिंग मुक्त बनाने, ट्रांसफॉर्मर जलने पर तत्काल सही कराने को कहा। 

दालमंडी खुलने-बंद होने के समय विशेष प्लान
दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के बीच कानून, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन ठीक करने का निर्देश अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने दिया। एक दिन पहले शुक्रवार को उन्होंने दालमंडी का निरीक्षण भी किया था। संवेदनशील स्थानों पर सीसी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को कहा। बाजार खुलने और बंद होने के समय विशेष ड्यूटी प्लान लागू करने और धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। 

मां दक्षिणेश्वरी की 108 बत्तियों से हुई महाआरती
भोजूबीर पंचकोशी मार्ग स्थित मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में शनि अमावस्या पर मां का शृंगार कर पूजन-अर्चन किया गया। मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। मां को पंचामृत स्नान कराकर नूतन वस्त्र एवं आभूषण धारण कराए गए। मां को रजत मुंडमाला पहनाई गई। गेंदा, बेला और गुलाब के फूलों से शृंगार किया गया। मंदिर को कामिनी की पत्तियों और विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दोपहर में भोग आरती हुई। रात में 108 बत्तियों और सवा किलो कपूर से मां की महाआरती की गई। इस दौरान शनि महायज्ञ भी आयोजित हुआ। 

मां नीमा माई के शृंगार पर बही भजन गंगा
औरंगाबाद, पुराना पानदरीबा स्थित नीमा माई मंदिर का वार्षिक शृंगार हुआ। माता को विभिन्न सुगंधित फूलों से सजाया गया। मां को पंचामृत स्नान कराकर नूतन वस्त्र एवं आभूषण धारण कराए गए। बेला, गुलाब आदि सुगंधित पुष्पों से शृंगार किया गया। आचार्य पं. प्रकाश शर्मा ने षोडशोपचार पूजन कराकर महाआरती कराई। मंदिर की आकर्षक सजावट की गई थी। भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक पुनीत पागल ने देवी गीतों व भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। 

संस्कृत विश्वविद्यालय के दो विद्यार्थी बने सेना में जेसीओ
सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या विभाग के दो विद्यार्थियों श्यामशंकर तिवारी और आनंद द्विवेदी का चयन भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) पद पर हुआ है। विभागाध्यक्ष डॉ. रविशंकर पांडेय एवं विभाग के शिक्षकों ने दोनों छात्रों का सम्मान किया। आनंद द्विवेदी को आचार्य पाठ्यक्रम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर राज्यपाल द्वारा विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक भी प्रदान किया गया है। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। 

विश्वनाथ धाम और कालभैरव मंदिर में हुई शनिदेव की पूजा
श्रीशनि जयंती पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर में विराजमान शनिदेव के पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। अन्य मंदिरों में भी शनिदेव के विग्रहों का शृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शनिदेव से निरोग जीवन, साढ़ेसाती और कुंडली दोष से मुक्ति की कामना की। 

पिंगल संवत्सर के मंत्री माने जाने वाले शनिदेव के जन्मोत्सव पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित नवग्रह मंडप में विराजमान भगवान शनि को समर्पित शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया गया। भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शनि की विशेष पूजा की। इसके साथ ही मंदिर में विराजमान भगवान शनि की प्रतिमा का विधिवत पूजन कर जनकल्याण और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। बाबा के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने शनिदेव का भी दर्शन-पूजन किया। 

बाबा कालभैरव मंदिर, मंगला गौरी, संकठा देवी, केदारेश्वर महादेव, उमरहां स्थित नवग्रह मंदिर सहित सौ से अधिक मंदिरों में विराजमान शनिदेव के विग्रहों का शृंगार कर पूजन-अर्चन किया गया। लोगों ने सरसों का तेल, लोहे के दीपक, काला कपड़ा और शमी पत्र आदि नैवेद्य अर्पित कर शनिदेव की पूजा की। पीपल वृक्ष का भी पूजन किया गया तथा काले कौओं और कुत्तों को भोजन कराया गया। शनिदोष से राहत के लिए श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। 

लहुराबीर व्यवसायी समिति का स्थापना दिवस मनाया
लहुराबीर व्यवसायी समिति का स्थापना दिवस शनिवार को एक होटल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान समिति के नए सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में व्यापारियों को फाउंडर ऑफ एमएसएमई क्लस्टर के माध्यम से आर्थिक आरोग्यम केंद्र की ओर से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष नारायण खेमका, महामंत्री अशोक जायसवाल, अजय तुलस्यान, विक्रम सिंह माैजूद रहे। 

