वैशाली जिले के केशोपुर स्थित निजी स्कूल सेंट जॉन्स परीक्षा केंद्र पर रविवार को CTET परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। सुबह 9:30 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए सुबह 11 बजे तक प्रश्न पत्र नहीं पहुंचने से परीक्षार्थी आक्रोशित हो गए और केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ।
परीक्षार्थियों का कहना था कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन डेढ़ घंटे बीत जाने के बावजूद प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए। इससे केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस केंद्र पर एक हजार से अधिक परीक्षार्थी CTET परीक्षा में शामिल होने पहुंचे थे।
आक्रोशित परीक्षार्थियों ने इस अव्यवस्था के लिए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया और लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पढ़ें: उमानाथ में माघी पूर्णिमा पर अवैध वसूली का मामला, मंदिर प्रबंधन और प्रशासन सवालों के घेरे में
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परीक्षार्थियों को शांत कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि जब अधिकारी देर से प्रश्न पत्र लेकर पहुंचे, तो परीक्षार्थियों ने उन्हें लेने से इनकार कर दिया।
स्थिति को देखते हुए आसपास के कई थानों से पुलिस बल बुलाया गया है। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है, जिसके बाद अधिकारियों की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। फिलहाल इस केंद्र पर परीक्षा नहीं हो सकी है।