Exclusive: अगस्त से साइलेंट होगा वाराणसी एयरपोर्ट, नहीं होगी फ्लाइट एनाउंसमेंट; ऐसे पता चलेगा शेड्यूल
Varanasi News: अगस्त से वाराणसी साइलेंट एयरपोर्ट होगा। यहां फ्लाइट एनाउंसमेंट नहीं होगा। इसके लिए विशेष सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इस सिस्टम से एयरपोर्ट पर आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स की रीयल टाइम जानकारी मिलेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अगस्त महीने से साइलेंट एयरपोर्ट हो जाएगा। यानी यहां फ्लाइट एनाउंसमेंट की आवाज नहीं सुनाई देगी। इसके लिए एयरपोर्ट परिसर में 52 फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (एफआईडीएस) लगाए जा रहे हैं। कंप्यूटर संचालित इस सिस्टम से वाराणसी एयरपोर्ट पर आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स की रीयल टाइम जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
एयरपोर्ट के अंदर बैठे यात्रियों के अलावा एयरपोर्ट के बाहर मौजूद यात्रियों और उनके साथ आने वाले आगंतुकों को भी फ्लाइट्स का शेड्यूल पता चल सकेगा। 31 जुलाई तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। वाराणसी एयरपोर्ट के वेटिंग लाउंज में बैठे यात्री समय बिताने के लिए अपनी पसंद की किताब पढ़ते हैं। म्यूजिक सुनकर, ऑनलाइन गेम खेलकर या मोबाइल पर बातचीत करते हुए समय बिताना भी उनके लिए आसान होता है। ऐसे में हर वक्त उड़ानों से जुड़ी जानकारी का अनाउंसमेंट उन्हें परेशान करता है।
इसे भी पढ़ें; स्मार्ट सिटी की बड़ी पहल: 12.5 करोड़ की लागत से काशी का डिजिटल ट्विन तैयार, आपात स्थितियों में मिलेगी मदद
इसके अलावा कई बार यात्रियों को एयरपोर्ट पर आने-जाने वाली फ्लाइट्स की स्थिति का पता नहीं चल पाता। मौजूदा समय में एयरपोर्ट टर्मिनल और परिसर में कुल 43 एफआईडीएस लगे हैं। पुरानी तकनीक और कुछ तकनीकी खामियों के कारण इन्हें बदला जा रहा है।
एफआईडीएस एक कंप्यूटर सिस्टम है, जो एयरपोर्ट पर यात्रियों को फ्लाइट्स के संबंध में सूचना देता है। इसके तहत एलईडी स्क्रीन पर फ्लाइट्स का अराइवल/डिपार्चर, बोर्डिंग गेट, गेट नंबर, चेक-इन काउंटर नंबर, ओरिजिन/डेस्टिनेशन, फ्लाइट कैंसिलेशन और पार्टनर एयरलाइंस के बारे में जानकारी मिलती है। इसके अलावा एयरलाइन कंपनी के विमान का स्टेटस, जैसे लैंडेड, बोर्डिंग या डिले, भी स्क्रीन पर प्रदर्शित होता है। यह डिस्प्ले बोर्ड को रीयल टाइम अपडेट करता है। इससे पहले यात्रियों को संबंधित एयरलाइन के काउंटर पर पूछताछ करनी पड़ती थी।
एआई आधारित होगा सिस्टम, हिंदी और अंग्रेजी में दिखेगी जानकारी
अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट पर लगाए जाने वाले 52 फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम एआई आधारित होंगे। इनमें हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में फ्लाइट्स की जानकारी अपडेट होकर प्रदर्शित होगी। वाराणसी आने वाले यात्रियों और उन्हें छोड़ने या लेने आने वाले लोगों को आसानी से फ्लाइट का स्टेटस दिख जाएगा। इसके लिए कहीं पूछताछ नहीं करनी पड़ेगी।
अधिकारी बोले
एयरपोर्ट में पहले से 43 फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम लगे हुए हैं, जो पुराने हो गए हैं। इन्हें नई तकनीक से लैस फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम से बदला जा रहा है। इस सिस्टम में अधिक से अधिक फ्लाइट्स की सूचना उपलब्ध कराने की क्षमता होगी। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के तहत यह काम कराया जा रहा है। -पुनीत गुप्ता, एयरपोर्ट निदेशक, वाराणसी