55 बच्चों ने संस्कार और सृजनात्मक गुर सीखे
भारत विकास परिषद साकेत शाखा की ओर से आयोजित आर्ट एवं क्राफ्ट शिविर के अंतिम शनिवार को भदैनी स्थित आदर्श शिक्षा मंदिर विद्यालय में बच्चों को आइसक्रीम स्टिक से वॉल हैंगिंग बनाना सिखाया गया। साथ ही प्रशिक्षक विशाखा जैन ने बच्चों को ब्रीथ एक्सरसाइजर गेम बनाना भी सिखाया, जिसका बच्चों ने खूब आनंद उठाया। खेल-खेल में होने वाले इस व्यायाम से फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ती है। इसके अलावा बच्चों ने पेंटिंग एवं ड्राइंग भी की। शिविर में 55 बच्चों ने प्रतिभाग किया। 

भोजशाला पर हाईकोर्ट के फैसले का काशी के संतों ने किया स्वागत
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा धार स्थित भोजशाला को ऐतिहासिक एवं संरक्षित वाग्देवी मंदिर मानने संबंधी दिए गए फैसले का काशी के संतों ने स्वागत किया। अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने इस निर्णय को भारत की सांस्कृतिक चेतना और ऐतिहासिक सत्य की विजय करार दिया। कहा कि न्यायालय ने पुरातात्विक तथ्यों, ऐतिहासिक प्रमाणों तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय देकर करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान किया है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया है कि भोजशाला एक ऐतिहासिक और संरक्षित स्थल है, जो देवी सरस्वती का मंदिर है। स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि भोजशाला केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, संस्कृति और सभ्यता का प्रतीक है।

भोजशाला सनातनियों की आस्था का केंद्र
वेद मंदिर के संस्थापक एवं वैदिक एजुकेशनल रिसर्च सोसाइटी के अध्यक्ष ज्योतिषाचार्य पं. शिवपूजन शास्त्री ने मध्य प्रदेश के धार भोजशाला मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भोजशाला में सरस्वती देवी का मंदिर सनातन हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। यहां भी मां सरस्वती का भव्य मंदिर बनना चाहिए। सनातन धर्म के मूल बिंदु चारों वेद और उपनिषद हैं तथा मां सरस्वती बुद्धि प्रदान करने वाली देवी हैं। मां सरस्वती सनातन धर्म की मूल आधार हैं।

Varanasi News Today Worship performed anniversary discovery Shivling Gyanvapi request made to defer proceeding
नाट्य मंचन करते कलाकार। - फोटो : संवाद

नाटक: पर्दा उठाओ-पर्दा गिराओ ने समाज की कड़वी सच्चाई दिखाई
भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) की ओर से शनिवार को शिवपुर स्थित अशोक मिशन नाट्यशाला में दो दिवसीय बनारस नाट्य महोत्सव एवं इप्टा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। समाज और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. रामसुधार सिंह और शिव कुमार पराग को ‘इप्टा सम्मान’ से नवाजा गया।

अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इप्टा के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक आनंद ने डॉ. रामसुधार सिंह और महासचिव सलीम राजा ने शिव कुमार पराग को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद नाटक ‘पर्दा उठाओ-पर्दा गिराओ’ का मंचन बनारस यूथ थिएटर के युवा कलाकारों ने किया। कलाकारों ने सशक्त अभिनय से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।

समसामयिक और समाज की कड़वी सच्चाई को दर्शाते इस नाटक में दिखाया गया कि कैसे कुछ कलाकार ‘हीरो’ बनने के चक्कर में थिएटर तो शुरू कर देते हैं, लेकिन नाटक के समय बिना बताए गायब हो जाते हैं। 

कियॉस्क से यात्रियों को मिलेगी जानकारी
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के बनारस रेलवे स्टेशन पर एलईडी टच-स्क्रीन कियॉस्क लगाया गया है। इसकी खासियत यह है कि इसकी मदद से यात्रियों को स्टेशन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-8 के पास मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थापित यह एलईडी टच-स्क्रीन कियॉस्क सिर्फ एक डिजिटल मैप से अधिक है। इसके माध्यम से स्टेशन पर उपलब्ध शौचालय, पानी के बूथ, वॉटर कूलर, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटर, जन सुविधा केंद्र (पूछताछ), वातानुकूलित लाउंज की जानकारी यात्रियों को मिलेगी। 

