Weather Update: दिन में गर्मी, रात में सिहरन झेल रहे बनारसी..., बदलता रहा तापमान; जानें अपडेट
वाराणसी में माैसम दिन और रात में बदल रहे हैं। गर्मी और सिहरन झेलने के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। वाराणसी में 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं भी चल रही हैं।

विस्तार
मार्च के अंत में सर्द रात ने काशीवासियों को थोड़ा हैरान कर दिया है। जिले में रात का पारा दिन की अपेक्षा 22 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क जा रहा है। दोपहर में 38 डिग्री की गर्मी पस्त कर रही तो रात को 16 डिग्री पारा कुछ देर तक शरीर में सिहरन सा ला दे रहा है। देर रात तेज हवा चलने से गुलाबी ठंड जैसा महसूस हुआ। सोमवार को दिन में जिले में 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं।

अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम पारा सामान्य से 2.1 नीचे 16.6 डिग्री सेल्यियस तक दर्ज किया गया। हवा में नमी 25 फीसदी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सप्ताह के 5 दिनों तक मौसम ऐसे गर्म-ठंडा बना रह सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने कहा कि 2 अप्रैल तक तापमान क्रमिक तौर पर बढ़ेगा। उसके बाद 3 अप्रैल को उत्तरी हवा और बादलों की आवाजाही की वजह से मामूली गिरावट होगी। इसके बाद 4 अप्रैल से फिर तापमान ऊपर चढ़ेगा।
अप्रैल से जून तक औसत से ज्यादा रहेगी गर्मी
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अप्रैल से लेकर जून के बीच तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इस बार गर्मी हर साल से ज्यादा पड़ सकती है। दिन का अधिकतम और रात का न्यूनतम दोनों तापमान ज्यादा होगा। साथ ही मासिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी औसत से ऊपर होगा। हर साल में सामान्य से ज्यादा दिनों तक हीट वेव की संभावना जताई गई है। उत्तर भारत में बारिश की भी कम उम्मीद है।