बिहार के दानापुर रेल मंडल के फतुहा स्टेशन पर रविवार सुबह अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर खड़ी अप साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) में यात्रियों के बीच अचानक विवाद हो गया और देखते ही देखते स्टेशन का माहौल तनावपूर्ण हो गया। ट्रेन रुकते ही कुछ यात्री पटरी पर उतर आए और शोर-शराबा शुरू हो गया। कुछ ही देर में चीख-पुकार और हंगामे से पूरा स्टेशन परिसर गूंज उठा।
एच-1 और एस-6 बोगी में सवार थे बाराती
जानकारी के अनुसार, ट्रेन की एच-1 और एस-6 बोगी में दुर्ग से आरा जा रही एक बारात के लोग सवार थे। सुबह करीब 11:08 बजे जैसे ही ट्रेन फतुहा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर रुकी, कुछ स्थानीय असामाजिक लोग जबरन एस-6 बोगी में घुस गए। बताया जा रहा है कि ये लोग एस-6 बोगी के अंदर से एच-1 कोच में जाने की कोशिश कर रहे थे और बंद दरवाजे को पीटने लगे। जब बारातियों ने इसका विरोध किया तो बात गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट में बदल गई। स्थानीय बदमाशों ने बारातियों के साथ मारपीट की, जिससे ट्रेन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
एक व्यक्ति का सिर फटा, पुलिस पहुंची मौके पर
इस झड़प में बारात पक्ष के एक व्यक्ति का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस ने रेल थानाध्यक्ष मनोज कुमार को खबर दी। रेल थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले लोग फरार हो गए।
पढे़ं; दुकान बंद कर रहे व्यापारी पर बरसी गोलियां, एसआईटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
डेढ़ घंटे तक खड़ी रही ट्रेन
हंगामे और तनाव के कारण साउथ बिहार एक्सप्रेस फतुहा स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। यात्री डरे हुए थे और सुरक्षा को लेकर चिंता में थे। पुलिस ने स्थिति को काबू में किया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद दोपहर 12:16 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। ट्रेन के पटना जंक्शन पहुंचने पर यात्रियों ने सुरक्षा की मांग की। रेल थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले को शांत करा दिया गया है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए ट्रेन को रवाना किया गया। बदमाशों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।