नोएडा एयरपोर्ट का शेड्यूल जारी वाराणसी के लिए उड़ान नहीं
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों का समर शेड्यूल जारी हो गया है। इस शेड्यूल में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए एक भी उड़ान शामिल नहीं की गई है। ऐसे में नोएडा जाने वालों को फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट का ही सहारा लेना होगा। हालांकि, इसका प्रमुख कारण वाराणसी एयरपोर्ट पर चल रहे विस्तारीकरण कार्य को माना जा रहा है। वाराणसी एयरपोर्ट पर विमानों की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है। समर शेड्यूल भी पुराना ही लागू है। जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था। नोएडा एयरपोर्ट के जारी शेड्यूल के अनुसार वाराणसी के लिए किसी भी विमानन कंपनी की ओर से कोई उड़ान प्रस्तावित नहीं की गई है। 

तीन दिन 60 किमी प्रति घंटे की गति से लू की चेतावनी
आधा मई बीतने के बाद अब गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, काशी का पारा अगले सप्ताह 47 डिग्री के पार भी जा सकता है। दूसरी ओर, मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 19 से 21 मई तक पूरे तीन दिन जिले में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, बाकी पूरे सप्ताह लू का यलो अलर्ट जारी है। यानी ऑरेंज अलर्ट के दौरान 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, जबकि यलो अलर्ट में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से लू चलने के आसार हैं। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। 

Varanasi News Today Worship performed anniversary discovery Shivling Gyanvapi request made to defer proceeding
इलाहाबाद हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला।

अनुग्रह राशि मामले में डीएम एक माह में फैसला लें : कोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षामित्र की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी को अनुग्रह राशि न दिए जाने के मामले को संज्ञान लिया है। कोर्ट ने वाराणसी के डीएम एवं जिला निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी को निर्देश दिया कि पीड़िता के दावे पर एक महीने के भीतर निर्णय लें। यह आदेश न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने शहनाज बेगम की याचिका पर दिया। 

याची के अधिवक्ता ने दलील दी कि शहनाज बेगम के पति की मृत्यु उस समय हुई थी, जब वे बीएलओ के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 17 फरवरी 2009 को जारी दिशानिर्देशों में चुनाव ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर आश्रितों को अनुग्रह मुआवजा देने का स्पष्ट प्रावधान है। राज्य सरकार की ओर से पेश स्थायी अधिवक्ता ने दलील दी कि मामले को लंबित रखने के बजाय संबंधित प्राधिकारी को प्रत्यावेदन पर निर्णय लेने का निर्देश दिया जा सकता है। 

बिजली संबंधी समस्या की 1912 पर करें शिकायत  वाराणसी। जिले में बिजली निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। नया कनेक्शन लेने, स्मार्ट मीटर संबंधी गड़बड़ी, गलत बिजली बिल के साथ ही सोलर संबंधी समस्याओं को लेकर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। स्थानीय स्तर पर भिखारीपुर एमडी कार्यालय में 1912 का कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। 

समायोजन सूची से असंतुष्ट शिक्षकों से मांगी आपत्ति
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी शिक्षक स्थानांतरण और समायोजन सूची से असंतुष्ट शिक्षकों से आपत्ति मांगी गई है। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने शुक्रवार देर रात इसका पत्र जारी किया। इसमें लिखा है कि प्रस्तावित स्थानांतरण सूची में यदि किसी शिक्षक को आपत्ति है तो वह 21 मई 2026 तक साक्ष्य सहित शिकायत ऑफलाइन दर्ज करा सकता है। एनआईसी वेबसाइट पर सरप्लस शिक्षकों की सूची सार्वजनिक की गई है। बीएसए ने बताया कि वेबसाइट पर वरिष्ठता के आधार पर डेटा तैयार किया गया है, लेकिन सूची जारी होते ही कई शिक्षकों ने असंतोष व्यक्त किया। 

