UP: कबड्डी प्रतियोगिता में युवक को दौड़ाकर मारी गोली, नकाबपोश बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम; पुलिस तैनात
Ballia News: बलिया में कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान युवक को दौड़ाकर गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई। आरोप है कि नकाबपोश बदमाशों ने युवक को निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए। गोली लगने से युवक घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया के दोकटी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित राजबंशी देवी हरिजन बाल विद्यालय परिसर में शनिवार शाम कबड्डी प्रतियोगिता देखने गए युवक पर नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। दो गोलियां पीठ में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को सीएचसी सोनबरसा से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दलन छपरा निवासी सोनू यादव (18) पुत्र विनोद यादव शनिवार शाम राजबंशी देवी हरिजन बाल विद्यालय में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता देखने गया था। वह विद्यालय परिसर में बैठकर मैच देख रहा था। इसी दौरान पीछे से पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने दो गोलियां चलाईं, जो सोनू की पीठ में लगीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
फायरिंग की आवाज सुनते ही कबड्डी प्रतियोगिता देख रहे लोगों में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने घायल युवक को संभाला और घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पूर्व प्रधान विद्यासागर यादव भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से सोनू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन घायल को लेकर जिला अस्पताल रवाना हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दोकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस छानबीन में जुटी है।
विद्यालय परिसर में कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान हुई गोलीबारी से दलन छपरा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपितों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिण संजय वर्मा ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस आरोपितों की भूमिका और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।