सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today Police FIR against sailor for seating passengers without life jacket

Varanasi Top News: बिना लाइफ जैकेट यात्रियों को बिठाने पर नाविक के खिलाफ एफआईआर समेत प्रमुख खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Tue, 24 Feb 2026 01:40 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: सुरक्षा से खिलवाड़ करना नाविक को भारी पड़ गया। बिना लाइफ जैकेट यात्रियों को बिठाने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 

Varanasi Top News Today Police FIR against sailor for seating passengers without life jacket
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

नमो घाट पर क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर बिना लाइफ जैकेट बिठाने के मामले में नाव संचालक आकाश साहनी के खिलाफ आदमपुर थाने में रविवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि भेलूपुर के शिवाला निवासी आकाश साहनी ने लापरवाही से नाव संचालन कर यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया। 

Trending Videos


यूपी कॉलेज के छात्र की पिटाई, चार पर प्राथमिकी दर्ज
यूपी कॉलेज में एमएससी एग्रीकल्चर के छात्र सौरभ आनंद की सोमवार को विश्वनाथपुरी गेट के पास चार आरोपियों ने पिटाई कर दी। आरोपियों में चंदौली के मेढ़वा निवासी अमन सिंह उर्फ शालू, मीरापुर बसही निवासी विशेष उपाध्याय उर्फ निक्कू, नमन राय और अज्ञात पर शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। 
विज्ञापन
विज्ञापन


कैमूर के गम्हरिया निवासी पीड़ित सौरभ आनंद ने पुलिस को बताया कि सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच छात्रावास से एग्री ट्रेनिंग के लिए खुशहाल नगर कॉलोनी नटीनियादाई बाइक से जा रहा था। इस बीच अमन सिंह, विशेष उपाध्याय और नमन राय समेत अन्य अज्ञात ने बेसबॉल और चाकू से वार किया। जान से मारने की धमकी दी और आसपास के लोगों के जुटने पर भाग गए। शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

इसे भी पढ़ें; UP Politics: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को फंसाने के लिए बनाया गया दबाव, शाहजहांपुर के पत्रकार ने लगाया ये आरोप

वरुणा नदी में युवक के कूदने की आशंका, तलाश जारी

नक्खीघाट में सोमवार सुबह एक युवक के वरुणा नदी में छलांग लगाने की आशंका पर एनडीआरएफ व स्थानीय पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से खोजबीन की। दनियालपुर निवासी सूरज राजभर (20) सुबह 6 बजे घर से निकला। परिजनों ने सोचा वह टहलने गया है। 11 बजे तक घर नहीं आया तो खोजबीन शुरू की। नक्खीघाट नदी किनारे उसकी साइकिल और चप्पल मिली। खुदकुशी की आशंका पर थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने खोजबीन शुरू की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सूरज मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसका इलाज भोजपुर के एक अस्पताल में चल रहा था। सूरज अपने दो भाइयों में बड़ा था। मजदूरी का काम करता था। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक उसकी तलाश जारी है।  

किसान पंचायत में पुलिस अत्याचार की राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत
काशी द्वार के लिए 6 फरवरी को होने वाली पंचायत के पहले रात में पुलिस द्वारा किसानों के लिए बने मिठाई में जहर और गंदगी मिलाने की घटना पर नट समुदाय संघर्ष समिति बेलवा ने मानवाधिकार आयोग में शिकायत की। 5 फरवरी 2026 को पिंडरा क्षेत्र चनौली में किसान पंचायत से पहले प्रशासन ने 9 थानों की फोर्स, पीएसी और आरएएफ की भारी तैनाती की। कृषक नेता राम सिंह पटेल, लक्ष्मण मौर्य, राहुल कुमार, भाकपा नेता श्यामलाल पटेल, दिनेश पटेल को नजरबंद किया। नाश्ते में जहर में डालने के साथ ग्रामीण महिलाओं को घरों से निकलने से रोका गया। गांव में दिनभर अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। घटना में एडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एडीसीपी गोमती जोन वैभव बांगर, एडीसीपी वरुण जोन नीतू कादयान, एसपी प्रतीक कुमार सहित 9 थानों के थानों प्रभारी उपस्थित रहे। सभी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। संवाद

