Varanasi News: बरेका के उप महाप्रबंधक के बंगले में महिला ने लगाया फंदा, मौत; तीन बच्चों और पति के साथ रहती थी
Varanasi News: मंडुवाडीह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
विस्तार
Varanasi News: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर स्थित उप महाप्रबंधक के बंगला नंबर 34 में बुधवार दोपहर एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान पार्वती रावत (35) पत्नी दिनेश रावत, मूल निवासी जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग चार वर्षों से अपने पति और तीन बच्चों के साथ उक्त बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में रह रही थी। दिनेश रावत दंपती यहां देखरेख का काम करते थे।
परिजनों में मचा कोहराम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार अपराह्न पार्वती रावत ने बंगले परिसर में लगे टीनशेड के एंगल में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर परिजनों को शक हुआ। जब अंदर जाकर देखा गया तो वह फंदे से लटकी मिलीं। इसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बंगला नंबर 34 में बरेका के उप महाप्रबंधक सागर कुमार निवास करते हैं। उनके सर्वेंट क्वार्टर में ही दिनेश रावत अपनी पत्नी पार्वती और तीन बच्चों के साथ रहते थे। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।