भारत कला भवन में कल होगी क्यूरेटेड वॉक
अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर 18 मई को बीएचयू भारत कला भवन में कलात्मक और शैक्षणिक कार्यक्रम होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को कला, संस्कृति और हमारे समृद्ध इतिहास के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत 16 से 25 साल तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता होगी। विशेष रूप से चयनित 25 छात्रों के एक समूह के लिए भारत कला भवन में एक विशेष क्यूरेटेड वॉक होगी। 

डॉ. विनय अध्ययन मंडल में सदस्य नामित
बीएचयू के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विभाग के शिक्षक डॉ. विनय कुमार को मध्य प्रदेश शासन की ओर से भोपाल केंद्रीय अध्ययन मंडल (प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति) का सदस्य नामित किया गया है। उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, शोध कार्यों, प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति पुरातत्त्व के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन समर्पण के उद्देश्य से दिया गया है। 

10 जिलों के 4697 विद्यार्थियों ने भरे संशोधन फाॅर्म, सबसे ज्यादा 1275 नाम बदलने के लिए
यूपी बोर्ड परीक्षा में पास छात्रों को मार्कशीट के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। बोर्ड की ओर से 12 मई तक मार्कशीट में संशोधन के आवेदन लिए गए हैं। वाराणसी समेत पूर्वांचल के 10 जिलों से विभिन्न श्रेणियों में संशोधन के लिए कुल 3746 आवेदन आए। इन आवेदनों में सबसे ज्यादा 1275 आवेदन नाम में संशोधन के हैं। सभी संशोधन हो जाने के बाद इस महीने के अंत तक मार्कशीट जारी होने की संभावना है।

वाराणसी के क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अधीन 10 जिलों से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 4697 संशोधन के आवेदन दिए गए हैं। नाम में संशोधन के आवेदनों के अलावा पिता के नाम में संशोधन के लिए 1139, माता के नाम में संशोधन के लिए 974, जन्मतिथि बदलवाने के लिए 786, लिंग परिवर्तन के 92 और फोटो के लिए 431 आवेदन आए हैं। 

वाराणसी में 69 नाम में संशोधन के, 66 पिता के नाम में संशोधन के, 49 माता के नाम में संशोधन के, 27 जन्मतिथि बदलवाने, 16 लिंग संशोधन के और 10 फोटो में बदलाव वाले आवेदन आए हैं। इस तरह कुल 237 संशोधन के आवेदन आए हैं। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के सहायक सचिव मनोज कुमार ने बताया कि संशोधन के बाद महीने के अंत तक मार्कशीट जारी होने की संभावना है। 

दूसरे दिन 10 फीसदी ने छोड़ी 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को दूसरे दिन 10 फीसदी छात्र अनुपस्थित रहे। 14 केंद्रों पर 6622 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी है। 5959 छात्रों ने दूसरे दिन अंग्रेजी की परीक्षा दी। सीबीएसई की ओर से कक्षा 10 की दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 मई से 1 जून तक कराई जाएगी। इसमें 28 फीसदी यानी 6622 छात्र शामिल होंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों ने जनवरी में ही विकल्प चुना था। सीबीएसई की जिला समन्वयक नीलम सिंह ने बताया कि कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को 5959 ने अंग्रेजी की परीक्षा दी। 

पिछले साल के परिणामों पर हुई चर्चा
आर्य महिला इंटर कालेज के जीवकोर बाई सभागार में शनिवार को अध्यापक अभिभावक एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें छात्राओं के पिछले साल के परीक्षा फल पर चर्चा हुई। अभिभावकों से छात्राओं को नियमित विद्यालय भेजने की व्यवस्था, कमजोर छात्राओं को उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था, अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय विकास की व्यवस्था के बारे में चर्चा हुई। इस मौके पर अभिभावकों सहित समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। 

छात्राओं में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना होगा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत हुए कार्यक्रम में छात्राओं को डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि छात्राओं में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना होगा। यही विकसित भारत का आधार है। छात्राओं का डिजिटल सशक्त होना वर्तमान समय की आवश्यकता है। 

कुलपति ने कहा कि आभासी दुनिया में एक ऐसा भविष्य तैयार करना होगा, जो विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करें। साइबर अपराध बेटियों के सामने नई चुनौती बनकर उभरा है। फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन फ्रॉड, डेटा चोरी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इसलिए जरूरी है कि हम सावधानी को अपनी आदत बनाएं। किसी भी साइबर अपराध की तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देनी चाहिए। विषय प्रवर्तन महिला सशक्तीकरण प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी प्रो. निशा सिंह, संचालन पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह, धन्यवाद ज्ञापन छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने किया। 