कपड़े की दुकान में चोरी, छत के रास्ते घुसे चोर
राजातालाब थाने से 500 मीटर दूर स्थानीय बाजार में गुप्ता साड़ी सेंटर में रविवार रात चोरी हो गई। छत के रास्ते घुसे चोरों ने साड़ी, कपड़े, नकदी समेत अन्य सामानों पर हाथ साफ कर लिया। सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी नहीं छोड़ा। दुकान मालिक गोविंद गुप्ता ने सोमवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि रथयात्रा मार्ग पर दुकान में छत के रास्ते घुसे चोरों ने शर्ट, पैंट, जींस और अन्य कपड़े चोरी किए। 5000 रुपये और दस चांदी के सिक्के भी पार करदिया। राजातालाब मुख्य बाजार में पुलिस थाने से 500 मीटर दूर चोरी की घटना हुई। थानाध्यक्ष राजातालाब दयाशंकर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया है। टीमें गठित की गई हैं। राजातालाब व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिलीप स्वर्णकार ने एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव से मुलाकात कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। साथ ही गश्त बढ़ाने की अपील की। पिंटू सेठ, सुनील विश्वकर्मा,दीलीप विश्वकर्मा आदि रहे। 

जेल से रिहा होने पर दालमंडी के सपा नेता इमरान बबलू का हुआ स्वागत

जिला कारागार से रिहा होने पर दालमंडी के सपा नेता इमरान अहमद बबलू का जोरदार स्वागत किया गया। चौड़ीकरण अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन से मोर्चा लेने वाले सपा नेता ने दुकानदारों की लड़ाई लड़ी। जिसके बाद गंभीर धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया। तीन महीने बाद रिहा होने पर कारागार के बाहर किशन दीक्षित, विष्णु शर्मा, अब्दुल समद अंसारी ने माल्यार्पण किया। महेंद्र सिंह विक्रम, शादाब अशरफ, अदनान खान, आरिफ अहमद शामिल रहे। 

प्रेमी का सिर फटा तो प्रेमिका की बहन हुई घायल
लोहता थाने से 100 मीटर की दूरी पर सोमवार की शाम प्रेमी और प्रेमिका के परिजनों में मारपीट हो गई। प्रेमिका के पिता और बहन, प्रेमी घायल हो गए। थाने पर किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। प्रेमी अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा और शादी के लिए पिता पर दबाव बनाया। बात बढ़ी और मारपीट में तब्दील हो गई। प्रेमी ने प्रेमिका के पिता की लाठी से पिटाई की। इस बीच प्रेमी की भी पिटाई हो गई। प्रेमिका की बहन बीच में आई तो उस पर भी लाठी से हमला किया गया। वह एक निजी अस्पताल में भर्ती है। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमिका के पिता और प्रेमी को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि मामला प्रेम प्रपंच का है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। प्रेमी बिहार का रहने वाला है, वह स्टेशन रोड पर कमरा किराये पर लेकर रहता है। 

24 घंटे में चोरी की बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवां पुलिस चौकी की टीम ने बाइक चोरी के आरोपी रजनीश यादव को 24 घंटे में नगवा पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। कब्जे से बाइक बरामद की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 20 फरवरी को सरायसुर्जन बजरडीहा निवासी जयप्रकाश चतुर्वेदी की बाइक सुंदरपुर सब्जी मंडी के पास से चोरी हुई थी। रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उधर, सरायनंदन दशमी में बाइक की डिक्की में गांजा बेच रहे सोनू कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया। 392 ग्राम गांजा व बिक्री से मिले 3950 रुपये जब्त किए गए। 

राजातालाब पुलिस ने गुमशुदा को परिजनों को सौंपा

राजातालाब पुलिस ने गुमशुदा अंजली (20) को राजातालाब पुल के नीचे से ढूंढ कर सोमवार को परिजनों को सौंपा। बढ़ैनी खुर्द निवासी अंजली 21 फरवरी को अपने माता-पिता से नाराज होकर बिना बताए घर से चली गई थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई। 

लोन अधिकारी पर 7.8 लाख के गबन के आरोप में प्राथमिकी
हरहुआ में स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड शाखा के ऋण अधिकारी पर सात लाख के गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बैंक के अधिकृत विवेक पांडेय ने पुलिस को बताया कि ऋण अधिकारी और गाजीपुर के मोहम्मदाबाद के मलिकपुरा निवासी शैलेंद्र कुमार ठाकुर ने कर्ज सेटलमेंट के नाम पर 36 उपभोक्ताओं से सात लाख आठ हजार रुपये लिए। बैंक की ओर से दबाव बनाने पर 39 हजार रुपये वापस किए। शेष राशि देने पर आनाकानी कर रहा है। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

जानलेवा और धमकी में सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र के धोबियाना पोखरी के पास देवीलाल गौतम पर जानलेवा हमला और धमकी के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कादीपुर शिवपुर निवासी शिवम यादव ने पुलिस को बताया कि 21 फरवरी को पिता देवी लाल यादव गौतम गार्डन कॉलोनी शिवपुर बाईपास जा रहे थे। रंजिश में सोनकर बस्ती निवासी विशाल सोनकर, राहुल सोनकर उर्फ करिया ने चार-पांच अज्ञात साथियों के साथ हमला कर दिया। पिता की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जान से मारने की धमकी, प्राण घातक हमले समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

दो वाहनों में टक्कर, एयरबैग खुलने से बची जान

लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर में चौरा माता मंदिर के पास डाफी सीर मार्ग पर रविवार रात दो कार की टक्कर हो गई। दोनों गाड़ियों का एयरबैग खुल गया। इससे दोनों कार में सवार बाल-बाल बच गए। दोनों वाहन सवार मिर्जापुर के रहने वाले थे। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि बीएचयू पुलिस चौकी पर दोनों पक्ष ने समझौता कर लिया। 

परिजनों से कैबिनेट मंत्री ने की मुलाकात
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को परमानंदपुर के हर्ष पटेल और अजीत पटेल की पिछले दिनों गंगा में डूबने से हुई मौत में शोकाकुल परिजनों को ढांढ़स बंधाया। सरकारी सहायता की भी बात कही। बुआ के अंतिम संस्कार में गए अजीत और हर्ष की बेटावर घाट पर डूबने से मौत हो गई थी। कैबिनेट मंत्री ने अन्य कई गांवों में विकास कार्यों को भी जाना। इस दौरान डॉ. एके सिंह, अभय प्रजापति, प्रकाश राजभर, भागू राजभर आदि रहे।

पारिवारिक कलह से परेशान होकर फंदे से लटककर दी जान
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव में सोमवार सुबह पारिवारिक कलह से क्षुब्ध राकेश सैनी उर्फ पप्पू (47) ने फंदे से लटककर जान दे दी। मिर्जामुराद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है। गौर गांव निवासी राकेश उर्फ पप्पू सैनी सुबह कमरे में गमछे के सहारे फंदे पर लटक गया। छोटी बेटी कमरे में जगाने पहुंची तो पिता को लटका देख चीखने लगी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि फूल माला बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घरेलू कलह में यह कदम उठाया।

सड़क दुर्घटना में घायल प्लंबर की इलाज के दौरान मौत

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव लिंक मार्ग पर रविवार देर रात वाहन की टक्कर से घायल बाइक सवार रविंद्र कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि सूरज कुमार का उपचार बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के मोजाहिदपुर गांव निवासी रविंद्र कुमार और उसका साढू लोहता के चुरामनपुर निवासी सूरज कुमार सेवापुरी में एक तिलक समारोह में गए थे। घर लौटते समय लालपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्लंबर का काम कर रविंद्र कुमार अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी अनिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। रविंद्र कुमार के मामा पिंटू लाल ने अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों के तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 

इसे भी पढ़ें; अपराध की बगिया: बीएचयू में छह साल में 30 संगीन अपराध, छात्र की हत्या, प्रोफेसर पर हमला; सामूहित दुष्कर्म

भिटारी में रेलवे वॉशिंग यार्ड में वृद्ध का मिला शव
लोहता थाना क्षेत्र के भिटारी रेलवे वॉशिंग यार्ड में सोमवार को अज्ञात वृद्ध का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस शव की शिनाख्त कर रही है। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि शव को संरक्षण में लिया गया।
 
नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा
विशेष न्यायालय पॉक्सो एक्ट अजय कुमार की कोर्ट ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी विजय यादव को दोषी पाते हुए 20 साल की कैद की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी पर 55 हजार का जुर्माना भी लगाया। आदमपुर थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने 22 दिसंबर 2020 को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप लगाया कि उसकी 15 वर्ष नौ महीने की बेटी घर में अकेली थी। उसी दौरान विजय ने दुष्कर्म किया। धमकी दी कि किसी से कुछ कहने पर हत्या कर दी जाएगी। पीड़िता ने पूरी आपबीती बताई। इसके बाद आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed