पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के शंभू पुरा निवासी कुख्यात इनामी अपराधी मनोज सिंह और उसके सहयोगी मानिक सिंह को एसटीएफ की विशेष टीम ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। दोनों लंबे समय से फरार थे और बिहार पुलिस लगातार उनकी तलाश में लगी हुई थी। गिरफ्तारी खुफिया सूचना के आधार पर की गई, जिसमें एसटीएफ की टीम ने कई दिनों तक निगरानी के बाद दबिश दी।
अपराधी की पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, मनोज सिंह नौबतपुर और आसपास के इलाकों में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उस पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं और उस पर इनाम भी घोषित था। वहीं, मानिक सिंह उसके करीबी सहयोगी के रूप में अपराधों में सक्रिय रहा।
गिरफ्तारी के समय बरामद सामान
गिरफ्तारी से पहले मनोज सिंह ने खुद को पुलिस एनकाउंटर के भय से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया, जिसमें वह पुलिस पर गंभीर आरोप लगाने की कोशिश करता नजर आया। गिरफ्तारी के समय दोनों के पास से मोबाइल फोन और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar Budget 2026: वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद ने रखा विकसित बिहार का रोडमैप, विकास और गरीब कल्याण को दी प्राथमिकता
आगे की कार्रवाई
दोनों आरोपियों को फिलहाल ट्रांजिट रिमांड पर बिहार लाया जा रहा है, जहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और फरारी के दौरान ये कहां-कहां छिपे रहे।
यह गिरफ्तारी बिहार पुलिस और एसटीएफ के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फिलहाल कोई जानकारी साझा करने से बचा।