शोध कार्यों में समीक्षात्मक प्रक्रिया  को शामिल करें विद्यार्थी : कुलपति
वाराणसी। बीएचयू के केंद्रीय ग्रंथालय की ओर से हुई कार्यशाला में अकादमिक प्रकाशन, शोध कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों को शोध कार्यों में समीक्षात्मक प्रक्रिया को शामिल करना चाहिए। समीक्षात्मक प्रक्रिया शोध को और ज्यादा सुदृढ़ बनाती है। समीक्षक बिना किसी व्यक्तिगत पहचान या अपेक्षा के अपने सुझाव देते हैं।

बीएचयू के कुलपति ने कहा कि शोध प्रकाशन संपूर्ण शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रा की जीवनरेखा है। उन्होंने विद्यार्थियों व युवा शोधार्थियों को समीक्षकों की टिप्पणियों पर गंभीरता से विचार करने, प्रासंगिक सुझावों को आत्मसात करने की सलाह दी। कैंब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस इंडिया के प्रमुख देबोत्तम भट्टाचार्जी ने कहा कि हर प्रकाशित शोधपत्र की शुरुआत एक साधारण शोध विचार से होती है।

तकनीकी सत्रों में प्रो. चंचल गिलोत्रा, कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने अकादमिक प्रकाशन के विभिन्न पहलुओं में शोध पत्रिका चयन, प्रकाशन नैतिकता, समीक्षात्मक प्रक्रिया, शोध की दृश्यता के बारे में बताया। स्वागत ग्रंथालयी डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह, धन्यवाद ज्ञापन उप-ग्रंथालयी डॉ. जवाहर लाल ने किया।

शिक्षकों ने स्पेन में जाना धार्मिक पर्यटन का महत्व
बीएचयू में यूरोपीय संघ की ओर से वित्तपोषित अंतरराष्ट्रीय परियोजना में अध्ययन यात्रा के तहत बीएचयू कला संकाय के दो प्रतिनिधियों ने स्पेन का दौरा किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने धार्मिक पर्यटन, तीर्थ परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत, अंतर-सांस्कृतिक संवाद के वैश्विक आयामों के बारे में जानकारी हासिल की। बीएचयू कला संकाय के डॉ. प्रवीण राणा और प्रो. ज्योति रोहिल्ला के नेतृत्व में यूरोप, एशिया और अफ्रीका के विभिन्न देशों से आए शोधार्थियों, विद्वानों व संस्थागत प्रतिनिधियों ने स्पेन अध्ययन यात्रा में भाग लिया। डॉ. राणा ने बताया कि यूनिवर्सिटी ऑफ सैंटियागो दि कॉमपोस्टेला की ओर से हुई अध्ययन यात्रा का उद्देश्य तीर्थ और धार्मिक यात्राओं के विभिन्न पक्षों को समझना था। 

बीएचयू-नेपाल पूर्वांचल विवि के बीच बढ़ेगा शैक्षणिक सहयोग
नेपाल के पूर्वांचल विश्वविद्यालय की 12 सदस्यीय टीम ने बीएचयू केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर कुलपति से मुलाकात की। इस दौरान दोनों विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। टीम ने बीएचयू पुस्तकालय के साथ ही अन्य संस्थानों, विभागों का दौरा कर यहां की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।  सात दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर आए नेपाली प्रतिनिधिमंडल में नेपाल विवि के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों से जुड़े वरिष्ठ शिक्षक हैं। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बीएचयू के शैक्ष्णिक योगदान के बारे में बताया। 

एनसीसी नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच
एनसीसी की 91वीं यूपी बटालियन की ओर से बनपुरवा स्थित स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल में 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। इसमें वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली के कॉलेजों के 550 कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण मिलेगा। कैंप कमांडेंट कर्नल अमर सिंह (सेना मेडल) ने कहा कि एनसीसी युवाओं के भीतर राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त मंच है। कर्नल अमर सिंह ने कहा कि शिविर में कैडेट्स को फायरिंग, योग एवं ड्रिल का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही कैंप में रहने की व्यवस्था, ले-आउट, सैन्य गतिविधियों के बारे में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed