सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top Crime News Today Young Man and Married Woman Commit Suicide Due to Blackmail

Varanasi Today News: ब्लैकमेलिंग के दो मामले, पहले में युवक और दूसरे में विवाहिता ने दी जान; पढ़ें- अन्य खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 03 Jun 2026 10:24 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में ब्लैकमेलिंग के दो मामले सामने आए। इनमें एक युवक और एक विवाहिता की जान चली गई। उधर, आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार किया गया। एक नजर में पढ़ें- जिले की प्रमुख खबरें

Varanasi top Crime News Today Young Man and Married Woman Commit Suicide Due to Blackmail
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

वाराणसी जिले में महिला की ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक और युवक से परेशान एक विवाहिता ने जान दे दी। पहले मामले में विवाहिता की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी प्रवीण पटेल उर्फ बाबू को सिंधोरा पुलिस ने मंगलवार को बाल किशुनपुर से गिरफ्तार किया। 



डीसीपी गोमती जोन नीतू कात्यायन के अनुसार, पूछताछ में प्रवीण ने बताया कि उसका युवती से विवाह के पहले प्रेम संबंध था और उसके पास युवती के कुछ अश्लील फोटो और वीडियो थे। युवती के विवाह के बाद भी वह उससे संबंध रखना चाहता था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पति ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि आरोपी पत्नी को लगातार फोन कर ब्लैकमेल करता था और निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया, परिजनों को भेजने की धमकी देता था। साथ ही वह गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देकर पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पत्नी ने 14 मई 2026 को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
Trending Videos


उधर, शिवपुर में फंदे से लटकर जान देने के मामले में मृतक अभय जायसवाल के भाई और ज्ञानवापी में तैनात प्रभात जायसवाल ने शिवपुर थाने में एक महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। बड़ालालपुर चांदमारी निवासी प्रभात ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके छोटे भाई अभय की शादी एक महीने पहले तय हुई थी। शादी तय होने के बाद पांडेयपुर निवासी शादीशुदा महिला ने अभय पर शादी न करने का दबाव बनाया। अभय को धमकी दी थी कि वह किसी अन्य लड़की से विवाह नहीं कर सकता। 

आरोप है कि उसने परिवार को बदनाम करने और आत्महत्या कर सभी को जेल भिजवाने की धमकी भी दी थी। महिला के पास अभय की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो थे, जिनके आधार पर वह लगातार ब्लैकमेल कर रही थी और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। मानसिक दबाव में अभय ने शादी भी तोड़ दी और 20 मई को फंदे से लटक कर जान दे दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया में आयुषी गुप्ता के फंदे से लटक कर जान देने के मामले में आरोपी अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष को पुलिस ने मंगलवार सुबह नूर नगर कब्रिस्तान से गिरफ्तार किया। बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आयुषी के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आरोपी किरहिया खोजवां दाहा चौक का निवासी है। पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि हर्ष तिवारी लगातार बेटी पर शादी के लिए दबाव बनाता था। जिसकी वजह से बेटी ने सोमवार को फंदे से लटक कर जान दे दी।  

इसे भी पढ़ें; विवाद: बीएड पाठ्यक्रम में भारतीयों को बताया तर्क और निर्णय लेने में अयोग्य, शिक्षा विशेषज्ञों ने कही बड़ी बात

परीक्षा दिलाने के बहाने दुष्कर्म, ब्लैकमेल की धमकी
झारखंड की युवती को बीएड परीक्षा दिलाने के बहाने होटल में दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने के आरोपी राहुल कुमार पंडित को सिगरा पुलिस ने मंगलवार को मालगोदाम रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी झारखंड के गोड्डा, पथगामा थाना क्षेत्र के राजाभीठा गांव का निवासी है। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि झारखंड की पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि उसकी बीएड की परीक्षा थी। पूर्व परिचित राहुल कुमार पंडित उसके साथ जबरन झारखंड से वाराणसी आया। सिगरा क्षेत्र के होटल में ठहरा। इस बीच उसने पिटाई कर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो, फोटो भी ली। मौका पाकर होटल से भागी तो आरोपी फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। बात नहीं मानी तो निजी फोटो और वीडियो एक व्यक्ति को भेज दी।  

शादी का भरोसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शादी का भरोसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में जौनपुर निवासी युवती ने बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम से हुकुलगंज निवासी विष्णु चौधरी से हुई थी। आरोप है कि शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। अब आरोपी शादी से इन्कार कर रहा है। निजी वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

कोर्ट के आदेश के बाद भी विवाहिता को किया परेशान
शिवपुर थाना क्षेत्र के भगतपुर में परिवार न्यायालय के आदेश का पालन कराने पहुंची विवाहिता को ससुराल पक्ष के विरोध और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। बाद में शिवपुर पुलिस के हस्तक्षेप से उसे न्यायालय के आदेशानुसार गुजारा भत्ता दिलाया गया। जानकारी के अनुसार, मातलदेई (मोहनसराय) निवासी खुशबू उपाध्याय का विवाह 2019 में भगतपुर निवासी अनुपम उपाध्याय से हुआ। विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच पिछले परिवार न्यायालय में मामला विचाराधीन है। खुशबू ने बताया कि वह न्यायालय की ओर से पारित भरण-पोषण गुजारा भत्ता के आदेश के साथ अपने दो पुत्रों के साथ ससुराल पहुंची थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें मकान में रहने के लिए एक कमरा दिलाया। आरोप है कि अगले दिन सुबह ससुराल पक्ष के लोगों ने उनका सामान बाहर फेंक दिया और न्यायालय के आदेश के बावजूद गुजारा भत्ता देने से इन्कार कर दिया। जानकारी होने पर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने न्यायालय के आदेश की अवहेलना पर ससुराल पक्ष को कड़ी चेतावनी दी और कानून का पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस की सख्ती के बाद ससुराल पक्ष ने विवाहिता को तीन माह के भरण-पोषण के रूप में 30 हजार रुपये दिए। राशि मिलने के बाद मामला शांत हुआ और विवाहिता अपने दोनों बच्चों के साथ वहां से रवाना हो गई।  

अधिवक्ता पर फायरिंग के मामले में सपा नेता समेत तीन अरोपी भेजे गए जेल
लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर में रास्ते के विवाद में अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार यादव पर फायरिंग के आरोपी गिरधारी सिंह पटेल, अनुराग सिंह और आनंद कुमार को जेल भेज दिया गया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि मिर्जापुर के नारायणपुर ब्लॉक का पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि और सपा नेता गिरधारी सिंह पटेल सीरगोवर्धन क्षेत्र में प्लॉटिंग करता है। सोमवार को काशीपुर कॉलोनी में रास्ता बंद करने को लेकर अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार से विवाद हो गया। आरोप है कि गिरधारी अपने साथियों अनुराग और आनंद कुमार के साथ पहुंचा और गालीगलौज कर फायरिंग की। मौके से पुलिस ने पिस्टल बरामद की। गिरधारी के नाम से मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में रिवॉल्वर का लाइसेंस हैं। जबकि बरामद पिस्टल बेल्जियम की बताई गई है, जिसकी कीमत 5.30 लाख रुपये है। बलरामपुर से पिस्टल खरीदी है। पिस्टल के संबंध में गिरधारी कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। 

युवती से मारपीट करने के मामले में तीन पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के पुष्कर तालाब में एक रेस्टोरेंट पर युवती की पिटाई कर दी गई। युवती ने तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मलदहिया लाजपत नगर की रहने वाली गीतांशी मल्होत्रा ने पुलिस को बताया कि अर्जन पटेल ने रेस्टोरेंट पर पहुंचकर पिटाई की। जबकि उसकी शिकायत लेकर घर पहुंची तो अर्जन के माता-पिता ने जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

महिला से मारपीट और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के करधना गांव की सुमन देवी की शिकायत पर पड़ोसियों के खिलाफ मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। सुमन देवी ने पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया है कि पारिवारिक बंटवारे के बावजूद पड़ोसी आए दिन विवाद करते हैं। 29 मई की शाम पांच बजे जयश्री, सुशील, निर्मला देवी, उषा देवी, ललिता देवी और चांदनी उनके घर के सामने पहुंचे और विवाद करने लगे। विरोध करने पर लाठी से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, मारपीट में शकुंतला, प्रमिला देवी और मुन्नी देवी घायल हो गईं। थाना प्रभारी गोपाल कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नेपाल से आए छात्रों को मिला मोबाइल मिला
नेपाल से वाराणसी आए छात्र का खोया हुआ मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद कर लौटाया। छात्र का मोबाइल चेतगंज क्षेत्र में कहीं गुम हो गया था। पान दरीबा चौकी प्रभारी विजय कुमार शुक्ला को मिला। मोबाइल में सिम कार्ड नहीं होने के कारण उसके मालिक तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती थी। ऐसे में चौकी प्रभारी ने तकनीकी जानकारी की सहायता से मोबाइल पर आए फेसबुक नोटिफिकेशन के आधार पर उसके वास्तविक मालिक का पता किया। छात्रों से संपर्क कर फोन लौटाया गया। 

न्यायालय के आदेश पर पुलिस सुरक्षा में काटी गई गेहूं की फसल
अयोध्यापुर गांव में एक विवादित भूमि पर बोई गई एक बीघा गेहूं की फसल मंगलवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में काटी गई। यह कार्रवाई सिविल जज (जूनियर डिवीजन) हवाली के 26 मई के आदेश के अनुपालन में की गई। भूमि पर राधेश्याम मुंद्रा ने गेहूं की फसल बोई गई थी। उक्त भूमि को लेकर राधेश्याम मुंद्रा और कमलेश मौर्य के बीच न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। विवाद के चलते तीन महीने से फसल के आसपास दिन-रात पुलिस का पहरा लगाया गया था। दोनों पक्षों के बीच थाना स्तर पर चार बार पंचायत भी कराई गई, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। फसल कटाई के अधिकार को लेकर राधेश्याम मुंद्रा ने न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय के आदेश के बाद मंगलवार को पुलिस सुरक्षा में फसल की कटाई कराई गई। संवाद

अधिवक्ता पर फायरिंग के विरोध में राजातालाब तहसील में हड़ताल
अधिवक्ता जैलेंद्र कुमार राय, सुरेंद्र यादव पर हमले और फायरिंग की घटना के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने एक दिवसीय हड़ताल की। विरोध स्वरूप वकील पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग की।

शीतला घाट पर डूबने से किशोर की मौत, दूसरे को मल्लाहों ने बचाया
लंका थाना क्षेत्र के मदरवा में शीलता घाट पर मंगलवार सुबह गंगा में डूबने से विवेक कुमार (10) की मौत हो गई। दूसरे साथी सिराज (12) को मल्लाहों ने डूबने से बचाया। पुलिस ने सिराज को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी विवेक कुमार और मुरारी चौक निवासी सिराज दोस्त थे। सुबह दोनों मदरवा में शीलता घाट पर नहाने पहुंच गए। इस बीच गहरे पानी में जाने से दोनों डूबने लग गए। यह देख किनारे मल्लाहों ने गंगा में छलांग लगाई। इस बीच सिराज को डूबते समय बचाया, तब तक विवेक गंगा में समा गया। लंका पुलिस पहुंची तो सिराज को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि विवेक के पिता विनोद राजगीर मिस्त्री का काम करते हैं। सिराज का उपचार चल रहा है।  

गोदाम पर ईंट फेंकने का विरोध करने पर मारपीट
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल में गोदाम पर ईंट फेंकने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अधिवक्ता अमन यादव की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी मोती यादव, शीला यादव, आजाद यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।  

मालगोदाम रोड पर जुए के फड़ पर छापा, आठ गिरफ्तार
मालगोदाम रोड पर जुए के फड़ पर सिगरा पुलिस ने सोमवार रात छापा मारकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 2790 रुपये और श के पत्ते मिले। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में रसूलपुर निवासी दीपू कुमार, हबीबपुरा निवासी सूरज सोनकर, विजयानगरम मार्केट निवासी आशुतोष पाठक, गयासुद्दीन खान, हुकुलगंज निवासी संजय कुमार चौरसिया, मऊ के ताजोपुर निवासी कुंदन कुमार, चंदुआ सट्टी छित्तूपुर निवासी सनी सेठ, संजय यादव हैं।  

परिवारिक विवाद में विवाहिता ने फंदे से लटक कर दी जान
शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी में वीडीए कॉलोनी में मंगलवार सुबह पारिवारिक विवाद में गुंजा जायसवाल (35) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना क्षेत्र के तरना निवासी दीपक जायसवाल की पत्नी गुंजा ने 8 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों को छह और सात साल की दो बेटी है। विवाह के बाद से ही दोनों कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, पूछताछ में पति दीपक ने बताया कि सोमवार की रात दोनों बेटियों को लेकर ग्राउंड फ्लोर के कमरे के बाहर सोए थे। सुबह 8 बजे उठे और कमरे में जाकर देखा तो गुंजा पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। उसे उतार कर दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाने पहुंचे गुंजा के पिता रवि जायसवाल ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने को कहा है।  

आरटीसी मार्ग पर अतिक्रमण देख जताई नाराजगी
अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीना ने मंगलवार शाम नमो घाट, राजघाट सहित विभिन्न प्रमुख घाटों एवं राजघाट से गोलगड्डा होते हुए आरटीसी मार्ग का निरीक्षण किया। सार्वजनिक मार्गों, घाटों के प्रवेश व निकास स्थलों व अन्य स्थानों पर अवैध अतिक्रमण पर नाराजगी जताई और तत्काल हटवाते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने पाए। फुटपाथों और मार्गों पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की निरंतर समीक्षा करें, घाट क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करें। निरीक्षण में डीसीपी काशी गौरव बंशवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी चेतगंज शुभम कुमार सिंह आदि रहे। ब्यूरो परिवारिक विवाद में विवाहिता ने फंदे से लटक कर दी जानशिवपुर। थाना क्षेत्र के चांदमारी में वीडीए कॉलोनी में मंगलवार सुबह पारिवारिक विवाद में गुंजा जायसवाल (35) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना क्षेत्र के तरना निवासी दीपक जायसवाल की पत्नी गुंजा ने 8 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों को छह और सात साल की दो बेटी है। विवाह के बाद से ही दोनों कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, पूछताछ में पति दीपक ने बताया कि सोमवार की रात दोनों बेटियों को लेकर ग्राउंड फ्लोर के कमरे के बाहर सोए थे। सुबह 8 बजे उठे और कमरे में जाकर देखा तो गुंजा पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। उसे उतार कर दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाने पहुंचे गुंजा के पिता रवि जायसवाल ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने को कहा है। 

दो महीने बाद बम फेंकने की धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा में गौरव मौर्या की शिकायत पर पड़ोसी दंपती गोपाल और अनिता मौर्या के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीन अप्रैल को आरोपी दंपती ने रंजिश में ईंट और बम फेंकने की धमकी दी थी। 2 महीने बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है। 

किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म के आरोपी शिव कुमार को जंसा पुलिस ने मंगलवार को परमपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी छितौनी लोहता का निवासी है। जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर गर्भपात भी कराया। पीड़िता और उसकी मां को फोन पर धमकियां भी दीं।  

जमीन के विवाद में देवरानी और जेठानी में मारपीट
मिर्जामुराद क्षेत्र के खरगरामपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर जेठानी की ओर से देवरानी से मारपीट की गई। देवरानी ने जेठानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। खरगरामपुर गांव निवासी सोनी देवी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि 29 मई की शाम 5 बजे जेठानी परमीला देवी और मोनिका उनकी भूमि पर जबरन बर्तन साफ कर रही थी। विरोध करने पर दोनों ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए ईंट से हमला कर दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed